
विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के मुख्य आतिथ्य में केरल फेस्ट 2026 का शुभारंभ, केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी रहे मौजूद
भोपाल, 11 नवंबर 2026। मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि केरल फेस्ट जैसे सांस्कृतिक आयोजन केवल मनोरंजन और उत्सव तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये आर्थिक स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता के नए अवसर भी उपलब्ध कराते हैं। ऐसे आयोजनों से दोनों राज्यों की कला, संस्कृति, परंपराओं और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है।
विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर बुधवार को भोपाल के विट्टन मार्केट में आयोजित तीसरे केरल फेस्ट 2026 के उद्घाटन समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस तथा पर्यटन राज्य मंत्री सुरेश गोपी भी उपस्थित रहे।
तोमर ने मध्यप्रदेश और केरल के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि आदि गुरु शंकराचार्य का जन्म केरल में हुआ था, जबकि उन्हें ज्ञान की प्राप्ति मध्यप्रदेश के ओंकारेश्वर में हुई। इसके बाद उन्होंने देशाटन कर चार मठों की स्थापना की। मध्यप्रदेश सरकार ने ओंकारेश्वर में 108 फीट ऊंची एकात्मता की प्रतिमा स्थापित कर आदि गुरु शंकराचार्य के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की है।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश और केरल के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक संबंध हैं। थोड़ी-बहुत विविधता इन मजबूत संबंधों को कमजोर नहीं कर सकती। भारत की वास्तविक पहचान विविधता में एकता है और ऐसे आयोजन इस भावना को और मजबूत करते हैं।
विधानसभा अध्यक्ष ने राजनीतिक संबंधों का उदाहरण देते हुए बताया कि मध्यप्रदेश विधानसभा में भाजपा के पर्याप्त सदस्य होने पर केरल के वरिष्ठ नेता ओ. राजगोपाल को मध्यप्रदेश से राज्यसभा भेजा गया था। यह दोनों राज्यों के बीच आपसी विश्वास और एकता का उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि केरल फेस्ट जैसे आयोजनों से पारंपरिक कलाओं, संस्कृति, खान-पान, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों को मंच मिलता है। इससे कलाकारों और छोटे कारोबारियों को अपनी प्रतिभा एवं उत्पादों के प्रदर्शन के साथ आर्थिक अवसर भी प्राप्त होते हैं।
कार्यक्रम के प्रारंभ में यूनाइटेड मलयाली एसोसिएशन भोपाल के अध्यक्ष ओ.डी. जोसेफ ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा कि केरल फेस्ट में पारंपरिक कलाओं, नृत्य, संगीत, खान-पान, हस्तशिल्प और सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों को एक मंच पर प्रस्तुत किया जा रहा है। यह महोत्सव भारत की सांस्कृतिक विविधता, आपसी सद्भाव और एकता की भावना को सशक्त करता है।




