तालाब पर अतिक्रमण नगर निगम भोपाल को नोटिस

तालाब पर अतिक्रमण नगर निगम भोपाल को नोटिस
भोपाल बड़े तालाब वेटलैंड क्षेत्र में अतिक्रमण पर NGT सख्त, BMC को दो सप्ताह में कार्रवाई रिपोर्ट देने का निर्देश
राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT), सेंट्रल ज़ोन बेंच भोपाल ने बड़े तालाब वेटलैंड क्षेत्र में किए जा रहे अतिक्रमणों पर कड़ा रुख अपनाते हुए भोपाल नगर निगम (BMC) को पूर्व आदेश के अनुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

मामला राशिद नूर खान बनाम कलेक्टर, भोपाल एवं अन्य (ओए नं. 12/2025) की सुनवाई के दौरान सामने आया, जिसकी अध्यक्षता माननीय जस्टिस श eo कुमार सिंह (न्यायिक सदस्य) एवं श्री सुधीर कुमार चतुर्वेदी (विशेषज्ञ सदस्य) ने की।

सुनवाई के मुख्य बिंदु
MoEF&CC (पर्यावरण मंत्रालय) ने ट्रिब्यूनल को बताया कि वेटलैंड नियमों के अनुसार प्रतिबंधित, नियंत्रित और विनियमित गतिविधियों का पालन कराना स्थानीय प्रशासन की जिम्मेदारी है। नियमों के उल्लंघन पर राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (MPPCB) को जरूरी कार्यवाही करनी होगी।

आवेदक पक्ष (राशिद नूर खान) के अधिवक्ता ने बताया कि बड़ी तालाब वेटलैंड क्षेत्र में जिन अतिक्रमणों का विवरण 07.10.2025 के आदेश के पैरा 18 में दिया गया था, उन पर BMC ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया है।

भोपाल नगर निगम (BMC) ने कहा कि अतिक्रमण संबंधी आरोपित व्यक्तियों को नोटिस जारी कर दिए गए हैं और प्रकरण को नियमों के अनुसार निपटाया जा रहा है।

ट्रिब्यूनल ने निगम की देरी और पूर्व आदेशों का समय पर पालन न करने पर असंतोष भी व्यक्त किया।

NGT के प्रमुख निर्देश
BMC को पूर्व आदेश का कड़ाई से पालन करते हुए
* सभी अतिक्रमण हटाने
* वेटलैंड नियमों को अक्षरश: लागू करने
और संपूर्ण क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त करने के आदेश दिए गए।

BMC को कहा गया है कि दो सप्ताह के भीतर एक्शन टेकेन रिपोर्ट (ATR) दाखिल करे।

मामला अगली सुनवाई के लिए 12 नवंबर 2025 को सूचीबद्ध किया गया है।

होम को 11माह बाद भूल का अहसास,डीजीपी की रिटायरमेंट फाइल में किया सुधार

होम को 11माह बाद भूल का अहसास,डीजीपी की रिटायरमेंट फाइल में किया सुधार
भोपाल। गृह विभाग ने प्रदेश के पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना के सेवानिवृत्ति आदेश में करीब 11 माह बाद सुधार किया है। संशोधित आदेश के मुताबिक अब मकवाना नवंबर 2026 तक डीजीपी पद पर बने रहेंगे।

दरअसल, विभाग ने बीते साल 3 जुलाई को जारी एक आदेश में वर्ष 2024 में 60 वर्ष की आयु पूरी करने वाले 17 आईपीएस अफसरों की सेवानिवृत्ति तिथि 31 दिसंबर 2025 निर्धारित की थी। इनमें 16वें क्रम पर वर्तमान डीजीपी मकवाना का नाम भी शामिल था, जबकि उनकी आयु दिसंबर 2024 में 60 वर्ष पूर्ण हो रही है।

दो वर्ष का कार्यकाल अनिवार्य
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के अनुसार, किसी भी राज्य के पुलिस महानिदेशक का कार्यकाल न्यूनतम दो वर्ष तय है। मकवाना को 1 दिसंबर 2024 को डीजीपी नियुक्त किया गया था, ऐसे में उनका कार्यकाल स्वाभाविक रूप से 30 नवंबर 2026 तक रहेगा।

11 माह की देरी से सुधरी गलती
बीते साल 30 जुलाई को गृह विभाग ने परंपरागत तरीके से जो आदेश जारी किया था, उसमें डीजीपी का रिटायरमेंट इस साल दिसंबर में दिखाया गया था। जबकि मकवाना की नियुक्ति पूर्व डीजीपी सुधीर कुमार सक्सेना के सेवानिवृत्त होने से मात्र एक सप्ताह पहले 23 नवंबर 2024 को तय की गई थी।
उस समय आदेश में सुधार किया जाना चाहिए था, लेकिन विभाग को इसे दुरुस्त करने में लगभग 11 माह लग गए। दिसंबर नजदीक आने पर विभाग को अपनी गलती का एहसास हुआ और उसने समय रहते संशोधन कर लिया, वरना मामला कानूनी पेच में फंस सकता था। गृह विभाग के अतिरिक्त सचिव आशीष भार्गव ने कहा कि डीजीपी बनने पर संबंधित अधिकारी का कार्यकाल दो साल तय है। इसी आधार पर आदेश में सुधार किया गया।

मध्‍यप्रदेश स्‍थापना दिवस समारोह पर भोपाल में गूंजा ‘’अभ्‍युदय मध्‍यप्रदेश’’ का उद्घोष

मध्‍यप्रदेश स्‍थापना दिवस समारोह पर भोपाल में गूंजा ‘’अभ्‍युदय मध्‍यप्रदेश’’ का उद्घोष
सांस्‍कृतिक यात्राओं में अपनी पारंपरिक वेशभूषा पहनकर लोक एवं जनजातीय नृत्‍य कलाकारों को देख लोग बहुत उत्‍साहित दिखे। यात्राओं के साथ चल रहे अश्‍व एवं उनके वाद्ययंत्रों को देख युवा वर्गों का आकर्षण देखने को मिला। लोग कलाकारों के साथ सेल्‍फी लेते नजर आए। लोगों ने मध्‍यप्रदेश की विविधतापूर्ण संस्‍कृति को देख सराहना की और समारोह में सहभागिता का आमंत्रण स्‍वीकार किया।

मध्यप्रदेश के लोक संगीत -नृत्य का प्रदर्शन
सांस्‍कृतिक यात्रा के अंतर्गत दोपहर 2 बजे भोपाल के विभिन्‍न रूट से यात्राओं का शुभारंभ हुआ। इसके तहत बैरागढ़ से प्रारंभ होकर लालघाटी चौराहा- हलालपुरा- गुफा मंदिर- द्रौणाचल आर्मी कैंट- एयरपोर्ट रोड़ चौराहा – शाहजहांनाबाद होते हुए यात्रा हमीदिया अस्पताल चौराहा तक पहुंची। इस यात्रा में मालवा का पारंपरिक लोक नृत्‍य मटकी सुश्री स्‍वाति उखले एवं साथी, उज्‍जैन द्वारा प्रस्‍तुत किया गया। मालवा अंचल का यह पारंपरिक नृत्‍य शुभ अवसरों पर महिलाओं द्वारा किया जाता है। इसके अलावा अर्जुन बाघमारे एवं साथी, बैतूल ने ठाठ्या नृत्‍य की प्रस्‍तुति दी। यह नृत्‍य दिवाली के अवसर पर गोण्‍ड जनजाति द्वारा किया जाता है।

शहर की सड़कों में दिखे मध्यप्रदेश के रंग
सीपेट जेके रोड़ से प्रारंभ हुई यात्रा क्वालिटी स्वीट्स पिपलानी- भेल कॉलेज- आइएसबीटी – डीआरएम ऑफिस चौराहा तक पहुंची। इस यात्रा में श्री लालबहादुर घासी एवं साथी, सीधी द्वारा घासी जनजातीय का घसियाबाजा नृत्‍य की प्रस्‍तुति दी गई। इसके अलावा संतोष कुमार यादव एवं साथी, सीधी के कलाकारों ने अहिराई नृत्‍य की प्रस्‍तुति देते हुए आम नागरिकों स्‍थापना दिवस समारोह में सहभागिता का आह्वान किया और विविधतापूर्ण संस्‍कृति से भी परिचित कराया।

कलाकारों का अद्भुत प्रदर्शन
कोलार डीमार्ट से प्रारंभ हुई यात्रा मंदाकिनी चौराहा – सर्वधर्म कॉलोनी निशाल मेगा मार्ट- शाहपुरा चौराहा – बिट्टन मार्केट होते हुए 10 नंबर मार्केट तक पहुंची। जहां बड़ी संख्‍या में लोगों ने इन नृत्‍यों को देखा और स्‍थापना दिवस समारोह के आयोजन से भी परिचित हुए। इसमें मालवांचल का गणगौर लोक नृत्‍य अनुजा जोशी एवं साथी, खंडवा द्वारा और धुलिया जनजातीय गुदुमबाजा नृत्य श्री तुलेश्वर भार्वे एवं साथी, डिण्‍डोरी द्वारा प्रस्‍तुत किया गया।

मार्गों को लोक की संस्‍कृति और रंगों से सजा दिया
इसी प्रकार सूरज नगर चौराहा से एकांत पार्क चौराहा, 6 नंबर मार्केट से प्रभात चौराहा और अशोका गार्डन से कोहेफिजा चौराहा तक बधाई, अहिराई, ढिमरायाई नृत्‍य की प्रस्‍तुतियों ने सम्‍पूर्ण भोपाल शहर के मार्गों को लोक की संस्‍कृति और रंगों से सजा दिया।

एफडी और घरेलू बचत में गिरावट बन सकती है बैंकों के लिए समस्या

एफडी और घरेलू बचत में गिरावट बन सकती है बैंकों के लिए समस्या
रेटिंग एजेंसी क्रिसिल ने bank deposit के ढांचे में आ रहे बदलाव पर एक चेतावनी भरी रिपोर्ट जारी की है। इसका कहना है कि अधिक रिटर्न की उम्मीद में लोग दूसरे विकल्प को अपना रहे हैं लेकिन इससे बैंकों के पास सस्ती जमा राशि का अनुपात कम होता जा रहा है। जमा पर ब्याज दरें घटाए जाने के कारण यह ट्रेंड आगे भी जारी रह सकता है।

सावधि जमा यानी एफडी (FD) में गिरावट और चालू एवं बचत खातों (CASA) में जमा राशि में कमी के कारण बैंकों के डिपॉजिट स्ट्रक्चर में बड़ा बदलाव आ रहा है। यह बदलाव मध्यम से लंबी अवधि में बैंकों के लिए चुनौतियां पैदा कर सकता है। रेटिंग एजेंसी क्रिसिल ने शुक्रवार को एक रिपोर्ट में यह बात कही।

उसका कहना है कि यह बदलाव ऐसे समय में आया है जब ऊंचे रिटर्न की तलाश में लोग पूंजी बाजार में निवेश को प्राथमिकता दे रहे हैं। हालांकि पूंजी बाजार में निवेश बढ़ने को लेकर चिंता जताई जा रही है, फिर भी कुछ लोगों का मानना ​​है कि यह बदलाव सिस्टम के परिपक्व होने को दर्शाता है।

रेटिंग एजेंसी ने एक नोट में कहा, जमा में संरचनात्मक बदलाव स्थिरता के लिए चुनौतियां पैदा कर सकते हैं। मध्यम से दीर्घावधि में विशेष रूप से तरलता की कमी होने पर फंडिंग की लागत पर इसका प्रभाव पड़ सकता है।
बैंक में घट रही हाउसहोल्ड जमा की हिस्सेदारी

क्रिसिल ने कहा कि मार्च 2025 में बैंक जमा में परिवारों (household deposit) की हिस्सेदारी 60 प्रतिशत रह गई, जबकि मार्च 2020 में यह 64 प्रतिशत थी। बैंकों के लिए जमा में वृद्धि के अलावा इसकी संरचना भी बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह स्थिरता और लागत को प्रभावित करती है। एजेंसी को भविष्य में परिवारों के योगदान में और गिरावट की उम्मीद है।

आम परिवारों की जमाराशि में नॉन-फाइनेंशियल कंपनियों की हिस्सेदारी बढ़ने का जिक्र करते हुए क्रिसिल की निदेशक सुभा श्री नारायणन ने कहा, “इसके निहितार्थ हैं, क्योंकि कॉरपोरेट जमाकर्ता दरों के प्रति अधिक संवेदनशील होते हैं और छोटी अवधि को प्राथमिकता देते हैं।” नारायणन ने कहा कि जैसे-जैसे वैकल्पिक निवेश लोकप्रिय होते जा रहे हैं, हमें लगता है कि घरेलू जमाओं की हिस्सेदारी में और गिरावट आएगी।

ब्याज दरों में कटौती से जमा में और आएगी गिरावट
इसी तरह, कम लागत वाली कासा जमा में भी गिरावट देखी जा रही है। इसका अनुपात मार्च 2022 में 25 साल के उच्चतम स्तर, 42 प्रतिशत से घटकर जून 2025 में 36 प्रतिशत रह गया। एजेंसी का मानना है कि बैंकों द्वारा बचत ब्याज दरों में हाल में की गई कटौती इस प्रवृत्ति को और बढ़ाएगी।

फैंस के बीच कम नहीं हो रही हर्षवर्धन की ‘दीवानियत’, वीकडे पर हो गया खेला

फैंस के बीच कम नहीं हो रही हर्षवर्धन की ‘दीवानियत’, वीकडे पर हो गया खेला
एक दीवाने की दीवानियत की रिलीज को एक सप्ताह से ज्यादा का समय बीत चुका है। वहीं कमाई के मामले में हर्षवर्धन राणे और सोनम बाजवा की फिल्म रोज नए रिकॉर्ड लिख रही है। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर सेंचुरी पार कर ली है।

हर्षवर्धन राणे की फिल्म ‘एक दीवाने की दीवानियत’ ने बॉक्स ऑफिस पर आज 10 दिन पूरे कर लिए हैं। फिल्म अभी भी शानदार प्रदर्शन कर रही है। दीवाली के मौके पर रिलीज हुई फिल्म को दर्शक रोमांटिक कहानी की वजह से काफी पसंद कर रहे हैं।

पहले दिन की धांसू कमाई
फिल्म ने पहले दिन 10 करोड़ की शानदार अपनिंग की थी और अभी भी जिस तरह से हर्षवर्धन राणे इसका प्रमोशन कर रहे हैं लोगों के बीच इसकी दीवानियत साफ देखने को मिल रही है उससे ये तो पता चल गया है कि ये आंकड़ा यहां रुकने वाला नहीं है। फिल्म ने मात्र तीन दिनों में अपना बजट निकाल लिया था। फिल्म का बजट 25 से 30 करोड़ के बीच बताया जा रहा था।

कितना रहा फिल्म का कुल कलेक्शन?
एक आउटसाइडर होने के नाते हर्षवर्धन राणे की फिल्म ने जिस तरह से बॉक्स ऑफिस पर परफॉर्म किया उससे ये तो तय हो गया कि नेपोटिज्म की जगह फिल्म परफॉर्मेंस और अच्छी कहानी की बदौलत चलती है। फिल्म ने दूसरे दिन 8.88 करोड़ का कलेक्शन किया। वहीं तीसरे दिन इसकी कमाई 4 करोड़ के आसपास रही। वहीं वीक डे पर भी फिल्म लगातरा अच्छा प्रदर्शन कर रही है। दसवें दिन के कलेक्शन की बात करें तो सैकनिल्क की एक रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म का कलेक्शन 1.77 करोड़ रुपये रहा। इस हिसाब से फिल्म का कुल कलेक्शन 54.27 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है।

क्या है फिल्म की कहानी?
‘एक दीवाने की दीवानियत’ की कहानी है एक बेहद ताकतवर और दबंग पॉलिटिशियन के बेटे विक्रमादित्य भोसले (हर्षवर्धन राणे) की है। शहर में उसकी ऐसी धाक है कि हर कोई उसको सलाम ठोंकता है। कोई उसके खिलाफ नहीं बोलता। उसे एक नजर में अभिनेत्री अदा (सोनम बाजवा) से प्यार हो जाता है। जल्द ही ये प्यार जुनून में बदल जाता है।

तुलसी पूजन से साधक को होती है शुभ फलों की प्राप्ति

तुलसी पूजन से साधक को होती है शुभ फलों की प्राप्ति
तुलसी विवाह के दिन भगवान विष्णु के स्वरूप शालीग्राम जी से तुलसी जी का विवाह किया जाता है। यह पर्व इ साल 2 नवंबर को मनाया जा रहा है। माना जाता है कि विधि-विधान से यह अनुष्ठान कराने से साधक को सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है। ऐसे में चलिए पढ़ते हैं तुलसी विवाह की पूजा सामग्री।

पंचांग के अनुसार, हर साल कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि पर तुलसी विवाह किया जाता है, जो मुख्य रूप से देवउठनी एकादशी के अगले दिन होता है। से में यदि आप भी तुलसी विवाह अनुष्ठान में भाग ले रहे हैं, तो पूजा के लिए ये आवश्यक सामग्री शामिल करना न भूलें, ताकि आपके विवाह अनुष्ठान में किसी तरह की बाधा न आए।

तुलसी विवाह की सामग्री
तुलसी का पौधा, शालीग्राम जी और भगवान विष्णु की मूर्ति या तस्वीर
लाल रंग का कोरा कपड़ा, कलश, पूजा की चौकी
सुगाह की सामग्री जैसे -बिछुए, सिंदूर, मेहंदी, बिंदी, चुनरी, काजल और सिंदूर आदि
मौसमी फल व सब्जियां जैसे मूली, सिंघाड़ा, आंवला, बेर और अमरुद आदि
केले के पत्ते, हल्दी की गांठ
नारियल, कपूर, धूप, दीप, चंदन

इस तरह करें पूजन की तैयारियां
सबसे पहले तुलसी विवाह अनुष्ठान के लिए केले के पत्तों और गन्‍ने से मंडप तैयार करें। रंगोली बनाकर पूजा स्थल को सजाएं और इस स्थान पर तुलसी का पौधा, शालीग्राम व भगवान विष्णु की मूर्ति या तस्वीर स्थापित करें और विवाह अनुष्ठान शुरू करें। पूजा में मां तुलसी को सुहाग की सामग्री चढ़ाएं। इसके बाद पूजा में गन्ना, केला, सिंघाड़ा और मूली आदि अर्पित करें। घी के 11 दीपक जलाएं और भजन करें। अंत में आरती करके सभी में प्रसाद बांटें।

तुलसी विवाह के दिन भगवान विष्णु के भोग में तुलसी दल जरूर शामिल करें, क्योंकि इसके बिना प्रभु श्रीहरि का भोग अधूरा माना गया है। ऐसा करने से साधक को भगवान विष्णु का आशीर्वाद प्राप्त होता है। तुलसी विवाह के दिन सूर्यास्त के बाद तुलसी के समक्ष घी का दीपक भी जरूर जलाएं और 7 या 11 बार तुलसी की परिक्रमा करें। ऐसा करने से साधक को शुभ फलों की प्राप्ति होती है और घर-परिवार में सुख-समृद्धि का माहौल बना रहता है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भोपाल में ड्रोन टेक वर्कशॉप एक्सपो 2025 को किया संबोधित

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भोपाल में ड्रोन टेक वर्कशॉप एक्सपो 2025 को किया संबोधित
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि विज्ञान एवं तकनीकी क्षेत्र की सहायता से प्रदेश में विकास के हर संभव प्रयास जारी हैं। प्रदेश सरकार ने अपनी नई ड्रोन पॉलिसी भी तैयार की है। हमें दुनिया के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ने की आवश्यकता है। भारतीय समाज नई तकनीक और नवाचारों को शीघ्रता से आत्मसात करने में कभी पीछे नहीं रहा है। ड्रोन, विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में एक क्रांतिकारी बदलाव है। ड्रोन कृषि कार्यों में आज अन्नदाता की मदद कर रहा है। इससे खेतों में कीटनाशक दवाओं का छिड़काव आसान हुआ है। ड्रोन तकनीक से देश के दुश्मनों का खात्मा भी हो रहा है। अब तो शादियां भी ड्रोन के बिना पूरी नहीं होती हैं। हमारे वैज्ञानिक वाइस कमांड कंट्रोल की सहायता से ड्रोन को ज्यादा आधुनिक बने रहे हैं। दुनिया ने ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारतीय ड्रोन तकनीक की ताकत देखी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में ड्रोन टेक्नोलॉजी के माध्यम से भारत ने दुश्मन को उसके घर में घुसकर मारा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ड्रोन तकनीक कार्यशाला एवं एक्सपो 2025 का विज्ञान भवन- नेहरू नगर में दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर लगाई गई प्रदर्शनी और वर्कशॉप का शुभारंभ कर अवलोकन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं, स्टार्टअप और औद्योगिक संस्थानों द्वारा लगाए गए स्टॉल्स पर पहुंचकर ड्रोन तकनीक के शैक्षणिक, औद्योगिक और कृषि क्षेत्र में उपयोग के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ड्रोन टेक एक्सपो वर्कशॉप का आयोजन भारत की तकनीकी क्रांति का प्रतीक है। किसान भाइयों के लिए ड्रोन वरदान बन गया है। आपदा कीस्थिति हो या पुलिस प्रशासन के लिए मॉनीटरिंग की आवश्यकता ड्रोन तकनीक ने जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में जिस प्रकार से बदलाव किया है वह अभूतपूर्व है। राज्य सरकार विकास-नवाचार और आत्मनिर्भरता के सशक्त वाहक के रूप में ड्रोन तकनीक का उपयोग करने के पथ पर अग्रसर है।

मध्यप्रदेश विज्ञान एवं तकनीकी शिक्षा परिषद के महानिदेशक डॉ. अनिल कोठारी ने कहा कि मध्यप्रदेश के 70वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में ड्रोन टेक वर्कशॉप एक्सपो-2025 आयोजित की गई है। इसमें ड्रोन तकनीक के प्रशिक्षण के लिए प्रदेशभर के 4 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। कार्यशाला में विशेषज्ञों द्वारा उन्हें स्वरोजगार एवं तकनीक आधारित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की जाएगी। विज्ञान एवं तकनीकी नवाचारों के माध्यम से मध्यप्रदेश विज्ञान एवं तकनीकी शिक्षा परिषद मध्यप्रदेश के विकास के लिए हर स्तर पर सहयोग प्रदान करने के लिए तत्पर है।

स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर भोपाल के निदेशक कैलाशा राव ने कहा कि आज ड्रोन तकनीक अधोसंरचना विकास कार्यों को मूर्तरूप देने में अहम भूमिका निभा रही है। उज्जैन सहित प्रदेश के महत्वपूर्ण ऐतिहासिक स्थलों के मानचित्र तैयार करने में यह तकनीक उपयोगी सिद्ध हुई है। ड्रोन तकनीक पर आधारित यह कार्यशाला युवाओं में वैज्ञानिक सोच विकसित करने और जनसामान्य को ड्रोन तकनीक के विविध उपयोगों की जानकारी देने में सहायक सिद्ध होगी।

अपर मुख्य सचिव विज्ञान एवं तकनीकी शिक्षा संजय दुबे ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रदेश में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में विविध गतिविधियां जारी हैं। प्रदेश के युवाओं को आगे बढ़ने के अनेक अवसर प्राप्त हो रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ड्रोन टेक्नोलॉजी के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। ड्रोन अब केवल रक्षा या निगरानी का साधन नहीं रहे बल्कि कृषि, भू-सर्वेक्षण, पर्यावरण संरक्षण, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाएँ, परिवहन, उद्योग एवं मीडिया जैसे अनेक क्षेत्रों में उपयोगी साबित हो रहे हैं। भारत सरकार की “ड्रोन नीति 2021” तथा “मेक इन इंडिया” अभियान के अनुरूप राज्य स्तर पर भी ड्रोन तकनीक को नवाचार, स्टार्टअप और रोजगार के नए अवसरों के रूप में विकसित किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि ड्रोन टेक वर्कशॉप एवं एक्सपो 2025 का मुख्य उद्देश्य राज्य में ड्रोन तकनीक की समझ, उपयोगिता और क्षमता निर्माण को बढ़ावा देना है। इस कार्यक्रम से युवाओं, शोधकर्ताओं, स्टार्टअप्स, उद्योगों और नीति निर्माताओं को एक साझा मंच मिलेगा, जिससे ड्रोन तकनीक के व्यावहारिक, सामाजिक और औद्योगिक उपयोग को बढ़ावा दिया जा सकेगा। कार्यक्रम में ड्रोन प्रदर्शनी एवं हैंड्स ऑन वर्कशॉप आयोजित की गई। साथ ही राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय विशेषज्ञों के प्रेरक व्याख्यान, ड्रोन उड़ान के लाइव डेमो एवं टेक्निकल शोकेस, इनोवेशन चैलेंज एवं प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। कार्यक्रम में मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू, मुख्यमंत्री डॉ. यादव के संस्कृति सलाहकार राम तिवारी तथा विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं के विद्यार्थी, विषय-विशेषज्ञ, शोधकर्ता और ड्रोन टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में नवाचार करने वाले युवा तथा उद्यमी उपस्थित थे।

‘हर हाल में लड़ूंगी 2029 में लोकसभा चुनाव..’-पूर्व सीएम उमा भारती

‘हर हाल में लड़ूंगी 2029 में लोकसभा चुनाव..’-पूर्व सीएम उमा भारती
मध्यप्रदेश की पूर्व सीएम और भाजपा की फायर ब्रांड नेता उमा भारती ने 2029 का लोकसभा चुनाव जरूर लड़ने का ऐलान किया है। जबलपुर में गोपाष्टमी पर्व के मौके पर गोसंवर्धन संकल्प सभा में पहुंची थीं और इसी दौरान उन्होंने मंच से ये ऐलान किया। उमा भारती ने कहा कि वो साल 2029 में लोकसभा का चुनाव जरूर लड़ेंगी। क्योंकि सांसद और मंत्री बनने से आम जनता का भला करने का मौका मिलता है। साथ ही यह भी कहा कि उन्होंने चुनाव लड़ने से उनने कभी इंकार नहीं किया था, बस उसे टाला था।
‘लाड़ली बहनों को पैसों के साथ मिले एक-एक गाय’

गोसंवर्धन संकल्प सभा को संबोधित करते हुए उमा भारती ने गाय का जिक्र करते हुए कहा कि गाय सेक्युलेरिज्म के चक्कर में फंस गई है। कई नेता डर के मारे गाय पर बोलने से बचते हैं। क्योंकि उन्हें यह लगता है कि धर्म विशेष का वोटर नाराज हो जाएगा। उमा भारती ने आगे कहा कि लाड़ली बहनों को जो राशि मिल रही है वो तो मिलनी ही चाहिए लेकिन इसके साथ ही लाड़ली बहनों को एक-एक दुधारू गाय भी देनी चाहिए। इससे उनकी आमदनी 3 हजार से बढ़कर 10 हजार तक हो जाएगी। वहीं उन्होंने कहा राम के नाम पर पूरा भारत एक हुआ। लेकिन भगवान के कार्य पूरे नहीं हुए हैं।

बिहार चुनाव के पहले चरण की 91 सीटें ‘रेड अलर्ट’ घोषित

बिहार चुनाव के पहले चरण की 91 सीटें ‘रेड अलर्ट’ घोषित
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में लोकतंत्र के लिए एक बेहद चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) और बिहार इलेक्शन वाच की रिपोर्ट के अनुसार, पहले चरण की कुल 121 सीटों में से 91 सीटें (यानी लगभग 75%) को ‘रेड अलर्ट’ श्रेणी में रखा गया है। ‘रेड अलर्ट’ सीट का सीधा अर्थ है वह विधानसभा क्षेत्र, जहां कम से कम तीन या उससे अधिक उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

हाइप्रोफाइल सीटों पर ‘दागियों’ का जमावड़ा
‘रेड अलर्ट’ सीटों में कई प्रमुख और हाई-प्रोफाइल निर्वाचन क्षेत्र भी शामिल हैं, जहां राज्य के सबसे चर्चित चेहरे मैदान में हैं। कुढ़नी में 20 उम्मीदवारों में से 8 ने अपने ऊपर आपराधिक मामले घोषित किए हैं। वहीं राजद नेता तेजस्वी यादव की राघोपुर सीट पर 4 आपराधिक पृष्ठभूमि वाले उम्मीदवार मैदान में हैं। इसी तरह डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी की सीट तारापुर पर भी 4 आपराधिक मामले वाले उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।

मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, सारण, पटना, गया, और बेगूसराय जैसे लगभग हर जिले की प्रमुख सीटों को ‘रेड अलर्ट’ की सूची में शामिल किया गया है। यहां तक कि SC आरक्षित सीटों पर भी उम्मीदवारों के आपराधिक मामले पाए गए हैं।
423 पर आपराधिक मामले

रिपोर्ट के मुताबिक, इन ‘रेड अलर्ट’ सीटों पर चुनाव लड़ रहे कुल 1303 उम्मीदवारों में से 423 (32%) ने आपराधिक मामले घोषित किए हैं। 354 उम्मीदवारों (27%) ने अपने ऊपर हत्या, हत्या के प्रयास, और महिलाओं के खिलाफ अत्याचार जैसे गंभीर आपराधिक मामले घोषित किए हैं। 33 उम्मीदवारों पर हत्या (मर्डर) से संबंधित मामले दर्ज हैं। 86 उम्मीदवारों पर हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) का केस है। 42 उम्मीदवार महिलाओं के खिलाफ गंभीर अपराधों में नामजद हैं, जिनमें से 2 पर बलात्कार का आरोप है।

519 उम्मीदवार करोड़पति
इन ‘रेड अलर्ट’ सीटों पर खड़े अधिकांश प्रत्याशियों के पास करोड़ों की संपत्ति है। विश्लेषण किए गए कुल उम्मीदवारों में से 519 (40%) करोड़पति हैं, जिनकी औसत संपत्ति 3.26 करोड़ रुपये है।

CBSE की 10वीं और 12वीं की परीक्षा की तारीखें घोषित

CBSE की 10वीं और 12वीं की परीक्षा की तारीखें घोषित
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने वर्ष 2026 में होने वाली कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की तारीखों की घोषणा कर दी है। बोर्ड की तरफ से जारी जानकारी के हिसाब से, परीक्षाएं 17 फरवरी 2026 से शुरू होंगी। इस ऐलान के साथ ही छात्र-छात्राओं को अब परीक्षा की तैयारी व्यवस्थित तरीके से करने का मौका मिल गया है।

बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र CBSE की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर जाकर पूरी डेटशीट देख सकते हैं। दी गई जानकारी के मुताबिक, कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 10 मार्च 2026 को समाप्त होंगी, जबकि कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 9 अप्रैल 2026 तक चलेंगी। परीक्षाएं हर दिन सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक आयोजित की जाएंगी।

10वीं की डेटशीट में हुआ बदलाव
CBSE ने इस बार 10वीं कक्षा की डेटशीट में कुछ बदलाव भी किए हैं। बोर्ड ने कई विषयों की परीक्षा तारीखों को संशोधित किया है। उदाहरण के तौर पर, होम साइंस विषय की परीक्षा अब 18 फरवरी 2026 को होगी जबकि पहले इसकी तारीख 26 फरवरी तय की गई थी। इन बदलावों के चलते छात्रों को सलाह दी गई है कि वे अपनी विषयवार डेटशीट को ध्यान से दोबारा देखें ताकि किसी भ्रम की स्थिति न बने।

nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...
Government welfare schemes have improved the living standards of 22 crore people

सरकारी कल्याण योजनाओं से 22 करोड़ लोगों के जीवन स्तर में सुधार, MoSPI के...

0
नई दिल्ली। भारत में सरकारी सामाजिक कल्याण योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मिलने वाली मुफ्त या रियायती वस्तुओं से उनके...