Crime News Kolar : भोपाल में एसीपी के घर चोरी का खुलासा, 71 लाख का माल बरामद

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के कोलार रोड थाना क्षेत्र में एसीपी के घर हुई चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोलार रोड थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने चार आरोपियों से अब तक करीब 71 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से करीब 400 ग्राम सोने के जेवरात, 500 ग्राम चांदी के जेवरात, 1 लाख 76 हजार रुपये नकद, स्विफ्ट कार, आईफोन और अन्य कीमती मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

आरोपियों ने पूछताछ के दौरान पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। कभी इंदौर सराफा बाजार में चोरी का माल बेचने की बात कही गई तो कभी माल को दूसरे स्थानों पर छिपाने की जानकारी दी गई। पुलिस द्वारा तस्दीक करने पर कई जानकारियां गलत पाई गईं। इसके बाद दोबारा पूछताछ में आरोपियों की निशानदेही पर राजस्थान और उज्जैन से चोरी का माल बरामद किया गया।

इंदौर सराफा बाजार की कहानी निकली झूठी

पुलिस के मुताबिक आरोपी देवेन्द्र गुर्जर उर्फ देवा ने पहले इंदौर सराफा बाजार में चोरी का माल बेचने की बात बताई थी। पुलिस ने जब इस जानकारी की तस्दीक की तो कहानी गलत निकली।

इसके बाद दोबारा पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर उसके गांव नेगड़िया का खेड़ा, थाना गंगापुर, जिला भीलवाड़ा, राजस्थान से करीब 20 तोला सोने और 150 ग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए गए।

रोहित पाल ने भी पुलिस को किया गुमराह

आरोपी रोहित पाल ने भी इंदौर सराफा बाजार में व्यापारी को चोरी का माल बेचने की कहानी बताई थी। पुलिस के अनुसार तस्दीक में यह जानकारी भी गलत पाई गई।

दोबारा पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर मक्सी रोड, उज्जैन बस स्टैंड के पीछे से करीब 10 तोला सोने और 150 ग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए गए।

अब तक 71 लाख का माल बरामद

इस मामले में पुलिस पहले ही चार आरोपियों से करीब 25 लाख रुपये का मशरूका बरामद कर चुकी थी। इसके बाद पुलिस रिमांड लेकर की गई पूछताछ में करीब 46 लाख रुपये का अतिरिक्त माल बरामद किया गया।

इस तरह पुलिस के अनुसार अब तक कुल करीब 71 लाख रुपये का मशरूका बरामद हो चुका है।

बरामदगी में करीब 400 ग्राम सोने के जेवरात, 500 ग्राम चांदी के जेवरात, 1 लाख 76 हजार रुपये नकद, स्विफ्ट कार, आईफोन और अन्य कीमती मोबाइल फोन शामिल हैं।

चार आरोपी गिरफ्तार

मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित पाल, पवन आर्य, दीपक गुर्जर और देवेन्द्र गुर्जर उर्फ देवा के रूप में हुई है।

पुलिस के रिकॉर्ड के अनुसार चारों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई अपराध दर्ज हैं।

11 सितंबर को दर्ज हुआ था चोरी का मामला

कोलार रोड थाना पुलिस के अनुसार 11 सितंबर 2026 को फरियादी विजय कुमार दुबे की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 561/26 दर्ज किया गया था। मामले में बीएनएस की धारा 305A और 331(4) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए कोलार रोड थाना और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीमें गठित की गई थीं। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद राजस्थान, उज्जैन और इंदौर तक जांच आगे बढ़ाई।

पुलिस के अनुसार आरोपियों का दोबारा पुलिस रिमांड लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है।

Previous articleमध्यप्रदेश पत्रकार बीमा योजना 2026: आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 30 सितंबर तक करें आवेदन