कोलार में जनसुनवाई: 12 साल से लंबित आवास प्रकरणों का निराकरण, दो परिवारों को मिला आधिपत्य
भोपाल। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत गुरुवार को कोलार तहसील स्थित एसडीएम कार्यालय और नगर निगम के जोन-19 परिसर में विशेष कॉलोनी सेल जनसुनवाई आयोजित की गई। विधायक रामेश्वर शर्मा की अध्यक्षता में हुई जनसुनवाई में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा और एडीएम सुमित पांडे ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को मौके पर ही समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान पिंक सिटी कॉलोनी के दो परिवारों की 12 वर्षों से लंबित आवास संबंधी समस्या का समाधान कराया गया। दोनों परिवार लंबे समय से अपने आवास का आधिपत्य पाने के लिए परेशान थे। प्रशासन ने बिल्डर को मौके पर बुलाकर चर्चा कराई और दोनों परिवारों को उसी दिन उनके आवास का आधिपत्य दिलाया।
वहीं, माय सिटी कॉलोनी में विद्युत आपूर्ति और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों पर बिल्डर को दो माह के भीतर आवश्यक अधोसंरचनात्मक कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए। सर्वजन गृह निर्माण सोसायटी के रहवासियों की शिकायतों का भी तत्काल निराकरण कराया गया।
मंदाकिनी गृह निर्माण सोसायटी में लंबे समय से लंबित निर्वाचन प्रक्रिया को शीघ्र और पारदर्शी तरीके से पूरा कराने के लिए वैधानिक कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए गए।
राजस्व और नागरिक सेवाओं से जुड़े मामलों का समाधान
जनसुनवाई में सीमांकन संबंधी प्रकरणों पर संबंधित राजस्व निरीक्षक और पटवारी को तत्काल वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके अलावा सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी, आयुष्मान कार्ड, समग्र ई-केवाईसी, किसान आईडी, प्रधानमंत्री आवास योजना और जल जीवन मिशन से जुड़े आवेदनों का भी प्राथमिकता से निराकरण किया गया।
अधिकारियों ने कहा कि कोलार क्षेत्र के तेजी से विस्तार को देखते हुए सुनियोजित विकास और नागरिकों को पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत ऐसे जनसुनवाई शिविर आगे भी आयोजित किए जाएंगे।
सीहोर। ग्राम पंचायत सोनकच्छ में मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के प्रायोजन में आयोजित तीन दिवसीय जैविक अपशिष्ट प्रबंधन एवं जैविक खेती प्रशिक्षण कार्यक्रम...