
श्योपुर/नागपुर। मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले के लिए गौरव का क्षण रहा, जब श्योपुर निवासी वरिष्ठ समाजसेवी एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के समर्पित स्वयंसेवक कैलाश नारायण गुप्ता ने नागपुर में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के सेवा कार्यक्रम का मंच संचालन किया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में श्री गुप्ता ने अपने प्रभावशाली और गरिमामय संचालन से उपस्थित अतिथियों का ध्यान आकर्षित किया।
यह आयोजन नागपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों की पिछले 25 वर्षों से सेवा कर रहे समर्पण फाउंडेशन के रजत जयंती समारोह के अवसर पर आयोजित किया गया था। कार्यक्रम राजाबाक्षा हनुमान मंदिर के समीप स्थित समर्पण परिसर में संपन्न हुआ।
डॉ. मोहन भागवत ने दिया अपनत्व और सेवा का संदेश
समारोह को संबोधित करते हुए सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने कहा कि अहंकार और स्वार्थ समस्याओं की जड़ हैं, जबकि अपनापन ही उनका समाधान है। उन्होंने समाज में सेवा और परस्पर आत्मीयता की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।
डॉ. भागवत ने समर्पण फाउंडेशन के संस्थापक गोपाल राठी एवं हनुमान राठी के सेवा कार्यों की सराहना की। संस्था द्वारा बिना किसी प्रचार और प्रतिफल की अपेक्षा के लगातार 25 वर्षों से किए जा रहे सेवा कार्यों को उन्होंने प्रेरणादायी बताया।
25 वर्षों से मरीजों और परिजनों की सेवा कर रहा है फाउंडेशन
समर्पण फाउंडेशन की ओर से नागपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को अल्पाहार, पौष्टिक भोजन, नए वस्त्र, चप्पल, रक्त और दवाइयां उपलब्ध कराई जाती हैं। संस्था का यह सेवा अभियान पिछले 25 वर्षों से लगातार जारी है।
कार्यक्रम से पहले डॉ. मोहन भागवत ने राजाबाक्षा मारुति मंदिर में हनुमान जी के दर्शन किए और राठी परिवार से आत्मीय मुलाकात की। समारोह में उन्होंने संस्था के सेवा कार्यों पर आधारित डॉक्यूमेंट्री भी देखी और प्रतीकात्मक रूप से पांच मरीजों को नए वस्त्र भेंट किए।
राष्ट्रीय मंच पर कैलाश नारायण गुप्ता को मिला सम्मान
इस प्रतिष्ठित आयोजन के मंच संचालन की जिम्मेदारी श्योपुर के कैलाश नारायण गुप्ता को सौंपी गई थी। उन्होंने पूरे कार्यक्रम का संचालन प्रभावशाली, सधे हुए और गरिमामय अंदाज में किया। उपस्थित अतिथियों और प्रबुद्धजनों ने उनके वक्तृत्व कौशल एवं मंच संचालन की सराहना की।
परम पूज्य स्वामी श्री कृष्णानंद जी महाराज के कृपा पात्र सत्संगी स्वर्गीय हरिराम जी राठी के परिवार की ओर से उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
कार्यक्रम के बाद कैलाश नारायण गुप्ता ने राठी परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत के सानिध्य में ऐसे सेवा कार्य का हिस्सा बनना और उनसे प्रेरक विचार सुनना उनके जीवन का अविस्मरणीय एवं सौभाग्यशाली अनुभव है।
श्योपुर के एक समाजसेवी को राष्ट्रीय स्तर के इस प्रतिष्ठित आयोजन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना निश्चित रूप से जिले और पूरे अंचल के लिए गौरव का विषय है।




