
भोपाल। राजधानी भोपाल में अवैध शराब के परिवहन और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को पकड़ा है। 17 नवंबर 2026 को अलग-अलग स्थानों पर की गई कार्रवाई में देशी और विदेशी मदिरा के साथ एक सुजुकी एक्सेस वाहन जब्त किया गया। जब्त मदिरा और वाहन की अनुमानित कुल कीमत 1 लाख 51 हजार 500 रुपये बताई गई है।
आबकारी विभाग की टीम ने रविन्द्र भवन के पास खटलापुरा रोड पर कार्रवाई करते हुए शुभम सिंह ठाकुर (29), निवासी छोला दशहरा मैदान और महेंद्र जाटव (28), निवासी भैंसाखेड़ी, बैरागढ़ कलां को सुजुकी एक्सेस वाहन से 9 बल्क लीटर देशी मदिरा का अवैध परिवहन करते पकड़ा। इस कार्रवाई में वाहन सहित जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 1 लाख 23 हजार 500 रुपये बताई गई है।
वहीं, सहायक जिला आबकारी अधिकारी शरद मिश्रा की टीम ने अन्नानगर और आसपास के क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए। इनमें अन्नानगर निवासी 47 वर्षीय आरोपी से 2.7 बल्क लीटर देशी मदिरा, संतोष मेढ़े (34) निवासी अन्नानगर से 7.2 बल्क लीटर देशी और 15 लीटर विदेशी मदिरा तथा लहारपुर निवासी बाबूलाल मालवीय (43) से 7.2 बल्क लीटर देशी मदिरा जब्त की गई। इन मामलों में जब्त शराब की अनुमानित कीमत 28 हजार रुपये बताई गई है।
आबकारी विभाग ने सभी मामलों में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 (संशोधित 2000) की धारा 34(1)(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
संदिग्ध स्थानों पर जारी रहेगी निगरानी
सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र कुमार धाकड़ ने बताया कि अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण और विक्रय पर अंकुश लगाने के लिए जिलेभर में सघन गश्त, निगरानी और दबिश की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। साथ ही लोगों को असली और नकली शराब की पहचान के प्रति जागरूक करने का प्रयास भी किया जा रहा है।
इस कार्रवाई में भोपाल जिले के सहायक जिला आबकारी अधिकारी, आबकारी उपनिरीक्षक और जिला आबकारी बल के अन्य कर्मचारी शामिल रहे।




