कुछ घंटों में यूएस-ईरान ड्राफ्ट डील का ऐलान, कतर से जा रही टीम

कुछ घंटों में यूएस-ईरान ड्राफ्ट डील का ऐलान, कतर से जा रही टीम
मिडिल ईस्ट संकट को लेकर इस समय पूरी दुनिया की नजर ईरान पर टिकी हुई है, जहां अमेरिका के साथ डील फाइनल होने पर कुछ ही घंटों में फैसला हो सकता है. पाकिस्तान की मध्यस्थता से अमेरिका और ईरान के बीच संभावित समझौते का अंतिम ड्राफ्ट कुछ ही घंटों में घोषित किए जाने की उम्मीद है. बताया जा रहा है कि अमेरिका और ईरान के बीच का फाइनल ड्राफ्ट समझौता तैयार हो चुका है.

ईरान के लिए रवाना हुए आसिम मुनीर
ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA की रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ईरान के लिए रवाना हो चुके हैं. मुनीर के तेहरान पहुंचने पर ड्राफ्ट समझौते को रिलीज किया जाएगा. पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने शुक्रवार को तेहरान में ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची से 24 घंटे के भीतर दूसरी बार मुलाकात की, ताकि अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध को समाप्त करने के उद्देश्य से प्रस्तावित प्रस्तावों पर विचार विमर्श किया जा सके.

इस मुद्दों पर बनी सहमति: रिपोर्ट
अल अरबिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों पक्षों ने ड्राफ्ट डील में सैन्य, नागरिक या कोनॉमिक इंफ्रास्ट्रक्चर को न बनाने, सैन्य अभियानों और मीडिया के जरिए दुश्मनी को खत्म करने का भी प्रावधान है. इसमें एक-दूसरे की सीमाओं का सम्मान करने, अंदरूनी मामलों में दखलअंदाजी बंद करने, जमीन, समुद्र और आसमान, हर जगह दोनों देशों की कार्रवाई बंद करने पर सहमति बनी है.

इसके अलवा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जहाजों की आवाजाही पूरी फ्री करने, भविष्य में अगर मतभेद होते हैं तो उसे सुलझाने के लिए जॉइंट मॉनिटरिंग सिस्टम बनाने पर सहमति बनी है. दोनों पक्ष फिलहाल संदेशों और ड्राफ्ट दस्तावेजों का आदान-प्रदान कर रहे हैं. इससे पहले एक ईरानी अधिकारी ने अल जजीरा को बताया था कि वार्ताकार किसी समझौते पर पहुंचने के बहुत करीब हैं.

कतर ने बातचीत के लिए अपनी टीम भेजी ईरान
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि कतर ने बातचीत के लिए अपनी एक टीम को ईरान की राजधानी तेहरान भेजा है. कतर ने यह कदम अमेरिका के साथ तालमेल बिठाकर उठाया है ताकि ईरान के साथ चल रहे युद्ध को खत्म करने के लिए कोई समझौता कराया जा सके. ईरानी मीडिया के अनुसार, वहां के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई को अमेरिका के साथ होने वाली बातचीत के लिए ईरानी दल का नया प्रवक्ता नियुक्त किया गया है. यह नियुक्ति ईरान की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाघर गालिबाफ ने की है.

Previous articleबहुचर्चित केस में आरोपी समर्थ सिंह को हिरासत में लेकर भोपाल रवाना हुई पुलिस