पाकिस्तान ने दिखाया असली चेहरा, आतंकियों के परिवारों को देंगे फाइनल का पैसा

पाकिस्तान ने दिखाया असली चेहरा, आतंकियों के परिवारों को देंगे फाइनल का पैसा
एशिया कप 2025 फाइनल में भारत से पांच विकेट से हारने के बाद पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा का बयान एक बार फिर विवादों में है। सलमान ने न सिर्फ भारतीय टीम के ‘नो हैंडशेक’ फैसले को क्रिकेट का अपमान बताया बल्कि प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में चौंकाने वाला एलान करते हुए कहा कि पूरा मैच फीस उन परिवारों को दान किया जाएगा जो ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में मारे गए। यानी पाकिस्तानी खिलाड़ी आतंकियों के परिवारों को मैच फीस देंगे, क्योंकि भारत के ऑपरेशन सिंदूर में केवल पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर स्थित आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया था और उसमें 100 से ज्यादा आतंकियों को मार गिराया गया था।

आतंकी मसूद अजहर भी होगा मालामाल?
ऐसे में पाकिस्तान कप्तान का यह बयान उनका असली चेहरा दिखाता है। इस एलान से पाकिस्तान में मौजूद आतंकी मसूद अजहर भी मालामाल हो जाएगा। दरअसल, ऑपरेशन सिंदूर में आतंकी मसूद अजहर के परिवार के कई सदस्य मारे गए थे। सलमान आगा ने कहा, ‘हमारी टीम एशिया कप फाइनल की मैच फीस को मई में भारत के हमलों में मारे गए नागरिकों और बच्चों के परिवारों को दान कर रही है।’

सलमान का बेतुका बयान
फाइनल के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में सलमान अली आगा ने बेतुका बयान देते हुए कहा, ‘भारत ने इस टूर्नामेंट में जो किया, वह बहुत निराशाजनक था। वे हमें नहीं बल्कि क्रिकेट को अनादर कर रहे हैं। अच्छी टीमें ऐसा नहीं करतीं।’ सलमान का इशारा भारतीय खिलाड़ियों के पाकिस्तान टीम से हाथ न मिलाने और प्री-फाइनल फोटोशूट में शामिल न होने की ओर था। उन्होंने कहा कि खेल में औपचारिकताएं पूरी करना जरूरी होता है।

सूर्यकुमार पर बचकाने आरोप
सलमान ने भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव पर बेतुका आरोप लगाते हुए कहा कि वे निजी तौर पर हाथ मिलाते हैं, लेकिन कैमरों के सामने अलग व्यवहार करते हैं। सलमान का एक झूठ भी सामने आया है। दरअसल, सलमान ने टूर्नामेंट के शुरू में कैप्टेंस मीट का जिक्र किया और कहा, ‘उन्होंने टूर्नामेंट की शुरुआत में मेरे साथ हाथ मिलाया, लेकिन पब्लिक में, कैमरों के सामने वे ऐसा नहीं करते। मुझे लगता है कि यह उनका निजी फैसला नहीं है, बल्कि उन्हें निर्देश दिए गए हैं।’ जबकि सच तो ये है कि भारतीय कप्तान ने आगा से कभी हाथ मिलाया ही नहीं। इसको लेकर खबरें भी सामने आई थीं।

ट्रॉफी विवाद पर PAK कप्तान का बचाव
सलमान ने एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) अध्यक्ष मोहसिन नकवी की शर्मनाक हरकतों का बचाव करते हुए भी दिखे। आश्चर्य की बात यह है कि सलमान यहां ये भूल गए कि नकवी पीसीबी अध्यक्ष नहीं, बल्कि एसीसी प्रमुख के तौर पर वहां थे। अपने पद की गरिमा रखना नकवी का काम था। सलमान ने कहा कि भारत ने ट्रॉफी लेने से इनकार किया इसलिए नकवी उसे लेकर चले गए। उन्होंने कहा, ‘आप ट्रॉफी नहीं लेंगे तो वो आपको कैसे देंगे? जो हुआ, वह उसी का नतीजा था।

आतंक और आतंकियों के साथ खड़ा पाकिस्तान
सबसे बड़ा विवाद तब खड़ा हुआ जब प्रेस कॉन्फ्रेंस के आखिर में सलमान अली आगा ने एलान किया कि ‘पूरी पाक टीम की मैच फीस उन परिवारों को दी जाएगी जो ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में मारे गए।’ सोशल मीडिया पर इस बयान को लेकर बवाल मच गया है। भारतीय फैंस लिख रहे हैं कि पाकिस्तान ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वह आतंक के खिलाफ नहीं बल्कि आतंक के साथ खड़ा है।

हाईकोर्ट ने दुष्कर्म के आरोपी को जमानत देने से इनकार किया

हाईकोर्ट ने दुष्कर्म के आरोपी को जमानत देने से इनकार किया
कर्नाटक उच्च न्यायालय ने दुष्कर्म के एक आरोपी को जमानत देने से इनकार कर दिया। अपने फैसले के पक्ष में उच्च न्यायालय ने मनुस्मृति और महात्मा गांधी का हवाला दिया और इस बात पर जोर दिया कि महिलाओं की गरिमा की सुरक्षा किए जाने की जरूरत है। मामला बिहार के बांका की एक 19 वर्षीय जनजातीय वर्ग की युवती के दुष्कर्म से जुड़ा है। पीड़िता के परिजन केरल के इलायची के बगानों में काम करते हैं और पीड़िता बीती 2 अप्रैल को अपने चचेरे भाई के साथ केरल से बंगलूरू के केआर पुरम रेलवे स्टेशन पहुंची थी।

क्या है मामला
अभियोजन पक्ष के अनुसार, पीड़िता अपने चचेरे भाई के साथ महादेवपुरा इलाके में खाना खाने जा रही थी, उसी दौरान दो लोगों ने स्टेशन के नजदीक ही उन्हें पकड़ लिया। अभियोजन पक्ष के अनुसार, एक आरोपी ने पीड़िता के चचेरे भाई को पकड़ा और दूसरे ने पीड़िता से दुष्कर्म किया। पीड़िता की चीखें सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया।

अभियोजन पक्ष ने जमानत का विरोध करते हुए दी ये दलील
उच्च न्यायालय में बचाव पक्ष ने दलील दी कि याचिकाकर्ता को गलत तरीके से इस मामले में फंसाया गया है और याचिकाकर्ता की इस दुष्कर्म मामले में कोई सीधी भूमिका नहीं है। हालांकि अभियोजन पक्ष ने कहा कि याचिकाकर्ता ने पीड़िता के चचेरे भाई को पकड़ा, जिससे चचेरा भाई अपनी बहन के साथ दुष्कर्म का विरोध नहीं कर सका। मामले की सुनवाई के दौरान जस्टिस एस रचैया ने कहा कि पीड़िता के मन पर इस घटना का असर जीवन भर रहेगा और यह घटना उसके जीवन पर एक धब्बा रहेगी। पीड़िता के लिए दुष्कर्म की इस घटना से उबरना भी बेहद मुश्किल होगा।

पीठ ने मनुस्मृति और महात्मा गांधी के शब्दों का किया जिक्र
पीठ ने मनुस्मृति के एक श्लोक का हवाला देते हुए कहा कि ‘जहां महिलाओं का सम्मान होता है, वहां देवता वास करते हैं और जहां उनका अपमान होता है, वहां सभी कर्मों का महत्व कम हो जाता है।’ जस्टिस रचैया ने महात्मा गांधी के शब्दों को भी दोहराया कि ‘जिस दिन महिलाएं सड़कों पर रात में आजादी से घूम सकेंगी, उस दिन हम कह सकते हैं कि भारत को आजादी मिल गई है।’

पीएम मोदी की तारीफ मिलने पर नौसेना की महिला अधिकारियों ने जताई खुशी

पीएम मोदी की तारीफ मिलने पर नौसेना की महिला अधिकारियों ने जताई खुशी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 126वें एपिसोड में भारतीय नौसेना के अभियान ‘नाविक सागर परिक्रमा’ की खूब तारीफ की और इसे अंजाम देने वाली महिला नौसेना अधिकारियों की बहादुरी को सराहा। जिस पर नाविक सागर परिक्रमा अभियान को सफलतापूर्वक पूरा करने वाली लेफ्टिनेंट कमांडर डिलना के और लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा ए ने पीएम मोदी की सराहना पर खुशी जाहिर की और इसे गौरवपूर्ण पल बताया।

नौसेना की जांबाज अधिकारियों ने कहा- ये उनके लिए गौरवपूर्ण पल
मन की बात कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा कि ‘भारतीय नौसेना की दो जांबाज महिला अधिकारियों ने नाविक सागर परिक्रमा अभियान के दौरान बहादुरी और समर्पण का परिचय दिया। मैं मन की बात के श्रोताओं को उनके बारे में बताना चाहता हूं कि वे हैं लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा ए और लेफ्टिनेंट कमांडर डिलना के।’ पीएम मोदी से तारीफ मिलने पर लेफ्टिनेंट कमांडर डिलना के ने कहा कि ‘यह उनके और उनकी साथी अधिकारी लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा ए के लिए गौरवपूर्ण पल है कि पीएम मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में उनकी उपलब्धि का जिक्र किया।’

उन्होंने कहा कि ‘पीएम मोदी द्वारा उनकी तारीफ करना ये दर्शाता है कि देशवासी अपने देश का प्रतिनिधित्व करने वालों और भारतीय सशस्त्र बलों की कितनी कद्र करते हैं। हमें देश के हर कोने में जाने का मौका मिला और हमने अपने अनुभव साझा कर बताया कि अगर आप अपने शरीर, दिमाग और आत्मा के साथ कोई काम करते हैं तो कोई भी सपना असंभव नहीं है।’

देश का प्रतिनिधित्व करना सम्मान की बात
लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा ए ने भी कहा कि ‘पीएम मोदी द्वारा मन की बात कार्यक्रम में उनकी तारीफ किए जाने से वह बेहद गौरवान्वित महसूस कर रही हैं। प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में बड़े ध्यान से हमारी बात सुनी। जब हमें ये पता चला कि वे हमारे बारे में जानकार रोमांचित थे तो हमें बेहद खुशी हुई। दुनिया के सबसे अलग-थलग स्थानों पर अपने देश और भारतीय नौसेना का प्रतिनिधित्व करके हमें बहुत खुशी मिली और हम इससे गौरवान्वित हैं।’

कब है अष्टमी और नवमी

कब है अष्टमी और नवमी
शारदीय नवरात्रि का पर्व देवी दुर्गा के नौ रूपों की उपासना का विशेष समय है। हर दिन मां के एक अलग स्वरूप की पूजा की जाती है। व्रत और उपवास करने वाले भक्तों के लिए यह जानना बहुत महत्वपूर्ण होता है कि आज कौन सा नवरात्र है और अष्टमी तथा नवमी कब पड़ रही हैं। साल 2025 में नवरात्रि की शुरुआत 22 सितंबर से हुई है और इस बार यह 10 दिनों की है। कोई एक तिथि दो दिन मनाई जाने के कारण नवरात्र 10 दिन की हो गई। हालांकि अब लोग असमंजस में हैं कि अष्टमी और नवमी कब मनाई जाएगी। वहीं आज नवरात्रि का कौन सा दिन है।

29 सितंबर 2025 को कौन सा नवरात्र?
भले ही आज 29 सितंबर 2025 सोमवार को नवरात्रि का आठवां दिन है, लेकिन नवरात्र की सप्तमी तिथि है। दरअसल इस बार तृतीय और चतुर्थ नवरात्रि तिथि दो दिन पड़ी। 26 सितंबर को चतुर्थ तिथि मनाई जाने के कारण आज सप्तमी तिथि है।

कब है अष्टमी तिथि?
30 सितंबर को अष्टमी मनाई जाएगी, जिसे महाअष्टमी या दुर्गाष्टमी भी कहा जाता है। इस दिन मां महागौरी की पूजा-अर्चना की जाती है। भक्त कन्या पूजन का आयोजन करते हैं और मां दुर्गा से आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। जो लोग अष्टमी का उपवास करते हैं, वह 30 सितंबर को व्रत रख सकते हैं और 1 अक्तूबर 2025 को उपवास खोल सकते हैं।

कब है नवमी तिथि?
चूंकि कल यानी 30 सितंबर को दुर्गाष्टमी है, तो 1 अक्तूबर 2025 को नवमी तिथि पड़ेगी। महानवमी पर मां सिद्धिदात्री का पूजन किया जाता है। कन्या पूजन के बाद हवन करके उपवास खोलते है। इसके अगले दिन यानी 2 अक्तूबर को दशहरा मनाया जा रहा है। दशहरा पर सिंदूर खेला, दुर्गा पूजा का विसर्जन आदि भी किया जाता है।

‘होमबाउंड’ के ऑस्कर चयन की खबर सुनकर भावुक हो गए थे ईशान

‘होमबाउंड’ के ऑस्कर चयन की खबर सुनकर भावुक हो गए थे ईशान
नीरज घेवान की फिल्म ‘होमबाउंड’ का ऑस्कर के लिए चयन होना हर किसी के लिए खुशी की बात है। इस खुशी से फिल्म के अभिनेता ईशान खट्टर भावुक हो उठे।

जब आपको यह फिल्म ऑफर हुई तो पहली प्रतिक्रिया क्या थी?
करण जौहर ने मुझे बहुत समय बाद फोन किया। ‘धड़क’ के बाद यह मेरी दूसरी फिल्म है धर्मा प्रोडक्शन के साथ। उन्होंने बताया कि यह फिल्म नीरज घेवान बना रहे हैं। नीरज एक डायरेक्टर हैं जिन्हें मैं पिछले 10 साल से बहुत एडमायर करता हूं। ‘मसान’ देखने के बाद से ही मेरा सपना था कि कभी उनके साथ काम करूं। मैंने तुरंत हां कह दिया कि जो भी स्क्रिप्ट है मैं पढ़ना चाहता हूं। जब पढ़ी तो समझा कि यह फिल्म कितनी जरूरी और इंसानियत से भरी हुई है। यह मेरे करियर का सबसे कठिन किरदार था और सबसे खूबसूरत स्क्रिप्ट भी। इसने मुझे मेरी अपनी सुविधाओं और समाज की असमानताओं का एहसास कराया। इसलिए हां कहना मेरे लिए आसान था।

इस रोल के लिए आपने कैसी तैयारी की?
नीरज ने हमें डॉ. भीमराव आंबेडकर की जाति का उच्छेद (Annihilation of Caste) पढ़ने को दी। मैंने और विशाल जेठवा ने करीब ढाई–तीन महीने तक बोली और डायलॉग पर मेहनत की, जिसमें श्रीधर दूबे जी ने हमारी मदद की। फिर हम लोग बाराबंकी के गांवों में गए, वहां के लोगों के साथ रहे, उनकी बोली, आदतें और तकलीफें समझीं। इस अनुभव ने हमें बहुत गहराई दी, जो किसी किताब से नहीं मिल सकती थी।

शूटिंग का अनुभव कैसा रहा?
बहुत भावनात्मक रहा। हमने ज्यादातर फिल्म को क्रमवार (chronological order) शूट किया ताकि किरदार की यात्रा को सच में जी सकें। भोपाल और मध्य प्रदेश में दो महीने रहकर 90% फिल्म एक ही शेड्यूल में शूट की। क्लाइमेक्स सबसे आखिर में शूट हुआ, जिससे हम पूरी तरह उस सफर में डूब चुके थे। यह मेरे करियर की अब तक की सबसे खूबसूरत यात्रा रही।

इस रोल का सबसे चुनौतीपूर्ण हिस्सा क्या था?
सबसे मुश्किल यह था कि इस किरदार को सिर्फ अभिनय के रूप में नहीं, बल्कि सचमुच जीना था। नीरज चाहते थे कि हम सिर्फ परफॉर्म न करें, बल्कि इन किरदारों की सोच और तकलीफ को भीतर तक महसूस करें। किरदार का सामाजिक और इमोशनल बोझ इतना गहरा था कि कई बार शूटिंग के बाद भी मैं उससे बाहर नहीं निकल पाता था।

Delhi को मिले नए मुख्य सचिव

Delhi को मिले नए मुख्य सचिव
नई दिल्ली। अंतत: दिल्ली को नये मुख्य सचिव मिल गए हैं। कई नामों पर मंथन-चिंतन के बाद 1992 बैच के आईएएस राजीव वर्मा के नाम पर मुहर लगी है। इससे पहले वे केंद्र सरकार की ओर से चंडीगढ़ में सलाहकार नियुक्त किए गए थे। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के कार्यकाल में राजीव वर्मा दिल्ली में परिवहन आयुक्त और मंडल आयुक्त जैसे पदों पर रह चुके हैं। वह एक अक्टूबर को अपना यह नया पदभार ग्रहण करेंगे। मुख्य सचिव धर्मेंद्र 30 सितंबर को सेवानिवृत्त होने जा रहे हैं।

दिल्ली के नए मुख्य सचिव बने राजीव वर्मा एजीएमयूटी (अरुणाचल प्रदेश, गोवा, मिजोरम और केंद्र शासित प्रदेश) कैडर के 1992 बैच के आईएएस हैं। पिछले साल जनवरी माह में उन्हें चंडीगढ़ प्रशासन में सलाहकार के पद पर नियुक्त किया गया था। उसके बाद इस साल जनवरी में केंद्र सरकार ने उन्हें चंडीगढ़ का पहला मुख्यसचिव बनाया था। अगले साल इन्होंने सेवानिवृत्त होना है।

चंडीगढ़ आने से पहले वर्मा पुडुचेरी में मुख्य सचिव के पद पर तैनात थे और मूलत: उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इन्होंने मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान से वास्तुकला में डिग्री हासिल की है और दिल्ली स्कूल आफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर से शहरी डिजाइन में स्नातकोत्तर की डिग्री ली है। वर्मा अब दिल्ली सरकार में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ काम करेंगे।

इससे पहले भी चंडीगढ़ में सलाहकार रहे विजय देव को दिल्ली सरकार में मुख्य सचिव बनने का मौका मिल चुका है। पांच साल पहले केंद्रीय गृह मंत्रालय ने वर्मा को उस समय की अतिरिक्त मुख्य सचिव (परिवहन) रेणु शर्मा के साथ निलंबित कर दिया था। वर्मा उस समय दिल्ली सरकार में प्रधान सचिव (वित्त) के पद पर कार्यरत थे।

पांच दिन की हिरासत में भेजा गया स्वामी चैतन्यानंद, 18 बैंक खातों में आठ करोड़

पांच दिन की हिरासत में भेजा गया स्वामी चैतन्यानंद, 18 बैंक खातों में आठ करोड़
नई दिल्ली। दिल्ली के वसंत कुंज स्थित श्री शारदा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडियन मैनेजमेंट-रिसर्च में 17 छात्राओं के साथ छेड़छाड़ के आरोपीस्वामी चैतन्यानंद सरस्वती उर्फ पार्थसारथी को दिल्ली पुलिस ने 27 सितंबर की रात आगरा से गिरफ्तार किया। आरोपी स्वामी चैतन्यानंद को आगरा, यूपी के होटल फर्स्ट ताजगं से गिरफ्तार किया गया है। चैतन्यानंद पर कई छात्राओं के यौन उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगे हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस चैत्यानंद को मेडिकल जांच के लिए सफदरजंग अस्पताल दिल्ली लेकर आई। इसके बाद पटियाला कोर्ट में पेशी हुई। अदालत ने चैत्यानंद को पांच दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है। दिल्ली पुलिस ने चैतन्यानंद के पास से दो फर्जी विजिटिंग कार्ड बरामद किए हैं। एक कार्ड में उसे संयुक्त राष्ट्र में स्थायी राजदूत और दूसरे में ब्रिक्स संयुक्त आयोग का सदस्य और भारत का विशेष दूत बताया गया है। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस अब ये पता करेगी कि आरोपी स्वामी के साथ कौन-कौन लोग मिले हुए थे। पुलिस आरोपी को उन जगहों पर ही लेकर जाएगी, जहां आरोपी छात्राओं को अपनी महंगी कारों में लेकर गया था। आरोपी स्वामी ने प्रधानमंत्री कार्यालय का भी अपना फर्जी पहचान पत्र बनवा रखा था। दिल्ली पुलिस अधिकारियों के अनुसार चैतन्यानंद 50 दिनों से फरार था और उसकी आखिरी लोकेशन आगरा में मिली थी। दिल्ली पुलिस की कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही थी। चैतन्यानंद को वसंत कुंज पुलिस स्टेशन लाया गया है, जहां पूछताछ जारी है।

शनिवार को आगरा पहुंचे थे चैतन्यानंद
आगरा के जिस होटल से स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती को गिरफ्तार किया गया था, उसके रिसेप्शनिस्ट भरत ने बताया कि चैतन्यानंद शनिवार शाम करीब 4 बजे वहां पहुंचे। उन्होंने आगे बताया कि उनके ठहरने के दौरान उनसे मिलने कोई नहीं आया। भरत ने कहा कि नाइट शिफ्ट में काम करने वाले कर्मचारी ने उनकी एंट्री की थी। रात में लगभग 3:30 बजे दो पुलिसकर्मी वहां पहुंचे, जिन्होंने खुद को दिल्ली क्राइम ब्रांच का इंस्पेक्टर बताया। दोनों ने बाबा से उनके कमरे में 10 मिनट तक बात की और उन्हें अपने साथ ले गए। बाबा ने हमें अपना नाम पार्थ सारथी बताया था।

2024 का लता मंगेशकर सम्मान गायक सोनू निगम को मिला

2024 का लता मंगेशकर सम्मान गायक सोनू निगम को मिला
इंदौर। रविवार को लता मंगेशकर अलंकरण समारोह आयोजित किया गया। इसमें साल 2024 का लता मंगेशकर सम्मान पार्श्व गायक सोनू निगम को दिया गया। मुख्यमंत्री और सोनू निगम करीब एक घंटे तक कार्यक्रम में मौजूद रहे।

इस दौरान सोनू निगम ने लोगों की फरमाइश पर कई गाने गाए। उन्होंने कहा, आज से 30 साल पहले मैं इंदौर में इसी कार्यक्रम में शामिल हुआ था। तब यह सम्मान प्रसिद्ध गायक तलत महमूद को दिया गया था। आज, 30 साल बाद, मुझे यह सम्मान प्राप्त हो रहा है यह मेरे लिए गर्व की बात है।

सोनू निगम ने स्वर्गीय लता मंगेशकर को याद करते हुए कहा, वह मेरे लिए मां के समान थीं। आज भी मुझे ऐसा महसूस होता है कि उनका आशीर्वाद मुझ पर बना हुआ है। उन्होंने लता मंगेशकर की खूब तारीफ की।

सीएम बोले- सोनू निगम की आवाज के कायल
मुख्यमंत्री ने भी अपने संबोधन में सोनू निगम की प्रशंसा करते हुए कहा, इनकी मखमली आवाज के सभी कायल हैं। इसी बीच, कार्यक्रम के दौरान मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी पहुंचे और उन्होंने मंच पर सोनू निगम को गले लगा लिया। समारोह के पहले दिन शनिवार शाम लता मंगेशकर सुगम संगीत राज्य स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की गई।

2025 का अलंकरण समारोह टला
इंदौर संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने बताया कि इस सम्मान के लिए साल 2025 के लिए पार्श्व गायक सोनू निगम और 2024 के लिए संगीत निर्देशक शंकर एहसान लॉय को 8 सितंबर को चुना गया था। अब शंकर-एहसान-लॉय बाहर होने के कारण कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए। सूत्र बताते हैं कि शंकर-एहसान-लॉय के बाहर होने के कारण अंतिम समय में 2025 का अलंकरण टाला गया है। खाड़े ने बताया कि तीन दिन पहले तक शंकर-एहसान-लॉय का आना तय था।

भारत ने पाकिस्तान को हराकर एशिया कप 2025 का खिताब जीता

भारत ने पाकिस्तान को हराकर एशिया कप 2025 का खिताब जीता
एशिया कप 2025 का फाइनल मुकाबला हमेशा की तरह जबरदस्त रोमांच और भावनाओं से भरा रहा। इस बार भारत और पाकिस्तान की टक्कर ने पूरी क्रिकेट दुनिया की नजरें खींच लीं। तेज़ गेंदबाज़ी, धमाकेदार बल्लेबाज़ी और रणनीतिक चालों के बीच भारत ने पाकिस्तान को 146 रन पर ऑल आउट कर रोमांचक जीत हासिल की। इस जीत ने भारत को लगातार तीसरी बार पाकिस्तान पर फ़ाइनल में जीत दिलाई और खिलाड़ियों के अद्वितीय प्रदर्शन को दर्शाया।

भारत ने दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए एशिया कप 2025 के फाइनल में पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर इतिहास रच दिया। यह भारत की पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप फाइनल में पहली जीत है, और कुल मिलाकर 9वीं एशिया कप ट्रॉफी है।

पाकिस्तान की पारी: शानदार शुरुआत, फिर भारतीय गेंदबाज़ों का दबदबा
पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 19.1 ओवर में 146 रन बनाए। साहिबजादा फ़रहान (57) और फखर ज़मान (46) ने पहले विकेट के लिए 84 रन की साझेदारी की। लेकिन भारतीय स्पिनरों ने शानदार वापसी करते हुए पाकिस्तान के मध्यक्रम को ध्वस्त कर दिया। कुलदीप यादव ने 4 विकेट लेकर पाकिस्तान की बल्लेबाज़ी की कमर तोड़ दी।

भारत की पारी: तिलक वर्मा की नाबाद 69 रन की पारी ने दिलाई जीत
भारत को 147 रन का लक्ष्य मिला। शुरुआत में भारत ने 20 रन तक तीन विकेट खो दिए,लेकिन तिलक वर्मा ने नाबाद 69 रन की मैच जिताऊ पारी खेली। शिवम दुबे ने भी 33 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। रिंकू सिंह ने अंतिम ओवर में चौका मारकर भारत को जीत दिलाई।

प्लेयर ऑफ़ द मैच: कुलदीप यादव (4 विकेट)

प्लेयर ऑफ़ द सीरीज़: तिलक वर्मा

भारत की जीत पर देशभर में खुशी का माहौल
भारत की इस ऐतिहासिक जीत पर देशभर में शी का माहौल है। खिलाड़ियों की शानदार प्रदर्शन ने भारतीय क्रिकेट को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया है। टीम इंडिया की इस जीत ने एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ अपराजित रहने की परंपरा को जारी रखा है।

 जेईएम विद्यालय के छात्र सत्यम शिवहरे का राष्ट्रीय फुटबॉल टीम में हुआ चयन 

जेईएम विद्यालय के छात्र सत्यम शिवहरे का राष्ट्रीय फुटबॉल टीम में हुआ चयन

शहडोल संभाग से पहला एवं मध्य प्रदेश से पांचवा स्थान बनाकर टीम में बनाई जगह

विद्यालय परिवार ने छात्र को सम्मान देकर किया रवाना

अनूपपुर।  जिले के जेईएम हायर सेकेंडरी  विद्यालय जमुना कॉलरी में पढ़ने वाले सत्यम शिवहरे पुत्र मनोज शिवहरे कक्षा 12वीं का चयन राष्ट्रीय फुटबॉल टीम में होने से शहडोल संभाग सहित समूचे क्षेत्र में हर्ष वातावरण निर्मित है। जेईएम विद्यालय के छात्र सत्यम शिवहरे ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से शहडोल संभाग में पहला स्थान हासिल करते हुए मध्य प्रदेश में पांचवा स्थान हासिल कर राष्ट्रीय फुटबॉल टीम में अपनी जगह बनाई।

जम्मू कश्मीर में आयोजित राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता में खेलने के लिए सत्यम शिवहरे को 27 सितंबर 2025 को मध्य प्रदेश राष्ट्रीय दल के कोच शेख कुरैशी के साथ छात्र सत्यम शिवहरे को रवाना किया गया इस अवसर पर जेईएम हायर सेकेंडरी स्कूल जमुना कॉलरी के प्रबंध कार्यकारिणी समिति के अध्यक्ष नरेश शर्मा सचिव लाल बहादुर जायसवाल कोषाध्यक्ष त्रिवेणी प्रसाद तिवारी सदस्य शैलेंद्र सिंह ,कैसर अली ,राजेश सिंह एवं विद्यालय के प्राचार्य गुलाब सिंह तथा विद्यालय के सभी शिक्षकों ने छात्र सत्यम शिवहरे को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।  विद्यालय की तरफ से ₹5000 का पुरस्कार प्रदान कर राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए रवाना किया गया।

nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...
Government welfare schemes have improved the living standards of 22 crore people

सरकारी कल्याण योजनाओं से 22 करोड़ लोगों के जीवन स्तर में सुधार, MoSPI के...

0
नई दिल्ली। भारत में सरकारी सामाजिक कल्याण योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मिलने वाली मुफ्त या रियायती वस्तुओं से उनके...