भोपाल में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई, 20,800 रुपये की मदिरा जब्त

भोपाल। जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग का विशेष अभियान जारी है। इसी अभियान के तहत 10 नवंबर को जिला आबकारी बल ने शाहजहानाबाद, पीरगेट और बैरसिया क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर देशी शराब और हाथभट्टी मदिरा जब्त की। कार्रवाई में जब्त मदिरा की अनुमानित कीमत 20,800 रुपये बताई गई है।

कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के आदेश पर आबकारी संभाग भोपाल के उपायुक्त के.सी. अग्निहोत्री और सहायक आबकारी आयुक्त वीरेन्द्र कुमार धाकड़ के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। अभियान का नेतृत्व कंट्रोलर वर्षा उइके ने किया।

शाहजहानाबाद और पीरगेट में जब्त की शराब

शाहजहानाबाद क्षेत्र की शर्मा कॉलोनी में दुर्गेश चण्डाल के घर से देशी मदिरा प्लेन के 62 पाव जब्त किए गए। वहीं पीरगेट क्षेत्र में मनीष कीर के घर से देशी मदिरा मसाला के 100 पाव बरामद किए गए। दोनों मामलों में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 (संशोधन 2000) की धारा 34(1)(क) के तहत प्रकरण दर्ज किए गए।

बैरसिया में अलग-अलग स्थानों पर दबिश

बैरसिया क्षेत्र में सहायक जिला आबकारी अधिकारी सुरेंद्र देवांगन और चंदर सिंह की टीम ने भी कार्रवाई की। ठाकुर ढाबा, लंगरपुर जोड़ के पास करन नाथ से 16 पाव देशी मदिरा प्लेन, राठौर ढाबा, ग्राम कुल्होर रोड पर भूपेंद्र सिंह से 14 पाव प्लेन और ग्राम कुल्होर तहसील बैरसिया में यशोदा बाई के पास से 22 पाव देशी मदिरा प्लेन जब्त की गई।

इसके अलावा दशहरा मैदान बैरसिया से 30 लीटर हाथभट्टी मदिरा बरामद की गई। इन मामलों में भी आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

जिलेभर में जारी रहेगी निगरानी

कार्रवाई में जिला भोपाल के सहायक जिला आबकारी अधिकारी, आबकारी उपनिरीक्षक और विभागीय बल शामिल रहा।

सहायक आबकारी आयुक्त वीरेन्द्र कुमार धाकड़ ने बताया कि अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण और विक्रय पर रोक लगाने के लिए विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। लोगों को असली और नकली शराब की पहचान के प्रति जागरूक करने के साथ संदिग्ध स्थानों पर गश्त, निगरानी और दबिश अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Previous articleEPFO Pension Update: न्यूनतम पेंशन 1,000 से बढ़कर 3,000 रुपये हो सकती है? 19 नवंबर की बैठक पर टिकी नजरें
Next articleनशा मुक्त युवा क्विज में 25,607 से अधिक लोगों ने लिया हिस्सा, 25 नवंबर तक मौका; जानिए कैसे मिलेगा प्रमाणपत्र