भोपाल विकास योजना 2047: 45 लाख आबादी के लिए तैयार होगा नया मास्टर प्लान, 27% क्षेत्र ग्रीन जोन में

भोपाल। राजधानी भोपाल के सुनियोजित और संतुलित विकास के लिए भोपाल विकास योजना 2047 (प्रारूप) तैयार की गई है। योजना में करीब 1,016.90 वर्ग किलोमीटर के निवेश क्षेत्र को शामिल किया गया है, जिसमें 254 गांव सम्मिलित हैं। यह योजना लगभग 45 लाख की अनुमानित आबादी को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। प्रस्तावित योजना में कुल 61,017.02 हेक्टेयर क्षेत्र को विकास योग्य क्षेत्र के रूप में निर्धारित किया गया है।

प्राकृतिक पर्यावरण और बड़े तालाब के संरक्षण पर जोर

भोपाल विकास योजना 2047 में शहर की प्राकृतिक संवेदनशीलता को प्रमुख आधार बनाया गया है। योजना में भोजताल (बड़ी झील) और उसके जलग्रहण क्षेत्र, पहाड़ियों, वन क्षेत्रों, तालाबों और जलाशयों तथा बाघ भ्रमण क्षेत्र के संरक्षण के प्रावधान किए गए हैं।

योजना को चार प्रमुख स्तंभों पर आधारित किया गया है—प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र का संरक्षण, आधुनिक एवं नागरिक हितैषी नियोजन, सुधारोन्मुख एवं परिवर्तनकारी नियोजन तथा आत्मनिर्भर और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने वाला विकास।

51 किलोमीटर का ग्रोथ कॉरिडोर

भोपाल में निवेश और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए करीब 51 किलोमीटर लंबे ग्रोथ कॉरिडोर की परिकल्पना की गई है। यह कॉरिडोर Education Knowledge Artificial Intelligence (EKAI) City, एयरपोर्ट, प्रस्तावित सीएमयू, लॉजिस्टिक भंडारण एवं थोक परिसर सहित विभिन्न उपनगरों को जोड़ने का प्रस्ताव रखता है।

ग्रोथ कॉरिडोर में मिश्रित भू-उपयोग के साथ उच्च घनत्व वाले विकास की परिकल्पना की गई है। इसमें होटल एवं हॉस्पिटैलिटी, स्वास्थ्य सेवाएं, व्यापार, IT सेक्टर, AI एवं डेटा सेंटर, लॉजिस्टिक्स, थोक व्यापार, हाइपर मार्केट, मॉल-मल्टीप्लेक्स, कॉरपोरेट ऑफिस और आवास जैसी गतिविधियों को विकसित किया जा सकेगा।

इस कॉरिडोर में BRTS कॉरिडोर का भी प्रस्ताव है, जिसे भविष्य में MRTS में अपग्रेड किया जा सकेगा। विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम और इंदौर मार्ग को भी ग्रोथ कॉरिडोर के माध्यम से जोड़ने का प्रस्ताव है।

बायपास के दोनों ओर 50-50 मीटर हरित क्षेत्र

निवेश क्षेत्र की बाहरी सीमा पर प्रस्तावित नए बायपास मार्ग को ग्रीन फील्ड कॉरिडोर के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव है। इसके दोनों ओर 50-50 मीटर भूमि हरित क्षेत्र के रूप में प्रस्तावित की गई है।

ग्रीन एरिया बढ़ाकर 27 प्रतिशत

भोपाल विकास योजना 2005 में जहां हरित क्षेत्र लगभग 16 प्रतिशत निर्धारित था, वहीं भोपाल विकास योजना 2047 के प्रारूप में इसे बढ़ाकर लगभग 27 प्रतिशत किया गया है। योजना के अनुसार यह URDPFI गाइडलाइन के मानकों से अधिक है। भानपुर खंती के पुनर्विकास के लिए यहां गोल्फ कोर्स का प्रस्ताव भी रखा गया है।

इसके अलावा कॉलोनी स्तर पर खुले क्षेत्र को 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 12 प्रतिशत करने का प्रस्ताव है।

आवासीय विकास के साथ अफोर्डेबल और रेंटल हाउसिंग पर जोर

योजना में अधिक से अधिक अफोर्डेबल हाउसिंग विकसित करने के लिए ऐसी परियोजनाओं को FAR क्रय करने की बाध्यता से मुक्त रखने का प्रस्ताव है। प्रवासी नागरिकों के लिए रेंटल हाउसिंग विकसित करने को भी प्रोत्साहन देने का प्रावधान रखा गया है।

विकसित क्षेत्रों में भूमि के बेहतर उपयोग के लिए प्लॉटों के समेकन और पुनर्विकास को प्रोत्साहित करने वाले प्रावधान भी प्रस्तावित हैं। 70 प्रतिशत निवासियों की सहमति होने पर RWA को आवासीय अपार्टमेंट के पुनर्विकास की अनुमति दिए जाने का प्रावधान रखा गया है।

डिजिटल ट्विन सिटी और स्मार्ट सुरक्षा व्यवस्था

भोपाल विकास योजना 2047 में योजना के क्रियान्वयन की रियल टाइम मॉनिटरिंग के लिए डिजिटल ट्विन सिटी की व्यवस्था का प्रस्ताव है। इसका उद्देश्य अनधिकृत निर्माण, मोबिलिटी और योजना के क्रियान्वयन से जुड़ी समस्याओं का समय पर समाधान करना है।

शहर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए सार्वजनिक स्थानों पर निजी CCTV कैमरों की नेटवर्किंग, सार्वजनिक भवनों की बाउंड्री वॉल को पारदर्शी रखने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था से जुड़े प्रावधान भी प्रस्तावित हैं।

EKAI City से शिक्षा और AI आधारित अर्थव्यवस्था को बढ़ाव

योजना में Education Knowledge Artificial Intelligence (EKAI) City की परिकल्पना की गई है। भोजरी स्थित एजुकेशन हब के उन्नयन के साथ इसे शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और AI आधारित ज्ञान अर्थव्यवस्था के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव है।

61 हजार हेक्टेयर से ज्यादा भूमि का प्रस्तावित उपयोग

योजना के अनुसार कुल 61,017.02 हेक्टेयर क्षेत्र में प्रमुख भूमि उपयोग इस प्रकार प्रस्तावित है—आवासीय क्षेत्र 26,755.50 हेक्टेयर (43.85%), मिश्रित उपयोग 2,448.84 हेक्टेयर (4.01%), वाणिज्यिक 1,348.97 हेक्टेयर (2.21%), औद्योगिक 2,137.25 हेक्टेयर (3.50%), लॉजिस्टिक्स एवं वेयरहाउसिंग 771.44 हेक्टेयर (1.26%), सार्वजनिक एवं अर्ध-सार्वजनिक 4,887.97 हेक्टेयर (8.01%), परिवहन 5,793.82 हेक्टेयर (9.53%) और ग्रीन क्षेत्र 16,489.94 हेक्टेयर (27.01%) प्रस्तावित है।

भोपाल विकास योजना 2047 का प्रारूप इस तरह राजधानी के भविष्य के विस्तार, पर्यावरण संरक्षण, आवास, परिवहन, रोजगार, AI आधारित अर्थव्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को एक साथ ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

Previous articleभोपाल मास्टर प्लान 2047: 21 साल बाद ड्राफ्ट तैयार, 1017 वर्ग किमी और 254 गांवों की योजना