इंदौर ‘छात्रों की गूंज’ विवाद: सज्जन वर्मा की टिप्पणी पर MP IPS Association की कड़ी आपत्ति

इंदौर: ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के बाद सज्जन सिंह वर्मा की टिप्पणी पर MP IPS एसोसिएशन ने जताई आपत्ति
इंदौर में 19 सितंबर को राहुल गांधी की मौजूदगी में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान मंच व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर हुए घटनाक्रम के बाद मामला अब बयानबाजी तक पहुंच गया है। मध्य प्रदेश भारतीय पुलिस सेवा संघ ने पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता सज्जन सिंह वर्मा द्वारा ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारी को लेकर मीडिया में दिए गए बयानों पर आपत्ति जताई है।

MP IPS एसोसिएशन की ओर से जारी प्रेस नोट में कहा गया है कि कार्यक्रम में मंच प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी इंदौर के पुलिस उपायुक्त नरेंद्र रावत (भा.पु.से.) को सौंपी गई थी। प्रेस नोट के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान पंडाल में अत्यधिक भीड़ के कारण व्यवस्था प्रभावित हुई, जिसके चलते पुलिस अधिकारी द्वारा पूर्व निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार शासकीय दायित्वों का निर्वहन करते हुए भीड़ को व्यवस्थित किया जा रहा था।

एसोसिएशन ने कहा कि इसी घटनाक्रम के संबंध में सज्जन सिंह वर्मा द्वारा कर्तव्य पर उपस्थित पुलिस अधिकारी के प्रति मीडिया में “अशोभनीय, आपत्तिजनक एवं अपमानजनक” टिप्पणियां की गईं।
मध्य प्रदेश भारतीय पुलिस सेवा संघ ने इन टिप्पणियों की कड़े शब्दों में भर्त्सना करते हुए जनप्रतिनिधियों से लोक सेवकों के प्रति मर्यादित एवं संयमित आचरण बनाए रखने की अपेक्षा जताई है।

इससे पहले कार्यक्रम के दौरान पुलिस और राहुल गांधी की टीम के बीच कथित नोकझोंक का मामला सामने आया था, जिसके बाद सज्जन सिंह वर्मा ने पुलिस अधिकारी के रवैये पर सवाल उठाए थे।

Previous article22 सितंबर को परिवर्तिनी एकादशी, भगवान विष्णु की पूजा का विशेष दिन