नेमावर रोड की खिलौना फैक्ट्री में भीषण आग, दमकल विभाग ने काबू पाने में लगाया जोर

नेमावर रोड की खिलौना फैक्ट्री में भीषण आग, दमकल विभाग ने काबू पाने में लगाया जोर
रविवार रात इंदौर के नेमावर रोड स्थित एक खिलौना फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। फायर विभाग के अधिकारियों के अनुसार, रात करीब 10 बजे आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद फायर ब्रिगेड का अमला मौके पर पहुंचा और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए।

आग किस कारण से लगी, इसकी अभी पुष्टि नहीं हो पाई है। समाचार लिखे जाने तक आग बुझाने का काम जारी था। रात 1 बजे तक फायर ब्रिगेड की लगभग तीन गाड़ियां और 8-10 पानी के टैंकर के माध्यम से आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा था।

आज से नवरात्र की शुरुआत

आज से नवरात्र की शुरुआत
इंदौर शहर में पहली बार दस दिनी नवरात्र में शक्ति की 11 दिनी उपासना 22 सितंबर से 2 अक्टूबर तक होगी। वीआईपी परस्पर नगर में होने वाले अति विशाल नवरात्र महोत्सव में 20 राज्यों के अतिरिक्त अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया सहित सात देशों के श्रद्धालु शामिल होंगे। आयोजन 25 एकड़ में हो रहा है। 11 हजार स्वर्णलेपित कलश स्थापित कर समृद्धि की देवी महालक्ष्मी की उपासना की जाएगी। एक करोड़ कुमकुम अर्चना के साथ ही 10 लाख आहुतियां भी दी जाएंगी।

अष्टलक्ष्मी कलश में 351 सामग्री
ऐसे 11 हजार कलशों को सिद्ध किया जाएगा। सुबह 10.30 से दोपहर दो बजे तक माता को आकर्षित करने की भावना से 351 सामग्रियां रखी जाएंगी। एक करोड़ मंत्र, एक करोड़ कुमकुम अर्चना, 10 लाख आहुतियों से कलशों को सिद्ध किया जाएगा।

दिव्य देवी भागवत कथा
प्रतिदिन शाम सात से रात 10 बजे तक दिव्य देवी भागवत कथा होगी। इसमें भगवती के विभिन्न रूप, लीलाओं, महिमा का वर्णन और मंत्रोच्चार होगा। जगदंबा का सहस्रपाठ किया जाएगा।

मां पद्मावती की आराधना
दु:ख निवारण की भावना से अलौकिक दिव्य निवारण महायज्ञ भी होगा। इसमें मां पद्मावती के साथ गणपति, भैरव, भगवान शंकर, मां पार्वती, नवग्रह व हनुमान की आराधना होगी। सुख-शांति एवं समृद्धि के लिए मंत्रोच्चार होगा।

12 ज्योतिर्लिंग और माता के 23 स्वरूप
आयोजन स्थल पर 12 ज्योतिर्लिंग और माता के 23 स्वरूपों की प्रतिकृति के दर्शन भी होंगे। प्रवेश द्वार पर मां लक्ष्मी के वाहन उल्लू के चित्र भी बनाए गए हैं। बादल से पानी की बूंदें गिरने का अहसास भी पंडाल में होगा।

तीन दिन में 50 करोड़ पार हुई ‘जॉली एलएलबी 3’

तीन दिन में 50 करोड़ पार हुई ‘जॉली एलएलबी 3’
इस हफ्ते बॉक्स ऑफिस पर कई बड़ी और चर्चित फिल्मों ने दस्तक दी। शुक्रवार को तीन फिल्में रिलीज हुईं जिनमें अक्षय कुमार और अरशद वारसी की ‘जॉली एलएलबी 3’, अनुराग कश्यप की ‘निशानची’ और सीएम योगी आदित्यनाथ के जीवन पर बनी ‘अजेय: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ ए योगी’ शामिल है। इसके साथ ही पहले से चल रही ‘मिराय’, जापानी एनीमे ‘डेमन स्लेयर’ और साउथ की दमदार फिल्म ‘लोका चैप्टर 1’ ने भी दर्शकों को अपनी ओर खींचे रखा।

जॉली एलएलबी 3
लंबे समय से दर्शक इस फिल्म का इंतजार कर रहे थे और जैसे ही रिलीज हुई, सिनेमाघरों में जबरदस्त रिस्पॉन्स देखने को मिला। पहले दिन लगभग 12 करोड़ की ओपनिंग के बाद शनिवार को फिल्म की रफ्तार तेज हुई और यह आंकड़ा 20 करोड़ तक पहुंच गया। रविवार को भी दर्शकों ने कोर्टरूम ड्रामा को हाथों-हाथ लिया और करीब 21 करोड़ की कमाई दर्ज की। सिर्फ तीन दिनों में फिल्म ने 53.50 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया। अक्षय कुमार और अरशद वारसी की जोड़ी ने इस बार कोर्ट के भीतर ही नहीं बल्कि बॉक्स ऑफिस पर भी बाजी मार ली।

निशानची
अनुराग कश्यप की इस फिल्म से बड़े सरप्राइज की उम्मीद थी, लेकिन शुरुआत बेहद कमजोर रही। शुक्रवार को मात्र 25 लाख की कमाई करने वाली ‘निशानची’ ने शनिवार को मामूली बढ़त के साथ 39 लाख कमाए। रविवार को हालात और खराब हो गए और कलेक्शन घटकर 21 लाख रह गया। तीन दिनों में कुल मिलाकर फिल्म केवल 85 लाख रुपये ही जुटा पाई। ऐश्वर्य ठाकरे की डेब्यू फिल्म दर्शकों को प्रभावित करने में नाकाम रही।

अजेय
सीएम योगी आदित्यनाथ की जिंदगी पर बनी इस फिल्म से भी मेकर्स को बेहतर शुरुआत की उम्मीद थी। हालांकि पहले दिन कलेक्शन 25 लाख तक ही सीमित रहा। शनिवार को हल्की बढ़ोतरी के साथ फिल्म ने 32.76 लाख कमाए और रविवार को 50 लाख का आंकड़ा पार कर लिया। तीन दिनों में ‘अजेय’ ने 1.18 करोड़ का बिजनेस किया है। अनंत जोशी द्वारा निभाया गया योगी का किरदार चर्चा में तो है लेकिन बॉक्स ऑफिस पर असर उतना बड़ा नहीं पड़ा।

मिराय
तेजा सज्जा की फिल्म ‘मिराय’ लगातार दूसरे हफ्ते भी अच्छा प्रदर्शन कर रही है। शनिवार को फिल्म ने 5.15 करोड़ की कमाई की और रविवार को यह आंकड़ा 5.75 करोड़ तक पहुंच गया। अब तक कुल कलेक्शन 78.75 करोड़ को पार कर चुका है। दर्शक इस फिल्म की विजुअल इफेक्ट्स और कहानी से खासे प्रभावित नजर आ रहे हैं।

पीएम मोदी आज अरुणाचल और त्रिपुरा के दौरे पर, 5100 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का देंगे तोहफा

पीएम मोदी आज अरुणाचल और त्रिपुरा के दौरे पर, 5100 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का देंगे तोहफा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को अरुणाचल प्रदेश और त्रिपुरा के दौरे पर रहेंगे। वह ईटानगर में 5100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह त्रिपुरा में पूजा अर्चना कर माताबाड़ी में माता त्रिपुरा सुंदरी मंदिर परिसर के विकास कार्यों का उद्घाटन करेंगे।

अधिकारियों ने बताया कि पीएम मोदी सोमवार सुबह करीब 9 बजे होलोंगी के डोनी पोलो हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। इसके बाद वह हेलिकॉप्टर से ईटानगर के राजभवन जाएंगे। इसके बाद वह इंदिरा गांधी पार्क जाएंगे, जहां वह विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे और एक रैली को संबोधित करेंगे। विशाल जलविद्युत क्षमता का उपयोग करने और निरन्तर ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री ईटानगर में 3,700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली दो प्रमुख जलविद्युत परियोजनाओं तातो-1 और हेओ जलविद्युत परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे, जो दोनों शियॉमी जिले में यारजेप नदी पर विकसित की जाएंगी। हीओ जलविद्युत परियोजना (240 मेगावाट) और तातो-1 जलविद्युत परियोजना (186 मेगावाट) अरुणाचल प्रदेश के सियोम उप-बेसिन में बनाई जाएंगी। तातो-1 परियोजना को अरुणाचल प्रदेश सरकार और नॉर्थ ईस्टर्न इलेक्ट्रिक पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (नीपको) मिलकर 1,750 करोड़ रुपये की लागत से विकसित करेंगे। इससे हर साल लगभग 8,020 लाख यूनिट बिजली पैदा होने की उम्मीद है। हेओ प्रोजेक्ट भी राज्य सरकार और नीपको मिलकर 1,939 करोड़ रुपये की लागत से बनाएंगे। अनुमान है कि यह प्रोजेक्ट हर साल 10,000 लाख यूनिट बिजली पैदा करेगा।

145 करोड़ की लागत से बने कन्वेंशन सेंटर का भी करेंगे उद्घाटन
अधिकारियों ने बताया कि मोदी तवांग में 145.37 करोड़ रुपये की लागत से पीएम-डेवाइन योजना के तहत बनाए गए एक कन्वेंशन सेंटर का भी उद्घाटन करेंगे। 1,500 से अधिक लोगों को समायोजित करने की क्षमता वाला यह कन्वेंशन सेंटर वैश्विक मानकों को पूरा करेगा और इस क्षेत्र में पर्यटन और सांस्कृतिक संभावनाओं को बढ़ावा देगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री 1,290 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले कई महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे, जो कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य और अग्निशमन सुरक्षा जैसे विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित होंगी। प्रधानमंत्री स्थानीय करदाताओं, व्यापारियों और उद्योग प्रतिनिधियों के साथ हाल ही में जीएसटी दरों को युक्तिसंगत बनाने के प्रभाव पर भी चर्चा करेंगे।

माता त्रिपुरी सुंदरी मंदिर परिसर के विकास कार्य का भी करेंगे उद्घाटन
पीएम मोदी तीर्थयात्रा कायाकल्प और आध्यात्मिक विरासत संवर्धन अभियान (प्रसाद) योजना के तहत माताबाड़ी में माता त्रिपुरा सुंदरी मंदिर परिसर के विकास कार्य का उद्घाटन करेंगे। यह त्रिपुरा के गोमती जिले के उदयपुर शहर में स्थित प्राचीन 51 शक्तिपीठों में से एक है। इस परियोजना को ऊपर से कछुए के आकार का आकार दिया गया है। इसमें मंदिर परिसर में सुधार, नए रास्ते, पुनर्निर्मित प्रवेश द्वार और बाड़, जल निकासी व्यवस्था, स्टालों, ध्यान कक्ष, अतिथि आवास, कार्यालय कक्षों सहित एक नए तीन मंजिले परिसर का निर्माण आदि शामिल हैं। यह पर्यटन को बढ़ावा देने, रोजगार और व्यापार के अवसर पैदा करने और क्षेत्र के समग्र सामाजिक-आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

GST सुधार लागू होने के बावजूद गिरावट के साथ खुला बाजार

GST सुधार लागू होने के बावजूद गिरावट के साथ खुला बाजार
केंद्र सरकार की तरफ से जीएसटी से जुड़े सुधार आज से लागू हो गए हैं। इस बीच शेयर बाजार की दिन की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। सेंसेक्स 400 से ज्यादा अंकों का गोता लगाकर 82,151.07 पर आ गया। वहीं, एनएसई निफ्टी 88.95 अंक गिरकर 25,238.10 पर पहुंच गया। हालांकि, कारोबार बढ़ने के साथ ही यह गिरावट कुछ कम हुई। सेंसेक्स 10 बजे तक अपने पिछले बंद से 100 अंक, जबकि निफ्टी 15 अंक नीचे कारोबार कर रहा था।

बाजार विश्लेषकों के मुताबिक, जीएसटी में कटौती का असर शेयर मार्केट में देखने को मिलेगा। हालांकि, एच-1बी वीजा की फीस बढ़ने से बाजार में कुछ सुस्ती देखने को मिल सकती है, जो कि बाद में स्थिर हो सकती है। विशेषज्ञों का मानना है कि इसका असर भारतीय आईटी कंपनियों के बिजनेस मॉडल पर सीधा पड़ेगा। जीयोचित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजिस्ट वी. के. विजयकुमार ने कहा कि आज बाजार में डुअल ट्रेंड देखने को मिलेगा। आईटी सेक्टर नकारात्मक खबर से प्रभावित होगा जबकि घरेलू खपत आधारित कंपनियां जीएसटी दरों में कटौती से सकारात्मक मूव दिखा सकती हैं।

सबसे ज्यादा दबाव आईटी कंपनियों पर रहा। टेक महिंद्रा, इन्फोसिस, एचसीएल टेक और टीसीएस जैसी दिग्गज कंपनियों के शेयर 2.26% से 3.88% तक टूटे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एच-1B वीजा शुल्क को एक लाख डॉलर प्रति कर्मी करने के फैसले ने आईटी सेक्टर की चिंताओं को बढ़ा दिया है।

दूसरी तरफ एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई, दक्षिण कोरिया का कोस्पी और शंघाई कम्पोजिट इंडेक्स हरे निशान में कारोबार कर रहे थे। वहीं, हॉन्ग कॉन्ग का हैंग सेंग लाल निशान में रहा।

अमेरिकी बाजार शुक्रवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे। कच्चे तेल का वैश्विक बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.66% बढ़कर 67.12 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ दो जीत के बाद सूर्यकुमार का तंज

एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ दो जीत के बाद सूर्यकुमार का तंज
दुबई में खेले गए एशिया कप 2025 सुपर-4 मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को एक बार फिर आसानी से हरा दिया। भारत ने 172 रनों का लक्ष्य छह विकेट शेष रहते हासिल किया और टूर्नामेंट में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली। मैच के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक ऐसा बयान दिया जिसने सबका ध्यान खींचा।

सूर्यकुमार ने कहा कि अब भारत-पाकिस्तान मैचों को ‘प्रतिद्वंद्विता’ कहना बंद कर देना चाहिए। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। सूर्यकुमार ने साफ कर दिया कि भारत-पाकिस्तान मैच अब किसी हाई-प्रोफाइल राइवलरी के बजाय एक सामान्य मुकाबला बन गया है और भारतीय टीम के लिए पाकिस्तान को हराना बाएं हाथ का खेल है।

‘अब कोई प्रतिद्वंद्विता नहीं बची’
प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब एक वरिष्ठ पाकिस्तानी पत्रकार ने उनसे पूछा कि क्या दोनों टीमों के खेल के स्तर में बहुत बड़ा अंतर आ गया है, तो सूर्यकुमार मुस्कुराते हुए बोले, ‘सर, मेरी आपसे अपील है कि अब भारत बनाम पाकिस्तान मैच को प्रतिद्वंद्विता कहना बंद कर दीजिए।’ पत्रकार ने स्पष्ट किया कि वह प्रतिद्वंद्विता नहीं बल्कि स्टैंडर्ड की बात कर रहे थे। इस पर सूर्यकुमार ने चुटकी लेते हुए कहा, ‘सर, प्रतिद्वंद्विता हो या स्टैंडर्ड, बात एक ही है। प्रतिद्वंद्विता तब होती है जब दो टीमें 15 मैच खेलें और स्कोर 7-7 या 8-7 हो, उसे अच्छा क्रिकेट खेलना बोलते हैं। 13-0, 10-1 (से भारत आगे है)…मुझे पता नहीं क्या स्टैट है, लेकिन अब यह कोई प्रतिद्वंद्विता नहीं है।’ इसके बाद सूर्यकुमार मुस्कुराते हुए प्रेस रूम से बाहर निकल गए।

भारत-पाकिस्तान टी20 रिकॉर्ड
भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक 15 टी20 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से 12 में भारत विजयी रहा है। पाकिस्तान केवल तीन मैच जीत सका है। इस रिकॉर्ड से साफ है कि हाल के वर्षों में भारत ने इस प्रतिद्वंद्विता में पूरी तरह दबदबा बनाया है। इतना ही नहीं, एशिया कप में वनडे और टी20 दोनों प्रारूपों को मिलाकर भारत और पाकिस्तान की टीमें 21 बार आमने-सामने आ चुकी हैं। इनमें से भारत ने 12 मुकाबले जीते हैं और पाकिस्तान ने छह मैच जीते हैं। तीन मैच बेनतीजा रहे हैं। दुबई में दोनों टीमें पांच बार टी20 में भिड़ चुकी हैं। इनमें से भारत को तीन मैच में जीत मिली, जबकि पाकिस्तान ने दो मैच जीते हैं।

टीम का आत्मविश्वास और प्रदर्शन
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम बेहतरीन क्रिकेट खेल रही है। बल्लेबाजी में शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा जैसी युवा जोड़ी शानदार शुरुआत दे रही है, जबकि मिडिल ऑर्डर में सूर्यकुमार खुद अहम पारी खेल रहे हैं। गेंदबाजी में भी टीम लगातार मैच में वापसी कर रही है।

पहला सुख निरोगी काया, फिट रहें, नशे से बचें : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

पहला सुख निरोगी काया, फिट रहें, नशे से बचें : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि तन और मन की शुचिता के साथ इनका स्वस्थ रहना भी हम सबके लिए बेहद जरूरी है। मनुष्य को पहला सुख निरोगी काया से ही मिलता है। इसलिए हमेशा फिजिकली फिट रहने की कोशिश करें और किसी भी प्रकार के नशे के सेवन से बचें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रविवार की सुबह अटल पथ पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के सभी नागरिकों विशेषत: युवाओं से यह अपील की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केन्द्र सरकार द्वारा संचालित फिट इंडिया मूवमेंट और नशामुक्त भारत अभियान के संकल्प पूर्ति एवं जन-जागरूकता के लिए आयोजित नमो युवा रन (मैराथन दौड़) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि पूरे देश में 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। इस पखवाड़े के दौरान नमो युवा रन का आयोजन हम सबको देश की सेवा के लिए आगे आने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कार्यक्रम में नमो युवा रन के मोमेंटों (लोगो) का लोकार्पण भी किया। मुख्यमंत्री एवं अन्य अतिथियों ने स्वयं स्पोर्ट्स ट्रेक सूट में मैराथन दौड़ में शिरकत कर हजारों की संख्या में नमो युवा रन में शामिल प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं और उनका उत्साहवर्धन किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत की ओर देख रही है। हम सदैव अपनी सोच में, अपने विचारों में, अपने मूल्यों में ‘देश सबसे पहले’ की भावना रखें। हमेशा स्वदेशी वस्तुओं का ही उपयोग करें, तभी हमारा राष्ट्र पूरी दुनिया का सिरमौर बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विश्व पटल पर एक अलग प्रतिष्ठा स्थापित की है। मध्यप्रदेश ने भी प्रधानमंत्री मोदी की सोच और उनके विजन से कदम से कदम मिलाते हुए देश-दुनिया में अपनी अलग जगह और नई पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश ने खेलों के मामले में उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त की है। देश के साथ मध्यप्रदेश का भी खेल स्पर्धाओं में प्रदर्शन दिनों-दिन सुधर रहा है। मध्यप्रदेश के हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर, ऑलिम्पिक में पदक विजेता टीम के सदस्य रहे। यह हमें खेल के क्षेत्र में और बेहतर करने के लिए प्रेरित करता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने युवाओं से आह्वान किया कि यह संकल्प लें कि हम खुद को फिट रखेंगे, नशे से दूर रहेंगे और अपने-अपने काम और कर्तव्यों में भी हमेशा अव्वल रहेंगे।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी द्वारा फिट इंडिया मूवमेंट और नशामुक्त भारत अभियान के संबंध में एक वीडियो संदेश प्रसारित किया गया। वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री ने देश के सभी युवाओं से फिट रहने और नशा नहीं करने की भावुक अपील की। उन्होंने कहा कि नशामुक्त भारत के लिए हमने राष्ट्रीय योजना तैयार की है। जो एडिक्ट्स हो चुके हैं उन्हें शिक्षित कर उनके उपचार और पुनर्वास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, एंटी नारकोटिक्स टॉस्क फोर्स, केन्द्र सरकार एवं राज्य सरकारों के सभी विभाग भारत को नशामुक्त बनाने की दिशा में मिलकर काम कर रहे हैं। वीडियो संदेश में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह एवं केन्द्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने भी देश के सभी युवाओं से शरीर की तंदरूस्ती के लिए रोजाना व्यायाम करने और नशे से बचने का विशेष आह्वान किया।

नमो युवा रन मैराथन दौड़ कार्यक्रम में खेल एवं युवक कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर, भोपाल सांसद आलोक शर्मा, विधायक एवं प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल, विधायक भगवानदास सबनानी, विधायक रामेश्वर शर्मा, महापौर मालती राय, हितानंद शर्मा, वैभव पंवार, रविन्द्र यति, रणजीत चौहान, महेन्द्र यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दी अंतर्राष्ट्रीय शांति दिवस की शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दी अंतर्राष्ट्रीय शांति दिवस की शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को अंतर्राष्ट्रीय शांति दिवस की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा है कि हम सभी को इस बात का गर्व है कि युगों-युगों से शांति ही भारत का मूल चरित्र है। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा है कि आइए, हम सभी ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना के साथ वैश्विक शांति के लिए इसे आगे बढ़ाते हुए ‘Act Now for a Peaceful World’ थीम के लक्ष्यों को पूरा करने के लिए संकल्पित हों।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उत्तर प्रदेश प्रवास में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उत्तर प्रदेश प्रवास में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी स्मृतियों को संजोने और उनसे जुड़े स्थानों को तीर्थ के रूप में विकसित कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत के लिये अनुकूल समय है, जब राष्ट्र के हित में सही निर्णय हो रहे हैं। विश्व में भारत की प्रतिष्ठा बढ़ रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को वृंदावन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वे भगवान कृष्ण कन्हैया की पावन धरा पर पहुंचे हैं। यहां पहुंचने पर भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं याद आती हैं जो आज भी समसामयिक हैं। भगवान श्रीकृष्ण ने विशाल दृष्टिकोण और गरीबों के प्रति उदार भाव रखने की शिक्षा दी। मध्यप्रदेश की धरती पर सांदीपनि आश्रम में शिक्षा ग्रहण करने से लेकर सुदामा के साथ मैत्री, रुकमणी से विवाह और भगवान परशुराम से सुदर्शन चक्र प्राप्त करने के प्रसंग घटित हुए। इस नाते मध्यप्रदेश भी गौकुल का आनंद प्रदान करता है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वृंदावन धाम स्थित केशव नगर पहुंचकर साध्वी सरस्वती दीदी की श्रीमद भागवत कथा का श्रवण किया और उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया। साध्वी सरस्वती दीदी ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा मध्यप्रदेश में गौवंश संरक्षण, कृष्ण पाथेय के विकास के लिए की गई पहल और वैदिक घड़ी की स्थापना, भारतीय संस्कृति से युवा पीढ़ी को अवगत करवाने के प्रयासों की सराहना की। साध्वी सरस्वती दीदी ने सैनिक सहायता कोष के लिए साध्वी सरस्वती फाउंडेशन, वृंदावन की ओर से 11 लाख रुपए की राशि का चेक मुख्यमंत्री डॉ यादव को प्रदान किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सैनिक सहायता कोष के लिए मध्यप्रदेश सरकार की ओर से 11 लाख रुपए की राशि शामिल करते हुए कोष में कुल 22 लाख रुपए देने को कहा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्व. जनक सिंह के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित की
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आगरा के निकट ग्राम बाकंदा पहुंचकर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ मध्यक्षेत्र के “क्षेत्र सेवा प्रमुख” ओम प्रकाश सिसोदिया के पिता जनक सिंह सिसोदिया के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जनक सिंह सिसोदिया की बाकंदा आगरा स्थित समाधि परिसर में पौध रोपण भी किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आगरा एयरपोर्ट पर उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री द्वय केशव प्रसाद मौर्य एवं ब्रजेश पाठक ने आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उप मुख्यमंत्री द्वय का हृदय से आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के साथ नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला उपस्थित थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के वृंदावन पहुंचने पर उत्तर प्रदेश के जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

नवरात्रि से प्रारंभ बचत उत्सव का लाभ सभी वर्गों को मिलेगा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

नवरात्रि से प्रारंभ बचत उत्सव का लाभ सभी वर्गों को मिलेगा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जीएसटी की दरें कम करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया, जिसके माध्यम से 5 प्रतिशत की जीएसटी के दायरे में 99 प्रतिशत वस्तुएँ आ गई हैं। सोमवार 22 सितम्बर नवरात्रि के दिन से यह हमारे लिए एक तरह से बचत उत्सव के रूप में मनेगा। इसका लाभ समाज के सभी वर्गों को मिलेगा। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने आहवान किया कि सभी नागरिक गर्व से स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग करें।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रविवार की शाम प्रधानमंत्री मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन के पश्चात मीडिया को दिए संदेश में कहा कि नवरात्रि का शुभारंभ जीएसटी बचत उत्सव से हो रहा है। यह समस्त राष्ट्रवासियों के हित में है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्र के नाम संदेश में विस्तारपूर्वक जीएसटी बचत उत्सव की जानकारी दी है। राष्ट्रवासियों को यह बहुत बड़ी सौगात है। भारत को सशक्त बनाने के लिए महत्वपूर्ण कदम है। कमजोर से कमजोर वर्ग की आय में वृद्धि के साथ विकास में उन सभी की सहभागिता सुनिश्चित करना है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लघु, सूक्ष्म और मध्यम उद्योगों के माध्यम से निर्मित वस्तुओं का अधिक से अधिक उपयोग करें। गर्व के साथ स्वदेशी के भाव को बढ़ाना है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ‘मेक इन इंडिया’ और ‘मेड इन इंडिया’ को प्रोत्साहित करें। स्वदेशी के मंत्र को नवरात्रि के समय से लागू किए जाने से अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा क्योंकि रोजमर्रा की चीजों के क्रय किए जाने से किसान, महिला, युवा सभी के जीवन में बेहतरी आएगी।

nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...
Government welfare schemes have improved the living standards of 22 crore people

सरकारी कल्याण योजनाओं से 22 करोड़ लोगों के जीवन स्तर में सुधार, MoSPI के...

0
नई दिल्ली। भारत में सरकारी सामाजिक कल्याण योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मिलने वाली मुफ्त या रियायती वस्तुओं से उनके...