Kolar News: तिरंगामय हुआ भोपाल: कर्मश्री की विराट तिरंगा यात्रा में उमड़ा राष्ट्रभक्ति का सैलाब

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत शुक्रवार को राजधानी भोपाल में कर्मश्री की विराट तिरंगा यात्रा निकाली गई। हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा की संस्था कर्मश्री द्वारा आयोजित इस यात्रा में करीब एक लाख नागरिकों ने तिरंगा हाथ में लेकर सहभागिता की।

मदर टेरेसा स्कूल, कोलार सिक्स लेन से शुरू हुई यात्रा करीब 32 किलोमीटर का सफर तय कर संतनगर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडी, भैंसाखेड़ी पहुंची। यात्रा मार्ग पर 1100 से अधिक स्थानों पर नागरिकों, सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक और शैक्षणिक संस्थाओं ने पुष्पवर्षा एवं तिरंगा लहराकर यात्रा का स्वागत किया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रथ पर सवार होकर किया नेतृत्व

तिरंगा यात्रा के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने विधायक रामेश्वर शर्मा के साथ रथ पर सवार होकर करीब 9 किलोमीटर तक यात्रा का नेतृत्व किया। इस दौरान भारत माता के जयकारों, वंदे मातरम् और देशभक्ति के नारों से पूरा मार्ग गूंज उठा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यात्रा को मध्यप्रदेश की सबसे बड़ी और भारत की विशाल तिरंगा यात्राओं में से एक बताते हुए विधायक रामेश्वर शर्मा को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं और नागरिकों में राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करते हैं।

मुख्यमंत्री ने विधायक रामेश्वर शर्मा के साथ ली सेल्फी

यात्रा के शुभारंभ स्थल पर तिरंगा थामे युवाओं की भारी भीड़ देखकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विधायक रामेश्वर शर्मा के साथ सेल्फी भी ली। तस्वीर में उनके पीछे बड़ी संख्या में तिरंगा लेकर खड़े युवा नजर आए।

50 हजार वाहनों की सहभागिता

आयोजकों के अनुसार तिरंगा यात्रा के लिए करीब 50 हजार वाहनों का पंजीयन हुआ था। 32 किलोमीटर लंबे यात्रा मार्ग पर 1100 से अधिक स्थानों पर स्वागत की व्यवस्था की गई थी।

तिरंगे के साथ नशामुक्ति का संदेश

कर्मश्री की तिरंगा यात्रा में राष्ट्रभक्ति के साथ सामाजिक जागरूकता का संदेश भी दिया गया। “Gen-Z Against Addiction” और “नशा मुक्त युवा” जैसे संदेशों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने का आह्वान किया गया। यात्रा में बड़ी संख्या में Gen-Z युवा भी शामिल हुए।

रामेश्वर शर्मा बोले- राष्ट्र प्रथम

कर्मश्री के अध्यक्ष एवं हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि राष्ट्र प्रथम है और राष्ट्रवादी युवा ही देश का भविष्य हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं में देश के प्रति गौरव, समर्पण और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत किया जा रहा है।

32 किलोमीटर तक दिखा तिरंगामय भोपाल

कोलार से शुरू होकर भोपाल के विभिन्न क्षेत्रों से गुजरती हुई यात्रा जब भैंसाखेड़ी पहुंची, तब तक पूरे मार्ग पर तिरंगा लहराता नजर आया। जगह-जगह नागरिकों ने भारत माता के जयघोष और पुष्पवर्षा के साथ यात्रा का स्वागत किया।

कर्मश्री की तिरंगा यात्रा राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और जनभागीदारी का विराट उत्सव बनकर सामने आई। करीब एक लाख नागरिकों की सहभागिता ने भोपाल में देशभक्ति का अलग ही माहौल बना दिया।

Previous articleवनडे फॉर्मेट को बचाने के लिए ICC कर रहा बड़ी प्लानिंग
Next articleSocial welfare: सतरंगी सावन सीजन-5 का आयोजन आज से, महिलाओं के हुनर को मिलेगा मंच