मालदीव पहुंचे पीएम मोदी

मालदीव पहुंचे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी की दो दिवसीय मालदीव यात्रा पर मालदीव के पूर्व विदेश मंत्री अब्दुल्ला शाहिद ने कहा, ‘मालदीव और भारत के बीच संबंधों ने हमेशा यह दिखाया है कि भारत पहली प्रतिक्रिया देने वाला देश है। जब भी हम अंतरराष्ट्रीय लाइन पर डायल करते हैं, भारत सबसे पहले प्रतिक्रिया देता है। इसके कई कारण हैं। सबसे पहला और सबसे महत्वपूर्ण कारण यह है कि भारतीय लोगों का दिल बड़ा है और वे मालदीव की सहायता के लिए हमेशा तैयार रहते हैं, वे बहुत उदार हैं। दूसरा, भारत भौगोलिक रूप से मालदीव के बहुत करीब है। जब भी मालदीव में कोई आपात और संकटपूर्ण घटना होती है, भारत ने हमें कभी निराश नहीं किया है। भारत सरकार द्वारा मालदीव की सहायता में वृद्धि उनकी उदारता और परिपक्वता को दर्शाती है। कूटनीतिक तनाव के बावजूद, भारत ने फैसला किया कि संबंध लोगों के बीच है और सरकारें बदलती रहती हैं, सत्ता में राजनीतिक दल बदलते रहते हैं लेकिन हमारे दोनों लोगों के बीच मौजूद संबंध ठोस आधार पर हैं और कभी नहीं बदले हैं।’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो दिवसीय दौरे पर मालदीव की राजधानी माले पहुंच गए हैं। हवाई अड्डे पर मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने पीएम मोदी का स्वागत किया। इस दौरान मालदीव के रक्षा मंत्री , विदेश मंत्री और वित्त मंत्री के साथ ही आंतरिक सुरक्षा मंत्री भी पीएम मोदी की आगवानी के लिए हवाई अड्डे पहुंचे। हवाई अड्डे पर पीएम मोदी का भव्य स्वागत किया गया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव रीवा में ‘रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव’ का शनिवार को करेंगे शुभारंभ

मुख्यमंत्री डॉ. यादव रीवा में ‘रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव’ का शनिवार को करेंगे शुभारंभ
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश में पर्यटन निवेश को प्रोत्साहित करने के साथ–साथ पर्यटन व्यवसायियों, टूर ऑपरेटर्स और होटल इंडस्ट्री के बीच सहयोग और साझेदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रीवा में दो दिवसीय रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव का कृष्णा राज कपूर ऑडिटोरियम में शनिवार 26 जुलाई को शुभारंभ करेंगे।

कॉन्क्लेव में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल और पर्यटन, संस्कृति और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी भी उपस्थित रहेंगे। मध्यप्रदेश में आने वाले पर्यटकों की संख्या में वृद्धि और विंध्य क्षेत्र की पर्यटन क्षमताओं को पहचानते हुए राज्य में पर्यटन निवेश को बढ़ाने के लिए रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव का आयोजन किया जा रहा है। प्रसिद्ध अभिनेता मुकेश तिवारी और पंचायत वेब सीरीज की अभिनेत्री सान्विका सिंह कॉन्क्लेव में विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति तथा प्रबंध संचालक मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड शिव शेखर शुक्ला ने बताया कि कॉन्क्लेव में मध्यप्रदेश में आतिथ्य क्षेत्र के निवेशकों को सम्मानित भी किया जाएगा। मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा अक्टूबर माह में भोपाल में आयोजित होने वाले मध्यप्रदेश ट्रेवल मार्ट की पूर्व तैयारियों के दृष्टिगत यह रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव आयोजित की जा रही है। इसी कड़ी में ग्वालियर में अगस्त एवं इंदौर में सितंबर में रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव का आयोजन होगा।

डिजिटल पहल, एमओयू, आधारशिला कार्यक्रम एवं अनुबंध

आईआरसीटीसी पोर्टल पर पीएम पर्यटन वायु सेवा बुकिंग पोर्टल का शुभारंभ होमस्टे ऑनलाइन बुकिंग पोर्टल का लोकार्पण मेक माय ट्रिप के साथ एमओयू चित्रकूट घाट में ‘स्पिरिचुअल एक्सपीरियंस’ परियोजना की आधारशिला का वर्चुअल शिलान्यास होगा।

शहडोल में एफसीआई (फैसिलिटेशन सेंटर फॉर टूरिस्ट्स) का उद्घाटन

मंडला, डिंडोरी, सिंगरौली, सीधी और सिवनी में कला एवं शिल्प केंद्रों की स्थापना के लिये एजेंसियों के साथ और इंफ्लुएंसर मार्केटिंग एजेंसियों—मेसर्स बारकोड एक्सपीरिएंशल एवं मेसर्स क्यूयुकी डिजिटल के साथ अनुबंध होंगे।

वन्यजीव, धरोहर और ग्रामीण पर्यटन की संभावनाओं पर होगा मंथन

रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव में पर्यटन क्षेत्र पर आधारित विभिन्न सत्र होंगे। मध्यप्रदेश में वन्यजीव, धरोहर और ग्रामीण पर्यटन की संभावनाओं, पर्यटन अनुभव और निवेश पर मंथन होगा। इसमें “वन पथों से विरासत की कहानियों तक : रीवा का पर्यटन पुनर्जागरण”, “मध्यप्रदेश में समग्र पर्यटन अनुभव का निर्माण” और “मध्यप्रदेश में पर्यटन, फिल्म और आतिथ्य क्षेत्र में निवेश प्रोत्साहन के अवसर” विषय पर सत्र होंगे।

हितधारकों पर्यटन व्यवसाय में निवेश की संभावनाओं पर करेंगे चर्चा

रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव में ट्रेवल ऑपरेटर्स, होटल व्यवसायियों और टूरिज़्म स्टेकहोल्डर्स के बीच द्विपक्षीय संवाद और पर्यटन क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा होगी। यह सत्र क्षेत्रीय पर्यटन के विकास के लिए बल्कि राष्ट्रीय पर्यटन समृद्धि के दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण सिद्ध होगा।

प्रदर्शनी में दिखेगा मध्यप्रदेश का सांस्कृतिक गौरव

रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव में विशेष पर्यटन प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें मध्यप्रदेश के विविध पर्यटन स्थलों, पर्यटन इकाइयों, हॉस्पिटिलिटी ब्रांड्स, होमस्टे, रिसॉर्ट्स, हैंडलूम/हैंडीक्राफ्ट, साहसिक गतिविधियों और सांस्कृतिक धरोहर को समर्पित स्टॉल लगाए जाएंगे। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम की रंगारंग प्रस्तुति भी होगी।

फैम टूर का आनंद लेंगे हित-धारक एवं निवेशक

रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव के समापन अवसर पर चयनित अतिथियों एवं प्रतिनिधियों के लिए फैमिलियाराइज़ेशन टूर (FAM Tour) का आयोजन किया जाएगा, जिसका उद्देश्य रीवा एवं आसपास के पर्यटन स्थलों की संभावनाओं से प्रतिभागियों को प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराना है।

 वन विकास निगम ने वन सम्पदा को पुनर्स्थापित किया : मुख्यमंत्री डॉ. यादव 

वन विकास निगम ने वन सम्पदा को पुनर्स्थापित किया : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में खनन गतिविधियों और बिजली उत्पादन की प्रक्रिया में बने राख के पहाड़ों पर वनों को विकसित करने की चुनौती स्वीकार कर मध्यप्रदेश राज्य वन विकास निगम ने वन सम्पदा को पुनर्स्थापित किया है। प्रदेश के तीन लाख 15 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में वनों का पुनर्वास करना बड़ी उपलब्धि है। वन विकास निगम इस उपलब्धि के लिए बधाई का पात्र है। यह गर्व का विषय है कि अन्य राज्य भी निगम की इस विशेषज्ञता का लाभ उठाने के लिए उत्सुक हैं। प्रदेश में अद्यतन तकनीक के माध्यम से वनों का उचित प्रबंधन किया जा रहा है। इसी का परिणाम है कि प्रदेश वन सम्पदा में देश में सर्वश्रेष्ठ है। राज्य सरकार वनों और वन उपज के साथ वन्य जीवों के संरक्षण की दिशा में भी हरसंभव प्रयास कर रही है। प्रदेश के सघन वन क्षेत्र की सुरक्षा और बेहतर प्रबंधन के लिए वन सेवा के अधिकारी-कर्मचारी प्रशंसा के पात्र हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरुवार को राज्य वन विकास निगम की स्थापना के 50वें वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय वन प्रबंधन संस्थान में आयोजित राष्ट्रीय कार्यशाला के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में सभी दिशाओं में क्षमता विकास और प्रगति के अवसर उपलब्ध हैं। इसी का परिणाम है कि प्रदेश में वन्य जीवों के संरक्षण की दिशा में विशेष पहल की जा रही है। राज्य सरकार जू (चिड़ियाघर) तथा वन्य जीवों का रेस्क्यू सेंटर स्थापित करने की दिशा में भी कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य वन विकास निगम द्वारा विकसित वनों के प्रबंधन और आगामी कार्ययोजना के बारे में विचार मंथन की आवश्यकता है। अब तक किए गए कार्यों का सिंहावलोकन करते हुए राज्य सरकार वन विकास और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में विशेष नवाचार और पहल करने के लिए तत्पर है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वन विकास निगम के केन्द्रों में ईको टूरिज्म की गतिविधियां संचालित करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि राजस्थान का जोधपुर आम और बबूल की लकड़ी के आधार पर फर्नीचर के बड़े केन्द्र के रूप में स्थापित हुआ है। प्रदेश में उपलब्ध सागौन और अन्य श्रेष्ठ काष्ठ के उपयोग से मध्यप्रदेश भी इस प्रकार की पहल कर सकता है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह गर्व का विषय है कि मध्यप्रदेश नदियों का मायका है। प्रदेश के वन, देश की कई प्रमुख नदियों को जलराशि से समृद्ध बनाते हैं। प्रदेश के विशाल भू-क्षेत्र में फैली वन आधारित जीवनशैली हमें प्रकृति के साथ जीवन जीने का अवसर प्रदान करती है। देश में सर्वाधिक बाघ मध्यप्रदेश में हैं। चंबल क्षेत्र में घड़ियाल भी वन्यजीव पर्यटन की शोभा बढ़ा रहे हैं। वन विभाग ने विलुप्तप्राय गिद्धों का संरक्षण करते हुए प्रदेश में गिद्धों को नया जीवन प्रदान किया है। सर्पदंश से होने वाली मौतों को कम करने के लिए राज्य सरकार योजनाओं पर कार्य कर रही है। प्रदेश में सर्प गणना की तैयारी हो रही है। मध्यप्रदेश ऐसा क्षेत्र हैं, जहां टाइगर और मनुष्य सहचर्य की भावना से साथ-साथ रहते हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने वन विकास निगम के उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों का सम्मान किया। इनमें आर.के. नामदेव, आर.एस. नेगी, रतन पुरवार, पी.सी. ताम्रकार तथा भगवंतराव बोहरपी को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निगम के स्वर्ण जयंती वर्ष पर वन विकास की आगामी कार्ययोजना पर केन्द्रित विजन-2047 का अनावरण किया। इस अवसर पर वन विकास निगम द्वारा संचालित गतिविधियों और उसकी विकास यात्रा पर केन्द्रित लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव का भारतीय वन प्रबंधन संस्थान के संचालक श्री के.रविचंद्रन ने अंगवस्त्रम और भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा भेंटकर अभिवादन किया।

वन राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार ने कहा कि वन विकास निगम, स्थानीय लोगों को जोड़ते हुए वन संरक्षण की गतिविधियां संचालित कर रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रदेश में अनेक नवाचार क्रियान्वित हो रहे हैं। इसके अंतर्गत प्रदेश को वन संपदा से समृद्ध करने के लिए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान शुरू किया गया। प्रदेश में जल संरक्षण के लिए जल-गंगा संवर्धन अभियान चलाया गया। इसके अंतर्गत प्रदेश में अनेकों कुए, बावड़ी, तालाब और जलस्त्रोतों का जीर्णोद्धार किया गया। जल-गंगा संवर्धन अभियान भूजल स्तर सुधार के क्षेत्र में एक बड़ी पहल है। राज्य वन विकास निगम की भूमिका सभी क्षेत्रों में महत्वपूर्ण है।

अपर मुख्य सचिव वन अशोक वर्णबाल ने कहा कि राष्ट्रीय कृषि आयोग की अनुशंसा पर 1975 में स्थापित राज्य वन विकास निगम अपनी स्थापना से लेकर अब तक निरंतर लाभ में ही रहा है। पर्यावरणीय आर्थिक विकास के लिए प्रतिबद्ध निगम की गतिविधियों से जंगल के साथ-साथ लोगों की जिन्दगी भी संवर रही है। निगम का 50वां स्थापना दिवस मनाना हम सभी के लिए गौरव का क्षण है। वन विकास निगम के सहयोग से 3 लाख 90 हजार हेक्टेयर जंगलों का विकास और ट्रीटमेंट किया गया। इस उपलब्धि में निगम के अधिकारी और कर्मचारियों का योगदान महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, वन तथा वानिकी के क्षेत्र में कार्यरत संस्थाओं के प्रतिनिधि और भारतीय वन प्रबंधन संस्थान के विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को हरेली पर्व की दी शुभकामनाएँ

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को हरेली पर्व की दी शुभकामनाएँ
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ के परंपरागत लोकपर्व हरेली के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने कहा कि हरेली छत्तीसगढ़ की मिट्टी से जुड़ा ऐसा पर्व है, जो हमारी कृषि संस्कृति, लोक परंपरा और प्रकृति प्रेम का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरेली पर्व खेती-किसानी से जुड़ा पहला त्योहार है, जिसमें किसान अपने कृषि उपकरणों की पूजा कर धरती माता के प्रति कृतज्ञता प्रकट करते हैं। यह पर्व न केवल अच्छी फसल की कामना का अवसर है, बल्कि प्रकृति के साथ सामंजस्य की भावना को भी प्रकट करता है।

मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि इस वर्ष हरेली पर्व को हम और भी सार्थक बनाएं — धरती माता की पूजा के साथ वृक्षारोपण करें, जिससे आने वाली पीढ़ियों के लिए एक हरा-भरा भविष्य सुनिश्चित हो सके। यह पर्व केवल परंपरा नहीं, बल्कि पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का भी प्रतीक बने।

मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि हरेली पर्व प्रदेशवासियों के जीवन में खुशियाँ, समृद्धि और हरियाली लेकर आए। उन्होंने सभी नागरिकों से इस लोकपर्व को आपसी सौहार्द, प्रकृति प्रेम और परंपरा के सम्मान के साथ मनाने का आह्वान किया।

बिग बी और आमिर पर लगा लाखों का जुर्माना

बिग बी और आमिर पर लगा लाखों का जुर्माना
महंगी-महंगी गाड़ियों से चलने वाले बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन और मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान पर कर्नाटक के आरटीओ ने जुर्माना लगाया है। जी हां, सही सुना आपने। इन दोनों स्टार्स ने रोड टैक्स नहीं भरा है, जिस कारण दोनों का नाम आरटीओ के जुर्माना वाले नोटिस में नजर आ रहा है। जानिए क्या है पूरा मामला और कौन हैं केजीएफ बाबू।

अमिताभ और आमिर के नाम पर ही रजिस्टर हैं गाड़ियां
दरअसल, कर्नाटक के आरटीओ में दो रॉल्स रॉयस पर रोड टैक्स का भुगतान न करने के कारण लाखों का जुर्माना चढ़ा हुआ है। ये दोनों ही गाड़ियां अमिताभ बच्चन और आमिर खान जैसे स्टार्स के नाम पर हैं। हालांकि, मौजूदा वक्त में ये दोनों ही गाड़ियां अमिताभ या आमिर खान के पास नहीं हैं। बल्कि बेंगलुरु के व्यवसायी और राजनेता यूसुफ शरीफ उर्फ ‘केजीएफ बाबू’ इन गाड़ियों के मौजूदा मालिक हैं। ये जुर्माना भी केजीएफ बाबू पर ही लगा है। यूसुफ शरीफ पर अब कर्नाटक में स्थानीय रोड टैक्स चुकाए बिना लग्जरी गाड़ियां चलाने के लिए कुल 38.26 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इनमें एक रॉल्स रॉयस फैंटम है, जो कभी बिग बी की थी और दूसरी रॉल्स रॉयस घोस्ट है, जो पहले आमिर खान की थी। ये दोनों कारें अभी भी महाराष्ट्र में आधिकारिक तौर पर दोनों सुपरस्टार्स के नाम से ही रजिस्टर हैं। हालांकि, अब दोनों में से किसी के पास भी ये गाड़ियां नहीं हैं।

इसलिए लगा जुर्माना
परिवहन अधिकारियों ने जानकारी दी कि फैंटम 2021 से और घोस्ट 2023 से बेंगलुरु की सड़कों पर दिखाई दे रही है। कर्नाटक कानून के अनुसार, राज्य में एक वर्ष से अधिक समय से उपयोग किए जा रहे वाहनों का स्थानीय स्तर पर फिर से रजिस्टर कराना और उसके अनुसार टैक्स लगाना जरूरी है। लेकिन इन दोनों ही गाड़ियों ने ऐसा नहीं किया है और दोनों का टाइम भी पूरा हो चुका है। इसलिए आरटीओ ने फैंटम पर 18.53 लाख रुपये और घोस्ट पर 19.73 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।

नहीं हुआ गाड़ियों का ट्रांसफर
दिलचस्प बात यह है कि दोनों गाड़ियों का मालिकाना हक तो बदल गया है, लेकिन कागजी कार्रवाई नहीं बदली है। इसलिए दोनों गाड़ियां अभी भी बॉलीवुड स्टार्स के ही नाम पर रजिस्टर हैं। यूसुफ शरीफ उर्फ ‘केजीएफ बाबू’ ने कभी भी गाड़ियों को अपने नाम पर ट्रांसफर ही नहीं करवाया। आरटीओ के अधिकारियों ने इस बात की जानकारी दी कि दोनों ही गाड़ियों को लगातार उपयोग किया जा रहा है। लेकिन डॉक्यूमेंट्स के आधार पर दोनों ही गाड़ियां अभी भी अमिताभ बच्चन और आमिर खान के ही नाम पर हैं।

भारत-ब्रिटेन के बीच मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर

भारत-ब्रिटेन के बीच मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर
भारत और ब्रिटेन के बीच मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर हो गए हैं। इस दौरान दोनों देशों के प्रधानमंत्री भी मौजूद रहे। भारत और ब्रिटेन के बीच हुआ मुक्त व्यापार समझौता भारत में महिला एंटरप्रेन्योर्स के लिए बड़ा बदलाव ला सकता है। इससे हैंडलूम, विरासत क्राफ्ट्स से लेकर टेक स्टार्टअप और मैन्यूफैक्चरिंग में भी काफी मदद मिलने की उम्मीद है। साथ ही इससे वैश्विक आपूर्ति श्रंख्ला भी बेहतर होगी।

भारत-ब्रिटेन के बीच एफटीए मंजूर हुआ तो भारत को किस तरह होगा फायदा?
रिपोर्ट्स की मानें तो भारत को एफटीए के तहत सबसे बड़ा फायदा निर्यात क्षेत्र में मिलेगा। भारत का निर्यात आने वाले कुछ वर्षों में 10 से 12 अरब डॉलर (करीब 86 हजार करोड़ से 1.1 लाख करोड़ रुपये) तक बढ़ सकता है।

कीर स्टार्मर से मिले पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लंदन में ब्रिटिश पीएम कीर स्टार्मर से मुलाकात की। पीएम मोदी दो दिवसीय दौरे पर लंदन पहुंचे हैं। आज दोनों नेताओं की मौजूदगी में भारत और ब्रिटेन के बीच मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर होंगे।

दूसरे दिन की शुरुआत के साथ भारत को झटका

दूसरे दिन की शुरुआत के साथ भारत को झटका
दूसरे दिन की शुरुआत झटके के साथ हुई है। भारत को पांचवां झटका जोफ्रा आर्चर ने दिया। उन्होंने रवींद्र जडेजा को अपना शिकार बनाया। वह 40 गेंदों में 20 रन बनाकर आउट हुए। अब शार्दुल ठाकुर का साथ देने वाशिंगटन सुंदर आए हैं।

खिलाड़ी भी चोटिल हुए
भारत पहले से ही चोट के संकट से जूझ रहा है। ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी (घुटने) सीरीज से बाहर हो चुके हैं और तेज गेंदबाज आकाश दीप (ग्रोइन) और अर्शदीप सिंह (अंगूठे) चौथे टेस्ट में नहीं खेल रहे हैं। शार्दुल ठाकुर और अंशुल कंबोज को चौथे टेस्ट में मौका दिया गया। पंत ने अब तक इस सीरीज में चार मैचों में 66 की औसत से 462 रन बनाए थे। इनमें दो शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं। पंत इससे पहले भी चोट की वजह से काफी समय तक क्रिकेट से दूर रहे थे। उनका 2022 के दिसंबर में एक्सीडेंट हुआ था और पैर में गंभीर चोट लगी थी। उन्होंने करीब डेढ़ साल बाद आईपीएल 2024 से क्रिकेट में वापसी की थी। अब एक बार फिर वह चोटिल हो गए हैं।

पटना में NSUI का प्रदर्शन, रोजगार-शिक्षा की मांग को लेकर विधानसभा घेराव

पटना में NSUI का प्रदर्शन, रोजगार-शिक्षा की मांग को लेकर विधानसभा घेराव
बिहार में शिक्षा, रोजगार और विभिन्न मांगों को लेकर कांग्रेस की छात्र इकाई NSUI और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को पटना की सड़कों पर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता विधानसभा घेराव के लिए निकले थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें राजापुर पुल के पास रोक दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई।

बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश, वाटर कैनन का प्रयोग
प्रदर्शनकारी जब विधानसभा की ओर बढ़ रहे थे, तब प्रशासन ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था की थी। लेकिन NSUI कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और उसे तोड़ने की कोशिश की। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने हल्का बल प्रयोग और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके बाद प्रदर्शनकारी वहीं बैठकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इस विरोध प्रदर्शन की अगुवाई बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने की। मार्च दोपहर 12 बजे सदाकत आश्रम से शुरू हुआ, जो राजापुर पुल, बोरिंग रोड चौराहा होते हुए विधानसभा की ओर बढ़ा, लेकिन प्रशासनिक रोक के चलते प्रदर्शनकारी वहीं रुक गए।

जाह्नवी ने स्केटिंग में पांच गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाए

जाह्नवी ने स्केटिंग में पांच गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाए
चंडीगढ़ की स्केटिंग खिलाड़ी जाह्नवी जिंदल (17) स्केटिंग के फ्री स्टाइल इवेंट में पांच गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकाॅर्ड में नाम दर्ज करवाने वाली देश की पहली खिलाड़ी बनी हैं।

स्केट पहनकर भंगड़ा भी कर सकती हैं जाह्नवी
पांच रिकाॅर्ड्स बनाने पर जाह्नवी के माता-पिता बेहद खुश हैं। सेक्टर-22 की रहने वाली जाह्नवी गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-16 में 12वीं की छात्रा हैं। जाह्नवी देश और विश्व की पहली ऐसी स्केटर हैं, जिनको स्केट पहनकर भंगड़ा डालने में महारत हासिल है।

उपलब्धि पर खुशी जताते हुए जाह्नवी ने कहा कि रिकॉर्ड बनने के बाद उन्होंने अप्लाई किया था। उन्हें दो महीने पहले अवॉर्ड की कन्फर्मेशन हुई। चार दिन पहले बुक ऑफ वर्ल्ड रिकाॅर्ड से सर्टिफिकेट मिले हैं।
बिना कोच के किया अभ्यास
खास बात यह है कि उन्होंने बिना कोच के अभ्यास करते हुए रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। जाह्नवी स्केटिंग में इंडिया बुक ऑफ रिकार्ड्स के साथ लिम्का बुक ऑफ रिकार्ड्स में पहले से अपना नाम दर्ज करवा चुकी हैं। जाह्नवी के पिता मुनीश जिंदल जनरल इंश्योरेंस में कार्यरत और मां दिव्या जिंदल सरकारी स्कूल में हिंदी की टीचर हैं।

कब-बन बने रिकॉर्ड
1. 30 सेकेंड में इनलाइन इवेंट में स्केट पर सबसे ज्यादा 360 डिग्री घुमाव करते हुए 27 बार घूमने का रिकॉर्ड (28 जुलाई 2024)
2. दो पहियों पर इनलाइन इवेंट में स्केट पर सबसे तेज स्लैम (20 कोन)- 8.85 सेकंड में। (15 सितंबर, 2024)
3. 30 सेकेंड में सबसे ज्यादा एक-पहिया 360-डिग्री पर 42 घुमाव। (15 सितंबर 2024)
4. एक मिनट में सबसे ज्यादा एक पहिया 360-डिग्री पर 72 बार घुमाव। (15 सितंबर, 2024)
5. लगातार सबसे ज्यादा एक पहिया पर 360 डिग्री पर 22 बार घूमने का रिकॉर्ड। (15 सितंबर, 2024)

युवराज सिंह बना चुके हैं दो रिकॉर्ड
चंडीगढ़ के रहने वाले टीम इंडिया के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह क्रिकेट में दो रिकाॅर्ड बना चुके है। इनमें 2007 टी-20 विश्व कप में 12 गेंदों में अर्धशतक और एक ओवर में 6 छक्के लगाने का रिकॉर्ड शामिल है।

ऐसे चढ़ी सफलता की सीढ़ी
जाह्नवी के पिता मुनीष ने बताया कि वे भी एडवेंचर को शौक रखते हैं। बेटी को भी कई बार साथ लेकर गए। एडवेंचर में रीवर क्रॉसिंग, ऊंचाई से जंप लगाने के दौरान जाह्नवी की एडवेंचर में रुचि बढ़ती गई। एडवेंचर स्केटिंग के तहत वह घर की सीढ़ियों, पार्क, मार्केट के शोरूमों के रैंप और वहां बनी सीढ़ियों पर स्केटिंग का अभ्यास करने लगी। इसके बाद बेटी ने फ्री स्टाइल स्केटर बनाने के लिए यू ट्यूब और इंटरनेट का सहारा लिया।
जाह्नवी बोलीं- बच्चे इंटरनेट से काफी कुछ सीख सकते हैं
स्केटिंग खिलाड़ी ने जाह्नवी ने बच्चों को संदेश देते हुए कहा कि इंटरनेट का सही इस्तेमाल कर काफी कुछ सीखा जा सकता है। कड़ी मेहनत करें और एक दिन आप भी जरूर सफल हो जाएंगे।

‘जाट’ के बाद अब ‘सैयारा’ ने ‘केसरी 2’ को भी छोड़ा पीछे

‘जाट’ के बाद अब ‘सैयारा’ ने ‘केसरी 2’ को भी छोड़ा पीछे
बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों अहान पांडे और अनीत पड्डा की फिल्म ‘सैयारा’ का एकक्षत्र राज देखने को मिल रहा है। वीकेंड के बाद भी ‘सैयारा’ लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही है और हर दिन नए रिकॉर्ड भी स्थापित कर रही है। जबकि उसके साथ रिलीज हुईं बाकी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर संघर्ष करती दिख रही हैं।

सैयारा
मोहित सूरी की फिल्म ‘सैयारा’ अब हर दिन कमाई में एक नया रिकॉर्ड बना रही है और किसी न किसी फिल्म को पीछे छोड़ रही है। चार दिनों में सौ करोड़ का आंकड़ा पार करने वाली ‘सैयारा’ ने पांचवें दिन यानी मंगलवार को भी 25 करोड़ रुपए की कमाई की। जो उसकी सोमवार की 24 करोड़ की कमाई से भी ज्यादा है। ऐसे में अब सैयारा का कुल कलेक्शन 5 दिनों में ही 132.26 करोड़ रुपए हो गया है।

अक्षय की ‘केसरी 2’ से आगे निकली ‘सैयारा’
यही नहीं वर्ल्डवाइड कलेक्शन में ‘सैयारा’ ने अब अक्षय कुमार की ‘केसरी 2’ को पीछे छोड़ दिया है। 5 दिनों में ही ‘सैयारा’ वर्ल्डवाइड 148.98 करोड़ रुपए की कमाई कर चुकी है। जबकि अक्षय कुमार की ‘केसरी 2’ का कलेक्शन 144.35 करोड़ रुपए ही रहा था। ऐसे में सनी देओल की ‘जाट’ और राजकुमार राव की ‘भूल चूक माफ’ को पीछे छोड़ने के बाद अब ‘सैयारा’ ने ‘केसरी 2’ को भी पीछे छोड़ दिया है। अगर ‘सैयारा’ इसी तरह वर्किंड डे में भी कमाई करती रही तो वो कल तक अक्षय कुमार की ‘स्काईफोर्स’ को भी वर्ल्डवाइड कमाई में पीछे छोड़ देगी।

तन्वी द ग्रेट
‘सैयारा’ के शोर के आगे अनुपम खेर की ‘तन्वी द ग्रेट’ दब गई है। सोमवार को 12 लाख रुपए की कमाई करने वाली ‘तन्वी द ग्रेट’ मंगलवार को सिर्फ 11 लाख रुपए ही जुटा पाई। इस तरह से पांच दिनों में ‘तन्वी द ग्रेट’ का कुल कलेक्शन 1.83 करोड़ रुपए ही रहा है।

निकिता रॉय
‘सैयारा’ और ‘तन्वी द ग्रेट’ के साथ ही सोनाक्षी सिन्हा की ‘निकिता रॉय’ भी रिलीज हुई थी। लेकिन फिल्म को लेकर कोई चर्चा भी नहीं हो रही है। ‘निकिता रॉय’ अब तक सिर्फ लाखों में ही कमाई कर रही है। बॉक्स ऑफिस पर 22 लाख रुपए के साथ अपनी शुरुआत करने वाली ‘निकिता रॉय’ ने मंगलवार को अपने पांचवें दिन सिर्फ 9 लाख रुपए की कमाई की। इससे पहले सोमवार को फिल्म का कलेक्शन 10 लाख रुपए रहा था। इस तरह से पांच दिनों में सोनाक्षी की फिल्म करोड़ में पहुंच गई है और उसने कुल 1.05 करोड़ रुपए का कारोबार कर लिया है।

nmms-scholarship-2026-27

NMMSS Scholarship 2026-27: छात्रों को बड़ी राहत, छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी, अब...

0
नई दिल्ली। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा मंत्रालय ने राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता...
akshara goswami

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 102 मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, हर छात्र को मिली 1...

0
भोपाल। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित...
poshan-tracker-pmmvy-grievance-redressal-2026

POSHAN Tracker और PMMVY की शिकायतों का होगा निपटारा, 30 अक्टूबर को देशभर में...

0
नई दिल्ली | 30 अक्टूबर 2026 | सामाजिक कल्याण समाचार केंद्र सरकार ने गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और पोषण सेवाओं के लाभार्थियों की...
anath-bachchon-ke-liye-sarkari-yojana-2026

अनाथ बच्चों के लिए सरकार की खास योजनाएँ, पढ़ाई से लेकर आर्थिक सहायता तक

0
नई दिल्ली | सरकारी योजना समाचार देश में ऐसे कई बच्चे हैं, जिन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया है या जिनके पास देखभाल करने वाला...
Government welfare schemes have improved the living standards of 22 crore people

सरकारी कल्याण योजनाओं से 22 करोड़ लोगों के जीवन स्तर में सुधार, MoSPI के...

0
नई दिल्ली। भारत में सरकारी सामाजिक कल्याण योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मिलने वाली मुफ्त या रियायती वस्तुओं से उनके...