घर-घर में गौपालन को प्रोत्साहित करने और गोवंश की देखभाल के लिए जारी है अभियान : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

घर-घर में गौपालन को प्रोत्साहित करने और गोवंश की देखभाल के लिए जारी है अभियान : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से नामदेव दास त्यागी कंप्यूटर बाबा ने मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में घर-घर में गौपालन को प्रोत्साहित करने और गोवंश की देखभाल के लिए गौशालाएं स्थापित करने का अभियान चल रहा है। भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर जैसे बड़े शहरों में 5 हजार संख्या तक संख्या में गौ माताएं रखी जा सकें, इस प्रकार की गौशालाऐं स्थापित की जा रही हैं। राज्य शासन ने गौ माता के लिए अनुदान की राशि को 20 रुपए से बढ़ाकर 40 रुपए किया है। दस हजार गौ माताएं रखने की क्षमता वाली गौशालाएं स्थापित करने की दिशा में भी कार्य हो रहा है। प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को 20 प्रतिशत बढ़ाने का लक्ष्य है। हमारा प्रयास है कि मध्य प्रदेश, दुग्ध उत्पादन में देश में प्रथम हो। इस उद्देश्य से घर-घर में गौ-पालन को प्रोत्साहित किया जा रहा है। गोपालन की इस प्रकार की कई योजनाओं पर राज्य सरकार कार्य कर रही है। कंप्यूटर बाबा का भी इस दिशा में सहयोग प्राप्त होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में भगवान श्रीराम वन गमन पथ पर कार्य किया जा रहा है। साथ ही जहां-जहां भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं हुईं, उन क्षेत्रों को तीर्थ के रूप में विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इन सब गतिविधियों में भी कंप्यूटर बाबा का सहयोग प्राप्त होगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव से भेंट के बाद कंप्यूटर बाबा ने बताया कि उन्होंने गौ माता को राजमाता का दर्जा देने और प्रदेश में गौ अभयारण्य स्थापित करने का सुझाव राज्य शासन के सम्मुख विचार के लिए रखा है। कंप्यूटर बाबा ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव की गौ माता के प्रति आस्था तथा राज्य सरकार द्वारा गौ संरक्षण के लिए किया जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि संत समाज गौ संरक्षण के लिए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों के साथ है।

संतों के आशीर्वाद और जनसहयोग से छत्तीसगढ़ आगे बढ़ रहा है विकास और आस्था के मार्ग पर – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

संतों के आशीर्वाद और जनसहयोग से छत्तीसगढ़ आगे बढ़ रहा है विकास और आस्था के मार्ग पर – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
छत्तीसगढ़ की पुण्यभूमि माता कौशल्या की जन्मस्थली होने के साथ-साथ प्रभु श्रीराम का ननिहाल भी है — यह हमारे लिए परम सौभाग्य और गर्व का विषय है। प्रभु श्रीराम ने अपने चौदह वर्षों के वनवास काल का अधिकांश समय इसी पावन छत्तीसगढ़ की धरती पर व्यतीत किया, जिससे यह भूमि भक्ति, त्याग और मर्यादा की दिव्यता से आलोकित हुई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज बालोद जिले के डौंडीलोहारा विकासखंड के ग्राम बड़े जुंगेरा स्थित माँ कौशल्या धाम, जामड़ी पाटेश्वर आश्रम में आयोजित श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए यह बात कही।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने संत रामकृष्णदास महात्यागी एवं संत रामजानकीदास महात्यागी के समाधि स्थल पहुँचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने दोनों संत महापुरुषों के राष्ट्र, समाज और अध्यात्म के प्रति योगदान को नमन करते हुए कहा कि उनके त्याग, तप और सेवा से छत्तीसगढ़ की यह भूमि आज भी आलोकित है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बाबाजी तेजस्वी साधक और त्याग, सेवा व अध्यात्म के प्रतीक रहे हैं। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन लोककल्याण और मानवता की सेवा को समर्पित किया।
उन्होंने कहा कि ऐसे संतों की प्रेरणा ही हमारे समाज की आत्मा और राज्य के सांस्कृतिक गौरव की आधारशिला है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भगवान श्रीराम के ननिहाल में आकार ले रहा यह दिव्य धाम छत्तीसगढ़ की आस्था, संस्कृति और गौरव का प्रतीक बनेगा। उन्होंने संत बालक दास महात्यागी जी से भेंट कर निर्माण कार्य की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली।

इस अवसर पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वन मंत्री केदार कश्यप, सांसद भोजराज नाग, विधायक पुरंदर मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

अभिषेक शर्मा को मिला एशिया कप में धमाकेदार प्रदर्शन का इनाम

अभिषेक शर्मा को मिला एशिया कप में धमाकेदार प्रदर्शन का इनाम
एशिया कप 2025 में चमक बिखेरने वाले अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) और कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) को आईसीसी ‘पुरुष प्लेयर ऑफ द मंथ’ के लिए नामित किया गया है। इसमें सितंबर माह में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को चुना गया है, जिसमें जिम्बाब्वे के ब्रायन बेनेट भी शामिल हैं। अभिषेक शर्मा ने एशिया कप (T20 Asia Cup 2025) के दौरान शानदार फॉर्म दिखाई। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 7 टी20 मुकाबलों में 314 रन बनाए। इस दौरान अभिषेक ने तीन अर्द्धशतकीय पारियां भी खेलीं। वह टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। शानदार प्रदर्शन के चलते उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया।

कुलदीप ने गेंद से किया था कमाल
अभिषेक 931 अंकों के साथ पुरुषों के टी20 इतिहास में अब तक की सर्वोच्च बल्लेबाजी रेटिंग भी हासिल कर चुके हैं। वहीं, बाएं हाथ के स्पिनर कुलदीप यादव ने एशिया कप 2025 में 6.27 की इकॉनमी रेट से 17 विकेट हासिल किए। वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने। इस दौरान उनके बल्ले से 32 चौके और 19 छक्के देखने को मिले। कुलदीप यादव ने बांग्लादेश के विरुद्ध 18 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल मैच में 30 रन देकर 4 विकेट चटकाए।

भारत ने एशिया कप 2025 के फाइनल में पाकिस्तान को 5 विकेट से शिकस्त देकर खिताब अपने नाम किया। भारत ने इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान को 3 बार हराया। इस पूरे टूर्नामेंट में भारत अजेय रहा। जिम्बाब्वे के ब्रायन बेनेट पूरे सितंबर में शानदार फॉर्म में नजर आए। उन्होंने नौ टी20 मुकाबलों में 55.22 की औसत के साथ 497 रन जुटाए।

तीन अमेरिकी वैज्ञानिकों को क्वांटम टनलिंग की अनोखी खोज के लिए नोबेल पुरस्कार

तीन अमेरिकी वैज्ञानिकों को क्वांटम टनलिंग की अनोखी खोज के लिए नोबेल पुरस्कार
स्वीडन की राजधानी स्टॉकहोम से एक बड़ी खुशखबरी आई है। रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज ने 2025 के फिजिक्स नोबेल पुरस्कार (Nobel Prize Physics 2025) के विजेताओं के नाम घोषित कर दिए। पुरस्कार राशि 10.3 करोड़ रुपये है। दोपहर 3:15 बजे हुए ऐलान में अमेरिका के तीन प्रमुख वैज्ञानिक जॉन क्लार्क, माइकल डेवोरेट और जॉन मार्टिनिस (US Scientists Nobel Macroscopic Quantum Effects)को यह सम्मान मिला। उनकी खोज ने क्वांटम मैकेनिक्स के नियमों को नई ऊंचाई दी है, जो विज्ञान की दुनिया में एक मील का पत्थर साबित हो रही है। इन वैज्ञानिकों ने बिजली के सर्किट में एक छोटे से प्रयोग के जरिए क्वांटम मैकेनिकल टनलिंग (Quantum Tunneling Discovery) और ऊर्जा स्तरों को दिखाया। यह सर्किट इतना छोटा था कि इसे आसानी से हाथ में रखा जा सकता था। आमतौर पर क्वांटम नियम बहुत छोटे कणों जैसे इलेक्ट्रॉनों पर लागू होते हैं, जो इतने सूक्ष्म होते हैं कि सामान्य उपकरणों से नजर नहीं आते। लेकिन इनकी खोज ने पहली बार बड़े पैमाने पर, यानी मैक्रोस्कोपिक स्तर पर इन नियमों को साबित किया। यह उपलब्धि क्वांटम तकनीक के क्षेत्र में एक क्रांति ला सकती है।

दैनिक जीवन में बदलाव आएगा
इस खोज का असर क्वांटम क्रिप्टोग्राफी, क्वांटम कंप्यूटर और क्वांटम सेंसर जैसे क्षेत्रों में दिखेगा। कल्पना कीजिए, ऐसे कंप्यूटर जो आज की मशीनों से लाखों गुना तेज होंगे, या ऐसी क्रिप्टोग्राफी जो हैकिंग को असंभव बना दे। इन वैज्ञानिकों का काम भविष्य की तकनीकों को मजबूत आधार देगा, जिससे दैनिक जीवन में बदलाव आएगा। एकेडमी ने कहा कि यह पुरस्कार क्वांटम प्रभावों को समझने में उनके योगदान को मान्यता देता है।

1983 में सुब्रह्मण्यम चंद्रशेखर को मिला था पुरस्कार
गौरतलब है कि नोबेल पुरस्कार की परंपरा 1901 से चली आ रही है। अब तक भौतिकी में 118 बार पुरस्कार दिए गए हैं, जिसमें 227 वैज्ञानिक शामिल हैं। सबसे युवा विजेता 25 साल के लॉरेंस ब्रैग थे, जबकि सबसे बुजुर्ग 96 साल के आर्थर अश्किन। भारत के लिए यह श्रेणी गौरवपूर्ण रही है। सर सीवी रमन को 1930 में रमन इफेक्ट के लिए सम्मान मिला, जो प्रकाश के व्यवहार को समझाने वाली खोज थी। आज यह लेजर और मेडिकल उपकरणों में इस्तेमाल होती है। वहीं, 1983 में सुब्रह्मण्यम चंद्रशेखर को तारों के जीवन-मृत्यु की खोज के लिए पुरस्कार दिया गया। उन्होंने बताया कि बड़े तारे ब्लैक होल में बदल सकते हैं।

समारोह 10 दिसंबर को स्टॉकहोम में होगा
इस साल नोबेल सप्ताह 6 से 13 अक्टूबर तक चल रहा है। मेडिसिन श्रेणी में मैरी ई. ब्रंकॉ, फ्रेड राम्सडेल और शिमोन साकागुची को इम्यून टॉलरेंस पर रिसर्च के लिए पुरस्कार मिला। विजेताओं को 11 मिलियन स्वीडिश क्रोना (करीब 10.3 करोड़ रुपये), सोने का मेडल और प्रमाण-पत्र मिलेगा। अगर कई लोग शेयर करते हैं, तो राशि बंट जाती है। समारोह 10 दिसंबर को स्टॉकहोम में होगा, जहां अल्फ्रेड नोबेल की स्मृति में पुरस्कार बांटे जाते हैं।

भारी बारिश से तबाह किसानों के लिए फडणवीस सरकार ने खोला खजाना

भारी बारिश से तबाह किसानों के लिए फडणवीस सरकार ने खोला खजाना
महाराष्ट्र में मूसलाधार बारिश और बाढ़ से प्रभावित किसानों के लिए फडणवीस सरकार ने 31,628 करोड़ रुपये के राहत पैकेज की घोषणा की गई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजित पवार की उपस्थिति में आज मंत्रिमंडल की बैठक के बाद राज्य सरकार का अब तक का सबसे बड़ा राहत पैकेज घोषित किया। इसके तहत जिन किसानों की जमीन भारी बारिश के कारण बह गई है, उन्हें प्रति हेक्टेयर 3.47 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी।
इन किसानों को प्रति हेक्टेयर 3.50 लाख रुपये का मुआवजा

राज्य सरकार ने क्षतिग्रस्त मकानों, भूमि, खेती और पशुधन के लिए किसानों को मुआवजा देने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि जिन किसानों की जमीन पूरी तरह बह गई या बर्बाद हो गई है, उन्हें प्रति हेक्टेयर पर 47 हजार रुपये नकद और मनरेगा के माध्यम से 3 लाख रुपये अतिरिक्त सहायता दी जाएगी। कुल मिलाकर प्रति हेक्टेयर लगभग साढ़े तीन लाख रुपये की मदद प्रभावित किसानों को मिलेगी।

दुधारू पशु की मौत पर किसानों को प्रति पशु 37 हजार रुपये तक की सहायता दी जाएगी। वहीं, कीचड़ और गाद से भर चुकी कुओं की सफाई के लिए 30 हजार रुपये की मदद मिलेगी। कुक्कुट पालन करने वालों को प्रति मुर्गी 100 रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।

बारिश और बाढ़ में पूरी तरह से नष्ट या क्षतिग्रस्त घरों को दोबारा बनाने के लिए भी आर्थिक सहायता दी जाएगी। पहाड़ी इलाकों में स्थित घरों के लिए अतिरिक्त 10 हजार रुपये की मदद का प्रावधान किया गया है। छोटे दुकानदारों को 50 हजार रुपये तक की सहायता दी जाएगी। इसके अलावा, प्रभावित विद्यार्थियों को राहत देने के लिए सरकार ने परीक्षा शुल्क में पूरी छूट देने का भी निर्णय लिया है।
दिवाली से पहले खाते में आएंगे पैसे

प्रेस कांफ्रेंस के दौरान सीएम फडणवीस ने बताया कि राज्य सरकार कोशिश कर रही है कि दिवाली से पहले ही यह राशि प्रभावित किसानों के खातों में जमा कर दी जाए। उन्होंने कहा, परभणी, वाशिम, जालना, यवतमाल, छत्रपति संभाजीनगर, सोलापुर और धाराशिव जैसे जिलों में 50 से 80 प्रतिशत तक फसलें नष्ट हुई हैं। सबसे ज्यादा सोलापुर और धाराशिव में 80 प्रतिशत खेती को क्षति हुई है।

सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट

सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट
सोने की कीमतों में उच्च स्तरों पर मुनाफावसूली देखने को मिली है। मंगलवार शाम सोने का भाव लाल निशान पर ट्रेड करता दिखा। एमसीएक्स एक्सचेंज पर सोना वायदा 319 रुपये की गिरावट के साथ 1,19,930 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता दिखा। वहीं, इस समय चांदी का वायदा भाव 0.17 फीसदी या 244 रुपये की गिरावट के साथ 1,47,275 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड करता दिखा।
तनिष्क में सोने का भाव

तनिष्क मंगलवार, 7 अक्टूबर 2025 को 22 कैरेट सोना 1,12,250 रुपये प्रति 10 ग्राम में बेच रहा है। तनिष्क 18 कैरेट सोना 91,840 रुपये प्रति 10 ग्राम में बेच रहा है। वहीं, 24 कैरेट सोना 1,22,450 रुपये प्रति 10 ग्राम में बेच रहा है।

बिहार चुनाव 2025 में बुजुर्ग मतदाता बनाएंगे चुनावी समीकरण

बिहार चुनाव 2025 में बुजुर्ग मतदाता बनाएंगे चुनावी समीकरण
बिहार चुनाव 2025 की तारीखों के ऐलान के साथ ही राज्य की राजनीतिक गलियारियों में हलचल तेज हो गई है। इस बार की सबसे खास और दिलचस्प बात यह है कि राज्य में 100 साल से अधिक उम्र के 14,000 मतदाता मतदान करेंगे। ये बुज़ुर्ग मतदाता अपने अनुभव, परिपक्व दृष्टिकोण और समाज में सम्मान के कारण हर चुनाव में खास भूमिका निभाते आए हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि इस बार उनका वोट केवल प्रतीकात्मक नहीं, बल्कि कई जगह निर्णायक भी साबित हो सकता है।

राज्य में 85 साल से ऊपर के कुल 4,03,950 मतदाता हैं, वहीं 1,63,619 सेवा मतदाता और 1,725 ट्रांसजेंडर मतदाता भी अपनी राजनीतिक सक्रियता दिखाएंगे। बुज़ुर्ग मतदाता चुनाव में हिस्सा लेकर यह साबित कर रहे हैं कि उम्र सिर्फ संख्या है, मताधिकार का प्रयोग हर अवस्था में संभव है।
मतदाता आंकड़े

बिहार में कुल 243 विधानसभा क्षेत्र हैं, जिनमें से 203 सामान्य, 38 अनुसूचित जाति और 2 अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं। इस बार पहली बार 14,01,150 नए मतदाता मतदान करेंगे। 20 से 29 वर्ष के युवा मतदाता कुल 1,63,25,614 हैं, जबकि 18–19 साल की महिला मतदाताओं की संख्या 5.84 लाख है। पहली बार पंजीकृत मतदाताओं की संख्या 4.19 लाख है, जो यह दर्शाता है कि युवा ऊर्जा भी इस चुनाव में निर्णायक भूमिका निभाने वाली है।

राजनीतिक दलों के लिए यह चुनौती है कि युवा मतदाताओं और बुज़ुर्ग मतदाताओं दोनों की प्राथमिकताओं को समझें। बुज़ुर्ग अनुभव और परिपक्व दृष्टिकोण लाते हैं, जबकि युवा मतदाता नई सोच, डिजिटल सक्रियता और सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी ताकत दिखाते हैं।
बिहार चुनाव 2025 की तैयारी

इस बार बिहार में कुल 90,712 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। शहरी क्षेत्रों में 13,911 और ग्रामीण क्षेत्रों में 76,801 केंद्र होंगे। प्रति केंद्र औसतन 818 मतदाता होंगे। चुनाव आयोग ने विशेष ध्यान दिया है कि दूरदराज के इलाकों में भी हर मतदाता तक मतदान दल पहुंचे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने परासिया में प्रभावित परिवारों के घर जाकर की मुलाकात

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने परासिया में प्रभावित परिवारों के घर जाकर की मुलाकात
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छिंदवाड़ा जिले के परासिया में कफ सिरप के सेवन से हुई मासूम बच्चों की असामयिक मृत्यु की घटना पर अत्यंत संवेदनशील कदम उठाते हुए पूर्व में तय अपने सभी कार्यक्रम निरस्त कर सोमवार को छिंदवाड़ा के परासिया पहुंचे और मृत बच्चों के परिजनों से उनके घर जाकर मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजन से भेंटकर गहन दु:ख व्यक्त कर उन्हें ढांढस बंधाया और भरी आंखों से अपनी आत्मीय संवेदनाएं व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव की मौजूदगी ने शोक संतप्त परिजन को एक भावनात्मक संबल दिया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने परासिया क्षेत्र की नगर परिषद न्यूटन पहुंचकर मासूम को खोने वाले खान परिवार और ग्राम बेलगांव के डेहरिया परिवार से मुलाकात की। मुख्यमंत्री बाद में परासिया मुख्यालय पहुंचे और वहां खान परिवार, ग्राम दीघावानी के यदुवंशी परिवार और उमरेठ के सोनी परिवार से मुलाकात की। संवेदनशील मुख्यमंत्री डॉ. यादव ग्राम बड़कुही पहुंचकर यहां के ठाकरे परिवार, ग्राम सेठिया के पिपरे परिवार और ग्राम इकलेहरा के उईके परिवार से मुलाकात कर उनके दुःख में शामिल हुए और शोक संतप्त परिजन के आंसू पोछते हुए कहा कि यह सिर्फ आपकी नहीं, मेरी और हम सबकी पीड़ा है। आपके बच्चों का दुख मेरा भी है। वेदना की इस घड़ी में मैं, और पूरी सरकार आपके साथ है। उन्होंने कहर कि सभी दोषियों पर कड़ी कार्यवाही की जा रही है।

न्यूटन में खान परिवार की पीड़ित माता आफरीन, जिन्होंने अपना 5 वर्ष का बेटा खोया है, मुख्यमंत्री को अपने समक्ष देखकर रो पड़ी। उन्होंने कहा कि हम अपने बच्चे को तो नहीं बचा पाए, लेकिन अभी जो बच्चे अस्पताल में भर्ती हैं, यदि वे बच जाएंगे, तो हमारे दिल को बड़ी दिलासा मिलेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दुर्घटना अत्यंत ही दुखद और हृदयविदारक है। मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाया कि सबको न्याय मिलेगा। घटना के दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति या संस्था इस हादसे के लिए जिम्मेदार हैं, उन्हें कठोरतम दंड दिलाया जाएगा। आज ही दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्यवाही की गई है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भारतीय खिलाड़ियों को दी बधाई

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भारतीय खिलाड़ियों को दी बधाई
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप: 2025 में ऐतिहासिक प्रदर्शन करने पर भारतीय खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने 6 स्वर्ण पदक सहित कुल 22 पदक जीत कर अभूतपूर्व कीर्तिमान स्थापित किया जाना अभिनंदनीय है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना करते हुए कहा कि अपने खेल कौशल से खिलाड़ी ऐसे ही विश्व स्तर पर देश को गौरवान्वित करते रहें।

छिंदवाड़ा सिरप कांड के बाद एक्शन में सरकार, प्रदेश में हर 7 दिन में मिल रही मिलावटी दवा

छिंदवाड़ा सिरप कांड के बाद एक्शन में सरकार, प्रदेश में हर 7 दिन में मिल रही मिलावटी दवा
भोपाल : मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा में जहरीली दवा से बच्चों की मौत की घटना ने सभी को सकते में डाल दिया है. घटना के बाद जागी सरकार अब लगातार कार्रवाई कर रही है, लेकिन मध्यप्रदेश में अमानक दवाओं का मामला नया नहीं है. मध्यप्रदेश के सरकारी अस्पतालों में मिलने वाली दवाएं भी सैंपल में अमानक पाई जा चुकी हैं. पिछले करीब 4 सालों के दौरान प्रदेश में जांच के दौरान 229 दवाएं अमानक पाई जा चुकी हैं. यानी जांच के दौरान हर हफ्ते औसतन एक दवा का नमूना घटिया मिला है.

हालांकि, छिंदवाड़ा की घटना के बाद सरकार एक्शन में है. सरकार द्वारा जानलेवा कोल्ड्रिफ कफ सिरप पर बैन के बाद दो और दवा के सैंपल अमानक मिले हैं.

प्रदेश में लगातार मिल रही अमानक दवाएं
मध्यप्रदेश में सरकारी हॉस्पिटलों में सप्लाई होने वाली दवाओं की सैंपलिंग की जाती है. प्रदेश के फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन द्वारा इन दवाओं की सैंपलिंग की जाती है. प्रदेश में पिछले करीबन चार साल के दौरान इन दवाओं के सैंपलिंग के नतीजे चौंकाने वाले हैं. प्रदेश में जांच के दौरान 229 दवाएं अमानक पाई जा चुकी हैं. साल 2025 में ही 1 अप्रेल से 30 जून 2025 के बीच इस तरह की 22 दवाओं के नमूने फेल हो चुके हैं. इसकी जानकारी राज्य सरकार ने ही हाल ही में विधानसभा सत्र में दी है.

विधानसभा में दी गई थी ये जानकारी
विधानसभा में स्वास्थ्य व चिकित्सा शिक्षा मंत्री राजेन्द्र शुक्ला ने बताया था कि प्रदेश में अप्रेल 2021 से जून 2025 के दौरान लैबोरेटरीज में जांच के दौरान 229 दवाओं के नमूने अमानक पाए गए हैं. साल 2021-22 के दौरान 44 दवाओं के नमूने अमानक पाए गए थे. साल 2022-23 के दौरान 46 दवाओं के नमूने अमानक पाए गए, साल 2023-24 के दौरान 25 दवाओं के नमूने अमानक पाए गए और साल 2024-25 के दौरान 92 नमूने अमानक पाए गए. इसके बाद 60 लाइसेंस रद्द किए गए, जबकि चार मामलों में चेतावनी जारी की गई. वहीं, 19 को शो कॉज नोटिस दिया गया.

nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...
Government welfare schemes have improved the living standards of 22 crore people

सरकारी कल्याण योजनाओं से 22 करोड़ लोगों के जीवन स्तर में सुधार, MoSPI के...

0
नई दिल्ली। भारत में सरकारी सामाजिक कल्याण योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मिलने वाली मुफ्त या रियायती वस्तुओं से उनके...