छत्तीसगढ़ देखेगा भारतीय वायुसेना का शौर्य

छत्तीसगढ़ देखेगा भारतीय वायुसेना का शौर्य
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर राजधानी नवा रायपुर का आसमान 5 नवम्बर को भारतीय वायुसेना के पराक्रम और गौरव का साक्षी बनेगा। भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम (Suryakiran Aerobatic Team – SKAT) इस दिन अपने अद्भुत हवाई करतबों से नवा रायपुर के आकाश को देशभक्ति, रोमांच और गर्व के रंगों से भर देगी। यह प्रदर्शन रजत जयंती समारोह का प्रमुख आकर्षण होगा।

भारतीय शौर्य का आसमानी प्रदर्शन
5 नवम्बर को नवा रायपुर का आसमान गर्व, रोमांच और देशभक्ति के रंगों से सराबोर होगा। छत्तीसगढ़ की रजत जयंती पर यह “शौर्य की उड़ान” हर नागरिक के हृदय में भारतीय वायुसेना के प्रति सम्मान और गर्व की भावना को और ऊँचा उठाएगी। राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ पर आयोजित यह एरोबैटिक शो छत्तीसगढ़ की नई ऊँचाइयों और आत्मविश्वास का प्रतीक बनेगा। ‘बॉम्ब बर्स्ट’, ‘हार्ट-इन-द-स्काई’, ‘एरोहेड’ जैसी विश्वप्रसिद्ध फॉर्मेशन्स जब आकाश में आकार लेंगी, तब पूरा वातावरण भारतीय शौर्य और तकनीकी निपुणता से गूंज उठेगा। यह आयोजन छत्तीसगढ़ के युवाओं में अनुशासन, टीमवर्क और राष्ट्रीय गौरव की भावना को और मजबूत करेगा। राज्य शासन और भारतीय वायुसेना के संयुक्त प्रयास से कार्यक्रम की तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं।

जनसहभागिता से सजेगा रजत जयंती का उत्सव
रायपुर सहित आसपास के जिलों से हजारों नागरिक, विद्यार्थी और परिवार इस एरोबैटिक शो के साक्षी बनेंगे। यह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि “आत्मनिर्भर भारत की उड़ान” का प्रतीक बनेगा। सूर्यकिरण टीम का यह प्रदर्शन इस बात का प्रमाण है कि जब कौशल, समर्पण और तकनीक एक साथ उड़ान भरते हैं, तो आसमान भी झुक जाता है।

भारतीय वायुसेना की गौरवशाली परंपरा
1996 में गठित सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम भारतीय वायुसेना की सटीकता और सामूहिक समन्वय की अनूठी मिसाल है। एशिया की यह एकमात्र नौ विमान वाली एरोबैटिक डिस्प्ले टीम है, जिसके विमानों के बीच की दूरी मात्र पाँच मीटर तक होती है। यह भारत की तकनीकी दक्षता, अनुशासन और साहस का अद्भुत उदाहरण है।

टीम ने अपनी यात्रा की शुरुआत HJT-16 Kiran Mk-II से की थी और वर्ष 2015 में स्वदेशी तकनीक पर आधारित HAL Hawk Mk-132 Advanced Jet Trainer के साथ नई उड़ान भरी। आज सूर्यकिरण टीम युवाओं के लिए प्रेरणा का पर्याय बन चुकी है।

700 से अधिक प्रदर्शन, विश्वभर में भारत का गौरव
अब तक सूर्यकिरण टीम ने 700 से अधिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शन दिए हैं — श्रीलंका, संयुक्त अरब अमीरात, सिंगापुर, ब्रिटेन और थाईलैंड सहित अनेक देशों में भारत की प्रतिष्ठा को ऊँचाई दी है।2023 में टीम ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में क्रिकेट विश्वकप के दौरान शानदार प्रस्तुति देकर खेल और राष्ट्रगौरव का अनूठा संगम प्रस्तुत किया था।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वयं बाइक चलाकर युवाओं को दिया सुरक्षित ड्राइविंग का संदेश

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वयं बाइक चलाकर युवाओं को दिया सुरक्षित ड्राइविंग का संदेश
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की रजत जयंती वर्ष के अवसर पर राजधानी रायपुर का बूढ़ापारा आउटडोर स्टेडियम आगामी 8 और 9 नवम्बर को रफ्तार, रोमांच और युवाओं के उत्साह का मंच बनेगा। रजत जयंती समारोह की श्रृंखला में आयोजित यह विशेष कार्यक्रम छत्तीसगढ़ की नई ऊर्जा, नवाचार भावना और युवा सामर्थ्य का प्रतीक होगा।

छत्तीसगढ़ मोटर स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित एमआरएफ नेशनल सुपरक्रॉस बाइक रेसिंग चैम्पियनशिप 2025 का यह भव्य आयोजन न केवल रोमांचक मोटर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देगा, बल्कि युवाओं को सुरक्षित ड्राइविंग, हेलमेट पहनने और सड़क पर रेसिंग से बचने जैसे सामाजिक संदेश देने का भी माध्यम बनेगा।

कार्यक्रम से पूर्व आज मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने स्वयं बाइक चलाकर युवाओं को “सेफ ड्राइविंग” का संदेश दिया। उन्होंने आगामी 8-9 नवंबर को आयोजित नेशनल सुपरक्रॉस बाइक रेसिंग चैंपियनशिप के सफल आयोजन के लिए अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा, “युवाओं में अपार ऊर्जा है, और उस ऊर्जा को सही दिशा देना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।” मुख्यमंत्री साय ने युवाओं को सेफ ड्राइविंग का संदेश देते हुए कहा कि जीवन अनमोल है इसीलिए दुपहिया चलाते समय हमेशा हेलमेट पहने और ट्रैफिक नियमों का पालन करें ।सड़क पर रेसिंग बिल्कुल ना करें।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि रजत जयंती वर्ष छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों का उत्सव मनाने के साथ ही नई पीढ़ी में अनुशासन, जिम्मेदारी और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने का भी अवसर है। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि छत्तीसगढ़ का युवा केवल गति से नहीं, बल्कि संयम और संकल्प से पहचाना जाए।

छत्तीसगढ़ मोटर स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष उज्जवल दीपक ने बताया कि यह आयोजन राष्ट्रीय स्तर पर युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का प्रयास है। उन्होंने कहा,”हम चाहते हैं कि रफ्तार जुनून बने, जोखिम नहीं — यही इस चैम्पियनशिप की असली सोच है।”

इस आयोजन की सबसे खास बात यह है कि रेसिंग सड़क पर नहीं, बल्कि विशेष रूप से निर्मित सुरक्षित रेसिंग ट्रैक पर होगी, जहाँ सभी सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि इस दो दिवसीय सुपरक्रॉस चैम्पियनशिप में देश के शीर्ष राइडर्स हिस्सा लेंगे। एमआरएफ के सहयोग से आयोजित यह प्रतियोगिता छत्तीसगढ़ को देश के मोटर स्पोर्ट्स मानचित्र पर एक नई और सम्मानजनक पहचान दिलाने जा रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने महिला नक्सली सुनीता के आत्मसमर्पण पर पुलिस बल को दी बधाई

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने महिला नक्सली सुनीता के आत्मसमर्पण पर पुलिस बल को दी बधाई
भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बालाघाट जिले में महिला नक्सली के आत्म समर्पण पर पुलिस बल को बधाई दी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नक्सली गतिविधियों के नियंत्रण के संबंध में पूर्व में भी मध्यप्रदेश पुलिस को काफी सफलता मिली है। बालाघाट में एक नवम्बर को लांजी थाने के अंतर्गत चोरिया कैंप में महिला नक्सली सुनीता द्वारा हथियारों सहित समर्पण किया गया है। सुनीता पर 14 लाख रुपए का इनाम घोषित था। मध्यप्रदेश द्वारा अपनाई गई प्रभावी आत्मसमर्पण नीति के परिणामस्वरूप यह पहला आत्मसमर्पण हुआ है। प्रदेश में इसके पूर्व भी नक्सलियों ने समर्पण किया है। इसके साथ ही नक्सलियों को मारने में भी राज्य के पुलिस बल को निरंतर सफलता मिली है। प्रधानमंत्री और केन्द्रीय गृह मंत्री के मार्गदर्शन में नक्सल नियंत्रण का प्राप्त करेंगे लक्ष्य।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में आगामी वर्ष तक नक्सल नियंत्रण के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में मध्यप्रदेश सजग है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस को इस सफलता पर बधाई देते हुए आशा करता हूं नक्सल विरोधी अभियान जारी रहेगा और हमारे पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र की नक्सल गतिविधियों के संदर्भ में प्रदेश में होने वाली किसी भी छोटी सी गतिविधि को भी नियंत्रित करने में हम पूरी तरह सफल होंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गत 10 महीने में लगभग डेढ़ करोड़ रूपए के इनामी नक्सलियों को निष्क्रिय किया गया है। पुलिस आउटरीच प्रोग्राम के भी अच्छे परिणाम मिल रहे हैं। राज्य सरकार ने सॉफ्ट टच अप्रोच के अंतर्गत आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों के लिए पुनर्वास के रास्ते भी खोले हैं। वर्ष 1992 के बाद पहली बार अन्य राज्य के किसी सशस्त्र नक्सली कैडर ने मध्यप्रदेश शासन के सामने आत्मसमर्पण किया है।

बालाघाट में 1 नवम्बर को थाना लांजी के चौरिया कैम्प अंतर्गत एक हार्डकोर सशस्त्र महिला नक्सली, सुनीता पिता बिसरू ओयाम निवासी गोमवेटा, तहसील भैरमगढ़, जिला बीजापुर, ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और भारत के संविधान पर विश्वास जताते हुए जिला पुलिस बालाघाट के समक्ष अपने हथियार INSAS राइफल मय 3 मैगजीन्स, 30 जिंदा राउंड्स एवं UBGL शेल के साथ आत्मसमर्पण किया।

सशस्त्र नक्सली सुनीता मलाजखंड दर्रेकसा दलम में एसीएम है, जो इंसास रायफल के साथ सशस्त्र नक्सली संघटन में मध्यप्रदेश, गोंदिया एवं राजनांदगांव (GRB) डिविजन में सक्रिय थी। उस पर छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र एवं मध्यप्रदेश में 14 लाख रुपये का इनाम घोषित था। सुनीता पिता बिसरु ओयाम माओवादी संगठन में वर्ष 2022 में जुड़ी थी। छत्तीसगढ़ के माड क्षेत्र में 06 माह का प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद उसने सीसी मेंबर रामदेर के गार्ड के रूप में कार्य किया।

यह मध्यप्रदेश आत्मसमर्पण, पुनर्वास सह राहत नीति 2023 के अंतर्गत पहला आत्मसमर्पण है और 1992 के बाद से पहली बार अन्य राज्य के किसी सशस्त्र नक्सली कैडर ने म.प्र. शासन के सामने आत्मसमर्पण किया है।

उल्लेखनीय है कि पिछले 10 महीनों में मध्यप्रदेश में 1.46 करोड़ रुपये के इनामी नक्सलियों को न केवल निष्क्रिय किया गया है, बल्कि राज्य सरकार सॉफ्ट टच एप्रोच के तहत आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों के लिए पुनर्वास के रास्ते भी खोल रही है। पिछले समय से लगातार चल रहे पुलिस आउटरीच प्रोग्राम के परिणामस्वरूप, सशस्त्र नक्सली सुनीता ने आत्मसमर्पण के लिए यह पहला कदम उठाया है। मध्यप्रदेश पुलिस आत्मसमर्पण, पुनर्वास सह राहत नीति 2023 के प्रावधानों के तहत आत्मसमर्पण कर सशस्त्र आंदोलन को छोड़ कर मुख्य धारा में आने वालों को सभी लाभ दिलाने के लिए कटिबद्ध है।

आरा में पीएम मोदी ने तेजस्वी-लालू को जमकर घेरा

आरा में पीएम मोदी ने तेजस्वी-लालू को जमकर घेरा
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जमकर राजद और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिहार में मुख्यमंत्री पद को लेकर राजद और कांग्रेस के बीच घमासान मचा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस कभी नहीं चाहती थी कि मुख्यमंत्री उम्मीदवार के लिए राजद के किसी नेता का नाम सामने आए, लेकिन राजद ने कांग्रेस की कनपटी पर कट्टा रखकर मुख्यमंत्री पद चोरी कर लिया।

बंद कमरे में गुंडागर्दी का खेल खेला गया- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को बिहार के आरा में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि नामांकन वापस लेने से एक दिन पहले बिहार में बंद कमरे के भीतर गुंडागर्दी का खेल खेला गया था।

पीएम मोदी ने आगे कहा कि कट्टा रखकर कांग्रेस से राजद नेता को मुख्यमंत्री पद के लिए उम्मीदवार और उसको समर्थन करने की घोषणा कराई गई।
उन्होंने यह भी दावा किया कि राजद और कांग्रेस में झगड़ा भयंकर बढ़ गया है। न घोषणा-पत्र में कांग्रेस की सुनी गई, न प्रचार में उनकी पूछ हो रही है।

अनंत सिंह को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा

अनंत सिंह को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा
मोकामा में दुलारचंद यादव की हत्या मामले में गिरफ्तार JDU प्रत्याशी अनंत सिंह को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें 14 दिन के न्यायिक हिरासत में बेऊर जेल भेज दिया है। अब वे जेल से ही चुनाव लड़ेंगे। जदयू प्रत्याशी को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच एमपी-एमएलए कोर्ट में पेश किया गया था।

शनिवार देर रात को किया था गिरफ्तार
बता दें कि दुलारचंद हत्याकांड में बाहुबली और जदयू प्रत्याशी अनंत सिंह को शनिवार देर रात को पुलिस ने गिरफ्तार किया गया था। पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा खुद उन्हें गिरफ्तार करने गए थे। उन्हें गिरफ्तार करने के बाद पटना लाया गया था।

हालांकि इससे पहले अनंत सिंह को पुलिस लाइन में रखा गया और सुबह SSP कार्यालय स्थित स्पेशल रंगदारी सेल में रखा गया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जेडीयू नेता ने रात को कुछ नहीं खाया और सुबह उन्होंने चाय पी और नाश्ता भी किया था।

शाहरुख खान की मोस्ट-अवेटेड फिल्म ‘किंग’ का धमाकेदार टीजर रिलीज

शाहरुख खान की मोस्ट-अवेटेड फिल्म ‘किंग’ का धमाकेदार टीजर रिलीज
बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान आज अपना 60वां जन्मदिन मना रहे हैं। सोशल मीडिया पर फैंस से लेकर सेलेब्स तक, हर कोई अपने चहेते स्टार को शुभकामनाएं दे रहा है। लेकिन इस बार शाहरुख ने भी अपने फैंस के लिए जबरदस्त सरप्राइज दिया है।

‘किंग’ का दमदार टीजर रिलीज
शाहरुख ने फैंस को जबरदस्त सरप्राइज देते हुए ‘किंग’ का टीजर रिलीज कर दिया है। टीजर आते ही इंटरनेट पर आग लग गई। शाहरुख का करिश्माई लुक, स्टाइल और एक्शन सीक्वेंस ने फैंस को दीवाना बना दिया है। हर किसी की जुबां पर बस एक ही बात है और वो है- ‘किंग खान इज बैक…’

एक्शन मोड में दिखे शाहरुख
शाहरुख खान ने अपनी अपकमिंग फिल्म ‘किंग’ का शानदार टीजर रिलीज कर दिया है। 1 मिनट 12 सेकंड के टीजर में उन्हें जबरदस्त एक्शन करते देखा गया है, और टीजर में इस्तेमाल किए गए डायलॉग किरदार की पर्सनैलिटी को और निखार रहे हैं। टीजर में ‘डर नहीं, दहशत हूं, सौ देश में बदनाम, दुनिया ने दिया सिर्फ एक ही नाम, ‘किंग” जैसे दमदार डायलॉग का इस्तेमाल किया गया है।

राजस्थान में भीषण सड़क हादसा, 4 बच्चों सहित 15 की दर्दनाक मौत

राजस्थान में भीषण सड़क हादसा, 4 बच्चों सहित 15 की दर्दनाक मौत
फलोदी जिले के मतोड़ा थानान्तर्गत भारतमाला हाईवे पर हनुमान सागर के पास रविवार देर शाम खड़े ट्रेलर में मिनी टूरिस्ट बस के घुसने से बस में सवार 15 जनों की मृत्यु हो गई। दो महिलाएं गंभीर घायल हैं। हताहत होने वाले सभी सूरसागर क्षेत्र के रहने वाले हैं।

कार्तिक स्नान कर लौटे
थानाधिकारी अमानाराम ने बताया कि सूरसागर के नैनची बाग व आस-पास रहने वाली महिलाएं, पुरुष व बच्चे बीकानेर जिले में कोलायत के कपिल मुनि आश्रम में देवउठनी ग्यारस पर कार्तिक स्नान करने गए थे। सभी मिनी टूरिस्ट बस में सवार थे। दोपहर में सभी जोधपुर के लिए रवाना हुए। मतोड़ा में भारतमाला हाईवे पर हनुमान सागर क्षेत्र में एक ट्रेलर सड़क पर खड़ा था।

तेज रफ्तार व लापरवाही से आई मिनी बस सड़क पर खड़े ट्रेलर में पीछे से घुस गई। हादसा इतना भीषण था कि बस चकनाचूर हो गई और उसमें सवार 15 यात्रियों की मौत हो गई। इसमें 10 महिलाएं, 4 बच्चे और एक ड्राइवर शामिल है, जबकि दो अन्य महिलाएं गंभीर घायल हो गईंं।

घायलों को एम्बुलेंस की मदद से ओसियां के सरकारी अस्पताल भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को मथुरादास माथुर अस्पताल रेफर किया गया। इन दोनों को ग्रीन कॉरिडोर बनाकर जोधपुर लाया गया। हादसे का पता लगते ही संभागीय आयुक्त प्रतिभा सिंह व पुलिस अधीक्षक फलोदी कुन्दन कांवरिया मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू करवाए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से रामनामी समाज के प्रतिनिधियों की आत्मीय भेंट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से रामनामी समाज के प्रतिनिधियों की आत्मीय भेंट
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया पर साझा किया यह भावनात्मक पल
रायपुर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रामनामी समाज के बीच आत्मीय संवाद का एक वीडियो देश में तेजी से वायरल हुआ है। इस वीडियो को अपने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे भावनात्मक और प्रेरणादायी पल बताया है ।

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित रजत महोत्सव के दौरान एक हृदयस्पर्शी दृश्य उस समय देखने को मिला, जब रामनाम में लीन जीवन जीने वाले रामनामी समाज के प्रतिनिधियों ने माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आत्मीय भेंट की।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि प्रधानमंत्री जी के रायपुर प्रवास से कुछ ही घंटे पहले मंत्रालय में रामनामी समुदाय के प्रतिनिधियों से उनकी भेंट हुई थी। उन्होंने प्रधानमंत्री जी से मिलने की अपनी प्रबल इच्छा व्यक्त की थी, जिसके अनुरूप इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जब रजत महोत्सव के दौरान रामनामी समुदाय के ये श्रद्धालु प्रधानमंत्री मोदी से मिले, तब उन्होंने बड़े आदर और प्रेम से प्रधानमंत्री को अपने पारंपरिक मोर मुकुट से मुख्य मंच पर अलंकृत करने की अभिलाषा प्रकट की। प्रधानमंत्री मोदी ने जिस सहजता, स्नेह और आत्मीय भाव से उनके इस अनुरोध को स्वीकार किया, वह क्षण वहां उपस्थित सभी लोगों के लिए अत्यंत भावनात्मक और प्रेरणादायी बन गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रामनाम ही जिनका धर्म, रामभक्ति ही जिनका कर्म – ऐसे अद्भुत और राममय रामनामी समाज के सदस्यों के तन पर अंकित ‘राम’ केवल एक नाम नहीं, बल्कि समर्पण, तपस्या और अटूट आस्था का प्रतीक है। यह समुदाय अपने तन, मन और जीवन को प्रभु श्रीराम के चरणों में अर्पित कर देता है — यही उनकी जीवन साधना है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की इस आत्मीयता में भक्ति और कर्म का अद्वितीय संगम झलकता है। यह दृश्य इस सत्य को पुष्ट करता है कि रामभक्ति केवल पूजा नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक पवित्र साधना है, जिसे प्रधानमंत्री श्री मोदी ने अपने आचरण और जीवन मूल्यों से सार्थक किया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘कॉफ़ी टेबल बुक’ का किया विमोचन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘कॉफ़ी टेबल बुक’ का किया विमोचन
रायपुर, छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘कोसा कॉफ़ी टेबल बुक’ का विमोचन किया। जनसंपर्क विभाग का यह विशेष प्रकाशन प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ में हुए जन-कल्याणकारी कार्यों और विकास यात्रा का विस्तृत दस्तावेज़ प्रस्तुत करता है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह कॉफी टेबल बुक प्रधानमंत्री श्री मोदी की गारंटी के अंतर्गत पूरे हुए विकास कार्यों का प्रमाण है। इसमें उन योजनाओं और पहल का समावेश है, जिन्होंने छत्तीसगढ़ की धरती पर विश्वास, विकास और पारदर्शिता का नया अध्याय लिखा है।

‘मोदी की गारंटी’ — विकास के सशक्त उदाहरण
‘कॉफी टेबल बुक’ में प्रमुख रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत गरीब परिवारों को मिले आवास, किसानों को दी गई धान बोनस राशि, कृषक उन्नति योजना के तहत हुए कृषि सुधार, तथा लोक सेवा आयोग (PSC) परीक्षा मूल्यांकन प्रणाली में लायी गई पारदर्शिता जैसे अनेक जनहितकारी सुधारों का विस्तारपूर्वक विवरण शामिल है।

जन-कल्याण से सुशासन तक की यात्रा
‘कॉफ़ी टेबल बुक’ में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित विभिन्न केंद्रीय योजनाओं – जैसे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, हर घर जल मिशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, और डिजिटल प्रशासनिक सुधार – के माध्यम से छत्तीसगढ़ में आए सकारात्मक परिवर्तनों को चित्रों और आँकड़ों के माध्यम से जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया है।

राज्य की प्रगति का जीवंत चित्रण
यह पुस्तक न केवल योजनाओं की जानकारी देती है, बल्कि यह बताती है कि किस प्रकार केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से आम नागरिकों का जीवन बदला है। ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के अवसर, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और प्रशासनिक पारदर्शिता के क्षेत्र में हुए कार्यों को विशेष रूप से रेखांकित किया गया है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर कहा कि यह ‘कॉफी टेबल बुक’ छत्तीसगढ़ के नागरिकों के लिए गर्व का विषय है, क्योंकि यह राज्य की 25 वर्ष की उपलब्धियों और प्रधानमंत्री मोदी की विकासोन्मुख दृष्टि का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक आने वाली पीढ़ियों के लिए ‘विकसित छत्तीसगढ़ 2047’ के सपने की प्रेरणा बनेगी।

मध्य प्रदेश देश में पहला राज्य जिसने शुरू की इंट्रा स्टेट एविएशन सर्विस

मध्य प्रदेश देश में पहला राज्य जिसने शुरू की इंट्रा स्टेट एविएशन सर्विस
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश का नौवां एयरपोर्ट उज्जैन में बनेगा। डॉ यादव ने प्रदेश के 70वें स्थापना दिवस पर पीएमश्री हेलीकॉप्टर सेवा की शुरुआत भी की। यह सेवा आगामी 20 नवंबर से मिलेगी। पर्यटक अब हेली सेवा के जरिए सेक्टर भोपाल से मढ़ई-पचमढ़ी,इंदौर से उज्जैन-ओंकारेश्वर और जबलपुर से कान्हा-बांधवगढ़ पहुंच सकेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शनिवार को राजा भोज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पीएमश्री पर्यटन हेलीकॉप्टर्स को हरी झंडी दिखाकर मध्यप्रदेश में इस सेवा का विधिवत् शुभारंभ किया। इन सेवाओं में ‘पीएमश्री हवाई पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा’, ‘डिजी यात्रा’, ‘फ्लाईब्रेरी’, ‘किड्स प्ले ज़ोन’ तथा ‘केट-I से केट-II ILS प्रणाली’ जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश इंट्रा स्टेट एविएशन सर्विस की शुरुआत करने वाला देश का पहला राज्य है। उन्होंने कहा कि बीते दो साल में राज्य में 3 नए एयरपोर्ट रीवा, सतना और दतिया में शुरू किए गए। अगला एयरपोर्ट बाबा महाकाल की नगरी में होगा। करना होगा 20 दिन और इंतजार रीवा से इंदौर के बीच 20 नवंबर से इंडिगो की सीधी हवाई सुविधा मिलेगी। इसी तरह,हेलीकॉप्टर पर्यटन सेवा की नियमित शुरुआत भी 20 नवम्बर से ही प्रत्येक सेक्टर में सप्ताह में 5 दिन मिल सकेगी। हेली पर्यटन सेवा को पीपीपी मोड पर शुरू किया जाना है।

इन 3 प्रमुख सेक्टरों में उड़ान भरेंगे हेलीकॉप्टर
सेक्टर-1: इंदौर,उज्जैन,ओंकारेश्वर,मांडू,महेश्वर,गांधीसागर,मंदसौर,नीमच,हनुवंतिया,खंडवा, खरगोन, बुरहानपुर,बड़वानी,अलीराजपुर,रतलाम,झाबुआ,नलखेड़ा,भोपाल और जबलपुर को शामिल किया गया है।

सेक्टर-2: इसमें भोपाल,मढ़ई,पचमढ़ी,तामिया,छिंदवाड़ा,सांची,इंदौर,दतिया,दमोह,ग्वालियर,शिवपुरी, कूनो (श्योपुर),ओरछा, गुना,राजगढ़,सागर,होशंगाबाद,बैतूल,टीकमगढ़ और जबलपुर शामिल होंगे।

सेक्टर-3: इसमें जबलपुर,बांधवगढ़,कान्हा,चित्रकूट,सरसी,परसुली,मैहर,सतना,पन्ना,खजुराहो,कटनी, रीवा,सिंगरौली,अमरकंटक,सिवनी,सीधी,मंडला,पेंच,डिंडौरी,भोपाल और इंदौर के बीच हेलीकॉप्टर सेवा संचालित की जायेगी।

पीपीपी मोड पर 3 साल के लिए हुआ अनुबंध
अपर मुख्य सचिव पर्यटन एवं संस्कृति शिव शेखर शुक्ला ने बताया कि पीएमश्री पर्यटन वायु सेवा की शुरुआत सालभर पहले हुई थी। अभी तक 10 हजार से अधिक पर्यटक इस सेवा का लाभ ले चुके हैं। एसीएस ने कहा कि सेक्टर 2 एवं 3 में हेली सेवा के लिए मेसर्स जेट सर्व एविएशन प्राइवेट लिमिटेड से अनुबंध किया गया है। जबकि सेक्टर एक में यहां मेसर्स ट्रांस भारत एविएशन सेवाएं देगा। इन कंपनियों से अनुबंध तीन साल के लिए किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक हेलीकॉप्टर में कम से कम छह यात्री सीटें होंगी।

nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...
Government welfare schemes have improved the living standards of 22 crore people

सरकारी कल्याण योजनाओं से 22 करोड़ लोगों के जीवन स्तर में सुधार, MoSPI के...

0
नई दिल्ली। भारत में सरकारी सामाजिक कल्याण योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मिलने वाली मुफ्त या रियायती वस्तुओं से उनके...