मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री मोदी और कृषि मंत्री चौहान का माना आभार

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री मोदी और कृषि मंत्री चौहान का माना आभार

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश सरकार हमेशा किसानों के साथ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा सोमवार को देश भर के किसानों सहित मध्यप्रदेश के 14 लाख 28 हजार 67 किसानों के 54 लाख 23 हजार 287 बीमा खातों में लगभग 1383 करोड़ रुपए की फसल बीमा राशि हस्तांतरित की गई है। उन्होंने कहा कि किसानों के बीमा खातों में डाली गई यह राशि लगभग 3 वर्षों के अलग-अलग फसल बीमा की है। इसमें वित्त वर्ष 2023-24 के रबी फसल की बीमा राशि वर्ष 2024 की खरीफ फसल की बीमा राशि और वित्त वर्ष 2024-25 की रबी सीजन की विभिन्न फसलों की बीमा राशि किसानों के खातों में डाली गई है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह देश के अन्नदाता किसानों के प्रति संवेदनशीलता ही है कि केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में समाप्त हुए वित्त वर्ष तक की फसल बीमा राशि पात्र किसानों को दे दी गई है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश के किसानों को गत तीन साल की फसल बीमा राशि की एकमुश्त सौगात देने के लिए प्रधानमंत्री मोदी और केन्द्रीय कृषि मंत्री चौहान का हृदय से आभार व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मीडिया को जारी संदेश में कहा कि फसल बीमा की यह राशि का ऐसे समय में आना एक तरह से किसानों के लिए आर्थिक रूप से बेहद मददगार है। उन्होंने कहा कि अभी जब बारिश का समय चल रहा है और मूल फसल आने में करीब 2 महीने से ज्यादा का समय बाकी है, ऐसे त्यौहार के सीजन में फसल बीमा की राशि का आना किसानों के लिए बड़ी सौगात है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार किसानों के हित में हर कदम पर सदैव साथ है। फसलों को किसी भी कारण से हुए नुकसान की बीमा राशि दिलाई जाएगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोमवार को फसल बीमा की राशि पाने वाले प्रदेश के सभी किसान भाईयों को बधाई दी है।

 मुख्यमंत्री डॉ. यादव की अगुआई में ग्वालियर में निकली भव्य तिरंगा यात्रा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव की अगुआई में ग्वालियर में निकली भव्य तिरंगा यात्रा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सेना के पराक्रम को नमन करने के लिये “हर घर तिरंगा” अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत् वीर सपूतों, बलिदानियों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की धरती ग्वालियर में आयोजित हुई देशभक्ति से ओतप्रोत भव्य तिरंगा यात्रा में शामिल होकर मुझे अत्यंत प्रसन्नता का अनुभव हो रहा है। गर्व की बात है कि ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सेना ने इस बार पाकिस्तान में आतंकवादियों को मारने के साथ उनके विमान और अस्त्र-शस्त्र नष्ट करने का साहसिक काम किया है।

ऐतिहासिक नगरी ग्वालियर में सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ. यादव की अगुआई में राजमाता विजयाराजे सिंधिया चौराहा से विशाल तिरंगा यात्रा निकली। मुख्यमंत्री डॉ. यादव खुले वाहन पर सवार होकर विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, उद्यानिकी एवं सामाजिक न्याय मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर और  जयप्रकाश राजौरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक सहभागी बने।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने तिरंगा यात्रा के शुभारंभ अवसर पर कहा कि पूरे देश में घर-घर तिरंगा अभियान चल रहा है। मध्यप्रदेश के सभी हिस्सों में रैलियों के माध्यम से देश की सेना ने ऑपरेशन सिंदूर में जो कर दिखाया है, उसके प्रति सम्मान प्रकट करते हुए स्वतंत्रता का उत्सव मनाया जा रहा है। मेरी ओर से ग्वालियरवासियों को इस अभियान को भव्यता के साथ मनाने के लिये बधाई। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दुनिया के सामने हमारी सेना ने जो दमखम दिखाया है, वह वाकई में अद्भुत है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह खुशी की बात है कि आज ग्वालियर में सेना के पराक्रम के सम्मान में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। साथ ही एकात्म मानववाद के प्रणेता पं. दीनदयाल उपाध्याय के विचारों पर केन्द्रित कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।

मुख्यमंत्री ने महापुरुषों की वेशभूषा में आए बच्चों पर की पुष्प वर्षा

तिरंगा यात्रा शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राजमाता विजयाराजे सिंधिया चौराहे पर तिरंगा यात्रा कार्यक्रम में महापुरुषों की वेशभूषा में आए बच्चों पर पुष्प वर्षा कर उनका उत्साहवर्धन किया। तिरंगा यात्रा सिटी सेंटर, पटेल नगर, गाँधी रोड़ व आकाशवाणी तिराहे से होते हुए राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय पहुँची। इसका एक वृहद हिस्सा आकाशवाणी तिराहे से ठाठीपुर, कुम्हरपुरा व शहीद गेट होते हुए बारादरी मुरार तक पहुँचा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने तिरंगा यात्रा के सम्मान में खड़े लोगों एवं प्रतिभागियों पर पुष्प वर्षा कर सभी का उत्साहवर्धन किया।

मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ की पहली महिला सांसद मिनीमाता की पुण्यतिथि पर उनके अविस्मरणीय योगदान को किया नमन

मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ की पहली महिला सांसद मिनीमाता की पुण्यतिथि पर उनके अविस्मरणीय योगदान को किया नमन
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ की प्रथम महिला सांसद और महान समाजसेविका स्वर्गीय मिनीमाता जी की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका जीवन निस्वार्थ सेवा, अटूट साहस और सामाजिक परिवर्तन का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मिनीमाता जी ने वंचित वर्गों, महिलाओं, दलितों और गरीबों के अधिकारों की रक्षा को अपने जीवन का उद्देश्य बनाया और समाज में सम्मान, समानता एवं न्याय की नींव मजबूत की।

मुख्यमंत्री साय ने स्मरण किया कि संसद में अपने कार्यकाल के दौरान मिनीमाता जी ने बाल विवाह, दहेज प्रथा और छुआछूत जैसी सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध सशक्त और निर्भीक स्वर उठाया। उन्होंने मजदूरों के अधिकारों की रक्षा, महिला शिक्षा के प्रसार और सामाजिक समानता की स्थापना के लिए जो योगदान दिया, वह इतिहास के स्वर्णिम अध्यायों में दर्ज है। उनकी सादगी, संवेदनशीलता और सेवाभाव ने उन्हें जनमानस में अमिट स्थान दिलाया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मिनीमाता जी की विचारधारा केवल अतीत की धरोहर नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के वर्तमान और भविष्य के लिए प्रकाशस्तंभ की तरह है। उन्होंने आह्वान किया कि हम सभी उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर, भाईचारे, समानता और न्याय पर आधारित एक सशक्त, समावेशी और प्रगतिशील छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएँ।

जन सुविधाओं का सतत विस्तार हमारी प्राथमिकता: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

जन सुविधाओं का सतत विस्तार हमारी प्राथमिकता: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला अंतर्गत सारंगढ़ के शासकीय लोचन प्रसाद पांडे महाविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में 96 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और 90 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन कर जिले को 186 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। मुख्यमंत्री साय ने जिले में विभिन्न जनसुविधाओं के विस्तार के लिए 13.40 करोड़ रुपये के विभिन्न कार्यों की घोषणा मंच से की।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने उद्बोधन में कहा कि सांसद के रूप में उन्होंने लंबे समय तक सारंगढ़ की सेवा की है और अब प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में छत्तीसगढ़ को विकास पथ आर अग्रसर करने के दायित्व को विगत डेढ़ वर्षों से पूर्ण लगन और समर्पण के साथ निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को पूरा करने की दिशा में सरकार द्वारा ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान 3,100 रुपये की दर से खरीदा जा रहा है। 18 लाख प्रधानमंत्री आवास निर्माण को स्वीकृति प्रदान की गई है और तीव्र गति से हितग्राहियों के मकानों का निर्माण हो रहा है, जिसकी गति इतनी तेज है कि गांवों में राजमिस्त्री और सेंटरिंग प्लेट की भी कमी महसूस होने लगी है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि महतारी वंदन योजना से प्रदेश की 70 लाख महिलाओं को आर्थिक संबल मिला है। हर माह मिलने वाली राशि से महिलाएं अपना खुद का व्यवसाय भी प्रारंभ कर रही हैं। सारंगढ़ जिले के दानसरा की माताओं और बहनों ने महतारी वंदन की राशि से अपने गांव में राम मंदिर निर्माण की पहल की है, जिसे आज पूरा प्रदेश जानता है। तेंदूपत्ता खरीदी के दाम बढ़ाए गए हैं। 5.62 लाख कृषि भूमिहीन मजदूरों को 10-10 हजार रुपये दिए जा रहे हैं। श्री रामलला दर्शन योजना से अब तक 22 हजार श्रद्धालु अयोध्याधाम में प्रभु श्रीराम के दर्शन कर चुके हैं।

राजस्व और जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि हमारी सरकार पिछले डेढ़ वर्षों में प्रदेश के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सभी जगह विकास कार्यों को गति देने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में करोड़ों की विकास कार्यों की सौगात मिलने से यहां जनसुविधाओं में वृद्धि होगी।

सांसद राधेश्याम राठिया ने कहा कि सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में विकास कार्यों और अधोसंरचना विस्तार के कार्य को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं के साथ पीएम आवास जैसे कार्यों को प्राथमिकता से पूरा किया जा रहा है।

जगदलपुर विधायक किरण देव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनकल्याणकारी कार्यों को जमीन पर उतारने के साथ प्रदेश में विकास कार्यों को नई ऊंचाई देने का कार्य मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में निरंतर जारी है।सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले को 186 करोड़ की सौगात मिली है, जो जिले में अधोसंरचना विकास को मजबूती प्रदान करेगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर भारत माता चौक से गढ़ चौक होते हुए कोसीर चौक तक गौरव पथ निर्माण हेतु 5 करोड़ रुपये, नगर पालिका सारंगढ़ में गार्डन निर्माण हेतु 1 करोड़ रुपये, सारंगढ़ में पी.जी. कॉलेज हेतु भवन निर्माण के लिए 3 करोड़ रुपये, इंडोर स्टेडियम सारंगढ़ के जीर्णोद्धार हेतु 2.5 करोड़ रुपये, बालक छात्रावास सारंगढ़ के मरम्मत हेतु 1 करोड़ रुपये, नवीन जिला अस्पताल में मरीजों की सुविधा हेतु कक्ष निर्माण के लिए 40 लाख रुपये, बस स्टैंड सारंगढ़ में सुविधा विस्तार हेतु 50 लाख रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की।

उदयपुर फाइल्स रिलीज के बाद बवाल

उदयपुर फाइल्स रिलीज के बाद बवाल
विवादास्पद फिल्म उदयपुर फाइल्स रिलीज़ होने के बाद इसके निर्माता अमित जानी ने दावा किया है कि उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। 2022 में दर्जी कन्हैया लाल की हत्या पर आधारित इस फिल्म को पहले सेंसर प्रमाणन में देरी और कानूनी अड़चनों का सामना करना पड़ा था। दिल्ली हाई कोर्ट ने इसकी रिलीज पर रोक लगाने से इनकार किया, जिसके बाद शुक्रवार को यह देशभर के सिनेमाघरों में आई।
उदयपुर फाइल्स के निर्माता ने की कार्रवाई की मांग

उदयपुर फाइल्स के निर्माता अमित जानी ने शनिवार को एक्स पर लिखा कि उन्हें एक अज्ञात नंबर से कॉल आ रही हैं, जिसमें धमकी दी जा रही है कि उन्हें बम से उड़ाया जाएगा या गोली मार दी जाएगी। कॉल करने वाले ने अपना नाम बिहार निवासी तबरेज़ बताया। जानी ने केंद्रीय गृह मंत्री, प्रधानमंत्री, यूपी पुलिस और राज्य सरकार के अधिकारियों को टैग करते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

Y-कैटेगरी की मिली थी सुरक्षा
कुछ समय पहले, केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद उदयपुर फाइल्स के निर्माता को दिल्ली और उत्तर प्रदेश में Y-कैटेगरी की सुरक्षा प्रदान की थी। वाई-श्रेणी की सुरक्षा में कमांडो सहित 8 से 11 सुरक्षाकर्मी शामिल होते हैं जो व्यक्ति की चौबीसों घंटे सुरक्षा करते हैं।

उदयपुर फाइल्स में विजय राज कन्हैया लाल की भूमिका निभा रहे हैं। यह फिल्म 11 जुलाई को रिलीज़ होने वाली थी, लेकिन सेंसरशिप और मुकदमों के चलते इसकी रिलीज़ टल गई। फिल्म शुक्रवार 08 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है।

कन्हैया लाल हत्याकांड पर आधारित है मूवी
यह कहानी 2022 में राजस्थान के उदयपुर में कन्हैया लाल की दिनदहाड़े दुकान में हत्या पर आधारित है, जिसमें मोहम्मद रियाज़ अत्तारी और गौस मोहम्मद ने कपड़े सिलवाने के बहाने दुकान में घुसकर उनका गला रेत दिया था और हत्या का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। इस घटना ने देशभर में आक्रोश और कट्टरपंथ को लेकर गंभीर चिंता पैदा की थी। फिल्म का निर्देशन भारत एस श्रीनेत और जयंत सिन्हा ने किया है, जबकि निर्माण अमित जानी ने किया है।

जन्माष्टमी पर ऐसे करें लड्डू गोपाल का विशेष शृंगार और पूजन

जन्माष्टमी पर ऐसे करें लड्डू गोपाल का विशेष शृंगार और पूजन
हर साल भाद्रपद माह के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि पर जन्माष्टमी का पर्व हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जाता है। इस दिन मंदिरों में विशेष सजावट होती है और भक्त लड्डू गोपाल का शृंगार कर भव्य पूजन करते हैं। धार्मिक मान्यता है कि लड्डू गोपाल की श्रद्धा और विधि से उपासना करने पर साधक को शुभ फल मिलता है और सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

जन्माष्टमी 2025 की तिथि और शुभ मुहूर्त
वैदिक पंचांग के अनुसार, भाद्रपद माह के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि की शुरुआत 15 अगस्त 2025 को रात 11:49 बजे होगी और समापन 16 अगस्त को रात 9:34 बजे होगा। इस बार जन्माष्टमी 15 अगस्त को मनाई जाएगी। भगवान कृष्ण की पूजा का विशेष शुभ मुहूर्त 16 अगस्त की रात 12:04 से 12:47 बजे तक रहेगा।

लड्डू गोपाल शृंगार विधि
जन्माष्टमी के दिन प्रातः स्नान कर मंदिर की साफ-सफाई करें। इसके बाद पंचामृत और गंगाजल से लड्डू गोपाल का स्नान कराएं। स्नान के बाद उन्हें सुंदर वस्त्र पहनाएं और चंदन का लेप लगाएं। मुकुट, मोर पंख, मुरली, हार, करधनी, बांसुरी और फूलमालाओं से उन्हें सजाएं। पूजन स्थल पर दीपक जलाएं और आरती करें।

भगवान कृष्ण के मंत्र –
ॐ कृष्णाय नमः
ॐ नमो भगवते श्री गोविन्दाय
ॐ देव्किनन्दनाय विधमहे वासुदेवाय धीमहि तन्नो कृष्ण:प्रचोदयात
ओम क्लीम कृष्णाय नमः
गोकुल नाथाय नमः
ॐ श्री कृष्णः शरणं ममः
हरे कृष्ण हरे कृष्ण कृष्ण कृष्ण हरे हरे । हरे राम हरे राम राम राम हरे हरे ।।
ॐ नमो भगवते तस्मै कृष्णाया कुण्ठमेधसे। सर्वव्याधि विनाशाय प्रभो माममृतं कृधि।।

कांग्रेस से हूं, फिर भी कहता हूं मोदी जी ने अच्छा काम किया – फैसल पटेल

कांग्रेस से हूं, फिर भी कहता हूं मोदी जी ने अच्छा काम किया – फैसल पटेल
कांग्रेस के दिग्गज नेता अहमद पटेल के बेटे फैसल पटेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की है। इसके साथ, कांग्रेस पर जमकर निशाना भी साधा। उन्होंने इशारों में बहुत कुछ कह दिया।

फैसला ने कहा कि राहुल जी एक मेहनती नेता हैं। कांग्रेस में बहुत से नेता प्रतिभाशाली और बुद्धिमान हैं। शशि थरूर, डीके शिवकुमार, रेवंत रेड्डी, दीपेंद्र हुड्डा और सचिन पायलट जैसे लोग बहुत ही सक्षम नेता हैं। उन्हें देखकर ऐसा लगता है कि कांग्रेस अच्छा काम कर रही है, लेकिन पार्टी के भीतर ही कलह है।

मेरा मानना है कि पार्टी चलाने वाले वरिष्ठ नेताओं को सही सलाह नहीं दी जाती है। उनके सलाहकार अच्छा काम नहीं कर रहे हैं। वे आते-जाते रहते हैं। वरिष्ठ नेताओं की सलाह पर ध्यान नहीं दिया जाता है।

कांग्रेस की कई चीजों को खारिज करता हूं- फैसल
इस बीच, अहमद पटेल के बेटे ने पीएम मोदी और केंद्र सरकार की तारीफ की। उन्होंने कहा कि भले ही मैं कांग्रेस से हूं, फिर भी पार्टी की कई चीजों को खारिज करता हूं।

फैसला ने कहा कि पाकिस्तान से बढे तनाव के बीच सशस्त्र बलों ने बहुत अच्छा काम किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शानदार नेतृत्व क्षमता का परिचय देते हुए हमें एक बड़े संकट से बाहर निकाला है। यह बहुत बड़ी बात है।

फैसल को पसंद आई पीएम मोदी की ये बात
उन्होंने आगे कहा कि मुझे अपने सशस्त्र बलों पर गर्व है। जयशंकर जी के प्रति मेरे मन में बहुत सम्मान है। मोदी जी जिस तरह से नौकरशाहों को चुनकर उन्हें नेता बनाते हैं और उन्हें मंत्रालयों में नियुक्त करते हैं, वह बहुत अच्छी बात है।

वहीं, कांग्रेस की नीतियों पर प्रहार करते हुए फैसल ने कहा कि कांग्रेस की खुद की दुनिया है। उन्हें यह नहीं पता कि कहां जाएं और कहां नहीं जाएं।

इसी चीज का भाजपा को फायदा मिल रहा है। गड़बड़ नीतियों के कारण तमाम राजनीतिक पार्टियां भाजपा के आगे घुटने टेक रही हैं।

ECI पर राहुल ने फिर लगाया बड़ा आरोप

ECI पर राहुल ने फिर लगाया बड़ा आरोप
कांग्रेस सांसद व लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (LOP Rahul Gandhi) ने एकबार फिर चुनाव आयोग और मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि केवल एक सीट ही नहीं, बहुत सी ऐसी सीटें हैं, जहां वोटर लिस्ट में गड़बड़ी की जा रही है। यह राष्ट्रीय स्तर पर व्यवस्थित तरीके से किया जा रहा है। उन्होंने मिंता देवी के सवाल पर कहा कि मैंने भी यह सुना है। ऐसे एक नहीं बल्कि सैकड़ों मामले हैं। पिक्चर अभी बाकी है।

उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग भी यह बात जानता है। हमें भी यह बात पहले से मालूम थी, लेकिन तब हमारे पास कोई सबूत नहीं था। उन्होंने आगे कहा कि हम संविधान की रक्षा कर रहे हैं। एक व्यक्ति एक वोट संविधान की नींव है। चुनाव आयोग का कर्तव्य है कि वो ‘एक व्यक्ति एक वोट’ को लागू करे, लेकिन उसने ऐसा नहीं किया।

सोमवार को हिरासत में लिए गए थे राहुल
सोमवार को वोटर वेरिफिकेशन और चुनाव में वोट चोरी के आरोप पर विपक्ष के 300 सांसदों ने संसद से चुनाव आयोग कार्यालय तक मार्च निकालने की कोशिश की, लेकिन दिल्ली पुलिस ने उन्हें बीच में ही रोक दिया। दिल्ली पुलिस ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा, टीएमसी सांसद सागारिका घोष समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया। यह सभी हिरासत में लिए जाने के बाद प्रियंका गांधी ने कहा कि डरे हुए हैं, सरकार कायर है।

वहीं, इस मौके पर राहुल गांधी ने कहा कि यह संविधान बचाने की लड़ाई है। ये एक व्यक्ति-एक वोट की लड़ाई है, इसलिए हमें साफ वोटर लिस्ट चाहिए। उधर, मार्च के दौरान अखिलेश ने बैरिकेडिंग फांदकर आगे बढ़ने की कोशिश की। जब सांसदों को आगे नहीं जाने दिया गया तो वे जमीन पर बैठ गए। प्रियंका, डिंपल समेत कई सांसद ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के नारे लगाते दिखे थे।

प्रदर्शन के दौरान TMC सांसद मिताली बाग और महुआ मोइत्रा की तबीयत बिगड़ गई। बेहोश हो गईं। राहुल गांधी और अन्य सांसदों ने उनकी मदद की। इससे पहले दोनों सदनों में इस मुद्दे पर भारी हंगामा हुआ था।

जस्टिस वर्मा पर महाभियोग चलाने का प्रस्ताव मंजूर

जस्टिस वर्मा पर महाभियोग चलाने का प्रस्ताव मंजूर
इलाहबाद हाई कोर्ट के जज यशवंत वर्मा पर महाभियोग चलाने का प्रस्ताव लोकसभा में मंजूर कर लिया है। वर्मा के खिलाफ आरोपों की जांच के लिए तीन सदस्यों की कमिटी बनाई गई है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मंगलवार को इस बात की घोषणा की।

बता दें कि पिछले हफ्ते सुप्रीम कोर्ट ने यशवंत वर्मा की उस याचिका को खारिज कर दी थी, जिसमें चीफ जस्टिस द्वारा नियुक्त जांच पैनल की रिपोर्ट को अमान्य करार करने का अनुरोध किया गया था। इस रिपोर्ट में वर्मा को कदाचार का दोषी माना गया था।

21 मार्च को, भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) ने जस्टिस वर्मा से इस सिलसिले में लिखित जवाब मांगा था। जिसके अगले दिन उन्होंने अपने जवाब में लिखा था कि उनके खिलाफ लगे आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद हैं।

चीफ जस्टिस ने बनाया था पैनल
इसके बाद, चीफ जस्टिस ने तीन सदस्यों का एक पैनल बनाया, उन्हें केस की विस्तार से जांच करने का जिम्मा सौंपा। जांच टीम ने तमाम तहकीकात के बाद इंटरनल रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट के हवाले कर दिया।

इस रिपोर्ट के आधार पर पूर्व चीफ जस्टिस संजीव खन्ना ने वर्मा को पद से हटाने के लिए उनके खिलाफ केंद्र सरकार से महाभियोग चलाने की सिफारिश की थी।

सिफारिश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंचे थे जस्टिस वर्मा
यशवंत वर्मा इस सिफारिश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंचे, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। अब लोकसभा में इस बात पर संज्ञान लिया गया है और जांच के लिए तीन सदस्यों की कमिटी बनाई गई है।

इलाहाबाद हाई कोर्ट के जज यशवंत वर्मा काफी दिनों से विवाद में घिरे हैं। कुछ महीने पहले 14 मार्च को उनके सरकारी बंगले से 15 करोड़ रुपये बरामद हुए थे। इसके बाद देश भर में बवाल मच गया था।

सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर नेता से अभिनेता तक दे रहे बयान

सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर नेता से अभिनेता तक दे रहे बयान
सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली-एनसीआर में बेघर कुत्तों की बढ़ती समस्या पर एक महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। कोर्ट ने अगले आठ हफ्तों के भीतर सभी आवारा कुत्तों को पकड़कर विशेष आश्रय स्थलों में रखने का आदेश दिया है। कोर्ट ने कुत्तों के हमलों में हो रही वृद्धि को “चिंताजनक” बताते हुए यह कदम उठाया है। इस फैसले के बाद, आवारा कुत्तों के पक्ष और विपक्ष में लोग अपनी राय दे रहे हैं, और इसी कड़ी में बॉलीवुड अभिनेत्री रवीना टंडन ने भी इस फैसले पर अपनी नाराजगी जाहिर की है।

पशु प्रेमी रवीना टंडन ने कहा कि बेघर कुत्तों की बढ़ती संख्या के लिए इन बेजुबान जानवरों को जिम्मेदार ठहराना सही नहीं है। उन्होंने कहा “आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या के लिए इन बेचारे कुत्तों को दोषी ठहराना गलत है। अगर स्थानीय निकायों ने टीकाकरण और नसबंदी अभियान को ठीक से चलाया होता तो यह स्थिति नहीं आती। स्थानीय निकायों को अपने क्षेत्र के आवारा कुत्तों की जिम्मेदारी लेनी होगी। नसबंदी आज की सबसे बड़ी जरूरत है।”

दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने फैसले को बताया सही
दूसरी ओर दिल्ली की रेखा सरकार में कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले को सही बताया है। मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा “आवारा कुत्तों को लेकर सुप्रीम कोर्ट का आदेश दिल्ली को रेबीज और बेसहारा पशुओं के भय से मुक्ति दिलाने का एक रास्ता दिखाता है। सीएम रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार का पशु विभाग सभी एजेंसियों के साथ मिलकर इस आदेश का अध्ययन करके इसको समुचित लागू करने की दिशा में आगे बढ़ेगा। इस आदेश को समयबद्ध तरीके पूर्णतया लागू करते हुए बेसहारा पशुओं के समुचित कल्याण का विशेष ध्यान रखा जाएगा।”

राहुल गांधी ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले को गलत बताया
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले को गलत बताया है। उन्होंने कहा “दिल्ली एनसीआर में सभी आवारा कुत्तों को हटाने वाला सुप्रीम कोर्ट का निर्देश दशकों से चली आ रही मानवीय और विज्ञान समर्थित नीति से एक कदम पीछे है। ये बेजुबान कोई समस्या नहीं हैं, जिन्हें मिटाया जा सके। नसबंदी, टीकाकरण और शेल्टर होम में इन्हें आश्रय देकर सड़कों से इनका आतंक खत्म किया जा सकता है। सुप्रीम कोर्ट का फैसला अदूरदर्शी है, जो हमारी करुणा को खत्म करता है।”

nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...
Government welfare schemes have improved the living standards of 22 crore people

सरकारी कल्याण योजनाओं से 22 करोड़ लोगों के जीवन स्तर में सुधार, MoSPI के...

0
नई दिल्ली। भारत में सरकारी सामाजिक कल्याण योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मिलने वाली मुफ्त या रियायती वस्तुओं से उनके...