संत हिरदाराम नगर रेलवे स्टेशन पार्किंग में स्थायी बिजली व्यवस्था शुरू, सलाहकार समिति ने किया निरीक्षण

भोपाल। संत हिरदाराम नगर रेलवे स्टेशन की नई पार्किंग में लंबे इंतजार के बाद स्थायी बिजली व्यवस्था शुरू हो गई है। रेलवे प्रशासन ने पार्किंग परिसर में बिजली का मीटर स्थापित कर नियमित विद्युत आपूर्ति शुरू कर दी है, जिससे पार्किंग में रोशनी की समस्या दूर होने की उम्मीद है। इसके बाद रेलवे सलाहकार समिति के सदस्यों ने पार्किंग का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार, पिछले करीब डेढ़ माह से पार्किंग संचालक आसपास के प्रतिष्ठानों से अस्थायी बिजली लेकर किसी तरह रोशनी की व्यवस्था कर रहा था। कई बार बिजली बाधित होने से पूरा पार्किंग परिसर अंधेरे में डूब जाता था, जिससे यात्रियों को वाहन खड़े करने और निकालने में परेशानी का सामना करना पड़ता था।
निरीक्षण के दौरान समिति ने पाया कि पार्किंग परिसर में पहले से लगी ट्यूब लाइटें हटा दी गई हैं। इस पर चिंता जताते हुए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि रात के समय यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक पार्किंग मिल सके।
रेलवे सलाहकार समिति के सदस्य नीतेश लाल और डॉ. निलेश श्रीवास्तव ने कहा कि यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और आधुनिक पार्किंग उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बिजली, पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान पार्किंग के ग्राउंड फ्लोर में जलभराव की समस्या भी सामने आई। समिति ने अधिकारियों को वर्षा के दौरान होने वाले जलभराव का स्थायी समाधान शीघ्र कराने के निर्देश दिए, ताकि वाहन चालकों और यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

– नई पार्किंग में स्थायी बिजली कनेक्शन शुरू।
– डेढ़ माह बाद नियमित विद्युत आपूर्ति बहाल।
– पार्किंग में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था के निर्देश।
– जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान पर जोर।
– रेलवे सलाहकार समिति ने सुविधाओं का किया निरीक्षण।

Previous articleयुवाओं को नशे से बचाने की पहल Nasha Mukt Yuva Campaign में 100 सप्ताह तक होंगे कार्यक्रम
Next articleमध्यप्रदेश में ‘सृजन संवाद’ अभियान शुरू, हर शनिवार स्कूलों में पुलिस पढ़ाएगी कानून और नागरिक जिम्मेदारी का पाठ