
भोपाल। राजधानी भोपाल के कोलार रोड स्थित सतगढ़ी इंडस्ट्रियल एरिया में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 अब जनवरी में आयोजित नहीं होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यस्त कार्यक्रम और प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) से समय नहीं मिल पाने के कारण आयोजन की तारीख आगे बढ़ाने की तैयारी है। अब मार्च 2027 में समिट आयोजित किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम (MPIDC) ने इस आयोजन के लिए 5 और 6 जनवरी 2027 की तारीखों का प्रस्ताव प्रधानमंत्री कार्यालय को भेजा था। हालांकि, जनवरी और फरवरी में प्रधानमंत्री के पहले से निर्धारित कार्यक्रमों की व्यस्तता के चलते भोपाल समिट के लिए अब तक समय नहीं मिल सका है। ऐसे में आयोजन को मार्च तक आगे बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है।
बजट सत्र के बाद हो सकता है आयोजन
फरवरी के दूसरे पखवाड़े में मध्यप्रदेश विधानसभा का बजट सत्र प्रस्तावित है। इसी वजह से फरवरी में समिट आयोजित करना मुश्किल माना जा रहा है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार मार्च में आयोजन की संभावना को देखते हुए तैयारियां जारी रखी गई हैं। हालांकि, प्रधानमंत्री कार्यालय से समय मिलने और आधिकारिक कार्यक्रम तय होने के बाद ही नई तारीख घोषित होगी।
170 एकड़ में विकसित होगा भव्य आयोजन स्थल
कोलार रोड के सतगढ़ी इंडस्ट्रियल एरिया में प्रस्तावित इस आयोजन को बड़े स्तर पर आयोजित करने की योजना है। इसके लिए करीब 170 एकड़ क्षेत्र में आयोजन स्थल विकसित किया जा रहा है। योजना के मुताबिक यहां 20 एकड़ में टेंट सिटी बनाई जाएगी। इसके अलावा सात सेक्टोरल टेंट, तीन हेलीपैड और करीब पांच हजार वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था प्रस्तावित है।
समिट में 6 से 8 हजार लोगों की क्षमता वाला कन्वेंशन सेंटर भी प्रमुख आकर्षण होगा। आयोजन में देश-विदेश के निवेशकों, उद्योगपतियों और प्रतिनिधियों की भागीदारी को ध्यान में रखकर बुनियादी सुविधाएं तैयार की जा रही हैं।
सेमीकंडक्टर से लेकर ड्रोन उद्योग तक पर रहेगा फोकस
ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 में मध्यप्रदेश के औद्योगिक विकास और नई तकनीकों से जुड़े क्षेत्रों को प्रमुखता देने की योजना है। इसके तहत सेमीकंडक्टर, आईटी, ड्रोन, इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिक व्हीकल और स्वच्छ विनिर्माण जैसे क्षेत्रों पर विशेष सत्र आयोजित किए जाने प्रस्तावित हैं।
सरकार की योजना सतगढ़ी में प्रदेश का बड़ा कन्वेंशन सेंटर विकसित करने की भी है, जिससे भविष्य में बड़े औद्योगिक और व्यावसायिक आयोजनों के लिए भोपाल को नई पहचान मिल सके।
2025 की समिट में मिले थे 30.77 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव
भोपाल में 24 और 25 फरवरी 2025 को आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में 60 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस सम्मेलन का उद्घाटन किया था। उस आयोजन में मध्यप्रदेश को करीब 30.77 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए थे। इनमें भोपाल क्षेत्र के लिए लगभग 5.8 लाख करोड़ रुपये के प्रस्ताव शामिल थे।
अब 2027 की समिट से भी प्रदेश को बड़े निवेश प्रस्ताव मिलने की उम्मीद है। आयोजन की तारीख आगे बढ़ने के बावजूद सतगढ़ी में जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर और अन्य व्यवस्थाओं का काम जारी है।
मार्च में समिट आयोजित होने की संभावना के बीच अब सभी की निगाहें प्रधानमंत्री कार्यालय से मिलने वाली तारीख पर टिकी हैं।




