मध्यप्रदेश में ‘सृजन संवाद’ अभियान शुरू, हर शनिवार स्कूलों में पुलिस पढ़ाएगी कानून और नागरिक जिम्मेदारी का पाठ

भोपाल। मध्यप्रदेश में विद्यार्थियों को कानून, साइबर सुरक्षा, राष्ट्रीय सुरक्षा और जिम्मेदार नागरिकता के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से ‘सृजन संवाद’ अभियान की राज्यव्यापी शुरुआत हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा 14 जुलाई को इस योजना का शुभारंभ किए जाने के बाद 5 अगस्त 2026 से इसका प्रथम चरण प्रदेशभर में लागू कर दिया गया है।

मध्यप्रदेश पुलिस, स्कूल शिक्षा विभाग और United Nations Population Fund के संयुक्त प्रयास से संचालित इस सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम के तहत कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को कानून, पुलिस की कार्यप्रणाली, साइबर सुरक्षा, संवैधानिक मूल्यों, नागरिक कर्तव्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व की व्यवहारिक जानकारी दी जाएगी।

अभियान के पहले चरण की शुरुआत 5 अगस्त को प्रदेश के 18 जिलों में की गई, जबकि शेष जिलों में 6 अगस्त से कार्यक्रम शुरू हो गया है। इंदौर में 10 अगस्त और भोपाल में 11 अगस्त से चयनित विद्यालयों में इसकी शुरुआत होगी।

कार्यक्रम के तहत प्रत्येक शनिवार विद्यालयों में प्रशिक्षित पुलिस अधिकारी और शिक्षक संयुक्त रूप से कार्यशालाएं आयोजित करेंगे। प्रत्येक स्कूल में प्रतिदिन लगभग 100 से 200 विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही विद्यार्थियों को थाना भ्रमण भी कराया जाएगा, जहां वे पुलिस की कार्यप्रणाली, अपराध नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा, अनुसंधान प्रक्रिया तथा डायल-112 की आपातकालीन सेवाओं की जानकारी प्राप्त करेंगे।

पुलिस मुख्यालय के अनुसार, “सृजन संवाद” का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि युवाओं में कानून के प्रति सम्मान, अनुशासन, सामाजिक संवेदनशीलता, राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति जागरूकता और जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित करना है, ताकि पुलिस और समाज के बीच विश्वास एवं सहभागिता को और अधिक मजबूत किया जा सके।

Previous articleसंत हिरदाराम नगर रेलवे स्टेशन पार्किंग में स्थायी बिजली व्यवस्था शुरू, सलाहकार समिति ने किया निरीक्षण
Next articleभोपाल में 11 अगस्त को होगी मध्यप्रदेश कांग्रेस की PAC बैठक, संगठन पुनर्गठन पर होगा मंथन