CM साय ने बुलेट ट्रेन से किया टोक्यो से ओसाका तक का सफर

CM साय ने बुलेट ट्रेन से किया टोक्यो से ओसाका तक का सफर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जापान प्रवास के दौरान छत्तीसगढ़ के लिए नए निवेशकों की तलाश कर रहे हैं। इसके साथ ही रविवार को मुख्यमंत्री ने विश्व भर में हाई-स्पीड रेल के क्षेत्र में अग्रणी, जापान की प्रतिष्ठित बुलेट ट्रेन से टोक्यो से ओसाका तक की यात्रा की।

सीएम ने अपनी इस यात्रा की फोटो सोशल मीडिया में साझा करते हुए लिखा है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत भी बुलेट ट्रेन परियोजना पर कार्य कर रहा है। इसके साथ ही वंदे भारत ट्रेन देश की प्रगति और आधुनिक भारत की नई पहचान बन चुकी हैं। प्रवास के दौरान ही सीएम टोक्यो स्थित ‘लिटिल इंडिया’ पहुंचकर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें नमन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा, महात्मा गांधी का शांति, अहिंसा और सद्भाव का अमर संदेश भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे विश्व में मानवता के लिए प्रेरणास्त्रोत है। यह स्थान न केवल भारतीयों के लिए गर्व का विषय है, बल्कि जापानी नागरिकों को भी भारत की महान परंपराओं और मूल्यों से जोड़ता है। मुख्यमंत्री साय के साथ इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल के सदस्यगण भी उपस्थित थे।

DMRC ने दिल्ली मेट्रो का सफर किया महंगा

DMRC ने दिल्ली मेट्रो का सफर किया महंगा
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने सोमवार, 25 अगस्त 2025 से मेट्रो किराए में संशोधन लागू कर दिया है। यह आठ साल बाद पहली बार है जब किराए में बढ़ोतरी की गई है। आखिरी बार किराया 2017 में संशोधित हुआ था। डीएमआरसी के अनुसार, किराए में मामूली वृद्धि की गई है, जो ज्यादातर लाइनों पर 1 से 4 रुपये तक है, जबकि एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर 5 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है।

सबसे लंबी दूरी के लिए 64 रुपये
नए किराए के अनुसार, 0-2 किलोमीटर की छोटी दूरी के लिए अब 11 रुपये और 32 किलोमीटर से अधिक की सबसे लंबी दूरी के लिए 64 रुपये देने होंगे। पहले न्यूनतम किराया 10 रुपये था। यह संशोधन दिल्ली-एनसीआर के 390 किलोमीटर लंबे मेट्रो नेटवर्क और 285 से अधिक स्टेशनों पर लागू हो गया है।

दिल्ली मेट्रो का नया रेट स्लैब

0-2 किमी: ₹11 (पहले ₹10)
2-5 किमी: ₹21 (पहले ₹20)
5-12 किमी: ₹32 (पहले ₹30)
12-21 किमी: ₹43 (पहले ₹40)
21-32 किमी: ₹54 (पहले ₹50)
32 किमी से अधिक: ₹64 (पहले ₹60)

रविवार और राष्ट्रीय अवकाशों के लिए किराया

0-2 किमी: ₹11 (पहले ₹10)
2-5 किमी: ₹21 (पहले ₹20)
5-12 किमी: ₹32 (पहले ₹30)
12-21 किमी: ₹32 (पहले ₹30)
21-32 किमी: ₹43 (पहले ₹40)
32 किमी से अधिक: ₹54 (पहले ₹50)

एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन

किराए में अधिकतम ₹5 की बढ़ोतरी, जो दूरी के आधार पर लागू होती है। न्यूनतम किराया ₹10 और अधिकतम ₹64 है।

अतिरिक्त जानकारी

स्मार्ट कार्ड: 10% की छूट सामान्य दिनों में और 20% की अतिरिक्त छूट ऑफ-पीक घंटों में।

टूरिस्ट कार्ड

1 दिन: ₹200 (₹150 + ₹50 रिफंडेबल डिपॉजिट)
3 दिन: ₹500 (₹450 + ₹50 रिफंडेबल डिपॉजिट)

नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC): पीक आवर्स में 10% और ऑफ-पीक में 20% छूट।

किराया कैलकुलेटर के लिए DMRC की आधिकारिक वेबसाइट (delhimetrorail.com) या ऐप का उपयोग करें।
रविवार और अवकाश पर रियायत

डीएमआरसी ने रविवार और राष्ट्रीय अवकाशों के लिए रियायती किराया स्लैब भी शुरू किया है। इन दिनों 5 किलोमीटर तक की यात्रा के लिए अधिकतम 11 रुपये और 32 किलोमीटर से अधिक दूरी के लिए 54 रुपये किराया देना होगा।
यात्रियों में नाराजगी

किराया वृद्धि की घोषणा के बाद कई यात्रियों और सोशल मीडिया यूजर्स ने नाराजगी जताई है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर यूजर्स ने बढ़ती जीवन-यापन लागत पर चिंता व्यक्त की और डीएमआरसी से इस बढ़े हुए राजस्व के उपयोग में पारदर्शिता की मांग की।

आदर्श डिफेंस एंड स्पोर्ट्स एकेडमी भवन का रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे लोकार्पण

आदर्श डिफेंस एंड स्पोर्ट्स एकेडमी भवन का रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे लोकार्पण
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह सोमवार को जोधपुर दौरे पर रहेंगे। वे सुबह 11.35 बजे जोधपुर एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। वहां से 11.55 बजे हनवंत आदर्श विद्या मंदिर लालसागर पहुंचेंगे। जहां विद्याभारती विद्यालय आर के दम्मानी राष्ट्रीय पुनरुत्थान और शिक्षा केन्द्र में आदर्श डिफेंस एवं स्पोर्ट्स एकेडमी का लोकार्पण करेंगे। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत करेंगे। रक्षा मंत्री दोपहर 1.30 बजे तक यहां रहेंगे। इसके बाद वे दोपहर 1.50 बजे जोधपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और 1.55 बजे दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।

हनवंत आदर्श विद्यामंदिर लालसागर परिसर में सोमवार को आदर्श डिफेंस एवं स्पोर्ट्स एकेडमी का भव्य लोकार्पण होगा। लगभग 110 करोड़ की अनुमानित लागत वाली इस महत्वाकांक्षी लालसागर परियोजना के अंतर्गत बनी 30 करोड़ की एकेडमी का उद्घाटन रक्षामंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत करेंगे, जबकि उद्योगपति व समाजसेवी आर.के. दम्मानी विशिष्ट अतिथि रहेंगे।

विद्या भारती के अखिल भारतीय सह संगठन मंत्री यतीन्द्र शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस समारोह में सांसद, विधायक, सैन्य अधिकारी व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे। परियोजना समिति अध्यक्ष डॉ. निर्मल गहलोत ने बताया कि यह केंद्र रक्षा, खेल, आचार्य प्रशिक्षण, प्रशासनिक सेवाओं, कौशल विकास तथा शोध-आधारित शिक्षा का उत्कृष्ट मॉडल होगा। पहले चरण में 400 विद्यार्थियों की क्षमता वाला छात्रावास तैयार हो चुका है, जिसमें 200 विद्यार्थी रक्षा क्षेत्र और 200 विद्यार्थी खेलों में प्रशिक्षित किए जाएंगे।

भामाशाहों का सम्मान
परियोजना के लिए आर्थिक सहयोग देने वाले भामाशाहों का प्रशस्ति पत्र देकर सम्मान किया जाएगा। इनमें आर.के. दम्मानी, डॉ. निर्मल गहलोत, प्रदीप राठौड़, सुशील जालानी, सुरेश गांधी, श्याम कुम्भट, यू.पी.एल. कम्पनी, कॉनकोर कम्पनी सहित अनेक उद्योगपति व समाजसेवी शामिल हैं।

शिक्षा, संस्कार, अनुशासन और राष्ट्र सेवा
विद्या भारती जोधपुर प्रांत अध्यक्ष प्रो. नरपत सिंह शेखावत ने बताया कि यह केंद्र शिक्षा, संस्कार, अनुशासन और राष्ट्र सेवा के मूल्यों पर आधारित एक आदर्श मॉडल के रूप में विकसित होगा। समिति सदस्यों ने कहा कि इस परियोजना से आने वाले समय में राष्ट्र को सैन्य सेवाओं, खेल और प्रशासनिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रोफेशनल्स मिलेंगे और यह केंद्र भारत की शिक्षा व्यवस्था में एक नया मानक स्थापित करेगा।

इंग्लैंड में मौका नहीं मिलने पर बेहद परेशान हो गए थे अर्शदीप सिंह

इंग्लैंड में मौका नहीं मिलने पर बेहद परेशान हो गए थे अर्शदीप सिंह
पंजाब क्रिकेट टीम के गेंदबाजी कोच गगनदीप सिंह का कहना है कि उन्हें हैरानी है कि अर्शदीप सिंह को टीम का हिस्सा होने के बावजूद भारत बनाम इंग्लैंड टेस्‍ट सीरीज में एक मैच में भी मौका नहीं दिया गया। उन्हें पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के दौरान बेंच पर ही बैठना पड़ा। हालांकि वह मैनचेस्टर में भारत बनाम इंग्लैंड चौथे टेस्ट में अपना टेस्ट डेब्‍यू करने के बहुत करीब पहुंच गए थे, लेकिन प्रैक्टिस के दौरान उनके हाथ में दुर्भाग्यपूर्ण चोट लगने के कारण मैच से बाहर होना पड़ा, जिससे उनकी उम्मीदें खत्म हो गईं।

सीम और स्विंग के अनुकूल हालात के बावजूद नहीं दिया मौका
गगनदीप ने द हिंदू से बातचीत में कहा कि उन्‍होंने अर्शदीप सिंह के साथ काफी करीब से काम किया है। उन्‍होंने खुलासा किया कि अर्शदीप प्‍लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिलने पर बेचैन और अधीर महसूस कर रहे थे। उन्हें वास्तव में आश्चर्य हुआ कि इंग्लैंड में सीम और स्विंग के अनुकूल हालात होने के बावजूद डेब्‍यू का मौका नहीं दिया गया।

‘चयनकर्ताओं ने अनुभव की कमी का हवाला दिया था’
गगनदीप ने कहा कि मुझे व्यक्तिगत रूप से लगता है कि उन्हें इंग्लैंड में मौका मिलना चाहिए था। कुछ महीने पहले जब वह इंग्लैंड में थे, तब हमने उनसे बात की थी। टेस्ट टीम में मौका न मिलने से वह काफी परेशान हो गए थे। कोच ने अर्शदीप के भविष्य में टेस्ट खेलने का समर्थन किया और कहा कि उनका कौशल लाल गेंद वाले क्रिकेट के लिए भी पूरी तरह उपयुक्त है। उन्‍होंने कहा कि पहले लाल गेंद वाले फार्मेट में मौका नहीं दिया गया था, क्योंकि चयनकर्ताओं ने उनके अनुभव की कमी का हवाला दिया था।

‘तुम्हें अपने समय का इंतजार करना होगा’
गगनदीप ने आगे कहा कि मैंने उनसे कहा था कि तुम्हें अपने समय का इंतजार करना होगा। टेस्ट क्रिकेट अलग है, यह आपके कौशल और स्वभाव की उस तरह से परीक्षा लेता है, जैसा कोई और फॉर्मेट नहीं लेता। लेकिन, उनकी लंबाई, गेंद को स्विंग करने की स्वाभाविक क्षमता और बेहतर नियंत्रण को देखते हुए। मेरा मानना ​​है कि उनका कौशल लाल गेंद वाले क्रिकेट के लिए भी बहुत उपयुक्त है।

मानसून ने पकड़ी रफ्तार, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

मानसून ने पकड़ी रफ्तार, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
भारत में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है, जिसके चलते देश के कई हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस कारण राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, और दिल्ली-एनसीआर जैसे क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। सुरक्षा के मद्देनजर कई जिलों में स्कूल, कॉलेज और आंगनबाड़ी केंद्र बंद कर दिए गए हैं।

राजस्थान में स्कूल बंद
राजस्थान में मानसून के फिर से सक्रिय होने से कोटा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, और भीलवाड़ा जैसे 10 जिलों में भारी बारिश ने कहर बरपाया है। बूंदी में 20 इंच तक बारिश दर्ज की गई, जिससे कई गांवों में बाढ़ जैसे हालात बन गए। प्रशासन ने स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है और एनडीआरएफ व एसडीआरएफ को अलर्ट पर रखा गया है। कोटा-दौसा मेगा हाईवे पर जलभराव के कारण यातायात ठप हो गया।

उत्तराखंड और हिमाचल में भूस्खलन का खतरा
उत्तराखंड के चमोली, देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर, और उत्तरकाशी जिलों में 25 अगस्त को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। चमोली में हाल ही में भारी बारिश और भूस्खलन से नुकसान हुआ, जिसमें एक युवती की मौत और कई लोग घायल हो गए। इन जिलों में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद कर दिए गए हैं। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, मनाली, और बंजार में भी भारी बारिश और भूस्खलन के चलते शैक्षणिक संस्थान बंद हैं।

दिल्ली-NCR में जलभराव की समस्या
दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण इंडिया गेट, आईटीओ, और नोएडा जैसे इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने उत्तरी दिल्ली को छोड़कर पूरे दिल्ली में रेड अलर्ट जारी किया है। गुरुग्राम में भी भारी बारिश से साइबर सिटी के कई इलाके पानी में डूब गए।

उत्तर प्रदेश में भी स्कूल-कॉलेज बंद
उत्तर प्रदेश के आगरा, अलीगढ़, हाथरस, और इटावा जैसे जिलों में भारी बारिश के चलते स्कूल और कॉलेज बंद किए गए हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में और बारिश की चेतावनी दी है, जिससे जलभराव और यातायात बाधित होने की आशंका है।

मुंबई में भी बारिश का कहर
मुंबई और आसपास के कोंकण क्षेत्र में रेड अलर्ट के बीच स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। भारी बारिश के कारण उपनगरीय रेल सेवाएं प्रभावशाली हुई हैं और कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति है।

अवैध सट्टेबाजी के मामले में गिरफ्तार हुए कांग्रेस विधायक की बढ़ेंगी मुश्किलें

अवैध सट्टेबाजी के मामले में गिरफ्तार हुए कांग्रेस विधायक की बढ़ेंगी मुश्किलें
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कर्नाटक से कांग्रेस विधायक केसी वीरेंद्र की गिरफ्तारी के बाद कई हैरान करने वाले खुलासे किए हैं। वीरेंद्र को सिक्किम के गंगटोक से गिरफ्तार किया गया है।

उनकी गिरफ्तारी प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) के तहत की गई। उन पर ऑनलाइन और ऑफलाइन सट्टेबाजी, मनी लॉन्ड्रिंग और अवैध विदेशी नेटवर्क से संबंध रखने का आरोप है।

30 ठिकानों पर मारा गया था छापा
ईडी ने विधायक वीरेंद्र और उनके सहयोगियों के 30 ठिकानों पर छापा मारा था। इस दौरान 12 करोड़ रुपये कैश, 1 करोड़ की विदेशी मुद्रा, 6 करोड़ की सोने-चांदी की ज्वेलरी और वीआईपी नंबर वाली 4 महंगी लग्जरी गाड़ियां जब्त हुई हैं।

इतना ही नहीं, ईडी को कुछ अहम दस्तावेज और विदेशी कैसिनो से जुड़े लाभांश के एक्सेल शीट भी बरामद मिले। जांच में यह बात भी सामने आई है केसी वीरेंद्र बेंगलुरु में अपनी दूसरी पत्नी के साथ रहते थे। वीरेंद्र ने कई शेल कंपनियां बनाई थीं, जिनका इस्तेमाल काले धन को सफेद करने के लिए किया जा रहा था।
कसीनो चलाते थे विधायक वीरेंद्र

वीरेंद्र का अपना एक कैसिनो भी है, जहां पर क्रेडिट कार्ड से भुगतान दिखाकर बाद में साइबर ठगी से मिली रकम से उसे सेटल किया जाता था। यह पूरा खेल कैसिनो के जरिए वैध कमाई दिखाने के लिए रचा गया था।

उनकी महंगी गाड़ियों पर वीआईपी नंबर होते हैं, जिन्हें बेनामी कंपनियों और लोगों के नाम पर फंड किया जाता था। उनकी बड़ी बेटी हाल ही में यूके से ग्रेजुएट हुई है।

दुबई से चलाई जा रही ऑनलाइन बेटिंग ऐप
ईडी को जानकारी मिली कि ‘किंग567’ नाम की ऑनलाइन बेटिंग ऐप दुबई से चलाई जा रही है। इसे केसी वीरेंद्र के भतीजे पृथ्वी द्वारा संचालित किया जा रहा है, जो केसी नागराज का बेटा है।

पृथ्वी का पता ओल्ड टाउन चल्लकेरे के किंग स्ट्रीट में दर्ज है। पृथ्वी और नागराज की गाड़ियों के नंबर भी आमतौर पर 567 पर खत्म होते हैं।

इन देशों में भी कांग्रेस विधायक का नेटवर्क
केसी वीरेंद्र का नेटवर्क सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है। जांच में पता चला है कि श्रीलंका, नेपाल और जॉर्जिया में भी उनके कैसिनो हैं, जो अन्य नामों पर रजिस्टर हैं, लेकिन संचालन खुद वीरेंद्र करते हैं।

ये कैसिनो पुस्तकों में दर्ज नहीं हैं, लेकिन उनके वेबसाइट पर इन्हें पहले प्रचारित किया गया था, जिसे अब हटा लिया गया है। सूत्रों के मुताबिक, वे ‘लॉटरी किंग मार्टिन’ से एक लैंड-बेस्ड कैसिनो खरीदने की योजना भी बना रहे थे।

गंगरेल बांध के खुले दो गेट, छोड़ा गया 5320 क्यूसेक पानी

गंगरेल बांध के खुले दो गेट, छोड़ा गया 5320 क्यूसेक पानी
जिले के प्रमुख गंगरेल बांध के लबालब होने से पहले ही 29.674 टीएमसी भरने के बाद बांध के दो गेट खोल दिए गए हैं। दो गेटों से 5320 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। गेट खुलने के बाद बांध को देखने सैलानियों की भीड़ उमड़ रही है। सैलानियों को अब सभी 14 गेट खुलने का इंतजार है।

गंगरेल बांध में हो चुका है काफी जलभराव
भादो माह में अच्छी बारिश हुई है, इससे जिले के प्रमुख गंगरेल बांध में संतोषप्रद जल भराव हो चुका है। हालांकि बांध को लबालब होने के लिए अभी भी दो से तीन टीएमसी पानी की जरूरत है। बांध लबालब हो, इससे पहले ही इस साल जल संसाधन विभाग ने 24 अगस्त को शाम चार बजे गंगरेल बांध के दो गेट खोल दिए हैं। इन गेटों से 5320 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। बांध के गेट क्रमांक चार व पांच नंबर को खोले हैं।

गंगरेल बांध से छोड़े गए पानी रुद्री बैराज में बहाया जा रहा है। वहीं गंगरेल बांध में कैचमेंट एरिया से रात 8:45 बजे 5953 क्यूसेक पानी की आवक बनी हुई थी। वर्तमान में गंगरेल बांध में कुल जल भराव 29.674 टीएमसी पानी भरा हुआ है, इसमें उपयोगी जल 24.603 टीएमसी है। जल संसाधन विभाग की मानें तो पिछले चार-पांच दिनों से 11 व 12 नंबर के गेट से कुछ पानी छोड़ा जा रहा था।

किसानों की राहत
इन दोनों गेटों को बंद करके 24 अगस्त को चार व पांच नंबर के गेट खोलकर तेजी के साथ पानी बहाया जा रहा है। सूत्रों की मानें तो गेट खोलने ट्रायल भी जारी है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024 में 25 अगस्त को गेट खोलकर 5000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था, इसके बाद से किसानों ने राहत की सांस ली थी।

घर में पितृ दोष की वजह से आ रही समस्याएं? इन उपायों से दूर करें

घर में पितृ दोष की वजह से आ रही समस्याएं? इन उपायों से दूर करें
सनातन धर्म में पितृ पक्ष (Pitru Paksha 2025) का खास महत्व है। वैदिक पंचांग के अनुसार, पितृ पक्ष (Pitru Paksha 2025) की शुरुआत भाद्रपद पूर्णिमा से होती है, जिसका समापन आश्विन माह की अमावस्या तिथि पर होता है। इस दौरान प्रतिदिन पितरों का तर्पण और पिंडदान किया जाता है, वहीं सर्वपितृ अमावस्या के दिन अंतिम तर्पण किया जाता है।

माना जाता है कि इससे पूर्वज प्रसन्न होते हैं और उन्हें पितृ दोष की समस्या से मुक्ति मिलता है। इस बार पितृ पक्ष की शुरुआत 07 सितंबर से होगी और समापन 21 सितंबर को होगा। ऐसे में चलिए जानते हैं कि पितृ मुक्ति के उपाय के बारे में।

कैसे दूर करें पितरों की नाराजगी?
अगर आप पितृ दोष का सामना कर रहे हैं, तो इस छुटकारा पाने के लिए पितृ पक्ष को सबसे बेस्ट माना गया है। इस अवधि के दौरान पूर्वजों का तर्पण, पिंडदान और श्राद्ध कर्म करना चाहिए। ऐसा माना जाता है कि इस उपाय को करने से पितरों की नाराजगी दूर होती है और वह खुश होते हैं।

पितृ की कृपा कैसे हासिल करें?
सनातन धर्म में पीपल के पेड़ की पूजा करने का विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, पितरों की कृपा हासिल करने और पितृ दोष से मुक्ति के लिए पीपल के पेड़ में जल, दूध और काले तिल मिलाकर अर्पित करें और परिक्रमा करें।

वास्तु शास्त्र के अनुसार, दक्षिण दिशा को पितरों का निवास स्थान और यम की दिशा माना जाता है। इस दिशा में पितृ पक्ष में रोजाना दीपक जलाना चाहिए। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस उपाय को करने से पितृ दोष से मुक्ति मिलती है और उनकी कृपा से जीवन में सुख-समृद्धि बनी रहती है।

संन्यास के बाद चेतेश्वर पुजारा ने तोड़ी चुप्पी

संन्यास के बाद चेतेश्वर पुजारा ने तोड़ी चुप्पी
भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने रविवार को क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास का ऐलान कर दिया। पुजारा को गर्व है कि उन्होंने भारत के लिए क्रिकेट खेला। टीम के साथ उनकी ऐसी कई यादें हैं, जिन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता। चेतेश्वर पुजारा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “भारतीय टीम के लिए खेलना गर्व की बात है। मैंने सौराष्ट्र की ओर से डोमेस्टिक क्रिकेट का सफर शुरू किया। जब आप इतने लंबे वक्त तक भारतीय टीम के लिए खेलते हैं, तो काफी यादें जुड़ी होती हैं। इस सफर में परिवार, कोच, साथी खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ का साथ रहा है। मैं सभी को धन्यवाद देना चाहूंगा।”

एक सप्ताह से बना रहे थे प्लान
दाएं हाथ के बल्लेबाज ने कहा, “संन्यास को लेकर पिछले एक हफ्ते से विचार कर रहा था। मुझे लगा कि अब यह सही समय है, ताकि युवा खिलाड़ियों को, खासकर डोमेस्टिक क्रिकेट में मौका मिल सके।” पुजारा ने बताया कि संन्यास के बाद भी वह क्रिकेट से जुड़े रहेंगे। उन्होंने कहा, “जब आप इतना बड़ा फैसला लेते हैं, तो परिवार और दिग्गज खिलाड़ियों से बात करने के बाद ही निर्णय लेते हैं। मैं भले ही क्रिकेट नहीं खेलूंगा, लेकिन क्रिकेट से जुड़ा रहूंगा। मेरी आज भी युवा खिलाड़ियों से बातचीत होती रहती है। क्रिकेट के लिए आगे भी योगदान देता रहूंगा।”

दहेज के लिए हर साल 6 हजार महिलाओं की हो रही मौत

दहेज के लिए हर साल 6 हजार महिलाओं की हो रही मौत
देश में दहेज के लालचियों द्वारा महिलाओं की हत्या करने का मामला आए दिन सामने आता है। दहेज के लिए महिलाओं को जहर देकर, फांसी लगाकर या अन्य तरीकों से हत्या करने की बात सुनते आए है। यह सिलसिला दशकों से चला आ रहा है। ऐसा ही कुछ मामला ग्रेटर नोएडा से सामने आया है, जहां दहेज के लोभी पति ने पत्नी को जलाकर मार डाला। इस घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसे देखकर हर कोई सहम गया।

बेटे के सामने पत्नी को जलाया
इस मामले में मृतका के बेटे ने कहा कि मेरी मां के ऊपर कुछ डाला, फिर उनको थप्पड़ मारा, फिर लाइटर से आग लगा दी। हालांकि इस मामले में आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं रविवार को पुलिस हिरासत में भागने के दौरान पति को गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

डराने वाले है NCRB के आंकड़े

दहेज हत्या के मामलों में NCRB के आंकड़े डराने वाले है। साल 2022 में दहेज हत्या के 6450 मामले दर्ज किए गए थे, जिनमें बिहार, झारखंड, एमपी, ओडिशा, यूपी, राजस्थान और हरियाणा में अकेले 80 प्रतिशत मामले दर्ज हुए थे। 2021 में करीब 6753 दहेज हत्या के मामले दर्ज हुए है। दरअसल, 2021 का आंकड़ा अनुमानित है, क्योंकि NCRB रिपोर्ट उपलब्ध नहीं है। 2021 की बात की जाए तो यूपी, बिहार और मध्य प्रदेश में ज्यादा दहेज हत्या के मामले दर्ज हुए है।
2020 में कितने मामले हुए दर्ज

साल 2020 में दहेज हत्या के मामले 6966 मामले दर्ज किए थे, जिनमें यूपी, बिहार और एमपी प्रमुख राज्य है। हालांकि 2020 से 2022 तक दहेज हत्या के मामलों में कमी जरूर आई है, लेकिन हर साल दहेज के चक्कर में हजारों महिलाओं की हत्या हो जाती है।

nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...
Government welfare schemes have improved the living standards of 22 crore people

सरकारी कल्याण योजनाओं से 22 करोड़ लोगों के जीवन स्तर में सुधार, MoSPI के...

0
नई दिल्ली। भारत में सरकारी सामाजिक कल्याण योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मिलने वाली मुफ्त या रियायती वस्तुओं से उनके...