
भोपाल। फर्जी IPS अधिकारी बनकर डिजिटल अरेस्ट के नाम पर दिल्ली की एक महिला से 71 लाख रुपये की ठगी के मामले में भोपाल से तीन आरोपियों की गिरफ्तारी राष्ट्रीय मीडिया में सुर्खियां बनी है। दिल्ली पुलिस की IFSO यूनिट ने कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
देश के प्रमुख मीडिया संस्थानों में खबर
इस मामले को 15 नवंबर 2026 को द हिंदू, हिंदुस्तान टाइम्स और इंडिया टुडे ने प्रमुखता से प्रकाशित किया। इसके बाद 16 नवंबर को द ट्रिब्यून, दैनिक जागरण, टाइम्स ऑफ इंडिया और द हंस इंडिया सहित अन्य मीडिया संस्थानों ने भी गिरफ्तारी और साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़ी जानकारी प्रकाशित की।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, दिल्ली की महिला को WhatsApp वीडियो कॉल के जरिए एक व्यक्ति ने खुद को मुंबई में तैनात IPS अधिकारी बताया। महिला पर 6.5 करोड़ रुपये की मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में शामिल होने का झूठा आरोप लगाया गया और गिरफ्तारी का डर दिखाया गया।
डर के कारण महिला ने दो बैंक ट्रांजेक्शन में कुल 71 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।
भोपाल तक कैसे पहुंची जांच?
दिल्ली पुलिस की जांच में कई म्यूल बैंक खातों का पता चला, जिनका इस्तेमाल ठगी की रकम को इधर-उधर भेजने में किया गया था। इसी वित्तीय लेन-देन की कड़ी के आधार पर पुलिस भोपाल पहुंची और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, करीब 15 लाख रुपये निकाले और वितरित किए गए थे। ठगी की रकम से खरीदे गए तीन नए मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
साइबर ठगी से रहें सावधान
डिजिटल अरेस्ट के नाम पर किसी भी अनजान व्यक्ति के दबाव में आकर पैसे ट्रांसफर न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें।




