
भोपाल। राजधानी भोपाल में पांच वर्षीय मासूम बच्ची के साथ गंभीर यौन अपराध के मामले में विशेष पॉक्सो न्यायालय ने सख्त फैसला सुनाया है। आरोपी अजीत राय उर्फ बाबू को अदालत ने शेष प्राकृतिक जीवनकाल तक आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही पीड़िता के भविष्य को ध्यान में रखते हुए 6 लाख रुपये का प्रतिकर देने का आदेश भी दिया है।
यह फैसला 14 नवंबर 2026 को विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट) श्रीमती कुमुदिनी पटेल की अदालत ने सुनाया। शासन की ओर से विशेष लोक अभियोजक सुश्री दिव्या शुक्ला और श्री नवीन श्रीवास्तव ने मामले में पैरवी की।
कुरकुरे और चॉकलेट दिलाने का दिया था लालच
अभियोजन के अनुसार, घटना 15 अक्टूबर 2025 की है। पीड़िता की मां अपनी दो बेटियों के साथ भोपाल के 1100 क्वार्टर स्थित हनुमान मंदिर गई थीं। इसी दौरान पांच वर्षीय बच्ची अपनी बहन की बेटी के साथ मंदिर के पास खेल रही थी।
कुछ देर बाद मां ने देखा कि बच्ची वहां मौजूद नहीं है। परिजनों ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस और परिजनों ने आसपास तलाश की। सीसीटीवी फुटेज की मदद से भी जांच की गई।
बाद में बच्ची को बरामद किया गया। उस समय उसके चेहरे पर चोट और सूजन के निशान थे तथा कपड़ों पर खून लगा हुआ था।
पीड़िता ने अपनी मां को बताया कि एक व्यक्ति उसे कुरकुरे और चॉकलेट दिलाने का लालच देकर अपने साथ ले गया था। इसके बाद आरोपी ने उसके साथ गंभीर यौन अपराध किया और उसे डराया-धमकाया।
डीएनए रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर दोषी करार
मामले में थाना हबीबगंज पुलिस ने अपराध क्रमांक 532/2025 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की थी। जांच पूरी होने के बाद अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने पीड़िता से संबंधित साक्ष्य, परिस्थितिजन्य साक्ष्य, डीएनए रिपोर्ट और दस्तावेजी प्रमाण न्यायालय के समक्ष रखे। इन साक्ष्यों और अभियोजन के तर्कों से सहमत होकर न्यायालय ने आरोपी अजीत राय उर्फ बाबू को दोषी ठहराया।
आरोपी को इन धाराओं में सुनाई गई सजा
न्यायालय ने आरोपी को निम्न धाराओं में दंडित किया है:
- धारा 65(2) बीएनएस एवं धारा 5एम/6 पॉक्सो एक्ट में शेष प्राकृतिक जीवनकाल तक आजीवन कारावास और 100 रुपये अर्थदंड।
- धारा 137(2) बीएनएस में 5 वर्ष का सश्रम कारावास और 100 रुपये अर्थदंड।
- धारा 87 बीएनएस में 5 वर्ष का सश्रम कारावास और 100 रुपये अर्थदंड।
- धारा 123 बीएनएस में 5 वर्ष का सश्रम कारावास और 100 रुपये अर्थदंड।
- धारा 115(2) बीएनएस में 1 वर्ष का सश्रम कारावास और 100 रुपये अर्थदंड।
पीड़िता के भविष्य के लिए 6 लाख रुपये का प्रतिकर
न्यायालय ने पीड़िता के भविष्य को ध्यान में रखते हुए 6 लाख रुपये का प्रतिकर प्रदान करने का आदेश भी पारित किया है। इस मामले में अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक सुश्री दिव्या शुक्ला और श्री नवीन श्रीवास्तव ने प्रभावी पैरवी की।
भोपाल के हबीबगंज थाना क्षेत्र से जुड़े इस मामले में अदालत का फैसला बालिकाओं के विरुद्ध गंभीर अपराधों पर न्यायिक कार्रवाई की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।




