
राजकुमार सिंह ने लोक निर्माण विभाग को सौंपा ज्ञापन, निर्माण लागत से लेकर गारंटी अवधि तक की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग
भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव राजकुमार सिंह ने भोपाल के कोलार क्षेत्र में निर्मित प्रमुख सड़कों के निर्माण कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता एवं सीपीए (राजधानी परियोजना प्रशासन) के मुख्य अभियंता को ज्ञापन सौंपकर निर्माण स्थलों पर विस्तृत सूचना बोर्ड लगाए जाने की मांग की है।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से कोलार सिक्सलेन से कानाकुंज तक निर्मित फोरलेन सड़क तथा सीआई स्क्वायर से दानिश कुंज चौराहे तक निर्मित फोरलेन सड़क का उल्लेख किया गया है। इसके साथ ही कोलार मुख्य मार्ग (सिक्सलेन) और जे.के. हॉस्पिटल रिंग रोड के निर्माण से संबंधित जानकारी सार्वजनिक करने की मांग भी उठाई गई है।
राजकुमार सिंह ने मांग की है कि सड़क निर्माण स्थलों पर लगाए जाने वाले सूचना बोर्ड में निर्माण कार्य कराने वाले विभाग एवं एजेंसी का नाम, स्वीकृत निर्माण लागत, ठेकेदार का नाम और मोबाइल नंबर, निर्माण प्रारंभ एवं पूर्ण होने की निर्धारित तिथि, सड़क निर्माण की गुणवत्ता तथा गारंटी अवधि की जानकारी स्पष्ट रूप से दर्ज की जाए।
उन्होंने कहा कि सरकारी निर्माण कार्यों में आम नागरिकों के टैक्स का पैसा खर्च होता है। ऐसे में जनता को यह जानने का अधिकार है कि सड़क का निर्माण किस एजेंसी ने किया, उस पर कितनी राशि खर्च हुई और निर्माण की गुणवत्ता बनाए रखने की जिम्मेदारी किस अधिकारी एवं ठेकेदार की है।
निर्माण कार्यों में विधायक के फोटो लगाने पर भी आपत्ति
ज्ञापन में एक अन्य महत्वपूर्ण मुद्दा उठाते हुए राजकुमार सिंह ने दोनों सड़कों पर लगाए गए सूचना पट्टों एवं होर्डिंग में क्षेत्रीय विधायक रामेश्वर शर्मा के फोटो लगाए जाने पर आपत्ति जताई है।
उन्होंने कहा कि सरकारी निर्माण कार्यों से संबंधित सूचना पट्टों एवं लोकार्पण पट्टिकाओं पर शासन की निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार ही जानकारी प्रदर्शित की जानी चाहिए। विधायक शासन के कार्यकारी अंग का हिस्सा नहीं होते हैं। इसलिए सरकारी निर्माण कार्यों के सूचना बोर्ड पर राजनीतिक व्यक्तियों के फोटो लगाने की उपयुक्तता और संबंधित नियमों की जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए।
गारंटी अवधि में सड़क खराब होने पर किसकी होगी जिम्मेदारी?
राजकुमार सिंह ने विशेष रूप से सड़कों की गारंटी अवधि और निर्माण में गुणवत्ता संबंधी कमी आने पर सुधार की जिम्मेदारी स्पष्ट करने की मांग की है। उनका कहना है कि निर्धारित गारंटी अवधि के दौरान सड़क खराब होने या क्षतिग्रस्त होने पर संबंधित ठेकेदार एवं निर्माण एजेंसी की जवाबदेही तय होनी चाहिए।
उन्होंने संबंधित विभागों से ज्ञापन पर तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि निर्धारित समय में उचित कार्रवाई नहीं होने पर कांग्रेस पार्टी इस मामले को लेकर न्यायालय की शरण लेने और संबंधित विभाग के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने पर विचार करेगी।
राजकुमार सिंह ने कहा कि सरकारी निर्माण कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना जरूरी है, ताकि आम नागरिकों को विकास कार्यों की वास्तविक लागत, गुणवत्ता और जिम्मेदार अधिकारियों की जानकारी मिल सके।




