बिहार के लोगों ने गर्दा उड़ा दिया..’ – पीएम मोदी

बिहार के लोगों ने गर्दा उड़ा दिया..’ – पीएम मोदी,
बिहार विधानसभा चुनाव के रुझानों में NDA प्रचंड जीत की तरफ बढ़ रहा है। भारतीय जनता पार्टी राज्य में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभर रही है। तो वहीं महागठबंधन का हाल बेहाल है। एक ओर NDA जहां 200+ सीटों के साथ आगे बढ़ रहा है तो वहीं महागठबंधन 30 का आंकड़ा भी पार नहीं कर पा रहा है। बिहार में NDA को बधाईंयां मिलना शुरू हो गई है। बिहार में ऐतिहासिक जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद मोदी ने बीजेपी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि NDA को बंपर जीत दिलाकर बिहार के लोगों ने गर्दा उड़ा दिया है।

पीएम मोदी ने ‘जय छठी मैया’ से शुरू किया संबोधन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोद ने अपने संबोधन की शुरुआत जय छठी मैया कहकर की है। उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों ने गर्दा उड़ा दिया है। आज बिहार के घर-घर में मखाने की खीर बनाना पक्का कर दिया है। यहां भी मखाना की खीर सबको खिलाई गई है। बिहार के चुनाव ने एक और बात सिद्ध की है। अब देश का मतदाता, खासतौर पर हमारा युवा मतदाता, ‘मतदाता सूची के शुद्धिकरण को बहुत गंभीरता से लेता है। बिहार के युवा ने भी मतदाता सूची के शुद्धिकरण (SIR) का जबरदस्त तरीके से समर्थन किया है।

काउंटिंग से पहले तेजस्वी यादव ने की बैठक, ‘हम पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएंगे’

काउंटिंग से पहले तेजस्वी यादव ने की बैठक, ‘हम पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएंगे’
बिहार चुनाव में वोटों की गिनती से पहले तेजस्वी यादव ने अपने सरकारी आवास पर महागठबंधन के नेताओं के साथ बैठक की. गुरुवार (13 नवंबर) को बैठक के बाद तेजस्वी यादव ने दावा किया कि पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएंगे. उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों को मतदान किया है. आरजेडी नेता ने दावा किया कि लोगों ने महागठबंधन के पक्ष में और बदलाव के लिए वोट किया है. हम लोग मेजोरिटी के साथ सरकार बना रहे हैं, हम कल चुनाव जीत रहे हैं. अगर कोई 2020 की तरह कोई अधिकारी गलत काम करेगा तो जनता पांव पर खड़ी है.

इस बैठक में वीआईपी चीफ मुकेश सहनी, कांग्रेस नेता कृष्णा अल्लावरु और CPI (ML) के दीपांकर भट्टाचार्य भी शामिल हुए. बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग से अपील की कि निष्पक्ष होकर वोटों की गिनती करवाई जाए. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ सीटों पर जहां मुकाबला टाइट है, वहां पर काउंटिंग धीरे करवाने की साजिश है.

इसके आगे उन्होंने कहा कि हमारे सभी साथी काउंटिंग सेंटर पर तैनात हैं.उन्होंने कहा कि जो ईमानदारी से काम करेगा उसको डरने की कोई आवश्यकता नहीं है. अगर कोई किसी के इशारे पर काम करेगा तो उसको सोचना पड़ेगा. उन्होंने कहा कि तमाम अधिकारियों से निवेदन है कि निष्पक्ष तरीके से काउंटिंग करवाएं.

बीजेपी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “बीजेपी के लोग डरे हुए हैं. बेचैन हैं कि ये सरकार जाने वाली है. ये लोग सभी काउंटिंग सेंटर पर काउंटिंग स्लो करवाएंगे और खासकर उन जगह पर जहां मार्जिन कम है. फिर धीरे-धीरे प्रधानमंत्री माहौल बनाएंगे. बीजेपी ऑफिस जाएंगे.
लेकिन हमारे साथी सभी सेंटर पर मुस्तैद हैं.

पाकिस्तान की भारत के खिलाफ ‘हजार कट’ की रणनीति फिर से जिंदा

पाकिस्तान की भारत के खिलाफ ‘हजार कट’ की रणनीति फिर से जिंदा
पाकिस्तान के फील्ड मार्शल आसिम मुनीर इस समय देश के इतिहास के सबसे प्रभावशाली सैन्य नेताओं में गिने जा रहे हैं. जल्द ही संविधान के 27वें संशोधन के जरिए उन्हें इतनी शक्तियां मिलने जा रही हैं कि वे थलसेना, नौसेना, वायुसेना और परमाणु बलों के सर्वोच्च प्रमुख बन जाएंगे. यह बदलाव उन्हें पाकिस्तान के राजनीतिक नेतृत्व से भी ऊपर, एक ‘सर्वसत्ता सम्पन्न सैन्य सुप्रीमो’ के रूप में स्थापित करेगा.

दक्षिणपंथी विचारधारा और भारत विरोध
आसिम मुनीर की विचारधारा दक्षिणपंथी और भारत विरोधी मानी जाती है. विशेषज्ञों के मुताबिक, उनका रुख और नीतियां इस दिशा में हैं कि वे पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ की ‘हजार कट’ नीति को फिर से सक्रिय कर रहे हैं. इस नीति के तहत भारत को सीधे युद्ध में उलझाने के बजाय आतंकी घटनाओं के जरिए कमजोर करने की रणनीति अपनाई जाती थी.

ऑपरेशन सिंदूर के बाद बढ़ा असर
आसिम मुनीर अब अयूब खान, याह्या खान, जिया-उल-हक और परवेज मुशर्रफ जैसे शक्तिशाली सैन्य नेताओं की कतार में शामिल हो गए हैं. यह जानकारीइंडिया टुडे की एक रिपोर्ट में दी गई है. ऑपरेशन सिंदूर के बाद उन्होंने अपनी पकड़ और भी मजबूत कर ली है. बीते महीनों में पाकिस्तान ने अमेरिका, चीन और सऊदी अरब जैसे देशों से नजदीकियां बढ़ाई हैं, जिससे मुनीर की अंतरराष्ट्रीय साख भी बढ़ी है.

‘ब्लीड इंडिया’ रणनीति की वापसी
मुशर्रफ के दौर में अपनाई गई ‘ब्लीड इंडिया’ नीति में भारत को युद्ध के बजाय लगातार आतंकी हमलों से चोट पहुंचाने का लक्ष्य था. मुनीर की हालिया गतिविधियां इसी दिशा की ओर इशारा कर रही हैं. पाक सेना और उसके आतंकी नेटवर्क भारत के भीतर फिर से सक्रिय होते दिखाई दे रहे हैं, जो मुशर्रफ काल की याद दिलाते हैं.

नई दिल्ली धमाके से बढ़ी चिंता
10 नवंबर को दिल्ली में हुए विस्फोट और उसके बाद एक आतंकी सेल के खुलासे ने सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया है. जांच में सामने आया है कि इस नेटवर्क का मकसद देश के कई हिस्सों में हमले करना था. विश्लेषकों का मानना है कि यह घटनाक्रम मुनीर की नई ‘ब्लीड इंडिया योजना’ का हिस्सा हो सकता है.

परमाणु धमकी और भारत का जवाब
मई 2025 में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान को भारी सैन्य नुकसान झेलना पड़ा था. इसके बाद उसने परमाणु हथियारों की धमकी देकर भारत पर दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन भारत ने सख्त जवाब देते हुए कहा कि ‘परमाणु ब्लैकमेल’ स्वीकार नहीं किया जाएगा. इससे पाकिस्तान की रणनीतिक स्थिति और कमजोर हुई, जबकि मुनीर ने इसी के बाद नया रास्ता अपनाने का इशारा दिया.

ऋतुराज गायकवाड़ की शतकीय पारी से भारत ए की जीत

ऋतुराज गायकवाड़ की शतकीय पारी से भारत ए की जीत
सलामी बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ की शतकीय पारी की मदद से भारत ए ने पहले अनौपचारिक वनडे मैच में दक्षिण अफ्रीका ए को चार विकेट से हराया। राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए डीन फोरेस्टर, डिलानो पोटगिएटर और जोर्न फॉर्चूइन के अर्धशतकों की मदद से 50 ओवर में नौ विकेट पर 285 रन बनाए। जवाब में गायकवाड़ ने 129 गेंदों पर 12 चौकों की मदद से 117 रनों की पारी खेली जिससे भारत ए ने 49.3 ओवर में छह विकेट पर 290 रन बनाकर मैच अपने नाम किया।

गायकवाड़ एक छोर पर टिके रहे और उन्होंने शतक पूरा किया। हाल ही में भारतीय टेस्ट टीम से रिलीज किए गए नीतीश कुमार रेड्डी ने दूसरे छोर पर गायकवाड़ का बखूबी साथ निभाया। वूरेन ने गायकवाड़ को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके कुछ देर बाद बार्टमैन ने नीतीश को आउट किया जो 37 रन बनाकर आउट हुए। फिर निशांत सिंधू और हर्षित राणा ने भारत ए को जीत दिलाई। निशांत 29 रन और हर्षित छह रन बनाकर नाबाद रहे। दक्षिण अफ्रीका ए के लिए वूरेन, फॉर्चूइन और बार्टमैन ने दो-दो विकेट लिए।

दक्षिण अफ्रीका ए ने की थी खराब शुरुआत
इससे पहले, टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ए की शुरुआत बेहद खराब रही थी और टीम ने 53 रन के स्कोर पर अपने पांच विकेट गंवा दिए थे। हालांकि, फोरेस्टर, पोटगिएटर और फॉर्चूइन ने अर्धशतक लगाकर ना सिर्फ दक्षिण अफ्रीका ए की पारी को संभाला, बल्कि टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक भी पहुंचाया। पोटगिएटर हालांकि शतक लगाने से चूक गए और 105 गेंदों पर 10 चौकों और एक छक्के की मदद से 90 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, फोरेस्टर ने 83 गेंदों पर 77 और फॉर्चूइन ने 56 गेंदों पर 59 रन बनाए। इन तीन बल्लेबाजों के अलावा दक्षिण अफ्रीका ए का कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। भारत ए के लिए अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा ने दो-दो विकेट लिए, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा, निशांत सिंधू, रियान पराग और नीतीश रेड्डी को एक-एक सफलता मिली।

पुणे के नवले पुल पर भीषण हादसा, ट्रक ने 15 से ज्यादा वाहनों को मारी टक्कर

पुणे के नवले पुल पर भीषण हादसा, ट्रक ने 15 से ज्यादा वाहनों को मारी टक्कर
महाराष्ट्र के पुणे जिले के नवले पुल पर गुरुवार को एक भयानक हादसा हो गया, जिसमें कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई और 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए। एक अनियंत्रित ट्रक ने करीब 20 वाहनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो ट्रक और एक कार में आग लग गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
एक किमी तक ‘मौत’ बनकर दौड़ी ट्रक

सतारा से मुंबई की ओर आ रहा राजस्थान नंबर का एक लोडेड ट्रक अचानक बेकाबू हो गया। ट्रक करीब एक किलोमीटर तक दौड़ता रहा और रास्ते में आई कंटेनर, टेम्पों, मिनी बस, कार, दोपहिया वाहन और कई छोटे वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। माना जा रहा है कि पुल पर तेज रफ्तार ट्रक का ब्रेक फेल हो गया था, जिसके बाद चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया।

ट्रक ने आगे एक कंटेनर को भी टक्कर मारी, जिसके बाद वह रुक गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई। दुर्भाग्य से इन दोनों के बीच एक कार भी फंस गई और उसमें सवार सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जिस ट्रक का ब्रेक फेल हुआ था, उसके चालक की भी मौत होने की खबर है।

सूचना मिलते ही पुणे पुलिस और आपातकालीन सेवाएं तुरंत मौके पर पहुंचीं। कई एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को राहत और बचाव कार्य में लगाया गया है। कई घायलों की हालत नाजुक है, मृतकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसा सिंहगढ़ पुलिस स्टेशन सीमा क्षेत्र में पड़ने वाले नवले पुल के सेल्फी पॉइंट के पास हुआ। हादसे के बाद कई वाहन पलट गए। 15 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं और सभी को एंबुलेंस की मदद से पास के अस्पताल ले जाया गया है।

दुर्घटना जिस जगह हुई वह पुणे-बेंगलुरु हाईवे के कटराज-देहू रोड बायपास का हिस्सा बताया जा रहा है। डीसीपी संभाजी कदम ने बताया कि सभी एजेंसियां मौके पर काम कर रही हैं और हालात संभालने की कोशिश जारी है।
पुल को किया गया बंद

हादसे के बाद पुल पर भारी जाम लग गया है। ट्रैफिक पुलिस ने सतारा से मुंबई की ओर जाने वाली लेन को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाया जा रहा है। पुलिस ने अपील की है कि सतारा से मुंबई की ओर जाने वाले वाहन पुराने कटराज घाट मार्ग का उपयोग करें। पुणे पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। लेकिन इस भीषण हादसे ने एक बार फिर नवले पुल की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने गुजराती सेन समाज के राष्ट्रीय अधिवेशन को वर्चुअली किया संबोधित

मुख्यमंत्री ने गुजराती सेन समाज के राष्ट्रीय अधिवेशन को वर्चुअली किया संबोधित
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा है कि समाज द्वारा आयोजित परिचय सम्मेलन और अधिवेशन पारिवारिक मूल्यों, समाज की परंपराओं एवं संस्कृति को बनाए रखने में सहायक होते हैं। सेन समाज की पहचान श्रम, सेवा और संस्कार से रही है। संत शिरोमणि सेन महाराज की प्रेरणा बताती है कि कर्म ही पूजा और सेवा ही सच्चा धर्म है। गुजराती सेन समाज प्रदेश के विकास में इसी भावना से अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। युवक-युवती परिचय सम्मेलन जीवन साथी खोजने के साथ ही, अलग-अलग परिवारों के बीच नए रिश्ते संजोने का भी अवसर है। यह सम्मेलन सामाजिक सुरक्षा, पारदर्शी संवाद और पारिवारिक विश्वास को मजबूत करने वाला सामूहिक उपक्रम है। समाज के ऐसे समागमों से हमें अपने शिल्प और संस्कारों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने में भी मदद मिलती है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जल्द ही मुख्यमंत्री निवास में सेन समाज की पंचायत आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरूवार को मध्यप्रदेश गुजराती सेन समाज के उज्जैन में आयोजित राष्ट्रीय अधिवेशन और परिचय सम्मेलन को मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन से वर्चुअली संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि समाज बंधुओं को राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने और योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए ऐसे समागमों में व्यवस्था की जाना चाहिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में लागू योजनाओं से समाज में बड़े पैमाने पर सकारात्मक बदलाव आ रहा है। उन्होंने लाड़ली बहना योजना और सोयाबीन उत्पादक किसानों के लिए भावांतर योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य शासन सभी वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उज्जैन में आयोजित कार्यक्रम में मध्यप्रदेश गुजराती सेन समाज के प्रदेश संरक्षक भरत भाटी, युवा प्रदेशाध्यक्ष बालकृष्ण वर्मा, वरिष्ठ समाजसेवी गौरीशंकर वर्मा, उपाध्यक्ष जितेन्द्र सेन सारोला सहित बड़ी संख्या में समाज बंधु उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आमजन की समस्याएँ सुनीं, मौके पर दिए त्वरित समाधान

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आमजन की समस्याएँ सुनीं, मौके पर दिए त्वरित समाधान
अभनपुर के दिव्यांग रग्बी खिलाड़ी पिंटू साहू ने व्हीलचेयर और खेल सामग्री खरीदने के लिए सहायता मांगी। मुख्यमंत्री ने मौके पर ही 90 हजार रुपए की आर्थिक मदद स्वीकृत की। पिंटू ने कहा कि यह सहयोग उनके खेल करियर के लिए नई शुरुआत है।

जनदर्शन में कई महिलाएँ, बुजुर्ग और किसान भी पहुंचे। आवास, स्वास्थ्य उपचार, सामाजिक सुरक्षा, छात्रवृत्ति और रोजगार से जुड़े आवेदन आए। मुख्यमंत्री ने सभी मामलों को प्राथमिकता से निपटाने को कहा। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी आवेदक निराश न लौटे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि जनदर्शन प्रदेश सरकार की संवेदनशीलता और जवाबदेही का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि “हम कोशिश करते हैं कि अधिक से अधिक लोगों की समस्याएँ सुनकर मौके पर ही उसका समाधान किया जाए।”

जनदर्शन के समापन तक बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं के त्वरित और व्यवहारिक समाधान से संतुष्ट दिखाई दिए। लोगों ने कहा कि यह व्यवस्था उन्हें सरकार से सीधे जुड़ने का विश्वास दिलाती है—जहाँ उनकी बात न सिर्फ सुनी जाती है, बल्कि उसी समय समाधान की दिशा में ठोस कदम भी उठाए जाते हैं। इससे आमजन में भरोसा, पारदर्शिता और सहभागिता की भावना और मजबूत हुई है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया
मुख्यमंत्री निवास में आज आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में वूमेन्स सेल्फ डिफेंस ऑर्गनाइजेशन छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंपकर राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कराटे, कुश्ती और ताइक्वांडो जैसे खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों के लिए स्वेच्छानुदान स्वीकृत करने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री साय ने संगठन के पदाधिकारियों और खिलाड़ियों द्वारा रखे गए सुझावों और मांगों को ध्यानपूर्वक सुना। खिलाड़ियों ने बताया कि वे देश और विदेश में विभिन्न प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं तथा आगे भी राज्य का नाम और ऊंचा करने के लिए निरंतर प्रशिक्षण और सहयोग की आवश्यकता है। खिलाड़ियों ने खेल उपकरण, प्रशिक्षण सुविधाओं और प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराने का अनुरोध भी किया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने खिलाड़ियों की भावनाओं की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं के सम्मान और प्रोत्साहन के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों पर यथासंभव सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा और खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और भी बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने समझी पीड़ा, तुरंत बढ़ाया कदम – रमन निर्मलकर को सौंपा श्रवण यंत्र

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने समझी पीड़ा, तुरंत बढ़ाया कदम – रमन निर्मलकर को सौंपा श्रवण यंत्र
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान रायपुर के ब्राह्मणपारा वार्ड निवासी रमन निर्मलकर को श्रवण यंत्र सौंपा।

जनदर्शन में पहुँचे निर्मलकर ने बताया कि बीते कुछ समय से उनकी श्रवण क्षमता पूरी तरह समाप्त हो गई है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे श्रवण यंत्र खरीद नहीं पा रहे थे। उनकी समस्या सुनकर मुख्यमंत्री साय ने फौरन ही उन्हें श्रवण यंत्र प्रदान किया।

मुख्यमंत्री साय का आभार व्यक्त करते हुए निर्मलकर ने मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि “मुझे फिर से सुनने की क्षमता वापस मिल गई है। मुख्यमंत्री ने मेरी समस्या को तुरंत समझा और मदद की, इसके लिए मैं उनका आभारी हूं।”

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा जनदर्शन में आमजन की समस्याओं पर तुरंत संज्ञान लेकर सहायता प्रदान करने की यह पहल जनकल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

लाड़ली बहना योजना ने बहनों का जीवन ही नहीं, प्रदेश के भविष्य की बदल दी है दिशा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

लाड़ली बहना योजना ने बहनों का जीवन ही नहीं, प्रदेश के भविष्य की बदल दी है दिशा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि नारी हर रूप में समर्पण का प्रतीक है। इनके कल्याण के लिए हमने जो भी कहा वह करके दिखाया है। बहनों के कल्याण के संकल्प की दिशा में हम लगातार आगे बढ़ रहे हैं। भाईदूज पर लाड़ली बहना योजना की राशि 1250 रुपए से बढ़ाकर 1500 रुपए करने का वादा किया था। आज उसे निभाने का सौभाग्य अवसर आ चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लाड़ली बहना योजना की कुल 30 किश्तों में से 23 किश्तें बहनों को भेजने का शुभ अवसर आया। उन्होंने कहा कि इस योजना ने बहनों का जीवन ही नहीं, मध्यप्रदेश के भविष्य की दिशा भी बदल दी है। लाड़ली बहना योजना अब मदद की नहीं, मौका देने की योजना बन गई है। सहयोग के भाव से शुरू हुई यह योजना अब सफलता के सूत्र में बदल गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लाड़ली बहना योजना केवल आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि हमारी बहनों के आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता का सशक्त माध्यम है। यह हर बहन के सम्मान और सशक्त मध्यप्रदेश के निर्माण की दिशा में हमारे संकल्प की पूर्ति है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि हमारी हर लाड़ली बहन अपने जीवन में आत्मनिर्भर, स्वाभिमानी और सशक्त बने। मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को सिवनी जिले में लाड़ली बहनों को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की एक करोड़ 26 लाख 36 हजार से अधिक लाड़ली बहनों के खाते में सिंगल क्लिक से 1857 करोड़ रुपए राशि अंतरित की। इसमें सिवनी जिले की 2 लाख 68 हजार से अधिक बहनें शामिल हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रिमोट से सिवनी जिले में कुल 560 करोड़ 75 लाख रुपए की लागत वाले 114 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन किया। इसमें सिवनी जिले में एक विधि महाविद्यालय और 4 सांदीपनि विद्यालयों सहित विभिन्न निर्माण कार्यों की सौगातें शामिल हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सिवनी जिले के पेंच टाइगर रिजर्व में स्थापित 17 फीट ऊंची, 40 फीट और 8 फीट चौड़ी दुनिया की सबसे बड़ी स्क्रैप से बनी बाघ की कलाकृति का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग पर युवाओं के लिए घंसौर में स्टेडियम बनाने, बालाघाट जिले के लामटा से सिवनी जिले के पांडिया छपारा के बीच नदी पर एक बड़े पुल का निर्माण और अतरी से पांडरवानी बीटी रोड, बरघाट नगर से ग्राम मकरघट्टा तक पक्की सड़क बनाने और अन्य छोटी सड़कों के निर्माण की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने लाड़ली बहना योजना से लाभान्वित बहनों और हितग्राही परिवारों से भी आत्मीय संवाद किया और उनसे शासन की योजना से मिल रहे लाभों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए। मुख्यमंत्री ने किसानों से कहा कि हमने जिले के किसानों को धान का बोनस दिया। गेहूं भी हम खरीदेंगे और मक्के की फसल का भी पूरा दाम दिलाएंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लाड़ली बहनों का आत्मविश्वास ही मध्यप्रदेश की सबसे बड़ी पूँजी है। जब बहनें सशक्त होती हैं, तब समाज और राज्य दोनों समृद्ध बनते हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार महिलाओं के सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक उत्थान के लिए निरंतर प्रयासरत है। लाड़ली बहना योजना से प्रदेश की बहनों को आर्थिक सहायता दी जा रही है, उन्हें अपने निर्णय स्वयं लेने की शक्ति और आत्मविश्वास भी प्रदान किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि आइए, हम सब मिलकर ऐसा मध्यप्रदेश बनाएं जहाँ हर बहन सुरक्षित, शिक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर हो, क्योंकि बहनों की मुस्कान में ही प्रदेश का भविष्य बसता है। उन्होंने कहा कि सशक्त बहनों से ही परिवार और समाज सशक्त होगा। सशक्त समाज ही समृद्ध मध्यप्रदेश के निर्माण का मुख्य आधार बनेगा।

30 किश्तों ने बदला बहनों का जीवन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बहनों से कहा कि लाड़ली बहना योजना से सिर्फ आपका जीवन ही नहीं बदला है, मेरा दृष्टिकोण भी बदला है। नीति और नीयत कितना बड़ा बदलाव लाते हैं, यह बहनों की नई-नई कहानियां सुनने से पता चलता है। इस योजना की राशि से किसी बहन ने अपना छोटा व्यापार शुरू किया, किसी बहन ने अपने बच्चे की पढ़ाई में मदद की तो किसी ने इन पैसों से हुनर सीखा। इस योजना ने केवल बहनों का जीवन ही नहीं बल्कि मध्यप्रदेश के भविष्य की दिशा बदल दी है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बहनों के सशक्तिकरण के लिए इस योजना की शुरुआत हमने जून 2023 में की थी, तब से अक्टूबर 2025 तक आपके बैंक खातों में 44 हजार 917 करोड़ 92 लाख रुपये का अंतरण कर चुके हैं। जनवरी 2024 से अक्टूबर 2025 तक 34 हजार 921 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का अंतरण सिंगल क्लिक से किया है। हर साल राखी के शगुन के 250 रुपये हम अलग से अपनी बहनों को देते आए हैं। आज 250 रुपए बढ़ा रहे हैं। लाड़ली बहना योजना अब मदद की नहीं, मौका देने की योजना बन गई है। इस योजना ने बहनों को लाभार्थी से लीडर बनने की राह पर अग्रसर किया है। सहयोग के भाव से शुरू हुई लाड़ली बहना योजना सफलता के सूत्र में बदल गई है। बहनों के सपने साकार करना हमारा संकल्प हैं। आपके सुख, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए हम कार्य करते रहेंगे। अब हर महीने 1500 रुपये हाथ में आएंगे, मुझे पूरा विश्वास है कि यह 1500 रुपये आपके सपनों को नए पंख लगाएंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सिवनी जिले में विकास की अनंत संभावनाएं हैं। वन्य जीव पर्यटन की दिशा में हमारे प्रयासों से सिवनी में नई अर्थव्यवस्था का निर्माण हो रहा है। होम-स्टे, एडवेंचर टूरिज्म जैसे नवाचारों से न सिर्फ जिले की प्रगति होगी बल्कि बहनों और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी बनेंगे। उन्होंने कहा है कि सिवनी ऐसा जिला है, जहां बहनें सांसद, कलेक्टर और जिला पंचायत अध्यक्ष की भूमिका में हैं। बहनों के आशीर्वाद से जीवन धन्य हो जाता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में सरकार ने लाड़ली बहना योजना की राशि बढ़ाने का संकल्प लिया था, जो आज पूरा हो रहा है। प्रदेश में हर महीने रक्षाबंधन और भाईदूज का त्यौहार मनाया जा रहा है। हमने जो वादा किया था, वह पूरा करके दिखा दिया है। हमारी सरकार लगातार अपने संकल्पों को पूर्ण करते हुए आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के कार्यक्रम चल रहे हैं। मध्यप्रदेश में जनजातीय वर्ग की आबादी सर्वाधिक है। प्रदेश में जनजातीय हस्तियों की लंबी फेहरिस्त है। सरकार जनजातीय नायकों की कहानियों और योगदान को पाठ्यक्रम में शामिल कर रही है। प्रदेश में जनजातीय नायकों का सम्मान करते हुए सभी त्यौहार परंपरा अनुसार धूमधाम मनाए जा रहे हैं।

महिलाएं निडर बनें और लीडर बनें
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लाड़ली बहनों को अब तक 45 हजार करोड़ से अधिक राशि मिल चुकी है। राज्य सरकार के 2 साल पूर्ण होने पर बहनों को रोजगार आधारित उद्योगों में क्रमश: 5000 रुपए महीना देना चाहते हैं। बहनें लाड़ली योजना की राशि से अपने रोजगार स्थापित कर रही हैं। घर की जरूरत पूरी कर रही हैं। महिलाएं निडर बनें और लीडर बनें। इसके लिए वर्ष-2028 में राजनीतिक क्षेत्र में 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने के लिए प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाएं पशुपालन व्यवसाय से जुड़ें, जिस घर में दूध-दही-मही और मक्खन होता है, वहां कुपोषण अपने आप दूर हो जाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दूध उत्पादन को बढ़ाकर 20 प्रतिशत करने का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश को औद्योगिक विकास के लिए केंद्र सरकार की ओर से विभिन्न कैटेगरी में 4 पुरस्कार मिले हैं। प्रदेश में 6 लाख से अधिक लोगों को रोजगार से जोड़ा गया है। महिलाओं के कामकाजी जीवन को आसान बनाने के लिए प्रदेश में कुल 8 वर्किंग वूमन हॉस्टल्स बनाए जा रहे हैं। आज प्रदेश में 5 लाख से अधिक स्व-सहायता समूहों से 53 लाख से अधिक बहनें जुड़ी हैं और विभिन्न योजनाओं का लाभ ले रही हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि 30 दिसंबर 2025 से तीन महीने से पुराने बिजली बिलों में सरचार्ज की राशि माफ करने के लिए एक बड़ी योजना की शुरुआत की जा रही है। उन्होंने कहा कि भावांतर योजना में सोयाबीन किसानों को 13 नवंबर को राशि ट्रांसफर की जाएगी। किसानों को धान पर भी बोनस दिया है। राज्य सरकार गेहूं भी खरीद रही है। मक्का का उचित मूल्य दिलाने के लिए भी कार्य करेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नक्सलवादी गतिविधियों से जुड़े लोग सरकार की आत्मसमर्पण नीति को अपना लें और जल्द से जल्द समाज की मुख्यधारा से जुड़ें। केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के नेतृत्व में मार्च 2026 तक देश में नक्सली गतिविधियों का पूरी तरह सफाया कर दिया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदर्शनियों में विभिन्न स्टॉल्स का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नन्हीं बिटिया को जन्म दिवस की शुभकामनाएं दीं एवं उसका अन्न-प्राशन भी कराया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् का समवेत् स्वर में गायन भी किया गया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने लाड़ली बहनों से संवाद भी किया। हितग्राही सुषमा सनोडिया ने कहा कि लाड़ली बहना योजना से प्रदेश की बहनें आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं। राज्य सरकार से मिल रही योजना की राशि हमारे ब्यूटी पार्लर के व्यवसाय में सहायक सिद्ध हुई है। बहन माधुरी डहेरिया ने बताया कि उनके पति को भी किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है। लाड़ली बहना योजना में मिली राशि से बच्चों के लिए किताब, कॉपी और घर की जरूरत का सामान खरीद लेते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बहनों को प्रधानमंत्री आवास का लाभ देने और रोजगार के लिए सहायता प्रदान करने की बात कही। बहनें स्व-सहायता राशि की किश्त भी समय पर जमा कर रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश के सचिव, रोजगार सहायक और पटवारी अच्छा काम करते हैं, लेकिन जो लापरवाही और अपने काम के प्रति उदासीनता दिखाएंगे, तो उन्हें रोकना ही पड़ेगा।

राजस्व मंत्री एवं सिवनी जिले के प्रभारी मंत्री करण सिंह वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव सम्राट वीर विक्रमादित्य की तरह प्रदेश में सुशासन चला रहे हैं। आज बहनों को 1500 रुपए की राशि मिल रही है।

बालाघाट-सिवनी लोकसभा क्षेत्र की सांसद भारती पारधी ने कहा कि प्रदेश के संवेदनशील मुख्यमंत्री डॉ. यादव जो कहते हैं, उसे शत-प्रतिशत पूरा करते हैं। सिवनी के विकास के लिए राज्य सरकार द्वारा अनेकों सौगातें दी गई हैं।

सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन ने कहा कि सिवनी की धरती से आज प्रदेश की सभी लाड़ली बहनों को 30वीं किश्त के रूप में 1500 रुपए की बढ़ी हुई राशि मिली है। प्रदेश की बहनें सशक्त हुई हैं और उनका सम्मान बढ़ा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में गरीब, किसान, युवा और नारी कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री एवं मंडला संसदीय क्षेत्र के सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, बरघाट विधायक कमल मर्सकोले, पूर्व सांसद ढालसिंह बिसेन, पूर्व सांसद नीता पटेरिया, पूर्व विधायक राकेश पाल, मीना बिसेन, वैभव पवार सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आईं लाड़ली बहनें उपस्थित थीं।

nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...
Government welfare schemes have improved the living standards of 22 crore people

सरकारी कल्याण योजनाओं से 22 करोड़ लोगों के जीवन स्तर में सुधार, MoSPI के...

0
नई दिल्ली। भारत में सरकारी सामाजिक कल्याण योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मिलने वाली मुफ्त या रियायती वस्तुओं से उनके...