मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज श्यामला हिल्स स्थित स्मार्ट उद्यान में पौध-रोपण कर श्रमदान भी किया ।
मुख्यमंत्री चौहान के साथ पौध-रोपण में अनेक जन-प्रतिनिधि और स्वैच्छिक संगठनों के सदस्य शामिल हुए। आज नीम, गूलर और मौलश्री के पौधे लगाए।
लायंस क्लब के सदस्य राजेश भट्ट, महेश शर्मा, भूपेन्द्र पटेल, ज्योति शर्मा, प्रतीक चक्रधर आदि शामिल हुए। लायंस क्लब की भोपाल इकाई पर्यावरण-संरक्षण के लिए कई वर्ष से कार्य रही है। आज धीरज सोनी और अनिल अग्रवाल ‘लिली’ने अपने जन्म-दिवस पर मुख्यमंत्री चौहान के साथ पौध-रोपण किया। कृष्ण मोहन सोनी और प्रीति अग्रवाल भी उपस्थित रहे।
पौधों का महत्व
आज लगाया गया मौलश्री औषधीय वृक्ष है, इसका सदियों से आयुर्वेद में उपयोग होता आ रहा है। एंटीबायोटिक तत्वों से भरपूर नीम को सर्वोच्च औषधि के रूप में जाना जाता है। गूलर के फल अंजीर की तरह होते हैं, यह भी आयुर्वेद की दृष्टि से महत्वपूर्ण वृक्ष है।
जन-प्रतिनिधि और स्वैच्छिक संगठन के सदस्यों के साथ मुख्यमंत्री चौहान ने पौध-रोपण किया
आचार्य विनोबा भावे की जयंती पर मुख्यमंत्री चौहान ने नमन किया
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज मुख्यमंत्री निवास सभाकक्ष में भूदान आंदोलन के प्रणेता आचार्य विनोबा भावे की 127वीं जयंती पर उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। मुख्यमंत्री चौहान ने स्व. भावे जी के कार्यों का स्मरण भी किया।
विनोबा जी परिचय
11 सितम्बर 1895 को कोंकण क्षेत्र के एक ग्राम में जन्में विनायक नरहरि भावे (आचार्य विनोबा भावे) अत्यंत विद्वान एवं विचारशील व्यक्तित्व के धनी थे। अर्थशास्त्र, राजनीति और दर्शन के आधुनिक सिद्धांतों का भी उन्होंने गहन अध्ययन किया। सामुदायिक नेतृत्व के लिए वर्ष 1958 में अन्तर्राष्ट्रीय रेमन मैग्सेसे पुरस्कार पाने वाले वह पहले भारतीय थे। अहिंसात्मक उपायों से राष्ट्र में सामाजिक बदलाव लाने के उद्देश्य से विनोबा जी ने सर्वोदय समाज की स्थापना की। उनका निधन 15 नवम्बर 1982 को वर्धा में हुआ। वर्ष 1983 में मरणोपरांत उनको देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान “भारत रत्न” से सम्मानित किया गया।
राजीव-सलिसबरी पुरुष युगल में लगातार दूसरी बार जीते
यूएस ओवन में शीर्ष वरीयता प्राप्त राजीव राम और जोए सलिसबरी की जोड़ी ने लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम किया है। इसके साथ ही यह जोड़ी दूसरी ऐसी जोड़ी बन गई, जो पुरुष युगल का अपना खिताब बचाने में सफल रही है। इसके अलावा कार्लोस अल्कारेज ने भी फाइनल में जगह बना ली है। अमेरिका के राजीव राम और ब्रिटेन के जोए सलिसबरी ने फाइनल में वेस्ली कुलहॉफ और नील स्कुपस्की की जोड़ी को 7-6, 7-5 के अंतर से हराया। इस जोड़ी ने साथ में कमाल किया है। साल 2020 में ये दोनों सेमीफाइनल तक पहुंचे थे। इसके बाद 2021 और 2022 में खिताब अपने नाम किया है। इन दोनों से पहले ऑस्ट्रेलिया के टॉड बूडब्रिज और मार्क वुडफोर्ड ओपन दौर में लगातार दो बार यूएस ओपन जीतने वाली पहली पुरुष जोड़ी बने थे।
अल्कारेज ने टियाफो के बाहर किया
स्पेन के कार्लोस अल्कारेज ने यूएस ओपन के फाइनल में जगह बना ली है। उन्होंने सेमीफाइनल मैच में अमेरिका के फ्रांसिस टियाफो को हराकर बाहर कर दिया। 19 साल के अल्कारेज ने सेमीफाइनल मैच 6-7, 6-3, 6-1, 6-7, 6-3 के अंतर से अपने नाम किया। वह पहली बार यूएस ओपन के फाइनल में पहुंचे हैं। यहां उनका सामना कैस्पर रुड के साथ होगा। यह ग्रैंड स्लैम जीतने वाला खिलाड़ी टेनिस रैंकिंग में दुनिया का नंबर एक खिलाड़ी भी बनेगा। कैस्पर रुड ने सेमीफाइनल में रूस के कारेन कचनोव को 7-6, 6-2, 5-7, 6-2 के अंतर से हराया था।
इस मैच में दोनों खिलाड़ियों ने चार घंटे 18 मिनट तक संघर्ष किया, लेकिन अंत में अल्कारेज ने बाजी मारी। उन्हें टूर्नामेंट की शुरुआत से ही खिताब के दावेदारों में गिना जा रहा था। वह राफेल नडाल के बाद यूएस ओपन के फाइनल में पहुंचने वाले दूसरे स्पेनिश खिलाड़ी हैं। हार के बाद टियाफो ने कहा है कि जल्द ही वह जबरदस्त वापसी करेंगे।
रणवीर बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड पाकर भावुक हुए
बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह अपने बेहतरीन अभिनय के साथ ही फैशन सेंस के लिए भी जाने जाते हैं। हाल ही में अभिनेता को 67वें फिल्मफेयर अवॉर्ड्स 2022 में ’83’ फिल्म के लिए बेस्ट एक्टर के अवॉर्ड से नवाजा गया है। इस अवॉर्ड के मिलने के बाद रणवीर काफी इमोशनल हो गए और उनके आंसू छलक गए।
रणवीर सिंह ने जो वीडियो शेयर किया है, उसमें दिखाई दे रहा है कि करण जौहर बेस्ट एक्टर के लिए रणवीर सिंह का नाम लेते हैं। इसके बाद रणवीर स्टेज पर आते हैं और विनिंग स्पीच देते हैं। लेकिन इस दौरान वह अपने इमोशन कंट्रोल नहीं कर पाए और रोने लगे। इसके बाद वह कहते हैं, ‘मेरी जिंदगी में जो भी कुछ हो रहा है उसकी मैंने उम्मीद नहीं की थी। मुझे यकीन नहीं होता कि ये मैं कर रहा हूं और आप सबके सामने खड़ा हूं। विश्वास करना मुश्किल है कि मैं एक्टर बन गया हूं। यह एक चमत्कार है।’
इसके आगे रणवीर सिंह कहते हैं, ‘सबसे बड़ा धन्यवाद में अपनी ऑडियंस का करना चाहता हूं। शुक्रिया मेरी जर्नी का हिस्सा बनने के लिए। मैं आज हो कुछ भी हूं वो अपने माता-पिता और दीदी की वजह से हूं। वो मेरे भगवान हैं और मैं जो कुछ भी करता हूं अपने भगवान के लिए करता हूं। मेरे घर में लक्ष्मी है और यही मेरा सीक्रेट है।’ इसके बाद रणवीर सिंह दीपिका पादुकोण को स्टेज पर लेकर आते हैं और कहते हैं रणवीर सिंह पावर्ड बाय दीपिका पादुकोण।
रणवीर सिंह की इमोशनल स्पीच और दीपिका के लिए प्यार देख फैंस भी काफी खुश हो गए। इस वीडियो पर फैंस ही नहीं सेलेब्स भी कमेंट कर रहे हैं। दीपिका पादुकोण की बहन और रणवीर का साली साहिबा अनीशा पादुकोण ने एक्टर के रोने पर उनका माजक भी उड़ाया। अनीशा ने लिखा, ‘वहां प्याज कौन काट रहा है।’ बता दें कि अभिनेता का फिल्म ’83’ में कपिल देव का किरदार निभाने के लिए बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड मिला है।
पितृपक्ष पंचकों में शुरू हो रहा है, भूलकर भी न करें ये काम
श्राद्ध या पितृ पक्ष के दौरान शुभ कार्यों को करने की मनाही होती है। आज 10 सितंबर से पितृ पक्ष या श्राद्ध पक्ष शुरू हो रहे हैं। वहीं इससे पहले 8 और 9 सितंबर 2022 की मध्यरात्रि से पंचक प्रारंभ हो चुके हैं। हिंदू धर्म और ज्योतिष के अनुसार पितृ पक्ष और पंचक के दौरान कोई भी शुभ कार्य करने के मनाही होती है। श्राद्ध के 15 दिन और पंचकों के 5 दिन के दौरान किए गए शुभ काम भी अशुभ फल देने लगते हैं। इस समय अवधि में कुछ खास कार्य ऐसे भी होते हैं जिन्हें भूलकर भी नहीं करना चाहिए।
नहीं किए जाते शुभ कार्य
अगले 15 दिनों तक कोई भी शुभ कार्य जैसे गृह प्रवेश, घर-गाड़ी, गहने खरीदना, मुंडन, शादी-विवाह, नए काम की शुरुआत आदि नहीं करने चाहिए। पंचकों में किए जाने वाले शुभ कार्य अशुभ फल देते हैं। यहां तक की मृत्यु के लिए भी पंचकों को अशुभ माना गया है। रावण का वध भी पंचकों में ही हुआ था। पंचकों में मृत्यु होने पर अंतिम संस्कार के दौरान विशेष अनुष्ठान किए जाते हैं। वहीं पितृ पक्ष या श्राद्ध का समय पूर्वजों के प्रति सम्मान प्रकट करने का होता है। इस दौरान जश्न मनाना उचित नहीं माना जाता है। इससे पितृ नाराज हो जाते हैं। इसलिए 25 सितंबर तक कुछ काम न करें।
•इस दौरान कोई भी शुभ कार्य न करें। ना ही किसी नए काम की शुरुआत करें।
•पंचकों के दौरान घर की छत डलवाना या लकड़ी का सामान खरीदना, ईंधन इकट्ठा करना अशुभ होता है।
•इस समय अवधि में तामसिक भोजन जैसे लहसुन, प्याज, मांसाहार का सेवन नहीं करना चाहिए। न ही कोई नशा करना चाहिए।
•दाढ़ी बनवाना, बाल कटवाना या सौंदर्य के कोई सामान खरीदना भी अच्छा नहीं माना जाता है।
ब्रिटेन के नए राजा चार्ल्स-2 की हुई ताजपोशी
महारानी एलिजाबेथ की निधन के बाद चार्ल्स तृतीय ब्रिटेन के महाराज बन गए हैं। सेंट जेम्स पैलेस में परिग्रहण परिषद की बैठक में चार्ल्स III को आधिकारिक तौर पर ब्रिटेन के नए सम्राट के रूप में घोषित किया गया।इस मौके पर क्वीन कंसोर्ट कैमिला, प्रिंस ऑफ वेल्स विलियम, पीएम लिज़ ट्रस और अन्य उपस्थित थे।
इससे पहले ब्रिटेन के किंग चार्ल्स तृतीय ने अपनी डार्लिंग ममा (महारानी एलिजाबेथ द्वितीय) को प्रेम, स्नेह और मार्गदर्शन की प्रतिमूर्ति बताया है। कहा कि उन्होंने राष्ट्र की जीवन पर्यंत सेवा का व्रत निभाया। अब यही व्रत लेकर वह आगे बढ़ेंगे। महारानी के निधन के बाद उनके उत्तराधिकारी बने किंग चार्ल्स (73) ने यह बात शुक्रवार को अपने पहले संबोधन में कही। उनका संबोधन पूरे यूनाइटेड किंगडम (इंग्लैंड, स्काटलैंड, वेल्स और उत्तरी आयरलैंड) में टेलीविजन पर प्रसारित हुआ। किंग चार्ल्स ने महारानी एलिजाबेथ को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वह उनके सेवा कार्य को आगे बढ़ाएंगे। कहा, राष्ट्र का हर नागरिक महारानी के निधन से दुखी है, वह उस दुख और नुकसान को सबके साथ मिलकर बांटेंगे। हम इस दुख को भूलेंगे नहीं बल्कि इससे मजबूत होकर उभरेंगे।
दिवंगत महारानी के अंतिम संस्कार की तारीख घोषित न करते हुए किंग ने बस इतना संकेत दिया कि एक सप्ताह से कुछ ज्यादा समय के बाद राष्ट्र, राष्ट्रमंडल और वैश्विक समुदाय के लोग उनकी प्यारी मां को श्रद्धांजलि देने के लिए एकत्रित होंगे। किंग चार्ल्स ने कहा, जिस प्रकार से उनकी मां ने सभी को मजबूत बनाने के लिए समर्पण का भाव दिखाया, वह भी देश की संवैधानिक मान्यताओं के अनुसार जीवन में उसी भाव को लेकर आगे बढ़ेंगे। किसी भी आधार पर बिना भेदभाव के पूरी तन्मयता और प्रेम से लोगों की सेवा करेंगे। कहा, उनके लिए नई जिम्मेदारियां संभालना मुश्किल होगा। इसलिए वह जिम्मेदारियों को बांटते हुए कार्य करेंगे। इस सिलसिले में उन्हें पत्नी कैमिला के सक्रिय सहयोग की अपेक्षा होगी। इसी के साथ उन्होंने बेटे प्रिस विलियम को प्रिस आफ वेल्स की उपाधि और जिम्मेदारी देने को गौरवपूर्ण बताया। विश्वास जताया कि वह प्रिसेस आफ वेल्स केट मिडल्टन के साथ मिलकर जनसेवा की जिम्मेदारियों को बखूबी निभाएंगे।
भोपाल में गणेश उत्सव में चमका रियल एस्टेट बाजार
भोपाल । राजधानी में नई कलेक्टर गाइडलाइन के अनुसार पांच से 20 प्रतिशत तक प्रापर्टी के दाम बढ़ाए गए हैं, लेकिन रियल एस्टेट बाजार पर इसका कोई असर नहीं हुआ है। कोरोना काल बीतते ही गणेश उत्सव में रियल एस्टेट का बाजार चमक उठा है। पिछले 10 दिन के गणेश उत्सव केदौरान लगभग दो हजार रजिस्ट्रियां हुई हैं। इस वित्तीय वर्ष में पंजीयन विभाग को 1100 करोड़ रुपये का लक्ष्य दिया गया है। इसमें से लगभग 330 करोड़ रुपये के सौदे करते हुए 30 प्रतिशत लक्ष्य पूरा कर लिया गया है। यह लक्ष्य मार्च 2023 तक पूरा करना है। विभाग को उम्मीद है कि आने वाले त्योहारों के दौरान वह 50 प्रतिशत से अधिक लक्ष्य पूरा कर लेगा। इसके चलते विभाग ने प्रति सब रजिस्ट्रार पांच स्लाट बढ़ा दिए हैं। अब एक सब रजिस्ट्रार के पास 55 स्लाट हैं। शहर के पंजीयन कार्यालयों में 13 सब रजिस्ट्रार कार्यरत हैं। इस तरह एक दिन में 715 स्लाट बुक किए जा रहे हैं।
करोड़ों रुपये के हुए सौदे, यह इलाके पहली पसंद
गणेश उत्सव के दौरान हुई दो हजार रजिस्ट्रियों में से लगभग 500 से ज्यादा सौदे एक करोड़ से ऊपर के बंगलों के हुए हैं। पंजीयन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार इनमें 50 लाख तक और उससे नीचे तक के सौदे ज्यादा हुए हैं। कुछ सौदे दो करोड़ तक के भी हैं, इनमें आवासीय कम और व्यावसायिक प्रापर्टी ज्यादा हैं। संपत्ति सलाहकारों का कहना है कि भोपाल का 80 प्रतिशत क्षेत्र जो नए शहर में हैं, यहां पर प्रापर्टी खरीदना लोगों की पहली पसंद है। इनमें नर्मदापुरम रोड पर 25 लाख से लेकर सवा करोड़ रुपये तक के फ्लैट, एक से डेढ़ करोड़ के डुपलेक्स, दस करोड़ तक के फार्म हाउस उपलब्ध हैं।
करोड़ों रुपये के हुए सौदे, यह इलाके पहली पसंद
गणेश उत्सव के दौरान हुई दो हजार रजिस्ट्रियों में से लगभग 500 से ज्यादा सौदे एक करोड़ से ऊपर के बंगलों के हुए हैं। पंजीयन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार इनमें 50 लाख तक और उससे नीचे तक के सौदे ज्यादा हुए हैं। कुछ सौदे दो करोड़ तक के भी हैं, इनमें आवासीय कम और व्यावसायिक प्रापर्टी ज्यादा हैं। संपत्ति सलाहकारों का कहना है कि भोपाल का 80 प्रतिशत क्षेत्र जो नए शहर में हैं, यहां पर प्रापर्टी खरीदना लोगों की पहली पसंद है। इनमें नर्मदापुरम रोड पर 25 लाख से लेकर सवा करोड़ रुपये तक के फ्लैट, एक से डेढ़ करोड़ के डुपलेक्स, दस करोड़ तक के फार्म हाउस उपलब्ध हैं।
अमित शाह कन्हैयालाल, करौली हिंसा पर जोधपुर में गरजे
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को राजस्थान के जोधपुर में भाजपा के ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक को संबोधित किया। इस मौके पर अमित शाह ने राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार को निशाने पर लिया। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के गृह क्षेत्र में आयोजित इस कार्यक्रम में अमित शाह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से पूछा, ‘हमारे भाई कन्हैयालाल की निर्ममता से हत्या हुई, ये आप सहन कर लेंगे क्या? करौली की हिंसा को सहन करेंगे क्या? हिंदू त्योहारों पर प्रतिबंध लगाना सहन करेंगे क्या? अलवर में 300 साल पुराने मंदिर को तोड़ना सहन करेंगे क्या?’
अमित शाह ने कहा, राजस्थान में तनोट मां के तीर्थ स्थान को मोदी जी ने 19 करोड़ रुपये खर्च करके एक बड़ा यात्रा धाम बनाने का निर्णय किया है। तनोट मां ने 1965-71 के युद्ध में हमारी पश्चिमी सीमाओं को सुरक्षित किया था।
शाह ने आगे कहा, आज जिस प्रकार की राजस्थान में सरकार चल रही है, उससे हम सभी दुखी हैं। राजस्थान में चल रही सरकार ने प्रदेश को विकास में सबसे पीछे ले जाने का कार्य किया है। अभी देश में कांग्रेस की दो सरकारें है। राजस्थान और छत्तीसगढ़ दोनों राज्यों का चुनाव 2023 में है। इन दोनों राज्यों में अगर भाजपा सरकार बनती है तो कांग्रेस के पास कुछ नहीं बचेगा।
अमित शाह ने राहुल गांधी की यात्रा पर साधा निशाना
शाह ने कहा, अभी-अभी राहुल बाबा, भारत जोड़ो यात्रा लेकर निकले हैं। राहुल बाबा विदेशी टी-शर्ट पहनकर भारत जोड़ने निकले हैं। मैं राहुल बाबा और कांग्रेसियों उनका संसद एक भाषण याद दिलाता हूं। राहुल बाबा ने कहा था कि भारत राष्ट्र है ही नहीं। अरे राहुल बाबा, किस किताब में पढ़े हो आप? ये तो वो राष्ट्र है जिसके लिए लाखों, लाख लोगों ने प्राणों की आहुति दे दी। कांग्रेस सरकार विकास का काम नहीं कर सकती है। रोड़ नहीं बना सकती, बिजली नहीं दे सकती, रोजगार नहीं दे सकती है। कांग्रेस सिर्फ वोट बैंक की, तुष्टिकरण कर राजनीति कर सकती है।
प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि के लिये मुख्यमंत्री चौहान ने की प्रार्थना
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने अनंत चतुर्दशी के अवसर पर प्रेमपुरा घाट में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया। मुख्यमंत्री चौहान ने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। मुख्यमंत्री चौहान की धर्मपत्नी साधना सिंह एवं पुत्र कार्तिकेय सिंह और कुणाल सिंह तथा निवास कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी, सुरक्षा स्टाफ, निवास से प्रेमपुरा घाट तक वृहद चल समारोह में शामिल हुए। चल समारोह मुख्यमंत्री निवास से बैंड दल और भजन कीर्तन के साथ रवाना हुआ। चल समारोह मुख्यमंत्री निवास से पॉलेटेक्निक चौराहा, न्यू मार्केट, माता मंदिर, होता हुआ प्रेमपुरा घाट पहुँचा। चल समारोह का जगह-जगह मार्ग पर बड़ी संख्या में लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। मुख्यमंत्री चौहान ने भी भजन गाए और गणेश भक्तों के साथ जय-जयकार के नारे लगाए। मुख्यमंत्री चौहान ने श्रद्धालुओं को प्रसाद भी वितरित किया।
मुख्यमंत्री निवास में बैंड दल और भजन मंडली ने श्रद्धा, भक्ति-भाव और उल्लास से गणपति के भजन प्रस्तुत किए। “गणपति बप्पा मोरिया अगले बरस तू जल्दी आ…….” “देवा ओ देवा तुम से बढ़ कर कौन— और अन्य भजनों के साथ चल समारोह में मुख्यमंत्री चौहान व परिजन सहित सम्मिलित हुए। भक्तों को प्रसाद वितरण के साथ गणेश प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि आज भारी मन के साथ गणेश जी को विदा किया है। वे दस दिन हमारे साथ रहे। उनसे कामना है कि देश आगे बढ़े और दुनिया को भी दिशा दिखाए। भगवान गणेश हमें सदमार्ग पर चलाएं। जीवन सुख-समृद्ध और सार्थक हो।
कोरोना संकट के कारण मुख्यमंत्री चौहान पिछले दो वर्ष से मुख्यमंत्री निवास के पास निर्मित जलकुण्ड में भगवान गणेश की प्रतिमा का विसर्जन कर रहे थे।
जबलपुर में यूरिया आपूर्ति के संबंध में मुख्यमंत्री चौहान ने ली फॉलोअप बैठक
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि जबलपुर क्षेत्र के किसानों के लिए भेजे गए यूरिया में से 70 प्रतिशत यूरिया शासकीय एजेंसियों और 30 प्रतिशत यूरिया निजी एजेंसियों से वितरित किए जाने के राज्य शासन द्वारा निर्देश दिए गए थे। इन निर्देशों का उल्लंघन करने वाले जो भी जिम्मेदार है उनके विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जाए। दोषियों को किसी भी स्थिति में छोड़ा नहीं जाएगा। उल्लंघन के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके विरूद्ध ऐसी कार्यवाही की जाए, जिससे भविष्य में कोई भी इस तरह के कार्यों में लिप्त होने का साहस न कर सके। जिन जिलों में यूरिया की आवश्यकता है, उनमें पर्याप्त यूरिया की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री चौहान जबलपुर में यूरिया खाद की आपूर्ति के संबंध में कल दिए गए निर्देशों के क्रियान्वयन फॉलोअप की बैठक ले रहे थे। निवास कार्यालय पर हुई बैठक में मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, कृषि उत्पादन आयुक्त शैलेंद्र सिंह, अपर मुख्य सचिव कृषि अजीत केसरी, संभागायुक्त जबलपुर बी. चंद्रशेखर तथा जबलपुर पुलिस एवं जिला प्रशासन और मार्कफेड के अधिकारी वर्चुअली शामिल हुए।
मुख्यमंत्री चौहान को जबलपुर संभागायुक्त ने जानकारी दी कि प्रकरण में दो स्तर पर कार्यवाही की गई है। अब तक तीन लोगों, बिलासपुर निवासी ट्रांसपोटर द्वारिका गुप्ता, भोपाल निवासी जयप्रकाश सिंह और नोएडा के राजेन्द्र चौधरी के विरूद्ध एफआईआर की गई है। जयप्रकाश सिंह और राजेन्द्र चौधरी को हिरासत में ले लिया गया है। जबलपुर के शुभम बिड़ला और नवीन झा से भी पूछताछ की जा रही है। साथ ही यूरिया बरामद करने के लिए विभिन्न गोडाउन पर छापेमारी की कार्यवाही भी जारी है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि यह सुनिश्चित करें कि कोई दोषी बचे नहीं। प्रकरण की वैज्ञानिक तरीके से छानबीन की जाए, साथ ही अनावश्यक किसी निर्दोष को परेशान नहीं किया जाए।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि किसी भी जिले में किसी भी किसान को खाद की परेशानी नहीं होनी चाहिए। आवश्यक हो तो यूरिया की अग्रिम लिफ्टिंग की जाए। रबी फसल की आवश्यकता का आकलन कर पर्याप्त भंडारण किया जाए। ऐसी स्थिति कहीं निर्मित न हो कि किसानों को लाइन लगा कर या परेशान होकर खाद लेना पड़े। मुख्यमंत्री चौहान ने कलेक्टर अशोकनगर से जिले में खाद की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त की।














