
भोपाल। मध्यप्रदेश में चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने प्रदेशव्यापी अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पिछले 10 दिनों में प्रदेश के विभिन्न जिलों में चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए पुलिस ने 1 करोड़ 13 लाख 45 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की है। इसमें सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, वाहन, मोटर पंप, लोहे के पाइप, मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण शामिल हैं।
मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय के जनसंपर्क कक्ष के अनुसार, संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान में टीकमगढ़, झाबुआ, ग्वालियर, खरगोन, छतरपुर, भोपाल, मुरैना, सागर, नर्मदापुरम, खंडवा और कटनी सहित कई जिलों में उल्लेखनीय सफलता मिली है।
टीकमगढ़ में 58 लाख के पाइप और वाहन जब्त
टीकमगढ़ जिले के कुड़ीला थाना पुलिस ने पाइप चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी के लोहे के पाइप और वारदात में इस्तेमाल किए गए दो वाहन सहित करीब 58 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
झाबुआ में दंपति से लूट के मामले में छह गिरफ्तार
झाबुआ जिले के पेटलावद थाना पुलिस ने ग्राम उन्नई में दंपति के साथ मारपीट कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लूटने की घटना का खुलासा किया। पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर 18 लाख 52 हजार 600 रुपये की संपत्ति जब्त की। इसमें आभूषण, 52,600 रुपये नकद और करीब 15 लाख रुपये कीमत की कार शामिल है।
ग्वालियर और खरगोन में चोरी के मामलों का खुलासा
ग्वालियर के भितरवार थाना पुलिस ने नकबजनी के मामले में मुख्य आरोपी ताज खान और चोरी के जेवर खरीदने वाले अविनाश वाल्मीक को गिरफ्तार किया। पुलिस ने करीब 12 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए।
वहीं, खरगोन जिले की जैतापुर पुलिस ने चोरी की दो घटनाओं का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें एक आरोपी दीपक उर्फ नेपाली पर इंदौर, खंडवा, विदिशा और खरगोन में पहले से 33 अपराध दर्ज हैं। पुलिस ने करीब आठ लाख रुपये की संपत्ति जब्त की, जिसमें आभूषण और चोरी में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल शामिल है।
छतरपुर में दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई
छतरपुर कोतवाली पुलिस ने टौरिया मोहल्ले में चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 2.50 लाख रुपये के आभूषण जब्त किए। वहीं, लवकुशनगर पुलिस ने एक अंतरराज्यीय चोर को अभिरक्षा में लेकर ग्राम हिनौता में हुई चोरी के करीब तीन लाख रुपये के आभूषण बरामद किए।
भोपाल और ग्वालियर जीआरपी की कार्रवाई
जीआरपी भोपाल ने गंजबासौदा रेलवे स्टेशन से ट्रेन के फर्स्ट एसी कोच में चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके पास से आईफोन-13 प्रो, आईपैड, ईयरबड्स और एप्पल एयरटैग सहित करीब 2.63 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई।
जीआरपी ग्वालियर ने ट्रेनों, रेलवे स्टेशनों और आउटर क्षेत्रों में चोरी करने वाले सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने पांच दर्ज अपराधों में कुल 1,28,999 रुपये की संपत्ति जब्त की।
मुरैना में पांच दिन में चोरी का खुलासा
मुरैना के स्टेशन रोड थाना पुलिस ने चोरी की घटना का पांच दिन के भीतर खुलासा कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 3.27 लाख रुपये नकद, चोरी गया बैग, खाते की किताबें और अन्य सामान बरामद किया गया।
सागर में गोदाम के कर्मचारी ही निकले चोर
सागर जिले के कैंट थाना पुलिस ने ग्राम पटकुई स्थित मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान के गोदाम में हुई चोरी का खुलासा किया। मामले में गोदाम में काम करने वाले दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 360 स्पीकर, 200 एयरपॉड्स और 945 सीएमएफ ईयरबड्स सहित करीब 2.34 लाख रुपये का सामान जब्त किया।
नर्मदापुरम में 10 घंटे में चोरी का खुलासा
नर्मदापुरम जिले के पिपरिया स्टेशन रोड थाना पुलिस ने नकबजनी की घटना का महज 10 घंटे में खुलासा कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से करीब 70 हजार रुपये कीमत के दो टैबलेट बरामद किए गए।
खंडवा में मोटर पंप चुराने वाले सात आरोपी गिरफ्तार
खंडवा पुलिस ने किसानों के खेतों और कुओं से पानी की मोटर पंप चोरी करने वाले सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने चोरी की सात मोटर पंप, जिनकी कीमत करीब 70 हजार रुपये है, जब्त कीं।
कटनी में 24 घंटे में चोरी का खुलासा
कटनी जिले के ढीमरखेड़ा थाना पुलिस ने ग्राम महगवां में हुई चोरी की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने करीब 50 हजार रुपये की चोरी गई संपत्ति बरामद की। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जिला जेल भेज दिया गया।
नागरिकों से पुलिस की अपील
मध्यप्रदेश पुलिस ने नागरिकों से घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाने को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
प्रदेश के विभिन्न जिलों में हुई इन कार्रवाइयों से पुलिस ने चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान की प्रगति सामने रखी है।
स्रोत: मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय, जनसंपर्क कक्ष, भोपाल। समाचार क्रमांक-730/26, दिनांक 11 नवंबर 2026।




