
भोपाल। मुखर्जी नगर कोलार स्थित राजहर्ष में अवस्थी परिवार द्वारा आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के चौथे दिवस श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहा। बुधवार को कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर श्रद्धालु भक्ति में सराबोर नजर आए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भोपाल एवं नर्मदापुरम संभाग के पूर्व कमिश्नर एवं IAS अधिकारी डी.पी. तिवारी शामिल हुए। साथ ही समाजसेवी अनूप बाजपेई, भाजपा नेता अनंत अवस्थी एवं मंडल मंत्री मोनू मालवीय सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कथा के चौथे दिवस ध्रुव एवं उत्तम के जन्म प्रसंग तथा सत्यवान-सावित्री की कथा का वर्णन किया गया। इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का प्रसंग आया। कथा में देवकी और वासुदेव को कंस द्वारा दी गई यातनाओं एवं उनके जीवन में आई कठिनाइयों का भावपूर्ण वर्णन किया गया। इसके पश्चात भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का प्रसंग सुनाया गया, जिस पर पूरा कथा पंडाल जयकारों से गूंज उठा।
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और भक्ति गीतों के बीच उत्सव मनाया।





