
बैरसिया में एक आरोपी गिरफ्तार, आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज किया मामला
भोपाल। जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग का विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत 11 नवंबर 2026 को बैरसिया क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए आबकारी विभाग की टीम ने 20 लीटर हाथभट्टी शराब जब्त की और एक आरोपी को गिरफ्तार किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बैरसिया वृत्त की आबकारी टीम ने अरवलिया जोड़-अचारपुरा रोड पर कार्रवाई करते हुए ग्राम बेरखेड़ी, बैरसिया निवासी जीवन बंजारा के कब्जे से 20 लीटर हाथभट्टी मदिरा बरामद की।
आरोपी के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 (संशोधित 2000) की धारा 34(1)(क) एवं 49(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। कार्रवाई के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के आदेश पर आबकारी विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन और कंट्रोलर वर्षा उइके के नेतृत्व में की गई। अभियान में जिला आबकारी विभाग के सहायक जिला आबकारी अधिकारी, आबकारी उपनिरीक्षक और अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
आबकारी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण और बिक्री पर रोक लगाने के साथ ही लोगों को असली एवं नकली शराब की पहचान के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसके लिए जिलेभर में संदिग्ध स्थानों पर गश्त, निगरानी और दबिश की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




