DAKHIN PACHCHIM Vidhan Sabha:शौर्य स्मारक से भारत माता चौराहा तक निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा, 100 से अधिक मंचों पर होगा स्वागत

भोपाल। स्वतंत्रता की 80वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में 14 अगस्त को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। विधायक भगवानदास सबनानी के नेतृत्व में आयोजित होने वाली यात्रा का शुभारंभ सुबह 10 बजे शौर्य स्मारक से होगा।

तिरंगा यात्रा दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख मार्गों से होते हुए भारत माता चौराहा पहुंचेगी। यहां राष्ट्रभक्ति के जयघोष और भारत माता की आरती के साथ यात्रा का समापन होगा।

यात्रा के दौरान 100 से अधिक स्थानों पर स्वागत मंच बनाए जाएंगे। रहवासी संगठनों, कर्मचारी संगठनों, विद्यालयों, सामाजिक एवं सेवा संगठनों तथा स्थानीय नागरिकों की ओर से पुष्पवर्षा और राष्ट्रभक्ति के जयघोष के साथ यात्रा का स्वागत किया जाएगा।

विधायक भगवानदास सबनानी ने कहा कि क्षेत्र के विकास के साथ राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करना भी हमारी जिम्मेदारी है। तिरंगा देश की स्वतंत्रता, बलिदान, शौर्य और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं, विद्यार्थियों, महिलाओं और समाज के सभी वर्गों से यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।

यात्रा को व्यवस्थित और भव्य स्वरूप देने के लिए विभिन्न समितियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। यात्रा मार्ग, स्वागत, यातायात एवं पार्किंग, सुरक्षा, चिकित्सा, पेयजल, स्वच्छता, मंच-साउंड और मीडिया सहित अलग-अलग व्यवस्थाओं के लिए समितियां गठित की गई हैं।

आयोजकों ने दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों से 14 अगस्त को सुबह 10 बजे शौर्य स्मारक पहुंचकर तिरंगा यात्रा में शामिल होने की अपील की है।

Previous articleपिता एंड्रयू फ्लिंटॉफ के नक्शेकदम पर रॉकी, 65 गेंदों में ठोका तूफानी शतक