
मथुरा। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। मथुरा में आयोजित दो दिवसीय बैठक के समापन पर पार्टी ने आगामी चुनाव के लिए ‘राधे-राधे, कमल खिला दे’ का नारा दिया।
बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं के दम पर लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का भरोसा जताया। उन्होंने बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने और घर-घर तक पहुंच बनाने पर जोर दिया।
बैठक में अगले तीन महीने की चुनावी तैयारियों, सहयोगी दलों के साथ तालमेल और विपक्ष के आरोपों का जवाब देने की रणनीति पर भी चर्चा हुई।
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस सहित विपक्षी दलों को 2027 के चुनाव में सफलता नहीं मिलेगी। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की बात कही।
भाजपा का फोकस: आगामी चुनाव से पहले बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करना, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना और सरकारी योजनाओं के जरिए जनता से संपर्क बढ़ाना पार्टी की प्रमुख रणनीति है।




