MP Forest Department News: वनक्षेत्रपाल से सहायक वन संरक्षक पदोन्नति में प्रतिनियुक्त अधिकारियों को भी शामिल करने की मांग

भोपाल। स्टेट फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर्स (राजपत्रित) एसोसिएशन, मध्यप्रदेश ने वन विभाग में वनक्षेत्रपाल से सहायक वन संरक्षक पद पर होने वाली आगामी पदोन्नति प्रक्रिया में कुल 61 रिक्तियों को शामिल करने की मांग की है।
एसोसिएशन ने मध्यप्रदेश लोक सेवा पदोन्नति नियम, 2025 के नियम 6(2) एवं 6(4) के प्रावधानों का उल्लेख करते हुए कहा है कि पदोन्नति हेतु रिक्तियों का निर्धारण नियमों के अनुरूप किया जाना चाहिए।
एसोसिएशन के अनुसार, दिसंबर 2026 तक 21 तथा दिसंबर 2027 तक 10, कुल 31 प्रत्याशित रिक्तियां उपलब्ध होने की संभावना है। इसके अतिरिक्त विभिन्न मंडल, निगम एवं बोर्ड में वर्तमान में प्रतिनियुक्ति पर पदस्थ 30 सहायक वन संरक्षक अधिकारियों के पदों को भी नियम 6(4) के प्रावधानों के अनुसार विभागीय रिक्ति के रूप में गणना करते हुए आगामी पदोन्नति प्रक्रिया में शामिल किया जाना चाहिए।
इस प्रकार आगामी विभागीय पदोन्नति प्रक्रिया में कुल 61 पदों को रिक्तियों के रूप में शामिल किए जाने की मांग की गई है।
एसोसिएशन ने शासन से अनुरोध किया है कि 31 प्रत्याशित रिक्तियों एवं प्रतिनियुक्ति पर पदस्थ 30 अधिकारियों के पदों सहित कुल 61 पदों को आगामी विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक में शामिल किया जाए, ताकि पदोन्नति हेतु उपलब्ध रिक्तियों का नियमसम्मत एवं वास्तविक निर्धारण हो सके।

Previous article120 CCTV कैमरों की पड़ताल और बिरयानी के सुराग से इंदौर पुलिस ने पकड़े मोबाइल लुटेरे