नीलबड़ में सवा लाख पार्थिव शिवलिंग निर्माण, सामूहिक रुद्राभिषेक एवं 11 हज़ार रुद्राक्ष वितरण का भव्य आयोजन 26 को

कलखेड़ा रोड स्थित चंद्र शेखर आज़ाद पार्क में जुटेगा श्रद्धालुओं का सैलाब

भोपाल (विशेष प्रतिनिधि)। श्रावण मास के पवित्र अवसर पर राजधानी के नीलबड़ क्षेत्र में एक विशाल धार्मिक समागम का आयोजन होने जा रहा है। आगामी 26 अगस्त को वार्ड क्रमांक 26 स्थित चंद्र शेखर आज़ाद पार्क (कलखेड़ा रोड, नीलबड़) में “सवा लाख पार्थिव शिवलिंग निर्माण”, “सामूहिक रुद्राभिषेक” तथा “11,000 पवित्र रुद्राक्षों का नि:शुल्क वितरण” का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

इस धार्मिक आयोजन के आयोजक भाजपा जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र मारण ‘गोलू भैया’ हैं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं संरक्षक हुज़ूर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामेश्वर जी शर्मा रहेंगे।

प्रातः 9 बजे से शुरू होगा पार्थिव शिवलिंग निर्माण

आयोजन की जानकारी देते हुए वीरेंद्र मारण ‘गोलू भैया’ ने बताया कि श्रावण मास में पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं रुद्राभिषेक का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 9:00 बजे सवा लाख पार्थिव शिवलिंगों के निर्माण के साथ होगा, जो दोपहर 1:00 बजे तक चलेगा। इसके पश्चात दोपहर 2:00 बजे से विद्वान आचार्यों के सानिध्य में मंत्रोच्चार के साथ सामूहिक रुद्राभिषेक संपन्न कराया जाएगा।

श्रद्धालुओं को बांटे जाएंगे 11 हजार पवित्र रुद्राक्ष

कार्यक्रम के दौरान दोपहर 2:00 बजे से ही उपस्थित श्रद्धालुओं के बीच 11,000 अभिमंत्रित रुद्राक्षों का नि:शुल्क वितरण एवं महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुगम दर्शन-पूजन के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। आयोजक वीरेंद्र मारण ने भोपाल शहर एवं आसपास के सभी धर्मप्रेमी नागरिकों, माताओं व बहनों से अधिक से अधिक संख्या में पधारकर धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की है।

Previous articleमेरा बूथ सबसे मजबूत… लेकिन जिम्मेदारी किसकी?
Next articleझूलनोत्सव से भक्तिमय हुआ अयोध्या धाम, 5 हजार मंदिरों में विशेष आयोजन