भोपाल। स्वदेशी जागरण मंच एवं स्वर्णिम भारतवर्ष फाउंडेशन द्वारा आयोजित स्वदेशी मेले के समापन अवसर पर 4 नवंबर को भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। सांस्कृतिक मंच पर देशभर में अपनी संगीतमय प्रस्तुतियों के लिए प्रसिद्ध कृष्णगोपाल पाठक ने अपनी पुत्रियों आहना कृष्ण पाठक, सुदीक्षा पाठक और श्लोका पाठक के साथ ‘सबके राम-सबमें राम’ की मनमोहक प्रस्तुति दी।
भजन संध्या में प्रभु श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण और भगवान शिव के भजनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। संगीतमय प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, मातृभूमि और गौरवशाली पूर्वजों के सम्मान का संदेश दिया गया। उपस्थित श्रोताओं ने कलाकारों की प्रस्तुतियों का आनंद लिया।
24 अक्टूबर से 4 नवंबर तक चला स्वदेशी मेला
शासकीय मोतीलाल विज्ञान महाविद्यालय परिसर में 24 अक्टूबर से 4 नवंबर तक आयोजित इस मेले में देशभर के स्वदेशी उत्पादों को प्रदर्शित किया गया। मेले में 200 से अधिक स्टॉल लगाए गए, जिनमें स्थानीय उद्यमियों, लघु उद्योगों और महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों की बिक्री एवं प्रचार-प्रसार का अवसर मिला।
राज्यपाल ने किया दैनिक जीवन में स्वदेशी अपनाने का आह्वान
मेले के समापन अवसर पर मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई छगनभाई पटेल ने कहा कि स्वदेशी केवल ‘लोकल फॉर वोकल’ का नारा नहीं होना चाहिए, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने दैनिक जीवन में स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने का संकल्प लेना चाहिए। देश में निर्मित उत्पादों को प्राथमिकता देने से स्थानीय उद्यमियों को प्रोत्साहन मिलेगा और देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
कार्यक्रम में मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष पद्मश्री मोहन नगर, मेला संयोजक सतीश विश्वकर्मा, स्वदेशी जागरण मंच के मध्य क्षेत्र संयोजक सुधीर दाते, सांसद दर्शन सिंह चौधरी सहित अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
स्वदेशी मेले का उद्देश्य स्थानीय उत्पादों, लघु उद्यमियों और महिला उद्यमियों को बाजार उपलब्ध कराना तथा आत्मनिर्भर भारत की भावना को जन-जन तक पहुंचाना रहा।





