KOLAR Kajlikheda Police: भोपाल में मूसलधार बारिश के बीच पिकनिक स्पॉट पर फंसे 7 युवक, पुलिस ने सुरक्षित किया रेस्क्यू

भोपाल। राजधानी भोपाल में बुधवार को एक बार फिर मूसलधार बारिश का दौर शुरू हो गया। तेज बारिश के चलते शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी और प्रमुख सड़कों पर यातायात भी प्रभावित हुआ। इसी बीच कजलीखेड़ा थाना क्षेत्र के फाटापान-बाबाझिरी पिकनिक स्पॉट पर तेज बहाव के बीच फंसे 7 युवकों को पुलिस ने सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।

पहाड़ों से आया तेज पानी, टीले पर फंसे 7 युवक

जानकारी के अनुसार, पुराने भोपाल के सात युवक बुधवार दोपहर करीब 3 बजे पिकनिक मनाने के लिए कजलीखेड़ा थाना क्षेत्र स्थित फाटापान-बाबाझिरी पिकनिक स्पॉट पहुंचे थे। इसी दौरान क्षेत्र में तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के कारण पहाड़ियों से पानी उतरकर पिकनिक स्पॉट के चारों तरफ तेज बहाव के साथ बहने लगा।

पानी का बहाव लगातार बढ़ने के कारण सातों युवक एक टीले पर फंस गए। युवकों ने मोबाइल फोन के माध्यम से अपने परिजनों को इसकी सूचना दी। इसके बाद परिजनों ने डायल-112 पर मदद के लिए सूचना दी।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

शाम करीब 7 बजे पुलिस को घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पानी का बहाव बेहद तेज होने के कारण पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों को सीधे टीले तक जाने से रोक दिया, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।

पुलिस ने स्थिति को देखते हुए एसडीआरएफ टीम को भी सूचना दी और रेस्क्यू की तैयारी शुरू की।

तीन रास्तों से रेस्क्यू ऑपरेशन, सभी 7 युवक सुरक्षित

स्थानीय ग्रामीणों से मिली जानकारी के आधार पर टीले तक पहुंचने के तीन संभावित रास्तों को चिन्हित किया गया। पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने आपसी समन्वय के साथ इन रास्तों से रेस्क्यू का प्रयास किया।

लगातार बारिश और तेज पानी के बहाव के बीच किए गए प्रयासों के बाद सभी सातों युवकों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला।

भोपाल में बारिश से कई इलाकों में जलभराव

इधर, राजधानी भोपाल में सुबह से ही मौसम बदला हुआ था। कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश और रिमझिम फुहारों के बाद बारिश ने अचानक जोर पकड़ लिया। करीब एक घंटे तक हुई तेज बारिश से शहर के कई निचले इलाकों और प्रमुख सड़कों पर पानी जमा हो गया।

जलभराव के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा और कई स्थानों पर यातायात की रफ्तार भी प्रभावित हुई।

Roshan Nema Journalist, Kolar road Bhopal

Previous articleभोपाल-विदिशा सड़क को मिलेगी नई रफ्तार, फोरलेन निर्माण को कैबिनेट की मंजूरी
Next articleछत्तीसगढ़ में जड़ी-बूटी की खेती पर सरकार का जोर, किसानों को पहले ही मिलेगी प्रोत्साहन राशि