मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि देश और प्रदेश के विकास में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, नवाचार और रचनात्मक सोच के माध्यम से ही विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आज के युवा नई तकनीक को अपनाने के साथ-साथ समाज और राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के युवा अपनी प्रतिभा का उपयोग कर आत्मनिर्भर बनें और विकास की मुख्यधारा में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
उन्होंने कहा कि नवाचार और तकनीक के क्षेत्र में युवाओं के लिए नए अवसर तेजी से बढ़ रहे हैं। स्टार्टअप, डिजिटल सेवाओं, कौशल विकास और उद्यमिता को बढ़ावा देकर युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा और रचनात्मकता का सकारात्मक उपयोग करते हुए प्रदेश और देश के विकास में भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति के संकल्प, परिश्रम और नवाचार से छत्तीसगढ़ विकास की नई ऊंचाइयों को हासिल करेगा और विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

























