भोपाल। जहांगीराबाद थाना परिसर में अधिवक्ता राकेश रावल के साथ कथित मारपीट के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस उपायुक्त जोन-1 अखिल पटेल के आदेश पर थाना प्रभारी राजन सिंह अहिरवार, आरक्षक यश लखेरा और आरक्षक रामस्वरूप को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र भोपाल से संबद्ध किया गया है। आदेश में मामले की प्राथमिक जांच 7 दिन में पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
ट्रैफिक डायवर्जन से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार शाम करीब 8 बजे बैरागढ़ कलां निवासी अधिवक्ता राकेश रावल खटलापुरा मंदिर मार्ग से गुजर रहे थे। गणेश प्रतिमा विसर्जन के चलते मार्ग पर ट्रैफिक डायवर्जन किया गया था। इसी दौरान रास्ते को लेकर उनकी ट्रैफिक पुलिसकर्मियों से बहस होने की बात सामने आई। इसके बाद उन्हें जहांगीराबाद थाने ले जाया गया।
थाने में मारपीट का आरोप
अधिवक्ता राकेश रावल का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उन्हें थाने चलने के लिए कहा। उन्होंने वाहन में पेट्रोल नहीं होने की बात कही, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उनके साथ गाली-गलौज की और विरोध करने पर उन्हें कीचड़ में पटककर डंडों से पीटा। वकीलों की ओर से सामने आए वीडियो में उनके पैरों पर चोट के निशान दिखने का दावा किया गया है।
हालांकि, पुलिस अधिकारियों की ओर से घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की बात कही गई थी। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेंद्र सिंह चौहान ने मामले की जानकारी जुटाकर जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया था।























