भोपाल में 40 पेटी विदेशी शराब और वाहन जब्त

भोपाल। राजधानी में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। 16 नवंबर को जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में की गई कार्रवाई में करीब 40 पेटी विदेशी और 5 पेटी देशी शराब जब्त की गई। शराब और वाहनों की कुल अनुमानित कीमत 5 लाख 42 हजार रुपये बताई गई है।

कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देश पर आबकारी विभाग की टीम ने नई बस्ती, टीला जमालपुरा स्थित एक मकान से आकाश पासवान (28), निवासी नीलबड़ के कब्जे से अलग-अलग ब्रांड की करीब 40 पेटी विदेशी शराब बरामद की। इसकी अनुमानित कीमत 3 लाख 87 हजार रुपये है।

वहीं गोविंदपुरा क्षेत्र में हैदर, निवासी रोशनपुरा को एक्टिवा से दो पेटी देशी शराब का अवैध परिवहन करते पकड़ा गया। शाहजहांनाबाद क्षेत्र में अमन बाथम, निवासी टीला जमालपुरा को सुजुकी एक्सेस से तीन पेटी देशी शराब ले जाते हुए पकड़ा गया।

तीनों मामलों में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

आबकारी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिलेभर में गश्त और दबिश की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। साथ ही लोगों को असली और नकली शराब की पहचान के प्रति जागरूक किया जाएगा।

Previous articleभोपाल मास्टर प्लान-2047 पर पहले दिन ही गरमाई सुनवाई, 13,400 आपत्तियों पर होगा विचार; बड़े तालाब और आवासीय इलाकों के मुद्दे छाए