अंता विधानसभा सीट पर उपचुनाव में BJP से कौन-कौन दावेदार

अंता विधानसभा सीट पर उपचुनाव में BJP से कौन-कौन दावेदार
ता विधानसभा सीट पर उपचुनाव में प्रत्याशी घोषणा में कांग्रेस ने भाजपा से बढ़त ली तो अब भाजपा भी प्रत्याशी चयन को लेकर सक्रिय नजर आ रही है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के बीच शुक्रवार को अंता से प्रत्याशी चयन को लेकर करीब डेढ़ घंटे बैठक हुई। बैठक राजे के आवास पर हुई।

वसुंधरा राजे के घर चली मंत्रणा
बैठक से पहले सीएम और प्रदेश अध्यक्ष की मुख्यमंत्री निवास पर लबी मंत्रणा चली। बारां-झालावाड़ से वसुंधरा राजे के पुत्र दुष्यंत सिंह सांसद है तो जिले की झालारापाटन सीट से खुद वसुंधरा राजे विधायक हैं। ऐसे में राजे की राय पार्टी प्रत्याशी चयन में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। जल्द ही भाजपा प्रदेश कोर कमेटी की बैठक होनी है। प्रदेश प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल भी अंता चुनाव पर नजर बनाए हुए हैं। राठौड़ ने बैठक के बाद पत्रकारों से कहा कि आगामी दो-तीन दिनों में प्रत्याशी का चयन कर लिया जाएगा।

ये नाम चर्चा में शामिल
सूत्रों के अनुसार अंता से जो नाम चल रहे हैं, उनमें पूर्व जिला प्रमुख नन्द लाल सुमन, अंता से प्रधान मोरपाल, पूर्व प्रधान प्रखर कौशल, पूर्व जिला अध्यक्ष आनन्द गर्ग, रामेश्वर खंडेलवाल, विष्णु गौतम, पूर्व मंत्री प्रभु लाल सैनी के नाम प्रमुख हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे अंता विधानसभा सीट से पूर्व विधायक कंवर लाल मीणा की पत्नी भगवती देवी को चुनाव लड़वाने की इच्छुक हैं। साथ ही, राजे की प्राथमिकता है कि इस बार स्थानीय उम्मीदवार को ही टिकट दिया जाए। दूसरी ओर, माली समाज के 45 हजार वोटों के प्रभाव के चलते मोरपाल का नाम भी चर्चा में है, जो राजे के समर्थक माने जाते हैं।वसुंधरा राजे के शासनकाल में प्रभु लाल सैनी 2013 में अंता से विधायक चुने गए थे और बाद में कैबिनेट मंत्री भी बने। उस समय सैनी राजे के करीबी थे, लेकिन अब समीकरण बदल चुके हैं। चर्चा है कि राजे अब सैनी के नाम पर सहमत नहीं हैं।

मध्यप्रदेश में टूरिज्म को मिलेगी नई उड़ान : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मध्यप्रदेश में टूरिज्म को मिलेगी नई उड़ान : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्यप्रदेश में पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने और निवेश को आकर्षित करने के उद्देश्य से शनिवार को मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट के अवसर पर पर्यटन क्षेत्र के निवेशकों, प्रमुख फिल्म निर्माताओं और प्रसिद्ध अभिनेताओं के साथ कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस वन-टू-वन चर्चा का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में पर्यटन के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और मध्यप्रदेश को एक प्रमुख फिल्म-शूटिंग गंतव्य के रूप में बढ़ावा देना है। इस उच्च-स्तरीय बैठक के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उद्योग के विभिन्न दिग्गजों के साथ प्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव से फिल्म जगत से प्रसिद्ध फिल्म निर्माता एकता कपूर, जाने-माने अभिनेता गजराज राव और रघुवीर यादव ने भेंट की। स्पेनिश फिल्म कमीशन से लारा मोलिना एवं फिल्म निर्माता अन्ना सौरा ने भी चर्चा में भाग लिया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को मध्यप्रदेश में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया और कहा कि सरकार राज्य को पर्यटन और फिल्म निर्माण के लिए देश का सबसे आकर्षक केंद्र बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

केंद्रीय पर्यटन और संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, मध्य प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी और पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण एवं विमुक्त घुमन्तु और अर्द्धघुमन्तु कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर भी उपस्थित थीं।

होटल और हॉस्पिटैलिटी उद्योग के कई बड़े नामों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की। इनमें इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (IHCL) के ईवीपी परवीन चंदर कुमार, जेट सर्व एविएशन के राम ओला, एटमॉस्फियर कोर के प्रबंध निदेशक सौभाग्य मोहापात्रा, पोस्ट कार्ड होटल्स के सह-संस्थापक अनिरुद्ध कांडपाल, ट्रेज़र ग्रुप के प्रबंध निदेशक विनायक कलानी, एमआरवीएच रिज़ॉर्ट्स प्रा. लि. के निदेशक जीतेंद्र सिंह, द मालवा क्लब एंड रिज़ॉर्ट के संस्थापक सुमरध्वज ब्रह्मभट्ट, सेरेनडिपिटी लेक्स एंड रिज़ॉर्ट्स प्रा. लि. के प्रबंध निदेशक डॉ. सुश्रुत सुधीर बाबुलकर, और ऑर्बिट रिज़ॉर्ट्स के संदीप खन्ना और श्री मनोज सिंह शामिल थे।

मध्यप्रदेश में वेडिंग डेस्टिनेशन को प्रचारित और प्रसारित करने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव के साथ ट्रैवल वेडिंग प्लानिंग और इवेंट मैनेजमेंट क्षेत्र के विशेषज्ञों ने भी अपने विचार साझा किए। इस समूह में पर्यटन फ्यूचर्स के नवीन कुंडू, यात्रा डॉट कॉम के राकेश कुमार राणा, इंडियन गोल्फ टूरिज्म एसोसिएशन (IGTA) के राजन सहगल, प्रसिद्ध शेफ मंजीत गिल, लाफ्लोरेंस वेडिंग के विक्रमजीत शर्मा, वेडिंग एंड ट्रैवल जर्नलिस्ट श्रुति सिंह, ईएसएल इवेंट्स की एकता सहगल लुल्ला, वेडिंग चैप्टर्स की ईशा अग्रवाल, कर्ली टेल्स डिजिटल मीडिया प्रा. लि. के समर ओम प्रकाश वर्मा, डिलिजेंस सॉल्यूशन्स प्रा. लि. के अनुज मदान, ज़ू मीडिया के प्रतीक गुप्ता, इंडियन एग्ज़ीबिशन इंडस्ट्री एसोसिएशन के सूरज धवन और लोटस एग्ज़ीबिशन्स एंड मार्केटिंग सर्विसेज के राजीव मल्होत्रा ने भेंट की।

प्रदेश में खेती-किसानी की तस्वीर बदलेगी और आर्थिक सम्पन्नता आएगी – मुख्यमंत्री साय

प्रदेश में खेती-किसानी की तस्वीर बदलेगी और आर्थिक सम्पन्नता आएगी – मुख्यमंत्री साय
प्रधानमंत्री ने बताया कि विकास के पैरामीटर में पिछड़ रहे जिलों के लिए केंद्रित आकांक्षी जिला योजना के माध्यम से सड़क, बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से सुधार का काम हुआ है। ठीक उसी तरह प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के तहत खेती किसानी में पिछड़े देश के 100 जिलों के लिए विशेष कार्ययोजना बनाकर काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 36 नई योजनाओं के माध्यम से किसानों की आय में वृद्धि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती दी जाएगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि युवा किसानों की भागीदारी से खेती की तस्वीर बदलेगी और किसानों की आर्थिक स्थिति और मजबूत होगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि किसानों और आने वाली पीढ़ी को सशक्त बनाने के उद्देश्य से दलहन आत्मनिर्भरता मिशन शुरू किया गया है। यह मिशन न केवल कृषि के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम है, बल्कि देश में पोषण सुरक्षा सुनिश्चित करने का भी प्रयास है। शारीरिक और मानसिक विकास के लिए प्रोटीन अत्यंत आवश्यक है और इसके लिए हमें मिलकर दलहन उत्पादन की सशक्त व्यवस्था करनी होगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में भारत अपनी दलहन आवश्यकताओं को पूर्ण रूप से पूरा नहीं कर पा रहा है। दलहन आत्मनिर्भरता मिशन से दाल उत्पादन में वृद्धि होगी और लगभग दो करोड़ दाल उत्पादक किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि बड़ी ख़ुशी की बात है कि किसान हित में दो नई योजनाओं में छत्तीसगढ़ के तीन जिलों जशपुर, कोरबा और दंतेवाड़ा को भी शामिल किया गया है। इसके लिए मैं छत्तीसगढ़ की तीन करोड़ जनता की ओर से विशेष रूप से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रति आभार व्यक्त करता हूं। उन्होंने इन दो नई योजनाओं के लिए प्रदेश के किसानों को बधाई और शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इन योजनाओं से खेती-किसानी की तस्वीर बदलेगी और आर्थिक सम्पन्नता भी आएगी। मुख्यमंत्री साय ने योजनाओं के शुभारंभ के अवसर पर कृषि विभाग द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया और कृषि अभियांत्रिकी सब मिशन योजना के तहत किसानों को टैªक्टरों, कृषि उपकरणों की चाबी भी सौपी और अनुदान राशि का चेक प्रदान किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने टैक्टर पर बैठकर किसानों का उत्साहवर्धन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान का बोलबाला है। जीएसटी में बड़ा रिफॉर्म हुआ है। जीएसटी रिफॉर्म के बाद एक दिन मैं एक ट्रैक्टर शो रूम में गया, यहां आकर मुझे पता चला कि एक ट्रैक्टर के पीछे 40,000 से 60,000 तक की राशि बचत हो रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्टॉल देखने के दौरान यहां मुझे एक किसान भाई मिले जिन्होंने हार्वेस्टर खरीदा, उन्हें एक लाख रुपए से भी अधिक की भी बचत का फ़ायदा मिला। यह देखकर बड़ी ख़ुशी होती है कि हमारे किसान भाइयों को इतना फायदा मिल रहा है।
श्री साय ने बताया कि सरकार छत्तीसगढ़ में किसानों के विकास के लिए लगातार प्रयासरत है। किसानों से किया हर वादा हमने पूरा कर दिया है। 3100 रुपए प्रति क्विंटल में धान की खरीदी, दो साल का बकाया बोनस भुगतान किया। उन्होंने बताया कि हमारी सरकार ने किसानों को प्राथमिकता में लेते हुए राज्य में 1500 से अधिक सिंचाई योजनाओं को दुरुस्त करने के लिए एकमुश्त 2800 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान की। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में कृषि योजनाओं के मजबूतीकरण के लिए कई अहम कार्य हुए। किसान क्रेडिट कार्ड इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में ज्यादातर सीमांत किसान हैं, उन्हें सरकार की कृषि हितैषी योजनाओं का बड़ा लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के कल्याण के लिए सतत प्रयासरत है और यह योजना उसी दिशा में एक ठोस पहल है।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष चन्द्रहास चंद्राकर, मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष भरत मटियारी और गौ-सेवा आयोग के अध्यक्ष विशेषर सिंह पटेल, जिला पंचायत रायपुर के अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, सदस्य सौरभ साहेब, कृषि उत्पादन आयुक्त शहला निगार, रायपुर कलेक्टर गौरव सिंह, कृषि संचालक राहुल देव, राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम एमडी अजय अग्रवाल, उद्यानिकी विभाग के संचालक एस. जगदीशन राव, मत्स्य विभाग के संचालक नाग सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं किसान बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

दूसरे सेशन का खेल समाप्त, वेस्टइंडीज का चायकाल तक पहली पारी में स्कोर 26/1

दूसरे सेशन का खेल समाप्त, वेस्टइंडीज का चायकाल तक पहली पारी में स्कोर 26/1
भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरा और आखिरी मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जा रहा है। इस टेस्ट मैच के दूसरे दिन चायकाल तक वेस्ट इंडीज ने पहली पारी में एक विकेट पर 26 रन बनाए हैं और वह अभी 492 रन पीछे चल रही है। क्रीज़ पर तेजनारायरण चंद्रपॉल 13 और एलिक एथनाज़ 2 रन बनाकर खेल रहे हैं।

वेस्टइंडीज ने जॉन कैम्पबेल के रूप में पहला विकेट गंवाया है जो 10 रन बनाकर आउट हुए। जडेजा की गेंद पर कैम्पबेल ने शॉट खेला और सामने ही साई सुदर्शन खड़े थे। गेंद सुदर्शन के हाथ में आई और इसे देखकर कैम्पबेल सहित सभी खिलाड़ी चौंक गए। सुदर्शन इस दौरान चोटिल भी हुए, लेकिन भारत को पहला विकेट दिलाने में सफल रहे।

इससे पहले भारत ने अपनी पहली पारी 518/5 के स्कोर पर घोषित कर दी। भारत की ओर से इस पारी में सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के अलावा कप्तान शुभमन गिल ने शतक लगाए। मुकाबले में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल ने पहले विकेट के लिए 58 रन जोड़े। राहुल 38 रन बनाकर आउट हुए।

इसके बाद जायसवाल ने साई सुदर्शन के साथ दूसरे विकेट के लिए 193 रन जुटाते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। सुदर्शन 87 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद जायसवाल ने गिल के साथ तीसरे विकेट के लिए 74 रन जोड़े। जायसवाल ने 258 गेंदों में 22 चौकों के साथ 175 रन बनाए। वह रन आउट होकर अपना तीसरा दोहरा शतक लगाने से चूक गए।

इसके बाद कप्तान गिल ने नितीश रेड्डी के साथ चौथे विकेट के लिए ताबड़तोड़ 91 रन जुटाते हुए टीम को 400 के पार पहुंचा दिया। नितीश ने 54 गेंदों में 2 छक्कों और 4 चौकों के साथ 43 रन की पारी खेली। यहां से एक और शानदार साझेदारी देखने को मिली। गिल ने ध्रुव जुरेल के साथ पांचवें विकेट के लिए 102 रन जोड़ते हुए टीम को 500 के पार पहुंचाया।

134.2 ओवर में ध्रुव जुरेल (44) रोस्टन चेज की गेंद पर आउट हुए, जिसके तुरंत बाद कप्तान ने पारी घोषित कर दी। गिल 196 गेंदों में 2 छक्कों और 16 चौकों के साथ 129 रन बनाकर नाबाद रहे। यह बतौर कप्तान उनका पांचवां शतक रहा। वेस्टइंडीज की ओर से जोमेल वारिकन ने 98 रन देकर सर्वाधिक 3 विकेट झटके, जबकि कप्तान रोस्टन चेज ने एक विकेट अपने नाम किया। भारतीय टीम सीरीज का पहला मैच पारी और 140 रन से अपने नाम कर चुकी है। ऐसे में टीम इंडिया इस मुकाबले को जीतकर 2-0 से क्लीन स्वीप करना चाहेगी।

अफगान विदेश मंत्री की प्रेस कॉन्फ्रेंस में महिलाओं की ‘नो-एंट्री’

अफगान विदेश मंत्री की प्रेस कॉन्फ्रेंस में महिलाओं की ‘नो-एंट्री’
सहारनपुर : जमीयत उलेमा-ए-हिंद के चीफ मौलाना अरशद मदनी ने अफगानिस्तान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी की प्रेस कॉन्फ्रेंस में महिला पत्रकारों की ‘नो-एंट्री’ के दावों को प्रोपेगेंडा करार दिया है। मदनी ने दावा किया कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में महिलाओं की मनाही नहीं थी।

मौलाना अरशद मदनी ने अफगानिस्तान के विदेश मंत्री के साथ मुलाकात के बाद मीडिया से बात की। महिलाओं से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि महिलाओं की तालीम को लेकर हमारी कोई बात नहीं हुई है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में महिलाओं की ‘नो-एंट्री’ विवाद पर उन्होंने कहा, ‘यह बिल्कुल गलत है। यह प्रोपेगेंडा है। इत्तेफाक की बात है कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में केवल मर्द थे, औरतें नहीं थीं, लेकिन महिलाओं को आने के लिए मना नहीं किया गया था।’

आमिर खान मुत्ताकी से मुलाकात पर जमीयत उलेमा-ए-हिंद के प्रमुख ने कहा, ‘अफगानिस्तान के साथ हमारे सदियों पुराने रिश्ते हैं। वहां से कई लोग यहां आए हैं और यहां से कई लोग वहां गए हैं।’

मौलाना मदनी ने कहा, ‘मैंने उनसे (आमिर खान मुत्ताकी) कहा कि जिस तरह आपने बड़ी ताकतों को हराकर अपना शासन स्थापित किया, वह आपने भारत से सीखा है और उन्होंने इससे इनकार नहीं किया। हमने उनका स्वागत किया और कहा कि आपको हमारा संदेश अपने साथ ले जाना चाहिए। मैंने उनसे कहा कि यह मुलाकात दर्शाती है कि भारत के मुसलमानों और दारुल उलूम देवबंद के आपके साथ कितने गहरे रिश्ते हैं।’

मौलाना अरशद मदनी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘मैंने उनसे कहा कि आपसे हमारा रिश्ता सिर्फ अकादमिक ही नहीं, बल्कि भारत की आजादी से भी जुड़ा है। हमारे पूर्वजों ने आजादी की लड़ाई के लिए अफगानिस्तान की धरती को चुना था। जब हमने ब्रिटेन को हराया था, तब आपने (अफगानिस्तान) हमसे यह सीखा था कि यह कैसे किया जाता है।’

राजवीर जवंदा के बाद एक और पंजाबी लोक गायक गुरमीत मान का हुआ निधन

राजवीर जवंदा के बाद एक और पंजाबी लोक गायक गुरमीत मान का हुआ निधन
पंजाबी संगीत जगत में अपनी खास पहचान बनाने वाले फेमस लोक गायक गुरमीत मान का निधन हो गया है। इससे पहले राजवीर जवंदा के निधन की खबर ने इंडस्ट्री को सदमे में डाल दिया था। अब गुरमीत मान की मौत से उनके फैंस और संगीत प्रेमी सदमे में हैं, और उनके जाने का शोक हर कहीं पसरा हुआ है।

दरअसल, वो पंजाब के रोपड़ जिले के रहने वाले थे और अपने गानों के साथ-साथ पंजाब पुलिस में भी सेवाएं दे रहे थे। उनकी मौत से संगीत प्रेमियों में शोक की लहर दौड़ गई है।

राजवीर जवंदा के बाद एक और पंजाबी लोक गायक गुरमीत मान निधन
दरअसल, गुरमीत मान ने कई सालों तक पंजाबी संस्कृति को अपनी गायकी के माध्यम से जीवंत रखा। वो प्रीत पायल के साथ अपने प्रसिद्ध डुएट के लिए पूरे पंजाब में जाने जाते थे।

उनके गीतों की मधुरता और लोकधुनें आज भी गांव-गांव में सुनी जाती हैं। इन गीतों ने कई पीढ़ियों का मनोरंजन किया और पंजाबी संगीत के परंपरागत स्वरूप को जिंदा रखा था। साथ ही उनकी आवाज की खासियत और उनका संगीत उन्हें सबसे अलग बनाता था। उनकी सरलता और सादगी थी, जिसने सुनने वालों का दिल छू लिया।

दिव्यांगजन अपने आप को कम न आंके, परमात्मा ने आपको विशिष्ट शक्तियां प्रदान की है : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

दिव्यांगजन अपने आप को कम न आंके, परमात्मा ने आपको विशिष्ट शक्तियां प्रदान की है : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को कालिदास अकादमी परिसर में दिव्यांगजनों के लिए आयोजित उपकरण वितरण शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि दिव्यांगजन अपने आप को कम न आंके परमात्मा ने आपको विशिष्ट शक्तियां प्रदान की हैं। महर्षि अष्टावक्र भी दिव्यांग थे लेकिन शास्त्रार्थ में उन्हें कोई भी पराजित नहीं कर सकता था वे अत्यंत विद्वान थे। ईश्वर यदि हमें कोई कमजोरी देता है तो साथ ही विशिष्ट शक्ति भी प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि सेवा सप्ताह के अंतर्गत दिव्यांगजनों को उपकरण वितरित किए जा रहे हैं। यह मानव सेवा भी है और एक प्रकार का आत्मिक सुख भी। सभी उपकरणों का अपने आप में बहुत महत्व होता है। श्रवण यंत्र का उपयोग करने के बाद श्रवण शक्ति का आभास होता है। इससे अत्यंत सुखद अनुभव होता है। हमारा शरीर ब्रह्मांड का स्वरुप है। नर सेवा भी वास्तविक अर्थों में ईश्वर की सेवा है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन विशिष्ट शक्तियों को पहचानें, कठोर परिश्रम करें और जीवन में सफलता प्राप्त करें।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी दिव्यांगजनों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने दिव्यांगजनों को स्कूटी, स्पेशलाईज्ड ट्राइसिकल, वाकिंग स्टीक्स वितरित की। उन्होंने कहा कि मोटराइज्ड व्हीलचेयर और स्कूटी मिलने से दिव्यांग भाइयों और बहनों को रोजगार में सहायता होगी और उनके दैनिक जीवन में कार्य करने में सरलता आयेगी।

इस अवसर पर सांसद अनिल फिरोजिया ने कहा कि किसानों के हित के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निर्देश पर फसल क्षति पर राहत राशि दी जा रही हैं और कृषकों को फसल का उचित भाव दिलाने के लिए भावांतर योजना की भी शुरुआत की गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्व. भूरेलाल फिरोजिया की स्मृति और सामाजिक शोध संस्थान द्वारा आयोजित सेवा कार्यक्रम में 146 दिव्यांग हितग्राहियों को 1 करोड़ 25 लाख रुपए की राशि से इलेक्ट्रिक स्कूटर, कान की मशीन, वॉकिंग स्टीक, व्हीलचेयर आदि उपकरण वितरण किए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मानव सेवा के लिए जिले की 6 नगर परिषदों माकडोन, उन्हेल, नागदा, खाचरौद, तराना और बड़नगर को शव वाहन भी वितरण किये। इलेक्ट्रिक स्कूटर चालकों को मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने चाबी सौंपी और हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीप प्रज्ज्वलन कर की। कार्यक्रम का आभार सुदर्शन ने माना। इस अवसर पर विधायक सतीश मालवीय, नगर निगम सभापति कलावती यादव, संजय अग्रवाल, राजेंद्र भारती और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

एसटी, एससी, ओबीसी, अल्पसंख्यक तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों के लिए नई सुविधा

एसटी, एससी, ओबीसी, अल्पसंख्यक तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों के लिए नई सुविधा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर राज्य के शैक्षणिक संस्थानों, आश्रम-छात्रावासों और तकनीकी एवं प्रोफेशनल पाठ्यक्रम में पढ़ाई करने वाले अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को शिष्यवृत्ति एवं छात्रवृत्ति का भुगतान अब उनके बैंक खाते में ऑनलाईन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री साय ने आज मंत्रालय, महानदी भवन में आयोजित कार्यक्रम में इन वर्गों के 1.98 लाख विद्यार्थियों के बैंक खातों में 84.66 करोड़ रूपए की शिष्यवृत्ति एवं छात्रवृत्ति ऑनलाईन अंतरित की।

प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने बताया कि प्री. मैट्रिक, पोस्ट मैट्रिक छात्रवृति तथा शिष्यवृत्ति भुगतान के लिए नयी व्यवस्था में माह जून, सितंबर, अक्टूबर एवं दिसंबर में विद्यार्थियों को ऑनलाईन भुगतान किया जाएगा। इस पहल से छात्रों को शैक्षणिक अध्ययन के दौरान होने वाली आर्थिक समस्या से निजात मिलेगी। छात्रवृत्ति पहले विद्यार्थियों को दिसंबर एवं फरवरी-मार्च में वर्ष में एक बार छात्रवृति एवं शिष्यवृति की राशि प्रदान की जाती थी।

प्रमुख सचिव बोरा ने बताया कि मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में सुशासन की दिशा में लगातार हो रहे इन प्रयासों से शासन-प्रशासन को पूर्व की तुलना में अपेक्षाकृत अधिक जवाबदेही एवं पारदर्शी बनाया गया है। प्रमुख सचिव बोरा ने बताया कि मुख्यमंत्री साय के हाथों आज आश्रम-छात्रावासों के 1 लाख 86 हजार 50 विद्यार्थियों को शिष्यवृति की द्वितीय किश्त की राशि 79 करोड़ 27 लाख रूपए एवं पो. मैट्रिक छात्रवृत्ति के 12 हजार 142 विद्यार्थियों को 5 करोड़ 38 लाख 81 हजार रूपए विद्यार्थियों के बैंक खातों में राशि अंतरित की गई है।

प्रमुख सचिव बोरा ने बताया कि विद्यार्थियों को शिष्यवृत्ति और छात्रवृत्ति ऑनलाईन भुगतान की शुरूआत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के हाथों पहली बार 10 जून 2025 को की गई थी। राज्य में संचालित सभी प्री. मैट्रिक छात्रावास एवं आश्रमों को शैक्षणिक सत्र प्रारंभ होने के पूर्व ही शिष्यवृति की प्रथम किश्त राशि 77 करोड़ रूपए एवं पोस्ट मैट्रिक छात्रावासों में अध्ययनरत छात्रों हेतु भोजन सहाय की प्रथम किश्त के रूप में राशि 8.93 करोड़ रूपए, इस प्रकार कुल 85 करोड़ रूपए की राशि जारी कर एक अभिनव पहल की गई थी। साथ ही इसके दूसरे चरण में 17 जून 2025 को 8370 विद्यार्थियों को छात्रवृति की राशि 6.2 करोड़ रूपए का ऑनलाइन अंतरण किया गया था।

इस अवसर पर आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरू खुशवंत साहेब, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, आदिम जाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक विकास विभाग के आयुक्त डॉ. सारांश मित्तर भी उपस्थित थे।

गुस्साए लोगों ने जहरीला सिरप बनानेवाले रंगनाथन से धक्कामुक्की की

गुस्साए लोगों ने जहरीला सिरप बनानेवाले रंगनाथन से धक्कामुक्की की
मध्यप्रदेश में जहरीला सिरप अब तक दो दर्जन बच्चों की जान लील चुका है। कफ सिरप बनानेवाली कंपनी के मालिक रंगनाथन को पुलिस ने परासिया कोर्ट में पेश किया। इस दौरान उससे धक्कामुक्की की गई जिसमें चश्मा टूटकर गिर गया। गुस्साए लोगों ने रंगनाथन को फांसी देने के नारे भी लगाए। कोर्ट परिसर में तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। न्यायालय में ले जाने के दौरान धक्का मुक्की में रंगनाथन का चश्मा टूट कर जमीन पर गिर गया। रंगनाथन 5:40 बजे न्यायालय से बाहर आया। पुलिस उसे अपने साथ ले गई।

एडीपीओ रतन धुर्वे ने बताया कि कोर्ट ने आरोपी रंगनाथन को 10 दिन की रिमांड पर सौंपा है। उसे प्रथम श्रेणी न्यायाधीश शैलेंद्र उइके की कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने रंगनाथन की 20 अक्टूबर तक की पुलिस रिमांड स्वीकार कर ली।

कंपनी मालिक रंगनाथन ने स्वयं अपनी पैरवी की। उसने खुद को हाई बीपी और शुगर पेशेंट बताया। रंगनाथन के मुताबिक दवाई की सप्लाई 5 राज्यों में की गई लेकिन सिर्फ मप्र में नुकसान हुआ। उसे 5.19 बजे पुलिस कोर्ट में अंदर ले गई जबकि 5.40 बजे बाहर लाया गया।

अब तक दो दर्जन बच्चों की मौत
रंगनाथन की कंपनी श्रीसन फार्मास्युटिकल में बने सिरप के कारण प्रदेश में अब तक दो दर्जन बच्चों की मौत हो चुकी है।
इससे लोग आक्रोशित हैं। दवा कंपनी के मालिक रंगनाथन को पुलिस द्वारा कोर्ट में पेश करते समय गुस्साए लोगों की भीड़ ने हमले का प्रयास किया। पुलिस ने जबर्दस्त सुरक्षा घेरा बनाकर आरोपी को न्यायालय में पेश किया हालांकि भीड़ से बचने के प्रयास में आरोपी रंगनाथन का चश्मा टूट गया। लोगों ने हत्यारे को फांसी दो के नारे लगाए।

NDA में सीट बंटवारे का फार्मूला तय

NDA में सीट बंटवारे का फार्मूला तय
बिहार विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद पिछले कई दिनों से एनडीए में सीट शेयरिंग का गतिरोध दूर हो गया है। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय से बातचीत के बाद लोजपा प्रमुख चिराग पासवान भी मान गए हैं। चिराग पासवान ने कहा जहां पीएम मोदी हैं वहीं किस बात की परेशानी होगी। इसके साथ ही राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का सीट बंटवारे का फॉर्मूला लगभग तय हो गया है।

मान गए चिराग पासवान
दिल्ली में नित्यानंद राय के साथ बातचीत के बाद चिराग पासवान ने कहा है कि जहां मेरे प्रधानमंत्री हैं ,वहां मुझे सम्मान की चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि आपको जिस बात का इंतज़ार है,उसकी घोषणा जल्दी होगी। केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने कहा है कि चिराग पासवान ने जो कुछ भी कहा है वो पूरी तरह से सकारात्मक है। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) और जनता दल यूनाइटेड (JDU) अपने सहयोगी दलों के साथ सीटों के बंटवारे की तैयारी में लग गए हैं। कुछ सीटों को लेकर विवाद था गठबंधन में उसको भी दूसर कर लिया जायेगा।? सूत्रों के अनुसार, चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (LJP), जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (HAM) और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) को भी इस बंटवारे में हिस्सा मिलेगा।

सीट सेयरिंग का फार्मूला तय
सूत्रों के अनुसार BJP और JDU प्रमुख तौर पर अधिकांश सीटों पर चुनाव लड़ेंगे, जबकि LJP, HAM और RLM को उनकी क्षेत्रीय ताकत और प्रभाव के आधार पर सीटें दी जाएंगी। चर्चा है कि LJP को 20-26 सीटें और राज्यसभा का एक सीट और विधान परिषद का दो सीट मिलेगा, HAM को 5-8 सीटें और RLM को 5-7 सीटें मिल सकती हैं। हालांकि, अंतिम संख्या पर अभी औपचारिक घोषणा बाकी है। बीजेपी सूत्रों का कहना है कि हम पार्टी के प्रमुख जीतन राम से भी बात हो गई है। अब किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं है।

नीतीश कुमार के नेतृत्व में होगा चुनाव
NDA के इस सीट बंटवारे को बिहार में अपनी स्थिति मजबूत करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। गठबंधन के नेता इस बात पर जोर दे रहे हैं कि सभी सहयोगी दल एकजुट होकर चुनाव में उतरेंगे और नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में फिर से NDA की सरकार बनाएंगे।

nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...
Government welfare schemes have improved the living standards of 22 crore people

सरकारी कल्याण योजनाओं से 22 करोड़ लोगों के जीवन स्तर में सुधार, MoSPI के...

0
नई दिल्ली। भारत में सरकारी सामाजिक कल्याण योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मिलने वाली मुफ्त या रियायती वस्तुओं से उनके...