Crime News: कोलार रोड की ई-लाइब्रेरी में चोरी: उद्घाटन से पहले कंप्यूटर समेत करीब 1 लाख का सामान पार

Oplus_16908288

भोपाल। कोलार रोड के बंजारी क्षेत्र में नगर निगम की प्रस्तावित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पुस्तकालय एवं ई-लाइब्रेरी में उद्घाटन से पहले चोरी की वारदात सामने आई है। चोर खिड़की का कांच तोड़कर परिसर में दाखिल हुए और कंप्यूटर उपकरण समेत करीब एक लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए।

ई-लाइब्रेरी में करीब 400 विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। अभी इसका उद्घाटन नहीं हुआ है। चोरी किए गए सामान में एक मॉनिटर, तीन सीपीयू, दो माउस, एक की-बोर्ड और 11 विंडो स्लाइडर फ्रेम शामिल हैं।

परिसर में छिपाकर गए चोरी का सामान

घटना की जांच के दौरान पुलिस को दूसरे भवन की सीढ़ियों पर तीन मॉनिटर और पांच सीपीयू मिले। वहीं जमीन के नीचे से चार मॉनिटर, सात की-बोर्ड और छह माउस भी बरामद किए गए। इससे आशंका है कि चोर कुछ सामान परिसर में ही छिपाकर चले गए थे।

नगर निगम की ओर से मामले की शिकायत कोलार थाना पुलिस में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाल रही है।

उद्घाटन से पहले ही ई-लाइब्रेरी में चोरी की घटना ने परिसर की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Previous articleGoogle का बड़ा Student Offer: कॉलेज छात्रों को 1 साल मुफ्त AI Plus
Next articleदिल्ली के करोल बाग में हादसा, निर्माणाधीन इमारत का हिस्सा ढहा; एक की मौत