
केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने संसद की कार्यवाही दोबारा शुरू कराने की तैयारी कर ली है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरुवार को जानकारी दी कि सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन से संसद के दोनों सदनों की बैठक फिर से बुलाने का अनुरोध किया है। इसके तहत लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर 2026 से शुरू करने का प्रस्ताव है।
संसदीय कार्य मंत्री के अनुसार, संसद के दोनों सदनों को आवश्यक सरकारी कामकाज निपटाने के उद्देश्य से फिर से बुलाया जा रहा है। कामकाज की आवश्यकताओं को देखते हुए दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर तक समाप्त हो सकती है।
इस प्रस्तावित बैठक को राजनीतिक और संसदीय दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधायी प्रस्तावों को लेकर भी राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हैं। हालांकि, सरकार की ओर से अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि इस दौरान किन विधेयकों और मुद्दों को सदन में लाया जाएगा।
गौरतलब है कि संसद के मानसून सत्र की कार्यवाही 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित की गई थी। अब सरकार ने आवश्यक विधायी और सरकारी कामकाज पूरा करने के लिए दोनों सदनों की बैठक दोबारा बुलाने का अनुरोध किया है।
आगामी बैठकों में सरकार और विपक्ष के बीच महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। ऐसे में 30 नवंबर से शुरू होने वाली संसदीय गतिविधियों पर देशभर की निगाहें रहेंगी।
















