
जनजातीय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने में मध्यप्रदेश का उत्कृष्ट प्रदर्शन | जनजातीय कार्य विभाग और एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय मंडला को मिला सम्मान
भोपाल, 12 नवंबर 2026।
मध्यप्रदेश में जनजातीय शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में मध्यप्रदेश जनजातीय कार्य विभाग तथा एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय मंडला को उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया।
यह सम्मान जनजातीय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने, शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूत बनाने और संस्थागत विकास के क्षेत्र में मध्यप्रदेश के प्रयासों की राष्ट्रीय पहचान है।
भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा किए गए मूल्यांकन के आधार पर मध्यप्रदेश स्पेशल एंड रेजिडेंशियल एकेडमिक सोसाइटी (एमपी सरस) को एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के लिए उत्कृष्ट कार्य करने पर सम्मान प्रदान किया गया। पुरस्कार जनजातीय कार्य विभाग के प्रमुख सचिव एवं एमपी सरस की कार्यकारी समिति के अध्यक्ष गुलशन बामरा ने ग्रहण किया।
मंडला के एकलव्य विद्यालय को राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान
समारोह में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय मंडला को देश के उत्कृष्ट एकलव्य विद्यालय के रूप में चयनित कर सम्मानित किया गया। विद्यालय की ओर से यह सम्मान मंडला कलेक्टर एवं विद्यालय अध्यक्ष राहुल नामदेव धोटे तथा विद्यालय की प्राचार्य रीना ने ग्रहण किया।
जनजातीय विद्यार्थियों से राष्ट्रपति ने किया संवाद
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कार्यक्रम के दौरान एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों से संवाद भी किया। यह आयोजन जनजातीय विद्यार्थियों की प्रतिभा, शैक्षणिक उपलब्धियों और उज्ज्वल भविष्य को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण रहा।
कार्यक्रम में केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम, राज्य मंत्री दुर्गादास उइके, केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्रालय की सचिव रंजना चोपड़ा सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक और मेधावी विद्यार्थी उपस्थित रहे।
यह समारोह भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित ‘जनजातीय गौरव पखवाड़ा’ के अंतर्गत हुआ। मध्यप्रदेश को मिले ये सम्मान जनजातीय समाज के बच्चों की शिक्षा, प्रतिभा और संस्थागत विकास के क्षेत्र में प्रदेश की उपलब्धियों को राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करते हैं।




