
भोपाल, 16 नवंबर 2026। वैशाली नगर में नलों से गंदे और बदबूदार पानी की शिकायत तथा पानी में E. coli बैक्टीरिया मिलने की जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद नगर निगम ने जलापूर्ति व्यवस्था की निगरानी तेज कर दी है।
सोमवार को अपर आयुक्त तन्मय वशिष्ठ शर्मा ने जलकार्य विभाग के अधीक्षण यंत्री उदित गर्ग सहित अधिकारियों के साथ क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान 11 घरों से पानी के नमूने एकत्र किए गए।
नगर निगम के अनुसार, शनिवार को 15 और रविवार को 16 नमूने लिए गए थे। इस तरह अब तक कुल 42 नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे जा चुके हैं।
मौके पर किए गए परीक्षण में पानी स्वच्छ पाया गया तथा पर्याप्त अवशिष्ट क्लोरीन मौजूद होने की बात कही गई। अधिकारियों ने स्थानीय रहवासियों से भी चर्चा की। निगम के अनुसार, लोगों ने स्वच्छ पानी मिलने की पुष्टि की।
गौरतलब है कि वैशाली नगर निवासी विवेक राय की ओर से कराई गई दो प्रयोगशाला जांचों में E. coli बैक्टीरिया मिलने की रिपोर्ट सामने आई थी। इस मामले में करीब 200 परिवारों द्वारा नल का पानी पीना बंद करने की खबरें भी प्रकाशित हुई थीं।
अपर आयुक्त ने अधिकारियों को नियमित रूप से पानी के नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच कराने के निर्देश दिए हैं। अब क्षेत्र के रहवासियों को दूषित पानी की शिकायत का स्थायी समाधान और विस्तृत जांच रिपोर्ट का इंतजार है।




