स्कूलों में 1 से 3 सितंबर तक मनाया जाएगा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व

भोपाल। मध्यप्रदेश के विद्यालयों में भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को उत्साह और गरिमापूर्ण तरीके से मनाया जाएगा। लोक शिक्षण संचालनालय, गौतम नगर भोपाल ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी कर 1 सितंबर से 3 सितंबर 2026 तक स्कूलों में विभिन्न कार्यक्रम एवं प्रतियोगिताएं आयोजित कराने को कहा है।

लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी निर्देश के मुताबिक जन्माष्टमी आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, परंपराओं, नैतिक मूल्यों और सामाजिक समरसता के प्रति समझ विकसित करना है। इसके तहत विद्यालयों में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का मंचन कराया जाएगा।

इसके अलावा भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षाओं और गीता ज्ञान से जुड़े विभिन्न प्रसंगों पर नाट्य एवं नृत्य मंचन किया जाएगा। भगवान श्रीकृष्ण से संबंधित भ्रामक मिथकों को दूर करने के उद्देश्य से व्याख्यान भी आयोजित किए जाएंगे।

निर्देश में विशेष रूप से कहा गया है कि सांदीपनि विद्यालयों में कार्यक्रम एवं प्रतियोगिताओं का विशेष आयोजन किया जाए। इनमें सांदीपनि ऋषि से जुड़े प्रसंगों, गुरु-शिष्य परंपरा आदि पर परिचर्चा और नाट्य मंचन कराया जाएगा।

लोक शिक्षण संचालनालय ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने जिलों के विद्यालयों में आवश्यक निर्देश जारी करने तथा कार्यक्रमों के फोटो और पालन प्रतिवेदन निर्धारित ई-मेल पर भेजना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

यह निर्देश मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग, वल्लभ भवन भोपाल से प्राप्त निर्देशों के संदर्भ में जारी किया गया है।

 

#जन्माष्टमी #श्रीकृष्णजन्माष्टमी #कृष्णजन्माष्टमी #श्रीकृष्ण #राधेकृष्ण #कृष्णकन्हैया #नंदलाल #गोविंद #गोकुल #मथुरा #वृंदावन #गीता_ज्ञान #सनातन_धर्म #भारतीय_संस्कृति #मध्यप्रदेश #MPNews #BhopalNews #KrishnaJanmashtami #Janmashtami #LordKrishna

Previous article‘गनमास्टर G9’ का टीजर ‘टॉक्सिक’ के साथ दिखाया जाएगा, सिनेमाघरों में मिलेगा बड़ा सरप्राइज
Next articleMP admission News: आयुष्मान योजना में अनियमितता पर भोपाल के तीन अस्पताल निलंबित, पुराने क्लेम्स का होगा ऑडिट