प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता, उत्कृष्टता, अनुशासन और शैक्षणिक परिसर की संस्कृति महज ढांचा बनकर रह गई है: जीतू पटवारी

भोपाल : शुक्रवार, जुलाई 26, 2024/ मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश की प्रायमरी, मिडिल, हाई और हाई सेकेण्डरी स्कूलों की दुर्दशा व्यक्त करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में हजारों स्कूल ऐसे हैं जहां बारिश होने के कारण स्कूलों की छते टपक रही हैं। स्कूलों में लबालब पानी भरा हुआ है और इस कारण प्रदेश भर में शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई हुई है। इतना ही नहीं मप्र के हजारों स्कूलों के 90 प्रतिशत बच्चे ऐसे हैं जो स्कूल ही नहीं जा रहे हैं और जो बचे हुये 10 प्रतिशत बच्चे जैसे-तैसे स्कूल जा रहे है तो उन्हें बैठक के लिए स्कूलों के कमरे तक नहीं है, वे शेड के नीचे बैठ कर पढ़ाई करने के लिए विवश हैं। स्कूलों का आलम यह है कि एक ही कमरे में पांच-पांच कक्षाएं संचालित हो रही है।

पटवारी ने कहा कि बारिश के कारण नरसिंहपुर जिले में स्थित एक सीएम राईज स्कूल की छत गिर गई, जिसमें 10 बच्चे घायल हो गये। यह स्थिति केवल नरसिंहपुर नहीं, प्रदेश के विभिन्न जिलों की है जहां स्कूलों की छतें जर्जर अवस्था में है और 7500 स्कूलों की बिल्डिंग टूटी हुई हैं, इससे स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के साथ कभी भी हादसा हो सकता है, लेकिन अपनी सुख सुविधाओं के साधन जुटाने में लगी सरकार की नजर इन स्कूलों पर नहीं पड़ रही है।

पटवारी ने कहा कि छिंदवाड़ा, दमोह, भोपाल, जबलपुर, सागर, शिवपुरी, उज्जैन, विदिशा सहित प्रदेश के 38 जिलों के 355 स्कूल ऐसे हैं, जहां शिक्षक तो पदस्थ हैं, पर स्कूलों में पढ़ने के लिए बच्चे नहीं हैं। मप्र में 50 हजार से अधिक शिक्षकों के पद खाली हैं और 2621 स्कूल ऐसे भी हैं, जिसमें एक भी शिक्षक पदस्थ नहीं है। इतना ही नहीं सैकड़ों हाई सेकेण्डरी स्कूल मप्र में ऐसे हैं, जहां गणित, भौतिकी, रसायन शास्त्र, इग्लिश लेटरेचर के शिक्षक ही नहीं हैं, 15500 स्कूल ऐसे हैं, जिसमें केवल एक ही शिक्षक है।

पटवारी ने कहा कि भाजपा राज में मप्र में शिक्षा की गुणवत्ता, उत्कृष्टता, अनुशासन और शैक्षणिक परिसर की संस्कृति महज ढांचा बनकर रह गई है। क्या होगा भविष्य के इन शिल्पकारों का, जिनसे प्रदेश और देश के भविष्य को संवारने की अनमोल अपेक्षाएं रहती है, प्रदेश के एक-एक बच्चे, युवा और नागरिक के लिए यह बेहद चिंता का विषय है। बच्चों के भविष्य को लेकर लच्छेदार और बड़ी-बड़ी बातें करने वाली प्रदेश की सरकार ने अपने मुंह पर ताला क्यों लगा रखा है? प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री बतायें कि आखिर किस आधार पर आप विकसित राष्ट्र का ढिंढ़ोरा पीटते हैं?

Previous articleग्रीन स्टील से शून्य कार्बन उत्सर्जन के लक्ष्य के साथ ही खुलेंगे आर्थिक संभावनाओं के भी द्वार : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
Next articleनई दिल्ली : शुक्रवार, जुलाई 26, 2024/ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने कार्यकाल के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर कल गुरुवार को राष्ट्रपति संपदा में स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद केन्द्रीय विद्यालय की कक्षा नौ के विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का पाठ पढ़ाया। राष्ट्रपति ने एक शिक्षिका की भूमिका निभाते हुए विद्यार्थियों से वैश्विक समस्या ग्लोबल वार्मिंग और पर्यावरण प्रदूषण को लेकर चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि हमें छह ऋतुओं के बारे में पढ़ाया जाता है, लेकिन हम ग्लोबल वार्मिंग के कारण केवल तीन गर्मी, ठंड और वर्षा का ही अनुभव करते हैं। उसमें भी खासकर गर्मी रहती है, उसका कारण ग्लोबल वार्मिंग है। राष्ट्रपति ने ग्लोबल वार्मिंग को रोकने के उपायों के बारे में विद्यार्थियों के सुझाव लिये। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों काे जागरूक किया। उन्होंने जल संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया तथा जलवायु परिवर्तन के प्रभाव को कम करने के लिए उन्हें अधिकाधिक पेड़ लगाने के लिए प्रोत्साहित किया। मुर्मू ने कहा कि हमें अधिक से अधिक पेड़ लगाने चाहिए। हमें पानी की बर्बादी को कम करने और वर्षा जल संचयन के माध्यम से इसे संरक्षित करने के लिए भी कदम उठाने चाहिए। उन्होंने पानी के जल संरक्षण पर भी जोर दिया। पानी को बहने से बचाने, जरूरत से ज्यादा पानी की बर्बादी रोकने की बात कही। राष्ट्रपति ने ग्लोबल वार्मिंग के कारणों पर भी चर्चा की और उद्योग लगाने के लिए पेड़ों के अधिक काटे जाने पर चिंता जताई। उन्होंने घरों में एसी के इस्तेमाल को कम करने और जंगल को सुरक्षित रखने की जरूरत पर बल दिया। साथ ही वायु प्रदूषण पर भी चर्चा की और इसे कम करने के उपायों के बारे में बताया। अपने संवाद की शुरुआत में राष्ट्रपति ने विद्यार्थियों से उनका नाम जाना और भविष्य में वे क्या बनना चाहते हैं, इसको लेकर प्रश्न किये। राष्ट्रपति ने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि विद्यार्थी अन्य विषयों के अलावा वैज्ञानिक और डॉक्टर बनने की आकांक्षा रखते हैं। राष्ट्रपति मुर्मू ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा हाल ही में शुरू की गई ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल के बारे में भी बात की और विद्यार्थियों से अपने जन्मदिन पर एक पेड़ लगाने का आह्वान किया। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 25 जुलाई 2022 को देश के 15वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली थी।