इंडियन बैंक में अप्रेंटिस के 1,500 पदों पर भर्ती, मध्यप्रदेश में 65 सीटें; स्नातक 25 नवंबर तक कर सकेंगे आवेदन
भोपाल। बैंकिंग क्षेत्र में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए इंडियन बैंक ने अप्रेंटिस भर्ती का अवसर दिया है। बैंक की ओर से वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए देशभर में 1,500 अप्रेंटिस पदों पर भर्ती की जा रही है। इसमें मध्यप्रदेश के लिए 65 पद रखे गए हैं। भर्ती के लिए स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थी 25 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इस भर्ती में किसी भी विषय से स्नातक करने वाले युवा आवेदन कर सकेंगे। अभ्यर्थी की उम्र 1 नवंबर 2026 को 20 से 28 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आयु सीमा में आरक्षित वर्गों को नियमानुसार छूट मिलेगी। निर्धारित शर्तों के अनुसार 1 अप्रैल 2022 से 1 नवंबर 2026 के बीच स्नातक पूरा करने वाले अभ्यर्थी ही आवेदन के पात्र होंगे।
मध्यप्रदेश में 65 पद, हिंदी भाषा की जानकारी जरूरी
इंडियन बैंक ने अलग-अलग राज्यों के लिए अप्रेंटिस पदों का आवंटन किया है। उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा 285 और तमिलनाडु में 270 पद रखे गए हैं। पश्चिम बंगाल में 145, आंध्रप्रदेश में 85, बिहार में 80, महाराष्ट्र में 70 और मध्यप्रदेश में 65 पद निर्धारित किए गए हैं।
मध्यप्रदेश के अभ्यर्थियों को स्थानीय भाषा की जानकारी होना जरूरी है। इसके लिए हिंदी भाषा की परीक्षा ली जाएगी। हालांकि, आठवीं, दसवीं या बारहवीं की अंकसूची में हिंदी विषय पढ़ने का प्रमाण देने वाले अभ्यर्थियों को भाषा परीक्षा से छूट मिल सकती है।
प्रशिक्षण के दौरान हर महीने मिलेंगे 12,300 से 15,000 रुपये
चयनित अभ्यर्थियों को 12 महीने तक बैंक की शाखाओं में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस दौरान मेट्रो और शहरी शाखाओं में प्रशिक्षण लेने वालों को 15 हजार रुपये प्रतिमाह, जबकि ग्रामीण और अर्धशहरी शाखाओं में 12,300 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड मिलेगा।
यह अप्रेंटिसशिप कार्यक्रम है। इसे बैंक में नियमित नौकरी नहीं माना जाएगा और प्रशिक्षण पूरा होने के बाद स्थायी नियुक्ति का अधिकार नहीं मिलेगा।
ऑनलाइन परीक्षा से होगा चयन
अभ्यर्थियों का चयन ऑनलाइन लिखित परीक्षा और स्थानीय भाषा की पात्रता के आधार पर किया जाएगा। ऑनलाइन परीक्षा में रीजनिंग, कंप्यूटर ज्ञान, अंग्रेजी, संख्यात्मक योग्यता और बैंकिंग क्षेत्र से संबंधित सामान्य जागरूकता के प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा में कुल 100 प्रश्न होंगे और इसके लिए 60 मिनट का समय निर्धारित है।
यहां करें आवेदन
इच्छुक उम्मीदवार इंडियन बैंक की आधिकारिक वेबसाइट indianbank.bank.in के करियर सेक्शन में जाकर भर्ती से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। अप्रेंटिस पंजीकरण के लिए NATS 2.0 पोर्टल का भी उपयोग करना होगा।
सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए आवेदन शुल्क 800 रुपये और जीएसटी निर्धारित है, जबकि एससी, एसटी और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 175 रुपये और जीएसटी है।
आवेदन की अंतिम तारीख 25 नवंबर 2026 है। उम्मीदवारों को सलाह है कि आवेदन करने से पहले बैंक की आधिकारिक अधिसूचना में पात्रता, शुल्क और अन्य शर्तों को ध्यान से पढ़ लें।
भोपाल। मध्यप्रदेश में मतदाता सूची को अद्यतन करने के उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (Special Summary Revision – SSR) 2027...