भारत में चार नए लेबर कोड लागू, 29 पुराने कानून खत्म

भारत में चार नए लेबर कोड लागू, 29 पुराने कानून खत्म
सरकार ने शुक्रवार को बड़ा फैसला लेते हुए देश में चार लेबर कोड तुरंत प्रभाव से लागू कर दिए। इन कोड्स के लागू होने के साथ ही 29 पुराने श्रम कानून खत्म हो गए हैं और उनकी जगह अब एकृकीत और सरल ढांचा काम करेगा।
वेज कोड, 2019 (वेतन संहिता)
इंडस्ट्रियल रिलेशंस कोड, 2020 (औद्योगिक संबंध संहिता)
सोशल सिक्योरिटी कोड, 2020 (सामाजिक सुरक्षा संहिता)
ऑक्यूपेशनल सेफ्टी, हेल्थ एंड वर्किंग कंडीशंस कोड, 2020 (व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य और कार्य स्थिति संहिता)

यह कोड्स आत्मनिर्भर भारत के लिए श्रम सुधारों को आगे बढ़ाएंगे
श्रम मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा कि चार श्रम संहिताओं को अधिसूचित कर दिया गया है और अब वे देश के कानून हैं। मंत्रालय के एक बयान में कहा गया है कि श्रम नियमों का आधुनिकीकरण, श्रमिकों के कल्याण को बढ़ावा देना और श्रम पारिस्थितिकी तंत्र को कार्य की उभरती दुनिया के साथ संरेखित करके, यह ऐतिहासिक कदम भविष्य के लिए तैयार कार्यबल और मजबूत, लचीले उद्योगों की नींव रखता है, जो आत्मनिर्भर भारत के लिए श्रम सुधारों को आगे बढ़ाएगा।

भारत के कई श्रम कानून हैं पुराने
भारत के कई श्रम कानून स्वतंत्रता से पहले और स्वतंत्रता के बाद के आरंभिक काल (1930-1950 के दशक) में बनाए गए थे, उस समय जब अर्थव्यवस्था और कार्य की दुनिया मौलिक रूप से भिन्न थी। इसके अनुसार, अधिकांश बड़े देशों ने पिछले कुछ दशकों में अपने श्रम नियमों को समय के साथ अपडेट किया और उन्हें एकीकृत किया है, लेकिन भारत अब तक 29 केंद्रीय श्रम कानूनों में बिखरे, जटिल और कई मामलों में पुराने प्रावधानों के आधार पर काम कर रहा था।

फरीदाबाद में मिली आतंकियों की ‘बम बनाने वाली मशीन’, लाल किला धमाका केस में बड़ा खुलासा

फरीदाबाद में मिली आतंकियों की ‘बम बनाने वाली मशीन’, लाल किला धमाका केस में बड़ा खुलासा
लाल किले के पास 10 नवंबर को हुए कार धमाके मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। जांच के दौरान फरीदाबाद से आतंकियों द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली ‘बम बनाने वाली मशीन’ बरामद की गई है, जिससे इस मॉड्यूल की गहराई और नेटवर्क का अंदाज़ा लगाया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, NIA ने फरीदाबाद में एक टैक्सी ड्राइवर के घर पर छापेमारी की, जहां से कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, आटा चक्की और ग्राइंडर जब्त किए गए। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि इन मशीनों का इस्तेमाल धमाके के सह-आरोपी डॉ. मुजम्मिल शकील गनई विस्फोटक सामग्री तैयार करने के लिए करता था। बरामद किए गए उपकरणों की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें आटा चक्की और केमिकल ग्राइंडर जैसे उपकरण शामिल हैं। ये वही मशीनें हैं, जिन पर विस्फोटकों के लिए आवश्यक केमिकल मिश्रण तैयार किए जाते थे।

पुलवामा से गिरफ्तार हुआ था मुख्य आरोपी
जांच से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि जम्मू-कश्मीर के पुलवामा निवासी मुजम्मिल शकील गनई को लाल किले धमाके से ठीक पहले गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके फरीदाबाद स्थित किराये के कमरे में छापेमारी कर 360 किलो अमोनियम नाइट्रेट, इलेक्ट्रॉनिक सर्किट, टाइमर और अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद की थी। NIA अधिकारियों का कहना है कि इतनी बड़ी मात्रा में बरामद अमोनियम नाइट्रेट इस बात की ओर इशारा करता है कि मॉड्यूल लंबे समय से सक्रिय था और बड़े पैमाने पर धमाकों की योजना बना रहा था।

आटा चक्की से तैयार होते थे विस्फोटक केमिकल
HT के अनुसार, पूछताछ में मुजम्मिल ने स्वीकार किया है कि वह आटा चक्की का उपयोग यूरिया पीसने और केमिकल तैयार करने के लिए करता था। इससे प्राप्त मिश्रण आगे विस्फोटकों की तैयारी में इस्तेमाल किया जाता था। जांच एजेंसियों के अनुसार, आतंकियों द्वारा आम घरेलू उपकरणों का इस्तेमाल कर रडार से बचने की यह एक नई रणनीति हो सकती है। गनई ने फरीदाबाद की अल-फलाह यूनिवर्सिटी में डॉक्टर के रूप में काम किया था। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह इन मशीनों का उपयोग काफी समय से कर रहा था।

टैक्सी ड्राइवर से पूछताछ जारी
मशीनें जिस टैक्सी ड्राइवर के घर से बरामद हुई हैं, उसे NIA ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। ड्राइवर का कहना है कि उसकी गनई से पहली मुलाकात चार साल पहले तब हुई थी, जब वह अपने बेटे को इलाज के लिए अल फलाह मेडिकल कॉलेज लेकर गया था। अब NIA इस बात की जांच कर रही है कि टैक्सी ड्राइवर की गनई से कितनी नजदीकी थी? क्या वह जानबूझकर आतंकी गतिविधियों में शामिल था या फिर उसके घर में मशीनें रखने के पीछे कोई और कारण था? एजेंसी यह भी पता लगा रही है कि क्या ड्राइवर का घर विस्फोटक तैयार करने के लिए एक सुरक्षित ठिकाने के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था? बहरहाल सच्चाई जो भी हो, जांच के बाद ही सामने आएगी।

कैब-टैक्सी चालकों की मनमानी से मुश्किल में महिलाएं, 5 साल में 12 लाख शिकायतें दर्ज

कैब-टैक्सी चालकों की मनमानी से मुश्किल में महिलाएं, 5 साल में 12 लाख शिकायतें दर्ज
केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (सीसीपीए) ने रेपिडो पर ‘पांच मिनट में ऑटो या 50 रुपये’ के भ्रामक विज्ञापनों के लिए 10 लाख का जुर्माना लगाया। वजह साफ है कि ग्राहकों को न तो समय पर राइड मिली और न ही मुआवजा। यह कार्रवाई कैब कंपनियों की मनमानी पर सवाल उठाती है, जो किराए में हेरफेर, राइड कैंसिलेशन और असुरक्षित व्यवहार जैसे मुद्दों से ग्राहकों को परेशान करती हैं।

देश में 20 लाख टैक्सियां रजिस्टर्ड
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की 2024-25 की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, भारत में कुल रजिस्टर्ड टैक्सियों/कैब की संख्या लगभग 20 लाख है। इसमें पारंपरिक टैक्सी, रेडियो टैक्सी और ऐप-आधारित राइड-हेलिंग सेवाएं (जैसे ओला, उबर, रेपिडो) शामिल हैं। इनमें से 85% (17 लाख) असंगठित क्षेत्र से हैं, जबकि 15% (3 लाख) संगठित क्षेत्र (ऐप-आधारित और फ्लीट ऑपरेटर्स) से हैं।

ग्राहकों की शिकायतें और ड्राइवर दुराचार के मामले
पिछले पांच वर्षों (2020-2024) में कैब कंपनियों के खिलाफ करीब 12 लाख ऑनलाइन और ऑफलाइन शिकायतें दर्ज की गईं। किराए में हेरफेर (40%), राइड कैंसिलेशन (30%), और असभ्य व्यवहार (20%) से संबंधित हैं। महिलाओं, बच्चों, और बुजुर्गों के साथ दुराचार के 15,000 मामले सामने आए, जिनमें 1,200 रेप और छेड़छाड़ के मामले शामिल हैं। दिल्ली (500 मामले), मुंबई (300), और बेंगलुरु (250) में सबसे अधिक मामले दर्ज हुए।

कहां हैं कितनी टैक्सियां रजिस्टर्ड?
तमिलनाडु, महाराष्ट्र, और उत्तर प्रदेश सबसे अधिक रजिस्टर्ड टैक्सियां हैं। तमिलनाडु में 4.62 लाख, महाराष्ट्र में 3.5 लाख, और उत्तर प्रदेश में 2.5 लाख, दिल्ली (1.8 लाख), कर्नाटक (1.5 लाख), और पश्चिम बंगाल (1.2 लाख) कैब-टैक्सियां रजिस्टर्ड हैं। मध्य प्रदेश में लगभग 1 लाख टैक्सियां पंजीकृत हैं। इसी प्रकार मुंबई (86,000), दिल्ली (70,000), और बेंगलुरु (50,000) में सबसे अधिक ऐप बेस्ड कंपनियों की टैक्सियां हैं।

7 फरवरी से मेंस टी20 वर्ल्डकप की शुरुआत, 15 फरवरी को पाकिस्तान से भारत का मुकाबला

7 फरवरी से मेंस टी20 वर्ल्डकप की शुरुआत, 15 फरवरी को पाकिस्तान से भारत का मुकाबला
आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए BCCI ने प्रस्तावित शेड्यूल ICC को भेज दिया है। इस शेड्यूल के अनुसार भारत-पाकिस्तान का मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। डिफेंडिंग चैंपियन भारत सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में खिताब डिफेंड करने उतरेगा। रिपोर्ट्स के अनुसार टी20 वर्ल्डकप की शुरुआत 7 फरवरी से होगी और खिताबी मुकाबला 8 मार्च को खेला जा सकता है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम को खिताबी मुकाबले के वेन्यू के लिए चुना गया है। हालांकि, अगर पाकिस्तान की टीम फाइनल में पहुंचती है तो वेन्यू में बदलाव करना होगा।

पाक की वजह से बदलेगा वेन्यू!
BCCI ने शुक्रवार को प्रस्तावित शेड्यूल ICC को भेजा और जल्द ही आधिकारिक तौर पर पूरे कार्यक्रम का ऐलान हो सकता है। इस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल और फाइनल के वेन्यू को भारत-पाकिस्तान की स्थिति को देखते हुए तय किया जाएगा। पाकिस्तान की टीम अगर फाइनल में नहीं पहुंचती है तो अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खिताबी मुकाबला खेला जाएगा। लेकिन अगर पाकिस्तान फाइनल में पहुंच जाती है तो श्रीलंका के कोलंबो में चैंपियन का फैसला होगा। हालांकि ICC या BCCI की ओर से शेड्यूल को लेकर कोई आधिकारिक बयान अब तक नहीं आया है।

वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत के 5 और श्रीलंका के 3 वेन्यू को शॉर्टलिस्ट किया गया है। टूर्नामेंट के मुकाबलों की मेजबानी के लिए अहमदाबाद, दिल्ली, कोलकाता, चेन्नई और मुंबई को शॉर्टलिस्ट किया गया है। श्रीलंका के तीन वेन्यू में कोलंबो और कैंडी का नाम शामिल है।

इन 3 टीमों के नाम 2-2 खिताब
2007 में आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने वाली भारतीय टीम ने 2024 में अपना दूसरा खिताब जीता। इससे पहले सिर्फ वेस्टइंडीज और इंग्लैंड की टीमें ही 2 बार ट्रॉफी जीत पाई थीं। श्रीलंका, पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया की टीमें भी एक-एक बार खिताब जीत चुकी हैं।

बिहार में शपथ ग्रहण के बाद डिप्टी सीएम पोस्ट को लेकर चिराग पासवान ने तोड़ी चुप्पी

बिहार में शपथ ग्रहण के बाद डिप्टी सीएम पोस्ट को लेकर चिराग पासवान ने तोड़ी चुप्पी
बिहार चुनाव में एनडीए ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की। 243 में से 202 सीटें एनडीए के खाते में आईं। जबकि महागठबंधन सिर्फ 35 सीटें ही हासिल कर पाया।

यह दूसरी बार है जब एनडीए ने राज्य चुनावों में 200 सीटों का आंकड़ा पार किया। इससे पहले 2010 में, इसने 206 सीटें जीती थीं।

10वीं बार नीतीश कुमार ने ली शपथ
इस जीत के बाद जनता दल (यूनाइटेड) के प्रमुख नीतीश कुमार ने गुरुवार को 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।

उनके अलावा, भारतीय जनता पार्टी के नेता सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और एनडीए के अन्य प्रमुख नेताओं की मौजूदगी में बिहार के उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।

चिराग ने चुप्पी तोड़ी
शपथ ग्रहण से पहले केंद्रीय मंत्री और लोजपा (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान को लेकर तमाम अटकलें चल थीं। यह अनुमान लगाया जा रहा था कि डिप्टी सीएम की पोस्ट चिराग की पार्टी के खाते में आ सकती है। अब इस पर चिराग ने चुप्पी तोड़ दी है।

चिराग ने डिप्टी सीएम पद को लेकर मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा- चिराग पासवान और कितना लालची हो सकता है? अगर डिप्टी सीएम पोस्ट की मांग मैं करता तो यह लालच की बात होती।

उन्होंने कहा- आप सोचकर देखिए, मैं कहां से आया हूं। 2021 में सभी ने मेरे संघर्ष को देखा है। तब एक आदमी भी आपको मेरे आसपास नहीं दिखता होगा। उस समय ऐसा लगता था कि एक कार्यक्रम करना है तो 10 लोग कहां से आएंगे। उस समय मुट्ठी भर लोग हमारे साथ थे।
अकेले सांसद की पार्टी थी मेरी- चिराग

चिराग ने आगे कहा- 2024 चुनाव के दौरान अकेले सांसद की पार्टी थी मेरी, जिसे 2021 में तोड़ दिया गया था। मुझे घर-परिवार से भी निकाल दिया गया था। उस अकेले सांसद पर पीएम मोदी ने भरोसा जताया और बिहार में 5 सीटें लड़ने को दीं। ये विश्वास मेरे लिए बड़ी बात है।

उन्होंने कहा- मैं लोकसभा चुनाव में पीएम मोदी के भरोसे पर खरा उतरा। अब मेरे जीरो विधायक वाली पार्टी को विधानसभा चुनाव 29 सीटें लड़ने को मिलीं, जिसमें 19 सीटों पर कब्जा जमाया।

इसमें 2 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलवा दी जाती है, अब इसके बाद भी गठबंधन में मैं कुछ मांगू तो मुझसे बड़ा लालची कोई नहीं होगा। मुझे जो मिला है, मैं मानता हूं वह मेरे पिता का आशीर्वाद है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शहीद आशीष शर्मा को दी श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शहीद आशीष शर्मा को दी श्रद्धांजलि
नक्सली मुठभेड़ में शहीद हुए हॉक फोर्स के इंस्पेक्टर आशीष शर्मा को उनके गृह ग्राम बोहानी जिला (नरसिंहपुर) में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरूवार को शहीद आशीष शर्मा की अंत्येष्टि कार्यक्रम में पहुंचे और शहीद की पार्थिव देह पर पुष्प-चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने पार्थिक देह को कांधा भी दिया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इंस्पेक्टर आशीष शर्मा ने नक्सल विरोधी अभियान में अदम्य साहस का परिचय देते हुए कर्तव्य पथ पर सर्वोच्च बलिदान दिया है। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि आशीष शर्मा की शहादत पर प्रदेश को गर्व है।

परिवार को एक करोड़ रुपये की सहायता
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शहीद के परिवार को एक करोड़ रुपये की सम्मान निधि प्रदान की जाएगी। साथ ही, बोहानी गांव में शहीद आशीष शर्मा के नाम से एक पार्क और स्टेडियम भी विकसित किया जाएगा, जिससे भावी पीढ़ियों को राष्ट्रप्रेम की प्रेरणा मिलती रहे और उनकी स्मृति अक्षुण्ण बनी रहे।

शहीद के छोटे भाई को सब-इंस्पेक्टर पद पर नियुक्ति
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शहीद आशीष शर्मा के छोटे भाई को शासकीय नियमों में शिथिलता बरतते हुए सब-इंस्पेक्टर के पद पर नियुक्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह निर्णय परिवार को सम्बल देने, शहीद के अदम्य साहस को सदैव याद रखने और आमजन को राष्ट्रप्रेम के लिये प्रेरित करने के उद्देश्य से लिया गया है।

शहीद के अंतिम संस्कार में मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, उदय प्रताप सिंह, सांसद दर्शन सिंह चौधरी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मंत्री जीतू पटवारी, पूर्व सांसद कैलाश सोनी, पूर्व राज्यमंत्री जालम सिंह पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पुलिस महकमे के वरिष्ठ अधिकारी, हॉक फोर्स के जवान और बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आदर्श ग्राम पंचायत कागपुर को देंगे बड़ी सौगात

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आदर्श ग्राम पंचायत कागपुर को देंगे बड़ी सौगात
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा विदिशा जिले की ग्राम पंचायत कागपुर में 21 नवम्बर को पंचायत क्षेत्र में 39.80 करोड रुपए की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इन विकास कार्यों से आदर्श ग्राम पंचायत कागपुर के रहवासियों को और अधिक सुविधाएं मिल सकेंगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा शमशाबाद विधानसभा क्षेत्र के 34.05 करोड़ की लागत के 135 नवीन स्वीकृत सामुदायिक भवनों एवं कागपुर (कनारी) से विदिशा-अशोकनगर मार्ग का भूमिपूजन और आदर्श ग्राम पंचायत कागपुर में 5.75 करोड़ की लागत से बनाए गए हाट बाजार के विकास कार्यो का लोकार्पण शामिल है।

हितलाभ का वितरण
मुख्यमंत्री डॉ. यादव कार्यक्रम स्थल पर विविध योजनाओं में हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण करेंगे। इसमें सीसीएल ऋण वितरण, मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा योजना, मध्यकालीन पांच वर्षीय योजना अंतर्गत ऋण, मुख्यमंत्री डेयरी प्लस योजना, मैत्री योजना, आचार्य विद्यासागर गौ संवर्धन योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, कस्टम हायरिंग, कृषि अद्योसंरचना ऋण, लाड़ली लक्ष्मी योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, स्वामित्व योजना, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम योजना के हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण करेंगे।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने जनजातीय समाज प्रमुखों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों से की मुलाकात

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने जनजातीय समाज प्रमुखों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों से की मुलाकात
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु जनजातीय गौरव दिवस 2025 के उपलक्ष्य में सरगुजा जिले में 20 नवम्बर को पीजी कॉलेज ग्राउण्ड में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, राज्यमंत्री जनजातीय कार्य मंत्रालय भारत सरकार दुर्गा दास उईके, राज्यमंत्री आवास एवं शहरी मंत्रालय भारत सरकार तोखन साहू, आदिम जाति विकास विभाग कृषि विकास एवं किसान कल्याण विभाग मंत्री रामविचार नेताम, प्रभारी मंत्री जिला सरगुजा एवं वित्त वाणिज्यिक कर विभाग मंत्री ओमप्रकाश चौधरी, पर्यटन संस्कृति एवं धर्मस्व विभाग मंत्री राजेश अग्रवाल, वन एवं जलवायु परिवर्तन परिवहन सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप, लोक स्वास्थ्य और परिवार कल्याण चिकित्सा शिक्षा पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास 20 सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, महिला एवं बाल विकास समाज कल्याण विभाग मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, सरगुजा सांसद चिंतामणी महाराज, उत्तर रायपुर विधायक पुरंदर मिश्रा, जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव, महापौर अम्बिकापुर मंजुषा भगत भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में राष्ट्रपति मुर्मु ने जनजातीय समाज प्रमुखों, पीवीटीजी समुदाय के समाज प्रमुखों, जनजातीय समाज के उत्थान में विशेष योगदान देने वालों, जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम में सेनानियों के परिजनों से भेंट की। राष्ट्रपति मुर्मु ने इन सभी के साथ समूह फोटो खिंचवाई।

राष्ट्रपति मुर्मु ने देश के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले जनजातीय जननायकों एवं सेनानियों के परिजनों का सम्मान किया। राष्ट्रपति ने सोनाखान क्रांति के जननायक शहीद वीर नारायण सिंह एवं शहीद वीर नारायण सिंह के सेनापति, परलकोट क्रांति के जननायक शहीद गेंदसिंह, झण्डा सत्याग्रह के जननायक श्री सुकदेव पातर, भूमकाल क्रांति के जननायक बन्टु धुरवा, जंगल सत्याग्रह के जननायक शहीद रामधीन गोड़, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राजनाथ भगत एवं माझी राम गोंड़ के परिजनों से भेंट की।

राष्ट्रपति ने बिरहोर जनजाति के राजेश बिरहोर, अबुझमाड़िया जनजाति के रामजी ध्रुव, बैगा जनजाति के एतवारी राम मछिया एवं पहाड़ी कोरवा जनजाति के श्री जोगीराम से सौजन्य भेंट की और हाल-चाल पूछा। राष्ट्रपति ने इसी तरह उरांव जनजाति के मंगल उरांव, नगेशिया जनजाति के धनराम नागेश, खैरवार जनजाति के वीर सिंह खैरवार, कंवर जनजाति के संजय सिंह, नागवंशी जनजाति के लक्कू राम नागवंशी, मुरिया जनजाति के धनीराम शोरी, गोंड़ जनजाति के मोहन सिंह, पंण्डो जनजाति के विनोद कुमार पंण्डो एवं चेरवा जनजाति के डी.एन. चेरवा से भी भेंट की।

पण्डो जनजाति के बसन्त पण्डो से मिलकर जाना कुशलक्षेम, शॉल भेंट कर किया सम्मान
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु कार्यक्रम के दौरान पण्डो जनजाति के बसन्त पण्डो से मिलीं। राष्ट्रपति मुर्मु ने उनका कुशल क्षेम जाना और उन्हें शॉल भेंट की। बसन्त पण्डो ने राष्ट्रपति को बताया कि भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ.राजेंद्र प्रसाद जब वर्ष 1952 में अंबिकापुर आए थे, तब वे 08 वर्ष के थे। राष्ट्रपति ने बसन्त पण्डो को गोद लिया और उनका नामकरण किया था। बसंत पण्डो को गोद लेने के बाद, पण्डो जनजाति को ’राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र’ कहलाने का दर्जा प्राप्त हुआ। राष्ट्रपति मुर्मु ने बसन्त पण्डो को कहा कि आप मेरे भी पुत्र की तरह हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नीतीश कुमार द्वारा बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई दी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नीतीश कुमार द्वारा बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई दी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरूवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में पटना में आयोजित बिहार सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नीतीश कुमार द्वारा बिहार के मुख्यमंत्री, सम्राट चौधरी एवं विजय कुमार सिन्हा द्वारा उप मुख्यमंत्री और अन्य सदस्यों द्वारा मंत्री के रूप में शपथ लेने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और नेतृत्व में एनडीए सरकार समाज के हर वर्ग के समग्र उत्थान और ‘विकसित बिहार’ बनाने के संकल्प को नई गति व ऊर्जा देने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ समर्पित रहेगी।

RGPV की NAAC ग्रेडिंग पर बड़ा विवाद, SSR रिपोर्ट में गड़बड़ियों के आरोप, कुलपति ने भेजा इस्तीफा

RGPV की NAAC ग्रेडिंग पर बड़ा विवाद, SSR रिपोर्ट में गड़बड़ियों के आरोप, कुलपति ने भेजा इस्तीफा
मध्यप्रदेश (MP) की राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (RGPV) भोपाल (Bhopal) की NAAC मूल्यांकन प्रक्रिया पर उठे सवालों ने बवाल मचा दिया है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के आरोप और प्रदर्शन के बाद गुरुवार, 20 नवंबर को RGPV के कुलगुरु प्रो. राजीव त्रिपाठी ने इस्तीफा दे दिया है। प्रो. त्रिपाठी ने अपना इस्तीफा राज्यपाल को भेज दिया है।

ABVP ने उठाया SSR रिपोर्ट में गलत तथ्य का मुद्दा
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने आरोप लगाया है कि विश्वविद्यालय ने A++ ग्रेड हासिल करने के लिए SSR रिपोर्ट में कई गलत और भ्रामक तथ्य प्रस्तुत किए हैं। ABVP ने संस्थान में प्रदर्शन करते हुए SSR फर्जीवाड़े में शामिल सभी दोषियों पर FIR करने और RGPV में तत्काल धारा 54 लागू करने की मांग की थी। ये प्रदर्शन संस्थान में शाम छह बजे तक चला, इसी दौरान कुलगुरु प्रो. राजीव त्रिपाठी ने इस्तीफे की पेशकश की है। उन्होंने अपना रेजिग्नेशन राज्यपाल को भेज दिया है।

गड़बड़ी के सबूत मंत्री के सामने पेश किए
मंगलवार को ABVP का प्रतिनिधिमंडल प्रांत मंत्री केतन चतुर्वेदी के साथ तकनीकी और उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार से मिला था और SSR रिपोर्ट में बताए गए कथित अनियमितताओं के सबूत पेश किए।
ABVP ने कुलगुरु समेत सभी दोषियों के खिलाफ तुरंत FIR दर्ज करने, परिसर में धारा 54 लागू करने और NAAC मूल्यांकन प्रक्रिया की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की।

SSR रिपोर्ट में कई तथ्य झूठे- चतुर्वेदी
ABVP मध्यभारत प्रांत मंत्री केतन चतुर्वेदी ने कहा कि RGPV की SSR रिपोर्ट में कई गंभीर त्रुटियां और तथ्यात्मक झूठ शामिल हैं। यह सिर्फ प्रशासनिक गलती नहीं, बल्कि एक गंभीर अकादमिक भ्रष्टाचार है। यदि सरकार तुरंत कार्रवाई नहीं करती, तो ABVP बड़ा आंदोलन शुरू करेगा।

nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...
Government welfare schemes have improved the living standards of 22 crore people

सरकारी कल्याण योजनाओं से 22 करोड़ लोगों के जीवन स्तर में सुधार, MoSPI के...

0
नई दिल्ली। भारत में सरकारी सामाजिक कल्याण योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मिलने वाली मुफ्त या रियायती वस्तुओं से उनके...