Crime News kolar: कजलीखेड़ा थाना- सूने मकान से 50 तोला सोना और सवा किलो चांदी ले उड़े चोर, 70 लाख से ज्यादा का माल साफ

भोपाल। कजलीखेड़ा थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बार फिर सूने मकान को निशाना बनाकर पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दी है। प्रियंका नगर स्थित दिवाकर चतुर्वेदी के मकान में धावा बोलकर बदमाश 50 तोला से अधिक सोना, करीब सवा किलो चांदी के आभूषण व सिक्के तथा 20 से 25 हजार रुपए नकद समेट ले गए। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत 70 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है। मामले में पुलिस ने फिलहाल 85 हजार रुपए की चोरी का प्रकरण दर्ज किया है।

खिड़की के रास्ते दाखिल हुए बदमाश

परिवार के बड़े बेटे के पास अबूधाबी जाने के कारण मकान में ताला लगा हुआ था। इसी का फायदा उठाकर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक, 18-19 अगस्त की रात चोरों ने घर में प्रवेश किया और बेडरूम में रखी अलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे जेवरात, चांदी के सिक्के और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।

सुबह पड़ोसी ज्योति सेंगर ने मकान का ताला टूटा देखा तो उन्होंने दिवाकर चतुर्वेदी को फोन कर घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

CCTV में कैद हुआ नकाबपोश संदिग्ध

वारदात की जांच में पुलिस को मकान में लगे CCTV कैमरों से अहम सुराग मिला है। फुटेज में एक नकाबपोश संदिग्ध पैंट-शर्ट पहने हुए दिखाई दे रहा है। वह खिड़की का कांच खोलकर मकान के भीतर प्रवेश करता नजर आया। पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने के साथ उसके आने-जाने के रास्तों की भी पड़ताल कर रही है।

जेवरों की पूरी सूची विदेश से लौटने के बाद

फरियादी के मुताबिक, चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपए में है। हालांकि माता-पिता के विदेश से लौटने के बाद ही जेवरात और अन्य सामान की पूरी सूची मिल सकेगी। इसके बाद चोरी गए माल की वास्तविक कीमत स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल पुलिस ने 85 हजार रुपए की चोरी दर्ज की है।

एक ही इलाके में लगातार दूसरी बड़ी वारदात

कजलीखेड़ा क्षेत्र में यह हाल के दिनों में दूसरी बड़ी चोरी है। इससे पहले 7-8 अगस्त की रात चित्रांश साई विहार कॉलोनी निवासी आनंद प्रजापति के सूने मकान को भी बदमाशों ने निशाना बनाया था। वहां से सोने-चांदी के जेवरात और नकदी समेत करीब 55 लाख रुपए का माल चोरी हुआ था। उक्त वारदात का अब तक खुलासा नहीं हो सका है।

लगातार सूने मकानों को निशाना बनाए जाने से कजलीखेड़ा क्षेत्र में पुलिस की रात्रि गश्त, पेट्रोलिंग और निगरानी तंत्र पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस के सामने न सिर्फ ताजा वारदात के आरोपियों तक पहुंचने, बल्कि पूर्व में हुई चोरी का खुलासा करने की भी चुनौती है।

#कजलीखेड़ा #भोपाल #BhopalNews #Kajlikheda #CrimeNews #BhopalCrime #चोरी #चोरीकीवारदात #बड़ीचोरी #CrimeInBhopal #BreakingNews #LatestNews #CCTVFootage #PoliceInvestigation #भोपालपुलिस #कजलीखेड़ान्यूज #MadhyaPradeshNews #MPNews #HindiNews #CrimeAlert #Kolar18 #Kolar18News

Previous articleसफाई कर्मचारियों के लिए Missed Call Facility अब आसानी से दर्ज होगी Complaint