राष्ट्रपति पेजेशकियन ने किया युद्ध का ऐलान, ईरान ने कुवैत में अमेरिकी ठिकानों पर दागी मिसाइलें
मिडिल ईस्ट में भीषण युद्ध शुरू हो गया है। अमेरिका ने ईरान के ठिकानों पर हमला किया है तो ईरान ने भी जबरदस्त पलटवार किया है। ईरान ने कुवैत में अमेरिकी सैन्य अड्डे पर मिसाइलें दागीं। वहीं, राष्ट्रपति पेजेशकियन का घोषणा की है कि तेहरान की अमेरिका के साथ जंग शुरू हो चुकी है।
ईरानी सेना ने मंगलवार तड़के कुवैत स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डे को मिसाइलों से निशाना बनाया। ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने इस घटना के बाद कहा कि दोनों देशों के बीच संघर्ष अब पूर्ण युद्ध में बदल गया है।
सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए ने सेना के हवाले से बताया कि जमीनी बलों ने कुवैत के आरिफजान अड्डे पर तैनात अमेरिकी बलों की हिमर्स मिसाइल प्रणालियों को सतह से सतह मिसाइलों से लक्षित किया।
रिपोर्ट में कहा गया कि हिमर्स एक मोबाइल सिस्टम है जो तेजी से आगे बढ़ने और जमीनी लक्ष्यों पर हमला करने में सक्षम है। ईरान का दावा है कि इस हमले में दुश्मन की मिसाइल क्षमता को काफी नुकसान पहुंचाया गया है।
कुवैत सिटी के दक्षिण में स्थित कैंप आरिफजान अमेरिकी वायुसेना, नौसेना, मरीन कोर और तटरक्षक बलों का महत्वपूर्ण अड्डा है। ईरानी हमले के बाद कुवैत में हवाई सतर्कता बढ़ा दी गई है।
राष्ट्रपति पेजेशकियन ने कहा कि आज इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान पूर्ण पैमाने के युद्ध में शामिल है। हमें वास्तविकता स्वीकार करनी होगी और इस प्रतिरोध के परिणामों के लिए तैयार रहना होगा।
यह हमला हाल के दिनों में ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का हिस्सा है। ईरान का कहना है कि यह जवाबी कार्रवाई है, जबकि अमेरिकी पक्ष इसे क्षेत्रीय स्थिरता के लिए खतरा बता रहा है। कुवैत ने भी हमलों की निंदा की है और अपनी वायु रक्षा प्रणालियों को सक्रिय रखा है।


















