Kolar Police News: कोलारवासियों ने पुलिस आयुक्त के सामने रखीं समस्याएं, पार्किंग से लेकर अवैध ठेलों तक उठे मुद्दे

भोपाल। अपराधों की रोकथाम और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भोपाल पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने गौरव नगर थाना क्षेत्र के कजलीखेड़ा में नागरिकों के साथ जनसंवाद किया। इस दौरान कोलार क्षेत्र के रहवासियों ने अपने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को पुलिस आयुक्त के सामने रखा और उनके निराकरण की मांग की।

पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था का मुद्दा प्रमुख

जनसंवाद के दौरान नागरिकों ने बताया कि डीमार्ट और कलारी के सामने अव्यवस्थित पार्किंग के कारण आए दिन ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती है। रहवासियों ने यहां सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था कराने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की मांग की।

इसी तरह ललिता नगर स्थित वाइन शॉप के सामने अवैध पार्किंग के कारण होने वाले यातायात अवरोध का मुद्दा भी उठाया गया।

नशे में विवाद और मारपीट की शिकायत

नागरिकों ने कुछ किरायेदारों पर शराब के नशे में घरों और कॉलोनियों में विवाद एवं मारपीट करने का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की। रहवासियों का कहना था कि ऐसी घटनाओं से पूरे ब्लॉक का माहौल प्रभावित होता है।

तेज रफ्तार डम्पर और ई-रिक्शा से भी परेशानी

कॉलोनी के सामने से भारी डम्परों के तेज रफ्तार से गुजरने की शिकायत भी पुलिस आयुक्त से की गई। नागरिकों ने दुर्घटना की आशंका जताते हुए ऐसे वाहनों पर कार्रवाई की मांग की।

वहीं, ई-रिक्शा चालकों द्वारा सड़क के बीच वाहन खड़ा करने से यातायात प्रभावित होने की समस्या भी सामने रखी गई।

अवैध ठेले और आवारा मवेशियों का मुद्दा

रहवासियों ने मुख्य मार्ग पर लगने वाले अवैध ठेलों और अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की बात कही। नागरिकों ने नियमित रूप से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने का अनुरोध किया।

इसके अलावा मुख्य सड़क पर आवारा मवेशियों के बैठे रहने से दुर्घटना का खतरा होने की बात कहते हुए उन्हें हटाने की मांग भी की गई।

हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में मेन गेट की मांग

जनसंवाद में हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में मुख्य प्रवेश द्वार (मेन गेट) बनाने का मुद्दा भी उठाया गया। नागरिकों ने पुलिस आयुक्त कार्यालय से संबंधित विभाग को पत्र भेजने का अनुरोध किया, ताकि बाहरी असामाजिक तत्वों की आवाजाही को नियंत्रित किया जा सके और कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था बेहतर हो।

अब कार्रवाई का इंतजार

जनसंवाद के दौरान सामने आई समस्याओं को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर अब कोलारवासियों की नजर है। खासतौर पर पार्किंग, तेज रफ्तार डम्पर, ई-रिक्शा, अवैध ठेले और असामाजिक तत्वों से जुड़ी शिकायतों पर पुलिस आयुक्त के निर्देश के बाद कब तक कार्रवाई होती है, यह देखने वाली बात होगी।

Previous articleजनता की शिकायतों पर CM मोहन यादव का बड़ा एक्शन, 3 अधिकारी सस्पेंड; 2 पर वेतनवृद्धि रोकने की कार्रवाई